जिला और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में एसबीएम इंटर कॉलेज के छात्रों का चयन

श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के जनपदीय खो-खो प्रतियोगिता में 10 बालक और 5 बालिकाओं का राज्य स्तर के लिए चयन हुआ है।
जनपदीय खो-खो प्रतियोगिता में श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज ऋषिकेश के 10 बालक व 5 बालिकाओं कुल 15 बच्चों का चयन राज्य स्तर के लिए होने पर विधालय के प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत द्वारा खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए मैडल द्वारा सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि एक प्रतिभावान खिलाड़ी जहां खेलों के माध्यम से अपने स्वस्थ शरीर और मस्तिष्क का निर्माण करता है वहीं बेहतरीन भविष्य के निर्धारण में भी कामयाब होता है। प्राचार्य ने कहा कि विद्यालय में खिलाड़ियों का अपना पुराना इतिहास है जिन्होंने खेलों के माध्यम से सेना और पुलिस प्रशासन के साथ राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की सेवाओं के लिए चयनित होकर बेहतरीन भविष्य बनाया है।
विद्यालय के खेल प्रशिक्षक विकास नेगी ने बताया कि राज्य स्तरीय बालिका वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता नरेंद्र नगर एवं बालक वर्ग की राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता खदरी इंटर कॉलेज में आयोजित की जाएगी।
इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ प्रवक्ता यमुना प्रसाद त्रिपाठी, जितेंद्र बिष्ट, शिव प्रसाद बहुगुणा व विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं आदि उपस्थित रहे।

खेलों को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा और उत्तराखंड बनेंगे सहयोगी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा खेल मंत्री रेखा आर्य के निर्देशानुसार सोमवार को पंचकुला स्थित खेल विभाग, हरियाणा के मुख्यालय में हरियाणा राज्य में संचालित विभिन्न खेल योजनाओं की जानकारी के सम्बन्ध में हरियाणा राज्य के अधिकारियों के साथ उत्तराखण्ड राज्य के खेल विभाग के अधिकारियों द्वारा बैठक आहूत की गयी। बैठक में उत्तराखण्ड राज्य की ओर से विशेष प्रमुख सचिव, उत्तराखण्ड अभिनव कुमार, निदेशक, खेल गिरधारी सिंह रावत, संयुक्त निदेशक खेल डॉ. धर्मेन्द्र प्रकाश भट्ट, एवं हरियाणा राज्य की ओर से निदेशक खेल पंकज नैन, आई०पी०एस० एवं अपर निदेशक खेल विवेक पदम सिंह द्वारा प्रतिभाग किया गया। हरियाणा राज्य में संचालित खेल प्रशिक्षण कार्यक्रमों, प्रशिक्षकों की तैनाती खेल अवस्थापना सुविधाओं का विकास एवं उनका अनुरक्षण, खेल नर्सरियों की स्थापना, खिलाड़ियों के कल्याणार्थ संचालित विभिन्न योजनाओं के साथ-साथ खेलों में उच्च प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राजकीय सेवा में नियुक्ति दिये जाने सम्बन्धी प्रक्रिया पर हरियाणा राज्य की ओर से प्रस्तुतिकरण दिया गया एवं उस पर विस्तार से चर्चा की गयी।
विशेष प्रमुख सचिव उत्तराखण्ड द्वारा राज्य की नई खेल नीति एवं छात्रवृत्ति योजनाओं के सम्बन्ध में जानकारी दी गयी हरियाणा राज्य की ओर से सुझाव दिया गया कि छात्रवृत्ति के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर खेल नर्सरियां विकसित की जाए जिससे स्थानीय स्तर पर किशोर-किशोरियों को खेल सम्बन्धी प्रशिक्षण प्राप्त हो सके एवं वे उच्च स्तरीय प्रशिक्षण हेतु तैयार हो सकें। बैठक के पश्चात उत्तराखण्ड के अधिकारियों द्वारा ताऊ देवी लाल खेल परिसर, पंचकुला का भी निरीक्षण किया गया एवं अवस्थापना सुविधाओं एवं उनके संचालन के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की गयी।

खिलाड़ियों को उनके सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में नेशनल खेलो मास्टर्स गेम्स की स्वर्ण और काँस्य पदक विजेता फुटबाल खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को उनके अच्छे खेल प्रदर्शन के लिए बधाई दी। खेलो इंडिया के अंतर्गत आयोजित नेशनल खेलो मास्टर्स गेम्स का आयोजन दिल्ली के त्यागराज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 30 अप्रैल से 3 मई तक किया गया। जिसमे उत्तराखंड की 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग और 50 वर्ष आयु वर्ग की फुटबाल टीम ने प्रतिभाग किया गया था।
देहरादून फुटबॉल एकेडमी के संस्थापक एवं हेड कोच, खेलो मास्टर्स गेम्स फाउंडेशन ऑफ़ उत्तराखंड के महासचिव विरेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि खेलों क़ो बढ़ावा देने के लिए खेलों इंडिया, फिट इंडिया का अभियान युवाओं क़ो प्रेरित कर रहा है। खेलो इंडिया, फिट इंडिया अभियान के क्रम में खेलो मास्टर्स गेम्स का आयोजन किया गया, जिसमें पूर्व राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों द्वारा प्रतिभाग किया गया।

विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण ने की विभागीय कार्यकलापों की समीक्षा

विशेष प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एवं खेल तथा युवा कल्याण अभिनव कुमार ने सोमवार को सचिवालय में खेल एवं युवा कल्याण विभागों की समीक्षा की।

उन्होंने निर्देश दिये कि राज्य की खेल नीति के अनुरूप नीतियों एवं दिशा निर्देशों से सम्बन्धित शासनादेश शीघ्र निर्गत किये जाय ताकि खेल नीति से युवा खिलाड़ी लाभान्वित हो सके। उन्होंने कहा कि राज्य के बड़े स्टेडियमों के साथ ही निर्माणाधीन स्टेडियमों का बेहतर उपयोग किस प्रकार हो इसकी भी कार्ययोजना तैयार की जाय। स्टेडियमों के बेहतर प्रबंधन से खिलाड़ियों को भी सुविधा होगी, इसके लिये पी.पी.पी. मोड की भी संभावना तलाशी जाय।

विशेष प्रमुख सचिव ने राज्य में स्थापित होने वाले खेल विश्व विद्यालय के लिये भूमि के चयन में शीघ्रता करने के भी निर्देश दिये, साथ ही विश्व विद्यालय की स्थापना से सम्बन्धित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं एवं प्रक्रियाओं पर भी कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में अपर सचिव एवं निदेशक खेल तथा युवा कल्याण गिरधारी सिंह रावत, अपर निदेशक युवा कल्याण आरसी डिमरी, संयुक्त निदेशक खेल डॉ धर्मेन्द्र भट्ट, अजय अग्रवाल, उप सचिव धीरेन्द्र कुमार सिंह आदि अधिकारी उपस्थित थे।

रूद्रपुर में 23वें राष्ट्रीय वालीवाल यूथ चैम्पियनशिप का सीएम ने किया शुभारम्भ

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम रूद्रपुर में 23वे राष्ट्रीय बॉलीबाल यूथ (महिला व पुरूष) चौम्पियनशिप का शुभारंभ किया। इस चैम्पियनशिप में पुरूष वर्ग में 27 राज्यों की तथा साई की टीम सहित कुल 28 टीमों व महिला वर्ग में 22 राज्यों की एवं साई की एक टीम शामिल है।
मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रही सभी टीमों तथा पहली बार प्रतियोगिता में शामिल लद्दाख की टीम को बधाई दी। उन्होंने प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि गर्मी में भी युवाओं में खेल के प्रति उत्साह व उमंग की लहरें बता रहीं है कि देश का नौजवान आसमान छूने को तैयार है। उन्होंने कहा कि यह न केवल खेलों की राष्ट्रीय प्रतियोगिता है बल्कि यह देश की युवा शक्ति का भी मंच है। हमारे युवा खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभा का रंग बखेरते हुए देश एवं राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम घर के बच्चों को खेलने में कोई परेशानी न हो, कोई भी लाचारी या बेबसी प्रतिभा के रास्ते में अडंगा न डाले इसके लिए सरकार ने खेल नीति में व्यवस्था की है। किसी भी प्रतिभावान खिलाड़ी की प्रतिभा में किसी भी प्रकार की रूकावट न हो, हमारा यही निश्चय है। राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नोकरी व खेल का माहौल उपलब्ध कराया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं पदक प्राप्त करने पर खिलाड़ियों पर धन की वर्षा होती है। परन्तु प्रतियोगिताओं में भाग लेने एवं अभ्यास के समय आवश्यकता पर प्रतिभाओं को मदद नहीं मिल पाती और कई प्रकार की समस्याओं से जूझना पड़ता है, इसको ध्यान में रखते हुए सरकार ने खेल नीति-2021 को लागू किया है जिसमें खिलाड़ियों के खेलने की व्यवस्था, रहने व खाने की व्यवस्था और अच्छा प्रदर्शन करने के बाद नोकरी की भी व्यवस्था नई खेल नीति में की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटी उम्र के उभरते खिलाड़ियों के लिए भी सरकार की ओर से मुख्यमंत्री उदयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत 8 से 14 वर्ष तक के उभरते खिलाड़ियों के लिए भी शारीरिक टेस्ट व क्षमता के आधार पर हर महीने 1500 रूपये प्रोत्साहन राशि देने की भी घोषणा की है। ओलम्पिक खेलों में स्वर्ण पदक विजेता, रजत एवं कांस्य पदक विजेता खिलाड़ी हैं तथा ओलम्पिक, एशियाई खेलों विश्व चेम्पियनशिप, राष्ट्र मण्डल खेलों के खिलाड़ियों को नियुक्ति प्रदान किये जाने की व्यवस्था की गई है। खिलाड़ियों के लिए हर सम्भव मदद करेंगे।
मुख्यमंत्री ने उभरती हुई खेल प्रतिभाओं के भीषण गर्मी में भी उत्साह व उमंग को देखकर कहा कि मैं भविष्य के प्रति आश्वस्त हूॅ कि भविष्य में हमारे देश को खेल के क्षेत्र में और अधिक सशक्त बनाने का काम आपके माध्यम से होगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन निश्चित रूप से आने वाले समय में मील का पत्थर साबित होगा। इसके साथ ही उन्होंने खेल के विधिवत उद्घाटन की घोषणा की। उन्होंने खेल हेतु ध्वज भी आरोहित किया।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय छतरपुर के विद्यार्थियों ’’अल्मोड़ा अंग्रेजा’’ गीत पर मनमोहक नृत्य करने पर मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को 5000 रूपये का पुरस्कार दिया। इसके साथ ही विभिन्न विद्यालयों की बालिकाओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा ने स्टेडियम व खेल के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में मेयर रामपाल सिंह, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, हरभजन सिंह चीमा के अलावा मण्डलायुक्त दीपक रावत, डीआईजी नीलेश आनन्द भरणे, जिलाधिकारी युगल किशोर पन्त, आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन हेमन्त बिष्ट ने किया।