नीलकंठ मंदिर पहुंचे जगदीश मुखी

ऋषिकेश।
अंडमान निकोबार के राज्यपाल बनने के बाद जगदीश मुखी रविवार को मत्था टेकने नीलकंठ महादेव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी धर्मपत्नी के साथ पूजा-अर्चना की।
लक्ष्मणझूला थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि अंडमान निकोबार के राज्यपाल जगदीश मुखी रविवार को सुबह सवा सात बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से कार में नीलकंठ महादेव पहुंचे। मंदिर में एक घंटे बिताने के बाद वाया चीला मार्ग होकर हरिद्वार में अपने रिश्तेदार के यहां रवाना हो गए। 107
मंदिर के पुजारी शिवानंद गिरी ने बताया कि राज्यपाल जगदीश मुखी की इस धाम के प्रति अटूट आस्था है। वह इसी महीने आठ तारीख को सावन के तीसरे सोमवार पर नीलकंठ महादेव पहुंचे थे। यहां उन्होंने पूजा-अर्चना की थी। तब वह अंडमान निकोबार के राज्यपाल नहीं बने थे। राज्यपाल बनने के बाद वह पहली बार धाम पहुंचे। मनोकामना पूरी होने उन्होंने यहां रुद्राभिषेक किया। मंदिर के महंत सुभाष पुरी ने उन्हें प्रसाद भेंट किया। इस दौरान राज्यपाल जगदीश मुखी ने कहा कि नीलकंठ महादेव करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। यही कारण है कि यहां विभिन्न प्रांतों से लोग जलाभिषेक करने आते हैं। उन्होंने कहा कि धाम में पहुंचने पर उन्हें शांति की अनुभूति हुई। इस दौरान एसडीएम कोटद्वार जीआर बिनवाल, तहसीलदार एसएस गुनसोला, नीलकंठ मंदिर समिति के धन सिंह राणा आदि मौजूद रहे।