आजादी के नायकों को हमेशा याद किया जायेगा-मुख्य सचिव

मुख्य सचिव डॉ. एस.एस.संधु ने सचिवालय में अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति में ध्वजारोहण करते हुए सभी को 76वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर मुख्य सचिव ने कहा कि प्रत्येक वर्ष स्वतंत्रता दिवस एवं गणतंत्र दिवस पर हम कुछ न कुछ प्रण जरूर करते हैं, शहीदों को याद करते हैं साथ ही उन महापुरूषों को भी याद करते हैं जिन्होंने काफी संघर्ष करते हुए हमें आजादी दिलाई, उनसे हमें प्रेरणा भी मिलती है कि उन लोगों ने हमारे लिए इतना कुछ सहन किया एवं बलिदान दिया। हमारा भी कर्तव्य बनता है कि हम भी देश के लिए कुछ करें। उन्होंने कहा कि इस वर्ष ’हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत पूरे देश में ऐसा माहौल बन गया है कि तिरंगा सिर्फ हर घर में ही नहीं बल्कि हर हाथ में है और मैं यह मानता हूँ कि हर दिल में भी तिरंगा है। 75 वर्ष किसी भी देश की आजादी के इतिहास में बहुत महत्वपूर्ण होते हैं। प्रधानमंत्री ने अगले 25 सालों को अमृतकाल का समय बताया है, वर्तमान से लेकर 2047 तक इस देश को हमें कहां ले जाना है, उसकी योजना बनानी है एवं उस योजना को हमें धरातल पर उतारना है। केवल योजना बनाने से काम नहीं होता, जब तक हम उसे धरातल पर नही उतारते। इसके लिए सचिवालय परिवार के हर एक सदस्य का योगदान अपेक्षित है।
मुख्य सचिव ने सचिवालय परिवार की कार्यक्षमता पर विश्वास प्रकट करते हुए कहा कि हम सभी एक टीम के रूप में उसे पूर्ण अवश्य करेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से पूरे देश में हर तरफ तिरंगा ही तिरंगा नजर आ रहा है, चाहे सड़के हो, टीवी हो या फिर आपका मोबाईल हो चारो ओर तिरंगा है, पूरा देश इस तिरंगे के जश्न में तथा इस आजादी के जश्न में डूब गया है। क्या हर वर्ष की तरह हम केवल विशेष अवसर पर ही तिरंगा फहरायेंगे और फिर उसे भूल जायेंगे। इस जश्न में हम कुछ न कुछ प्रण लें कि अपने देश को और अच्छा बनाने के लिए कुछ विशेष कार्य करेंगे।
मुख्य सचिव ने कहा कि हम सभी ने बचपन से तिरंगे के विषय में पढ़ा है जाना है, परन्तु आज जब सुनामी की तरह पूरे देश में हर घर तिरंगा अभियान चल रहा है, तो फिर से तिरंगे के विषय में जानने की आवश्यकता है। तिरंगे का केसरिया रंग हिम्मत का, बलिदान का एवं जोश का प्रतीक है। आजादी से पहले इसका काफी महत्व था, क्योकि अंग्रेजी हुकूमत का अत्याचार चारो तरफ था और हर तरफ आजादी के लिए आंदोलन हो रहे थे। परन्तु आजादी के बाद आज भी केसरिया का महत्व कम नहीं हुआ है। आज भी देश को बलिदान की जरूरत है पर बलिदान की परिभाषा बदल गई है। आज भी हमें उतनी ही हिम्मत चाहिए। सचिवालय के संदर्भ पर बात की जाए तो आज भी कई निर्णयों पर बहुत हिम्मत की आवश्यकता है, क्योंकि कुछ स्वार्थी लोग अपने पक्ष में निर्णय करने हेतु काफी दबाव डलवाते हैं। हर निर्णय में हमें भारत प्रथम, उत्तराखण्ड प्रथम का मंत्र याद रखना चाहिए। दूसरा रंग सफेद शांति एवं सत्य का प्रतीक है। आज के दौर में सचिवालय के संदर्भ में शांति से अभिप्राय यह है कि जो समाज का निचला तबका है उन सब के मन की शांति एवं उनके उज्जवल भविष्य के लिए हम क्या अच्छा से अच्छा कार्य कर सकते हैं। शासन में उचित निर्णय लेने में देरी, गरीब वंचितों के लिए प्रताड़ित करने जैसा ही है। हमें हमेंशा सतर्क होने की आवश्यकता है। हम सभी शासन के उच्च स्तर में है हम सभी का कर्तव्य है कि पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें, जिससे पिछड़ा समाज परेशान न हो। तिरंगे का हरा रंग खुशहाली का प्रतीक है। वर्तमान में भी हमें शासन के तौर पर यह देखना चाहिए कि हमारा निर्णय ऐसा होना चाहिए कि गरीबों की मदद हो सके और उनके जीवन में खुशहाली आ सके। हमारे तिरंगे का अशोक चक्र जिसे धर्म चक्र भी कहते हैं। इससे तात्पर्य है कि हमें हर कार्य में धर्म को अवश्य याद रखना चाहिए। धर्म क्या है यह आप सभी जानते हैं, क्या सही है क्या गलत यह जानना ही सही मायने में धर्म है।
मुख्य सचिव ने कहा कि हमें समय एवं परिवर्तन के साथ खुद को भी बदलना है। अगले 25 सालों के लिए देश के लिए योजना बन रही है। प्रदेश के लिए भी हमें योजना बनानी है। केवल विजन ही नही चाहिए, मिशन भी चाहिए। विजन में हमने यह देखना है कि अगले 25 सालों में प्रदेश को कहां ले जाना है मिशन में हमें दिल दिमाग और आत्मा के साथ काम करना है, तभी यह तिरंगे का सच्चा सम्मान होगा। केवल यह लम्बा इवेंट बनकर न रह जाए। हम सभी मिलकर कार्य करेंगे अपने तन मन धन से इस देश को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे।
इस दौरान मुख्य सचिव द्वारा सचिवालय एथलीट व फिटनेस क्लब के 42 सदस्यों को जिन्होंने 15 कि0मी0 दौड़ पूरी की थी उनका आभार व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। इसके साथ ही 28 से 30 मार्च 2022 को गुड़गांव हरियाणा में आयोजित अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज एथलेक्टिस प्रतियोगिता में 800 मी0 रेस में कांस्य पदक जीत कर सचिवालय के लिए पहला पदक लाने वाले अनुभाग अधिकारी एवं अध्यक्ष सचिवालय एथलीट व फिटनेस क्लब ललित चन्द्र जोशी को भी बधाई दी।
इस दौरान ध्वजारोहण के अवसर पर अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, आनन्द बर्धन, प्रमुख सचिव आर.के.सुधांशु व एल.फेनई सहित सभी सचिव, प्रभारी सचिव सहित सचिवालय के अधिकारी-कर्मचारी एवं अन्य नागरिक उपस्थित रहे।

केन्द्र सरकार ने जारी की एडवायजरी, बताया कैसे मनाएं आजादी का जश्न

देशभर में आजादी के जश्न की तैयारियां जोरों-शोर पर है। आजादी के 75 साल पूरे होने का आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। इस बीच 15 अगस्त के राष्ट्रीय पर्व यानी स्वतंत्रता दिवस के जश्न और समारोहों को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ी एडवायजरी जारी की है। केंद्र ने राज्य सरकारों को भी कई अहम निर्देश दिए है। मीडिया रिपोर्टस के अनुसार देश में रोजाना कोराना के औसतन 15,000 से अधिक मामले सामने आने के बीच केंद्र ने राज्यों से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए कोई बड़ी सभा नहीं हो और सभी लोग ब्वअपक-19 की गाइडलाइंस के दिशा-निर्देशों का पालन करें।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के प्रत्येक जिले के सभी प्रमुख स्थानों पर ‘स्वच्छ भारत’ अभियान चलाने और स्वैच्छिक नागरिक भागीदारी के माध्यम से इन्हें ‘स्वच्छ’ बनाए रखने के लिए एक पखवाड़े और महीने भर तक जारी रखने को कहा है। मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में कहा एहतियात के तौर पर कोविड​​​​-19 के खिलाफ, समारोह में बड़ी सभाओं से बचा जाना चाहिए. यह जरूरी है कि कोविड-19 के दिशानिर्देशों का पालन किया जाए’।

प्रदेश के सभी नगर निकायों में हर घर तिरंगा अभियान का शुभारंभ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा नगर निकाय के “हर घर तिरंगा“ अभियान के तहत जनपद चंपावत वर्चुअली प्रतिभाग किया गया। इस अभियान के तहत प्रदेश के सभी तेरह जिलों से कार्यक्रम आयोजित किए गए। नगर विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल द्वारा देहरादून से वर्चुअली प्रतिभाग किया गया। जनपद चंपावत से कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर शुरू किया गया हर घर तिरंगा अभियान जन आंदोलन का रूप ले चुका है। बड़ी संख्या में लोग इसमें स्वतः स्फूर्त होकर प्रतिभाग कर रहे हैं। विशेष तौर पर युवाओं का जोश देखते ही बनता है। मुख्यमंत्री प्रदेश के सभी नगर निकायों में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम को चम्पावत से वर्चुअल सम्बोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान में नगर निकायों में स्वच्छता अभियान भी संचालित किये जाएं। शहीद स्मारकों, सार्वजनिक कार्यक्रम स्थलों, शहीदों और महापुरुषों की मूर्तियों की विशेष रूप से साफ सफाई की जाए। जहां भी तिरंगा फहराया जाए, उन सार्वजनिक स्थलों की भी स्वच्छता सुनिश्चित किया जाए। स्वतंत्रता सेनानियों व उनके परिवार जनों, शहीद जवानों के परिवार जनों और शहीद राज्य आंदोलनकारियों के परिवार जनों, पूर्व सैनिकों, पद्म पुरस्कारों से सम्मानित राज्य के विशिष्ट जनों, राज्य व देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी कार्यक्रम से जोङा जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में देशभर में आजादी की 75 वीं वर्षगांठ पर अमृत महोत्सव मना रहे हैं। यह अमृत महोत्सव देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों को समर्पित है। हमें उनके बलिदान गाथाओं को सदैव स्मरण में रखना है। आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में समृद्ध, समर्थ और शक्तिशाली भारत का पूरी दुनिया में मान सम्मान बढा है। हम अमृत काल में प्रवेश कर रहे हैं। आने वाले 25 वर्ष भारत की दशा और दिशा तय करेंगे। अमृत महोत्सव से पूरे देश में उत्साह का वातावरण है।
कार्यक्रम के दौरान नगर विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि आज हम आजादी की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। हम में से अधिकतम लोग आजादी के बाद पैदा हुए हैं। लगभग हम सभी के जीवन में यह पहला ऐसा अवसर है, हम इसे अमृत महोत्सव के रूप में मना रहे हैं। इस अभियान को हम और अधिक हर्षाेल्लास के साथ मनाएं। देश की आन बान और शान का प्रतीक तिरंगे को हर घर से फहराने की अपील की।उन्होंने कहा कि हमारा देश नित नई ऊंचाइयां छू रहा है। हमारी शान तिरंगा हमें हर पल संदेश देता है। जिसमें केसरिया रंग त्याग का सफेद शांति का हरा रंग समृद्धि का संदेश देता है।

हर घर तिरंगा अभियान में सीएम ने खटीमा में किया प्रतिभाग

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को शहीद स्थल खटीमा पहुंचकर आजादी का अमृत महोत्सव के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन में शहीद हुए राज्य आंदोलनकारियों के चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए नमन किया। उन्होंने देश की आजादी तथा देश व देश की सीमाओं की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आजादी के महोत्सव के तहत देशभर में कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज देश के अंदर राष्ट्र भक्ति का भाव जागृत हुआ है, यह समय जहां हमारे लिए आजादी का अमृत महोत्सव मनाने का है, वहीं आने वाले 25 साल अमृतकाल होगा। उसके लिए भी हमें संकल्पबद्ध होना है। उन्होंने कहा कि हमारी नई पीढ़ी अमृतकाल में देश के नए सोपानों को तय करेगी। समृद्ध, समर्थ व शक्तिशाली भारत के रूप में जिसकी कल्पना कर रहे थे, प्रधानमंत्री ने इसको आगे बढ़ाने का काम किया है। देश व राज्य के चहुंमुखी विकास हेतु हम सब संकल्प लें।
इस अवसर पर मंडी समिति अध्यक्ष नन्दन सिंह खड़ायत, जिला महामंत्री अमित पांडे, रमेश जोशी, दान सिंह, गौरव सोनकर, संतोष अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, हरीश जोशी, भगत सिंह बोरा, जिलाधिकारी युगल किशोर पंत, एसएसपी मंजूनाथ टीसी उपस्थित रहे।

कैबिनेट मंत्री अग्रवाल ने वीरभद्र मंडल को 500 तिरंगे सौपें

आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा अभियान के क्रम में भाजपा वीरभद्र मंडल की ओर से कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने चार पूर्व सैनिक पार्षद वीरेंद्र रमोला, जगदीश भंडारी, शेर सिंह नेगी और विनोद सेमवाल को सम्मानित किया। साथ ही 500 तिरंगा झंडा वीरभद्र मण्डल को सौपा।
सोमवार दुर्गा मंदिर आईडीपीएल में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री डॉ अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश की जनता से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने की अपील की है। इस अभियान में प्रदेश के गैर सरकारी संगठनों व संस्थाओं को भी साथ लिया जा रहा है। उत्तराखण्ड देवभूमि के साथ वीर भूमि भी है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि भारत की आजादी के लिए जिन वीर सेनानियों ने अपना सर्वस्व अर्पित किया, उनका सदैव स्मरण रहे। हमारी नई पीढ़ी को ऐसे बलिदानियों के बारे में अधिक से अधिक जानकारी हो। आजादी के अमृत महोत्सव में देश के इन वीर बलिदानियों का देश स्मरण कर रहा है।
डॉ अग्रवाल ने कहा कि यह देशभक्ति की भावना का कार्यक्रम है। यह केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं है। यह एक जन आंदोलन है जिसमें सभी की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत देश की आजादी के लिए शहीद हुए क्रान्तिकारियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं स्वच्छता अभियान भी चलाया जायेगा। अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ें इसके लिये व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार किया जाए।
इस अवसर पर मण्डल अध्यक्ष अरविंद चौधरी, महामंत्री सुंदरी कंडवाल, पार्षद वीरेंद्र रमोला, पुनीता भंडारी, निर्मला उनियाल, प्रताप राणा, राम कैलाश, जगदम्बा सेमवाल, माया घले, गीता मित्तल, आरती दुबे, सुनील यादव, राहुल कुकरेती, अजीत वशिष्ट, रविन्द्र कश्यप, चमन कौशल, सोहनलाल पोखरियाल, जगदीश भंडारी, कुँवर सिंह बिष्ट, बच्चन सिंह आदि भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।