नड्डा की मौजूदगी में प्रसिद्ध डॉ. यशपाल रावत बने भाजपाई

अल्मोड़ा के सल्ट निवासी डॉ. यशपाल रावत आज भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उन्हें भाजपा में शामिल किया। डॉ. रावत सल्ट सीट के उप चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी हो सकते हैं।

चामुण्डा चिकित्सालय काशीपुर के स्वामी व प्रख्यात सर्जन डॉ यशपाल ने आज भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। जिसके बाद से चर्चाएं गर्म हो गई हैं कि वह सल्ट विधानसभा सीट पर होने वाले उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी हो सकते हैं। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने डॉ यशपाल का भाजपा में स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष बंसीधर भगत व प्रदेश उपाध्यक्ष खिलेन्द्र चैधरी भी इस अवसर पर उपस्थित थे। डॉ यशपाल मूलतः सल्ट निवासी हैं और काशीपुर में उनका चिकित्सालय है।

स्व. विधायक जीना में सबको जोड़ने की थी कलाः सीएम

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विधानसभा क्षेत्र सल्ट के विधायक सुरेन्द्र सिंह जीना के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय श्री जीना के निधन से राज्य ने एक ऊर्जावान और दूरदर्शी नेता खो दिया है। उनकी गणना हमेशा सक्रिय रहने वाले विधायकों में थी। वे वंचित वर्गों की आवाज मुखर करने वाले तथा अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए सतत संघर्षरत रहने वाले जनसेवक थे।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने स्व. सुरेन्द्र सिंह जीना के आकस्मिक निधन पर प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनको श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय जीना 2007, 2012 एवं 2017 से लगातार तीसरी बार विधानसभा में विधायक रहे, पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता और हमारे छोटे भाई सुरेन्द्र अब नहीं रहे। यह अविश्वसनीय लगता है। उनसे जो भी एक बार मिला होगा उसे उनका व्यवहार और सकारात्मक सोच जरूर याद आती होगी। वे विधानसभा के अंदर अपनी बात खुबसूरत और चुटीले अंदाज में रखते थे। छोटे एवं बड़ों के साथ उनका व्यवहार बहुत ही मधुर रहता था। सबको जोड़ने की अद्भुत कला उनमें थी, अपने विधानसभा क्षेत्र में वे लोकप्रिय रहे। अपने क्षेत्र के संबंधित विकास कार्यों को पूर्ण कराने की उनमें अद्भुत क्षमता थी। वे सदैव सबके हितैशी बनकर रहे। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवारजनों को इस दुःख की इस घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की।

विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने दिवंगत भाजपा विधायक को दी श्रद्धांजलि

सल्ट विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक रहे भाजपा के कद्दावर नेता सुरेंद्र सिंह जीना के आकस्मिक निधन पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित हुई। स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा विधायक सुरेंद्र सिंह जीना के चित्र पर पुष्प चढ़ाकर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। मौके पर सभी के द्वारा दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।

स्पीकर ने कहा कि उत्तराखंड के प्रिय विधायक सुरेंद्र सिंह जीना का इस प्रकार से हमारे बीच से जाना उत्तराखंड के लिए अपूरणीय क्षति है वहीं उनके लिए व्यक्तिगत क्षति भी है, उन्होंने कहा कि जीना जी के संग उनके आत्मीय एवं पारिवारिक संबंध थे।

उन्होंने कहा कि विधायक जीना जिस प्रकार से सदन के भीतर अपने क्षेत्र एवं लोगों की समस्याओं को उठाते थे, प्रश्न करते थे, एवं तर्क-वितर्क करते थे वह सभी के लिए एक सीख बन गई है। दिवंगत विधायक सुरेंद्र सिंह जीना से जुड़े कई संस्करणों को याद कर स्पीकर भी भावुक हो उठे। श्रद्धांजलि सभा में विधानसभा अध्यक्ष के चचेरे भाई कृष्ण चंद अग्रवाल को भी श्रद्धांजलि दी गई जिनका विगत दिनों डोईवाला में निधन हो गया था।

श्रद्धांजलि सभा के अवसर पर मंडल अध्यक्ष श्यामपुर गणेश रावत, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष अरविंद चैधरी, मंडल महामंत्री रवि शर्मा, महामंत्री सुमित पंवार, रविंद्र राणा, पार्षद अनीता प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य मुकेश गौनियाल, आशीष रागढ़, क्षेत्र पंचायत सदस्य पंकज पाल, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य शिवानी भट्ट, पार्षद प्रदीप कोहली, सुभाष बाल्मीकि, विनोद भट्ट, सुरेंद्र राणा, शुभांकित रावत, निखिल बड़थ्वाल, प्रिया ढकाल, चंदू यादव आदि उपस्थित रहे।