तीन चरणों में चुनाव के बाद बिहार के सीएम पद का दस नवंबर को होगा फैसला

बिहार में विधानसभा चुनाव तीन चरणों में किया जाएगा। इसका परिणाम 10 नवंबर को होगा। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि बिहार में चुनाव तीन चरणों में होंगे। पहले दौर का मतदान 28 अक्टूबर, दूसरे दौर का 3 नवंबर और तीसरे दौर का मतदान 7 नवंबर को कराया जाएगा। बताया कि मतों की गिनती 10 नवंबर को होगी। इसी दिन नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। सबसे पहले राज्य के 16 जिले में 71 विधानसभा क्षेत्र में चुनाव कराए जायेंगे। दूसरे चरण में 17 जिले के 94 विधानसभा क्षेत्र में चुनाव कराए जायेंगे। तीसरे चरण में 15 जिले के 78 विधानसभा क्षेत्र में चुनाव कराए जायेंगे।

बिहार चुनाव में पिछली बार 6.7 करोड़ लोगों ने वोट डाला था, जबकि इस बार 7.2 करोड़ लोग वोट डालने वाले हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता को बुखार होने पर उसे रोक दिया जाएगा। ऐसे लोग अंतिम घंटों में मतदान करेंगे। चुनाव सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होंगे। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में मतदान शाम पांच बजे ही खत्म हो जायेगा।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा, बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 7 लाख हैंड सेनेटाइजर, 6 लाख पीपीई किट, 7,6 लाख बेडशीट, 23 लाख हैंड ग्लब्स का इंतजाम किया गया है। उन्होंने कहा कि कोविड के चलते नए सुरक्षा मानकों के तहत चुनाव होंगे। पोलिंग बूथ पर मतदाताओं की संख्या घटाई जाएगी। एक बूथ पर सिर्फ 1,000 मतदाता होंगे। इस बार नामांकन फॉर्म भरने और जमानत की रकम ऑनलाइन तरीके से जमा करने की भी व्यवस्था की गयी है। बिहार विधानसभा चुनावों के लिए नामांकन ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों तरीके से भरे जा सकते हैं।

प्रचार के लिए यह रहेगा गाइडलाइन
विधानसभा कैंडिडेंट समेत कुल 5 लोग ही डोर टू डोर कैंपेन में शामिल होंगे। पांच से ज्यादा लोग घर जाकर प्रचार नहीं कर पाएंगे। चुनाव आयोग ने बताया कि नामांकन के दौरान उम्मीदवार के साथ दो से ज्यादा वाहन नहीं ले जा सकते। नामांकन के वक्त उम्मीदवार के साथ सिर्फ दो लोग मौजूद रहेंगे। प्रचार के दौरान किसी से हाथ मिलाने की इजाजत नहीं होगी।

29 सितंबर को होगा उपचुनाव पर निर्णय
उपचुनाव को लेकर चुनाव आयोग 29 सितंबर को फिर बैठक करेगा। इसके बाद चुनाव की तारीखों का एलान करेगा। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील आरोड़ा ने कहा कि 29 सितंबर को आयोग सभी राज्यों में होने वाले उपचुनाव की तारीखों का एलान शाम तक करेगा।