संजय कुमार से भाजपा ने प्रदेश महामंत्री संगठन का पद छीना

भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन संजय कुमार से उनका पद छीन लिया गया है। एक महिला द्वारा संजय कुमार पर मीटू का आरोप लगाने के बाद उनसे यह पद छीन लिया गया। सूत्र बताते हैं कि महिला के आरोप मीडिया में आने के बाद पार्टी के शीर्ष नेताओं व संगठन की बैठक बुलाई गई। बैठक में उक्त विषय पर विस्तार से चर्चा के बाद इस निर्णय पर सहमति बनी।

मुख्यमंत्री व आला अफसरों के स्टिंग की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार एक चौनल के सीईओ के खिलाफ पूर्व में दर्ज मुकदमों की वापसी को लेकर भाजपा नेताओं के पत्र उजागर होने से पार्टी असहज स्थिति में थी। अब शनिवार को एक महिला द्वारा पार्टी के एक वरिष्ठ नेता पर आरोप लगाने से पार्टी की बेचौनी और बढ़ गई। हालांकि, महिला की ओर से पुलिस में ऐसी कोई रिपोर्ट अभी तक दर्ज नहीं कराई गई है।

अलबत्ता, महिला की ओर से पूर्व में मोबाइल चोरी की सूचना पुलिस को अवश्य दी गई। वहीं, चर्चा है कि इस प्रकरण के बाद पार्टी में प्रांत से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक गहन मंथन हुआ। शनिवार देर शाम देहरादून में सरकार व संगठन के शीर्ष नेताओं की बैठक में भी इस पर चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक इसके बाद भाजपा नेतृत्व ने प्रदेश महामंत्री संगठन संजय कुमार को पद से हटाने का निर्णय ले लिया। हालांकि, आधिकारिक तौर पर पार्टी की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रमुख डॉ. देवेंद्र भसीन ने इतना बताया कि जिस तरह से मीडिया में बात आई है, उसका संज्ञान लिया जाना स्वाभाविक प्रक्रिया का हिस्सा है।