कैबिनेट मंत्री ने डूबते सूर्य को अर्ध्य देकर देश और प्रदेश की उन्नति, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की

सार्वजनिक छठ पूजन समिति की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने शिरकत की और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इससे पहले मंत्री डॉ अग्रवाल ने डूबते सूर्य को अर्ध्य देकर देश और प्रदेश की उन्नति, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस मौके पर आस्था पथ पर भी पूर्वांचल समाज के लोगों को मंत्री डॉ अग्रवाल ने बधाई दी। साथ ही गंगा में दूध विसर्जित किया।
रविवार को त्रिवेणी घाट पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल पहुंचे। उन्होंने कहा कि छठ पूजा को सूर्य छठ या डाला छठ के नाम से भी संबोधित किया जाता है। इसकी शुरुआत डूबते हुए सूर्य की अराधना से होती है।

डॉ अग्रवाल ने छठ शब्द का महत्व बताया। कहा कि शब्द छठ संक्षेप शब्द षष्ठी से आता है, जिसका अर्थ छः है, इसलिए यह त्यौहार चंद्रमा के आरोही चरण के छठे दिन, कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष पर मनाया जाता है। कार्तिक महीने की चतुर्थी से शुरू होकर सप्तमी तक मनाया जाने वाला ये त्यौहार चार दिनों तक चलता है। मुख्य पूजा कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष के छठे दिन की जाती है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि सूर्य भगवान की पूजा कुष्ठ रोग जैसी बीमारियों को भी समाप्त करती है और परिवार की दीर्घायु और समृद्धि सुनिश्चित करती है। यह सख्त अनुशासन, शुद्धता और उच्चतम सम्मान के साथ की जाती है। डॉ अग्रवाल ने कहा कि छठ व्रत करने वालों के घर में हमेशा सुख-समृद्धि और आरोग्यता बनी रहती है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि छठ पर्व के दौरान हवा का नियमित प्राणिक प्रवाह गुस्सा, ईर्ष्या और अन्य नकारात्मक भावनाओं को कम करने में मदद करता है। डॉ अग्रवाल ने कहा कि सूर्य को शक्ति का देवता माना जाता है और इसकी आराधना पूजा हिन्दू धर्म में काफी महत्व रखती है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि देश विविधताओं से भरा हुआ है और हमें उन विविधताओं का आदर-सम्मान करना चाहिए। इस मौके पर डॉ अग्रवाल ने छठ व्रतियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की मंगल कामना की।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष राम कृपाल गौतम, प्रवक्ता लल्लन राजभर, कार्यक्रम अध्यक्ष शम्भू पासवान, संयोजक प्रदीप दुबे, उपाध्यक्ष प्रमोद शर्मा, महामंत्री परमेश्वर राजभर, कोषाध्यक्ष वीर बहादुर राजभर, जय प्रकाश नारायण, नागेंद्र सिंह, राजू गुप्ता आदि उपस्थित रहे।

गंगा के तेज बहाव में बहे दिल्ली के दो पर्यटक

मुनिकीरेती थाना क्षेत्र में गंगा में नहाते समय पानी के तेज बहाव में आकर दिल्ली के दो पर्यटक डूब गए। गहरे पानी में लापता लोगों की तलाश में एसडीआरएफ की टीम ने गंगा में तलाश की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका। अंधेरा होने पर तलाशी अभियान बीच में ही रोकना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक शनिवार को वीकेंड पर दिल्ली से एक युवती समेत पांच युवक सैर सपाटे के लिए ऋषिकेश आए थे। इन्होंने दोपहर में राफ्ट हायर कर ब्रह्मपुरी से मुनिकीरेती तक राफ्टिंग की। बताया जा रहा है कि दल में शामिल दो युवक राफ्टिंग करने के बाद लाइव जैकेट के बगैर नहाने के लिए गंगा में उतर गए। इसी बीच पानी के तेज बहाव में आकर डूबने लगे। उन्हें संकट में देख साथी बचाने का प्रयास करते इससे पहले ही दोनों पानी की गहराई में ओझल हो गए।
सूचना पाकर एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सिंह सजवाण रेस्क्यू टीम के साथ मौके पर पहुंचे। राफ्ट और आपदा उपकरणों से गंगा में सर्च आपरेशन चलाया, लेकिन पानी में लापता पर्यटकों का कोई सुराग नहीं मिला। एसडीआरएफ निरीक्षक ने गंगा में लापता पर्यटकों की पहचान वंश कौशल (26) पुत्र अनिल शर्मा निवासी प्रशांत विहार, दिल्ली और कुमार गौरव (26) निवासी छत्तरपुर, फतेहपुर, दिल्ली के रूप में की है। बताया कि दोनों दिल्ली में प्राइवेट जॉब करते हैं। रविवार सुबह इनकी तलाश में फिर से सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।

छठ् पूजा कार्यक्रम का शुभारंभ, 100 दीपों को किया प्रज्जवलन

सार्वजनिक छठ पूजा समिति की ओर से छठ पूजा की पूर्व संध्या पर 1100 दीपों का गंगा में दान किया गया। इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक व मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
शनिवार को छठ पूजा की पूर्व संध्या पर त्रिवेणी घाट पर 1100 दीपों का दान किया। मंत्री डॉ अग्रवाल ने छठ पूजा की बधाई दी। साथ ही छठ पूजन आरती में प्रतिभाग कर देश प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस दौरान गंगा आरती पर भी शामिल हुए।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि जब कोई पर्व सूर्य उदय के साथ-साथ जीवन के उदय का प्रतीक हो जाय तो वह हमारे जीवन में महोत्सव बन जाता है। उन्होंने कहा की अस्त और उदय होते सूर्य की आराधना यानि छठ पूजा व्रत की परम्परा भारत में विहार पूर्वांचल से प्रारम्भ होकर सम्पूर्ण हिंदुस्तान और विश्व में विस्तारित हो चुकी है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि सूर्य को शक्ति का देवता माना जाता है और इसकी आराधना पूजा हिन्दू धर्म में काफी महत्व रखती है। कहा कि देश विविधताओं से भरा हुआ है और हमें उन विविधताओं का आदर-सम्मान करना चाहिए। इस मौके पर डॉ अग्रवाल ने छठ व्रतियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की मंगल कामना की।
इस अवसर पर शशिप्रभा अग्रवाल, समिति अध्यक्ष राम कृपाल गौतम, लल्लन राजभर, शम्भू पासवान, सीओ डीसी ढौंडियाल, प्रदीप दुबे, कविता शाह, पार्षद शिव कुमार गौतम, बृजेश शर्मा, जयंत शर्मा आदि उपस्थित रहे।

पूर्णानंद घाट में धूमधाम से मनाई गई हरतालिका तीज

ऋषिकेश गंगा आरती ट्रस्ट, पूर्णानंद घाट में देवभूमि मां गंगे स्वयंसेवी चौरिटेबल ट्रस्ट से जुड़ी महिलाओं ने हरतालिका तीज कार्यक्रम हर्षाेल्लास से मनाया। कार्यक्रम में पं. हरिओम शर्मा ज्ञानी के आचार्यत्व में यज्ञ एवं पूजा अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की गई। साथी ही गंगा की अविरलता तथा निर्मलता के लिए अग्नि को साक्षी मानते हुए संकल्प लिया गया। सुशील गुप्ता ने कहा भादो के महीने में जब संपूर्ण धरा पर हरियाली की चादर बिछी रहती है, प्रकृति के इस मनोरम क्षण का आनंद लेने के लिए लोग लोक गीत अथवा तीज के गीत गाकर उत्सव मनाया जाता है।
देवभूमि मां गंगे स्वयंसेवी चौरिटेबल ट्रस्ट संस्थापक अध्यक्ष रीना उनियाल ने बताया कि संस्था की ओर से समय-समय पर मनाए जाने वाले त्योहार धूमधाम से मनाए जाते हैं, समाजसेवा के क्षेत्र में काम करने के साथ-साथ मिलजुलकर महिलाओं के साथ त्योहार मनाने में अपना योगदान देती हैं।
सुशीला सेमवाल ने बताया कि सबका साथ हो, गंगा साफ हो के संकल्प को साध कर पूर्णानंद धाट पर उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई व गंगा स्वच्छता की अपील की गई।
डॉक्टर ज्योति शर्मा ने बताया कि लुप्त होती संस्कृति व परंपरा को अमली जामा पहनाने और रिश्तों की कड़वाहट को दूर करने की जिम्मेदारी ऋषिकेश गंगा आरती ट्रस्ट निभा रहा है।
अमिता उनियाल ने बताया कि मंडल की ओर से महिला सशक्तिकरण के कार्यक्रम भी समय-समय पर किए जाते हैं व अपनी गढ़वाल की संस्कृति बढ़ावा देने के लिए अनेक प्रोग्राम किये जाते हैं।
कार्यक्रम में आनंद गुप्ता, सुशील गुप्ता, सुषमा बहुगुणा, योगेश उनियाल, ज्योति उनियाल, बबीता सकलानी एवं सैला खंडूरी, सुमन, मधुर रतूड़ी ममता नेगी, सुनीता बिष्ट आदि मौजूद रहे।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का जन्मदिन धूमधाम से मनाया

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा का जन्मदिन धूमधाम से मनाया। जन्मदिन पर ऋषिकेश में कांग्रेसियों ने गंगा में दुग्धाभिषेक कर प्रदेश अध्यक्ष की दीर्घायु की कामना की।
मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ता त्रिवेणीघाट पर एकत्रित हुए। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा के जन्मदिन पर गंगा में दुग्धाभिषेक कर उनकी दीर्घायु के लिए पूजा की। इसके बाद कांग्रेसियों ने जरूरतमंदों को फल वितरित किए। प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री विजय सरस्वत ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा एक कर्मठ एवं जुझारू नेता हैं। उन्होंने समस्त कांग्रेस जनों को एकत्र करने का प्रयास किया है। संगठन के दृष्टिकोण से युवाओं को जोड़ कर रखा है। महानगर अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा का जन्मदिन पूरे प्रदेश में धूमधाम से मनाया जा रहा है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेंद्र रमोला ने कहा कि करण माहरा के रूप में प्रदेश कांग्रेस को एक युवा नेतृत्व मिला है जो लगातार विपक्ष की भूमिका जनता की आवाज़ व जनविरोधी नीतियों के विरूद्ध सरकार को ख़िलाफ़ उठा रहे हैं। आज करण माहरा जैसे युवा नेताओं की जरूरत है जो लोगो के साथ कंधे से कंधे मिलाकर समस्याओं से लड़े।
इस दौरान कांग्रेसियों ने रेलवे स्टेशन स्थित कांग्रेस भवन में केक भी काटा और एक-दूसरे को खिला खुशी मनाई। मौके पर कांग्रेस प्रदेश सचिव मदन मोहन शर्मा, नगर उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष ललित मोहन मिश्र, अरविंद जैन, सतीश शर्मा, मधु जोशी, सरोज देवराडी, अभिषेक शर्मा, चंदन कुमार, अशोक शर्मा, योगेश शर्मा, रवि जैन आदि उपस्थित रहे।

आठवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सीएम गंगा पुरस्कार से सम्मानित

8वे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर परमार्थ निकेतन, ऋषिकेश में आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग द्वारा योगा कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग करते हुए हजारों लोगों के साथ योग किया एवं राज्य के साथ ही देश के प्रत्येक नागरिक को योग के प्रति जागरूक ,योग को दिनचर्या में शामिल करने एवं योग के महत्व का संदेश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री धामी को परमार्थ निकेतन द्वारा गंगा पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हजारों की संख्या में मौजूद लोगों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाइयां एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच के कारण आज योग जन जन तक पहुंचा है उन्होंने कहा योग दिवस एक उत्सव के रूप में मनाया जाए एवं लोगों में योग के प्रति उत्साह हो यह सपना अब पूरा होता दिख रहा है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज योग को विश्व के कोने कोने में पहुंचाया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि शरीर और मन दोनों को सेहतमंद बनाए रखने के लिए नियमित रूप से दिनचर्या में योगासनों को शामिल करके लाभ प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा योग से संपूर्ण शरीर की दिशा एवं दशा बदलती है साथ ही जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आते हैं। योग का अभ्यास शरीर, श्वास और मन को जोड़ता है। उन्होंने कहा आदिकाल से ऋषि-मुनियों ने योग को अपनाया है उनकी शक्ति एवं सफलता के पीछे योग एवं ध्यान है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश नगरी को योग धर्म संस्कृति आयुष की धरा बताया। उन्होंने कहा जिस तरह ऋषिकेश से मां गंगा पूरे देश को जीवन देने का कार्य करती है, उसी प्रकार ऋषिकेश से योग का संदेश पूरे विश्व में जाता है। उन्होंने कहा योग अब एक वैश्विक पर्व बन गया है। योग किसी व्यक्ति मात्र के लिए नहीं, संपूर्ण मानवता के लिए है। इस बार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ल्वहं वित ीनउंदपजल भी मनुष्य एवं मानवता हेतु योग के सकारात्मक संकेतों को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारत की नीति हमेशा से सत्यता एवं न्याय के आधार पर आगे बढ़ने की रही है, उन्होंने कहा हमारा देश मानवता की सेवा का जीता जागता उदाहरण है। कोरोना काल के बाद मेगा वैक्सीनेशन का कार्य भारत वर्ष में चलाया गया, साथ ही मानवता का परिचय देते हुए दुनिया भर में भारत द्वारा वैक्सीन बांटने का कार्य किया गया। भारत ने हमेशा से सभी के सुख और कल्याण की कामना करते हुए सर्वे भवंतू सुखिन, सर्वे संतु निरामया की भावना का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमें उत्तराखंड राज्य को 25वे वर्ष पर योग, संस्कृति, पर्यटन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना है, जिसके लिए राज्य सरकार विकल्प रहित संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा सभी विभागों को अगले 10 वर्षाे के विकास कार्याे का रोडमैप तैयार करने हेतु निर्देशित किया गया है। उन्होंने कहा आने वाले समय में ऋषिकेश क्षेत्र में पर्यटन हेतु और अच्छी सुविधाएं उपलब्ध हो इसके लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केदारनाथ धाम से 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक बताया था जिस पर केंद्र एवं राज्य सरकार मिलकर लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने हजारों की संख्या में योग करने आए लोगों के उत्साह को नमन करते हुए सभी को धन्यवाद अर्पित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परमार्थ निकेतन स्थित गंगा घाट पर गंगा स्नान किया।
परमार्थ निकेतन के प्रमुख चिदानंद सरस्वती महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि योग की राजधानी के रूप में विश्वविख्यात संतनगरी ऋषिकेश के गंगा के तट से आज योग का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योग हमें ऑलनेस, वेलनेस संदेश देता है, योग एक इंसान को दूसरे इंसान से और जीवमात्र को जीवमात्र से जोड़ता है। योग हमारे मन – मस्तिष्क की वर्जनाओं-बाधाओं को दूर करता है तथा सभी को आपस में प्रेम, विश्वास, सद्भाव से जोड़े रखने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री ने अपने पारिवारिक सदस्यों के साथ योग में प्रतिभाग करके यह संदेश दिया कि योग को अपने परिवार के साथ करें।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक रेनू बिष्ट, विधायक दुर्गेश्वर लाल, साध्वी भगवती, पौड़ी विधायक राजकुमार पौरी, सचिव पर्यटन दिलीप जावलकर, आयुष सचिव डॉ. पंकज पांडे, डीजीपी अशोक कुमार, जिलाधिकारी गढ़वाल डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी यशवंत सिंह चौहान, प्रो. सुनील कुमार जोशी, मुख्य विकास अधिकारी पौड़ी प्रशांत कुमार आर्य, (कुलपति, उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय), डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी (निदेशक, आयुर्वेदिक एवं यूनानी सेवाएं उत्तराखंड), पदमश्री और लोकगायक प्रीतम भरतवाण और वसंती बिष्ट एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

मासूम का फिसला पैर, गंगा के तेज बहाव में बही, लापता

मुनिकीरेती के शीशमझाड़ी क्षेत्र में एक आश्रम के घाट के पास पांच साल की मासूम बच्ची गंगा के तेज बहाव में बह गई। सूचना पर एसडीआरएफ की टीम मौके पहुंची और बच्ची की तलाश को गंगा में सर्च ऑपरेशन चलाया। लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया।
कैलाश गेट चौकी प्रभारी योगेश पांडेय ने बताया कि रविवार सुबह दिल्ली का एक परिवार वेदांत आश्रम घाट पर स्नान कर रहा था। इस दौरान परिवार की पांच वर्षीय बच्ची आशी पुत्री अमरनाथ निवासी अशोक नगर, दिल्ली का अचानक पैर फिसला और वह पानी के तेज बहाव में बह गई। जब तक उसे बचाने का प्रयास करते देखते ही देखते वह गंगा की तेज लहरों में ओझल हो गई। घटना के बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस दी। सूचना पाकर एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया। लेकिन मासूम बच्ची का कहीं पता नहीं चल पाया। एसडीआरएफ उपनिरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि सोमवार को फिर से सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।

जल पुलिस ने 4 लोगों को डूबने से बचाया

त्रिवेणी घाट पर अलग-अलग समय पर आज जल पुलिस ने 4 लोगों को डूबने से बचाया। इनमें शिवांश गांधी पुत्र अशोक गांधी उम्र 10 वर्ष निवासी महावीर नगर दिल्ली, रौनक चोपड़ा पुत्र अनीश चोपड़ा उम्र 13 वर्ष पता मोहन गार्डन उत्तम नगर दिल्ली, सरिता पत्नी गोविंद उम्र 48 साल पता मोहन गार्डन उत्तम नगर दिल्ली है। ये दिल्ली से 16 सदस्य सदस्यों का दल ऋषिकेश त्रिवेणी घाट पर स्नान करने आया था। करीब 11 बजकर 45 मिनट सुबह पर इनके तीन सदस्य अचानक पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गये। जिन्हें जल पुलिस के द्वारा रेस्क्यू किया गया।
वहीं, दीनदयाल पुत्र किशन देव उम्र 32 साल निवासी 491 200 पार्ट 1 मुकुंद नगर मुकुंदपुर दिल्ली को भी त्रिवेणीघाट में बहने से बचाया गया। ये दिल्ली से 6 सदस्यों का दल ऋषिकेश राफ्टिंग कैंपिंग करने आए थे। बचाव दल में जगत सिंह, चौकी प्रभारी त्रिवेणी घाट, नायक रवि बालिया, आरक्षी हरीश गुसाईं, तेज सिंह, विनोद सेमवाल, जयदीप सिंह, पंकज जखमोला, सुभाष तोमर, अर्जुन सिंह, जगमोहन सिंह शामिल रहे।

शराब पीकर हुड़दंग मचाने पर पुलिस ने पांच टूरिस्ट का काटा चालान

मिशन मर्यादा के तहत लक्ष्मणझूला पुलिस गंगा किनारे और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगातार निगरानी रख रही है, इसके लिए अलग से टीम गठित की गई है। थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह कुंवर ने बताया कि शनिवार को गंगा किनारे स्थित घाटों और चेकिंग प्वाइंट बैरियर पर पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी बीच गरुड़चट्टी बैरियर के पास नशे में धुत्त कुछ लोग हुड़दंग मचाते नजर आए।

मौके पर पहुंची पुलिस हुड़दंग मचा रहे पांच लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले आयी और सभी का पुलिस ऐक्ट में चालान किया। पुलिस ने हुड़दंग मचाने वालों की पहचान अश्वनी पुत्र सुधीर, आकाश पुत्र नरेंद्र, राहुल पुत्र विनीत, विपुल पुत्र सूरज, अतुल पुत्र सुरेंद्र सभी निवासी मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश के रूप में करायी है। पुलिस टीम में कांस्टेबल ब्रज किशोर, रोहित, कुलदीप, होमगार्ड सूरज भान आदि शामिल रहे।

तेज बहाव में बह रहे युवक को बचाया

जल पुलिस ने शुक्रवार को त्रिवेणी घाट पर एक युवक को डूबने से बचाया। त्रिवेणी घाट स्थित नाव घाट पर स्नान करते समय एक युवक डूबने लगा। इस दौरान घाट पर मौजूद जल पुलिस के जवानों की नजर युवक पर पड़ी। तत्काल रेस्क्यू कर युवक को साईं घाट से सुरक्षित बचा लिया गया। त्रिवेणी घाट चौकी इंचार्ज जगत सिंह ने बताया कि युवक की पहचान घनश्याम पुत्र कलम सिंह निवासी नवाबवाला,छिद्दरवाला जिला देहरादून के रूप में हुई है। जिसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
बचाव टीम में तेजसिंह, नायक रवि बालिया, हरीश गुसाईं, विनोद सेमवाल, पंकज जखमोला, सुभाष तोमर, स्थानीय युवक पवन फूलवाला शामिल रहे।