मोटे अनाज को बढ़ावा देने के लिए सचिवालय में खुला आउटलेट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सचिवालय में मिलेट बेकरी आउटलेट का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। राज्य के मोटे अनाजों पर आधारित उत्पादों को बढ़ावा देने और महिला स्वयं सहायता समूहों की आजीविका में वृद्धि करने के उद्देश्य से सचिवालय परिसर में मिलेट बेकरी का आउटलेट शुभारंभ किया गया है।
राज्य में ग्रामीण महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्थानीय मंडुआ, झंगोरा, ज्वार, चौलाई इत्यादि अनाजों के उत्पादन बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। इन उत्पादों के मूल्य संवर्धन के लिए जनपद देहरादून के रायपुर ब्लॉक तथा जनपद पौड़ी के पौड़ी ब्लॉक में 2 मिलेट उत्पादों की बेकरी प्रारम्भ की गयी है। मिलेट बेकरी में मंडुआ तथा झंगोरा का प्रसंस्करण कर बिस्किट, ब्रेड तथा पिज्जा बेस व अन्य उत्पाद तैयार किये जा रहें है। अन्तर्राष्ट्रीय मिलेट वर्ष 2023 के अन्तर्गत स्थानीय मोटे अनाजों के उत्पादन और उपभोग को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य में अनेक कार्यक्रम किये जा रहे हैं।
राज्य सरकार द्वारा महिला स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। वर्ष 2025 तक सवा लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा गया है। अभी तक 40 हजार 270 महिलायें लखपति दीदी बनायी जा चुकी है। चयनित स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को बेकरी विशेषज्ञ के माध्यम से बेकरी उत्पाद हेतु प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है जिससे अधिक संख्या में समूहों द्वारा बाजार की मांग के अनुरूप उच्च गुणवत्ता तथा पोषण से युक्त बेकरी उत्पाद तैयार कर लोगों को उपलब्ध करा सके।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव राधिका झा एवं ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

कृषि मंत्री ने की विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक

कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने गुरुवार को कृषि एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। मंत्री गणेश जोशी ने समीक्षा बैठक के दौरान कृषि एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मंत्री जोशी ने मिलेट्स के व्यापक प्रचार प्रसार करने के अधिकारियों को निर्देशित किया। मंत्री जोशी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कह मिलेट्स के उत्पादन को बढ़ाने और किसानों को मोटे अनाज के उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को पर्यटक स्थलों में मिलेट्स मेले के माध्यम से किसानों को मिलेट्स के उत्पादन के लाभ और जानकारियां किसानों की दी जाए।

बैठक में मंत्री जोशी ने कहा मंडुवे को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से किसान के घर से क्रय किया जाय। ताकि विचोलिये खत्म हो ओर किसान को उसकी उपज का सही दाम मिल सके। बैठक में मंत्री जोशी ने अधिकारियों को प्रदेश के प्रत्येक जनपद में पीएमएफएमइ स्टोर खोलने के निर्देश दिए। साथ ही मंत्री जोशी ने फूड प्रोसेसिंग को लेकर भी अधिकारियों को निर्देशित किया। मंत्री जोशी ने उद्यान विभाग के अधिकारियों से उद्यान विभाग द्वारा तैयार किए जा रहे सेंटर फॉर एक्सीलेंस को लेकर भी जानकारी प्राप्त की।

मंत्री ने सेंटर फॉर एक्सीलेंस के कार्यों को सुनियोजित ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में मंत्री जोशी ने योजनाएं को केवल किताबों में नही धरातल पर उतारा जाए। मंत्री ने अधिकारियों को योजनाओ के क्रियान्वयन की प्रक्रिया का सरलीकरण किया जाए। ताकि योजना के लाभार्थी योजना का लाभ मिले सके। साथ ही बैठक में मंत्री जोशी ने केंद्र और राज्य सरकार की लाभान्वित योजनाओं का व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। मंत्री जोशी ने कहा कि जो सरकार का संकल्प है कि किसानों की आय दुगनी हो उस दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे है।

इस अवसर पर सचिव कृषि बीवीआरसी पुरुषोत्तम, अपर सचिव रणवीर सिंह चैहान, उद्यान निदेशक एचएस बवेजा, कृषि निदेशक गौरी शंकर सहित कई विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।