उत्तराखंड में केन्द्र के सहयोग से चल रही कई योजनायें-धामी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आजादी के अमृत महोत्सव के तहत ’उज्ज्वल भारत उज्ज्वल भविष्य-पावर/2047’ के समापन समारोह कार्यक्रम में पुनर्निर्मित वितरण क्षेत्र योजना का शुभारंभ किया। एनटीपीसी की विभिन्न हरित ऊर्जा परियोजनाओं का शिलान्यास तथा लोकार्पण एवं नेशनल रूफटॉप सोलर पोर्टल को भी प्रधानमंत्री द्वारा लांच किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में इस कार्यक्रम में वर्चुअल प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री भी जुड़े थे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बीते आठ वर्षों में देश का मान-सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। उन्होंने कहा कि देश में विभिन्न क्षेत्रों में अनेक नए कार्यों की शुरुआत हुई है। एक नई कार्य संस्कृति देश में आई है। कोरोना काल में पूरे विश्व की अर्थव्यवस्था गड़बड़ा गई थी, ऐसे समय में भी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने कोरोना पर पूरी तरीके से नियंत्रण किया। भारत ने 2 स्वदेशी कोविड वैक्सीन तैयार की। अन्य देशों को भी भारत ने 20 करोड़ से अधिक वैक्सीन दी। भारत में कोविड की 200 करोड़ से अधिक वैक्सीन लगाई जा चुकी है। बूस्टर डोज का अभियान भी तेजी से चल रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ऊर्जा मंत्रालय द्वारा कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। उत्तराखंड में भी कई परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है। राज्य गठन के समय ऊर्जा और पर्यटन राज्य निर्माण की मूल अवधारणा में शामिल था। जिसको लेकर राज्य सरकार आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा 2025 तक प्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए सबकी सहभागिता जरूरी है। हाल ही राज्य में बिजली का संकट था, सरकार ने महंगी बिजली खरीद कर लोगों की बिजली आपूर्ति पूरी की गई।
इस अवसर पर मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक सविता कपूर, सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, जिलाधिकारी देहरादून सोनिका, एमडी यूपीसीएल अनिल कुमार उपस्थित रहे।

महत्वूपर्ण योजनाओं पर लेटलतीफी नही होगी मंजूर-मुख्य सचिव

मुख्य सचिव डॉ. एस एस संधु ने सचिवालय में प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप के अंतर्गत योजनाओं की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने कहा कि प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप के तहत योजनाएं अत्यंत ही महत्वपूर्ण योजनाएं हैं, जिन्हें समय पर पूर्ण किया जाना अति आवश्यक है।
तपोवन विष्णुगाड परियोजना के सम्बन्ध में मुख्य सचिव ने एनटीपीसी को इसके संचालन सहित सभी सभी स्टेप्स की टाईमलाईन निर्धारित करते हुए योजना को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि एक ऐसा मैकेनिज्म तैयार किया जाए कि प्रत्येक कार्य के लिए जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने टिहरी पंप्ड स्टोरेज प्लांट के सम्बन्ध में जिलाधिकारी टिहरी को सभी भूमि हस्तांतरण और आवश्यक खनन स्वीकृतियों को शीघ्र जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने पेंडिंग कार्यों के निस्तारण के लिए प्रोएक्टिव होकर समीक्षा किए जाने के भी निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने सभी सम्बन्धित विभागों को आपसी सहयोग से सॉल्यूशन फाइंडर की भूमिका निभाते हुए कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने जिलाधिकारी चमोली को परियोजना से प्रभावितों की समस्याओं के निस्तारण की शीघ्र व्यवस्था किए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हमें प्रभावितों को कॉन्फिडेंस में लेकर उनके समस्याओं के निस्तारण हेतु हर संभव सहायता देनी है। परियोजना से विस्थापितों को जिस जगह शिफ्ट किया जा रहा है, उस जगह सभी आवश्यक सुविधाएं भी शीघ्र उपलब्ध कराई जाएं। रुड़की देवबंद नई रेलवे लाईन प्रोजेक्ट में भी तेजी लाते हुए सभी आवश्यक कार्य पूर्ण किए जाएं। बैठक में बताया गया कि उत्तर रेलवे द्वारा टेंडर प्रक्रिया दिसंबर अंत तक पूर्ण कर ली जाएगी।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव मनीषा पंवार, सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम, सौजन्या एवं डॉ. रंजीत सिन्हा सहित सम्बन्धित जनपदों के जिलाधिकारी भी उपस्थित थे।