पलायन रोकने और रोजगार देने का काम करेगी सरकार

ऋषिकेश।
रविवार को देहरादून रोड स्थित होटल अमेरिस में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज का स्थानीय लोगों व भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने भाजपा सरकार की प्राथमिकतायें बताई। कहाकि उत्तराखंड में पलायन एक बड़ा मुद्दा है। इसे रोकने के लिए पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना होगा। धार्मिक पर्यटन से स्थानीय लोगों को जोड़ना होगा। भाजपा सरकार की प्राथमिकतायें बताते हुए कहाकि प्रदेश में भगवती के सिद्धपीठों की श्रृखंला बनाई जायेगी। शिव और विष्णु भगवान के पौराणिक मंदिरों का कायाकल्प किया जायेगा।
देव डोलियों के दर्शन के साथ ही प्रदेश की संस्कृति को पर्यटकों को दिखाया जायेगा। स्क्रीन रिजॉर्ट बनाकर विदेशी पर्यटकों को बर्फ दिखाने का भी प्रयास होगा। आयुर्वेद व पंचकर्म को बढ़ावा देने के साथ ही उत्तराखंड में पायी जाने वाली जड़ी बूटियों के उत्पादन को बढ़ाया जायेगा। इन उत्पादों की बड़े स्तर पर ब्रांडिंग कराई जायेगी। जंगली जानवरों से होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए ठोस कार्य योजना बनाई जायेगी।
मौके पर विधायक प्रेमचन्द अग्रवाल, देवेन्द्र दत्त सकलानी, अनिता ममगाईं, भगतराम कोठारी, चेतन शर्मा, उषा रावत, स्नेहलता शर्मा, संजीव गोयल, संजय शास्त्री, सीएल धीगंड़ा, इन्द्र कुमार गोदवानी, अभिनव अक्षत गोयल, दिनेश सती, पंकज शर्मा, कविता शाह, पंकज भट्ट, सरोज डिमरी आदि मौजूद थे।

गैरसैंण ग्रीष्मकालीन राजधानी
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहाकि गैरसैंण को भाजपा अपने घोषणा पत्र के अनुसार ग्रीष्मकालीन राजधानी बनाने पर विचार कर रही है। उन्होंने सदन में गैरसैंण को लेकर चर्चा करने व आम सहमति बनाकर निर्णय लेने की बात कही।

उत्तराखंड की ओर से बधाई दी
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने योगी आदित्यनाथ को उत्तर प्रदेश का सीएम बनाने पर बधाई दी है। कहाकि मेरा सौभाग्य रहा कि सुबह ही मेरी उनसे मोबाईल पर वार्ता हुयी। मैनें पूरे उत्तराखंड की ओर से योगी जी को बधाई दी।

त्रिपल इंजन की सरकार
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहाकि अब त्रिपल इंजन की सरकार कार्य कर रही है। यूपी में योगी के आने से परिसंपत्ति बंटवारे की समस्या हल होगी। जिससे दोनों राज्यों का विकास होगा। अब डबल नही त्रिपल इंजन की सरकार विकास की रफ्तार से दौड़ेगी।

मेरी कोई नाराजगी नही
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहाकि लोग मुझसे कह रहे है कि आपने छोटा ओहदा ले लिया है। आपका कद बडा है। कहाकि कोई पद छोटा या बड़ा नही होता है। राज्य के विकास के लिये सभी को मिलकर काम करना होगा।