एम्स में स्थापित विश्व का पहला रिकंस्ट्रक्टिव एवं कॉस्मेटिक गायनेकोलॉजी विभाग चलाएगा स्त्री वरदान अभियान

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में एम्स ऋषिकेश के रिकंस्ट्रक्टिव एवं कॉस्मेटिक गायनेकोलॉजी विभाग की ओर से संस्थान में स्त्री वरदान अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। एम्स ऋषिकेश की पहल पर आयोजित विश्वव्यापी इस अभियान का ध्येय वाक्य है चुप्पी तोड़ो, स्त्रीत्व से नाता जोड़ो। ​

स्त्रियों की समस्याओं पर आधारित एम्स की इस पहल पर आयोजित कार्यक्रम में देश और उत्तराखंड राज्य की कई लब्ध प्रतिष्ठित हस्तियां प्रतिभाग करेंगी। एम्स निदेशक प्रोफेसर रवि कांत की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में राज्यपाल बेबी रानी मौर्य, आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरी महाराज, स्वामी देवानंद सरस्वती महाराज, स्वामी विजय कौशल महाराज, हंस फाउंडेशन प्रमुख माता मंगला, राष्ट्रीय महिला आयोग, भारत सरकार की चेयरपर्सन रेखा शर्मा, यमकेश्वर क्षेत्र की विधायक ऋतु खंडूड़ी, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उपकुलपति डॉ. चिन्मय पांड्या, दिव्य प्रेम सेवा मिशन के संस्थापक आशीष गौतम प्रमुखरूप से शामिल होंगे।

गौरतलब है कि अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स ऋषिकेश की ओर से अपनी तरह के अनूठे स्त्री वरदान कार्यक्रम की शुरुआत गतवर्ष 31 अक्टूबर 2020 को रिकंस्ट्रक्टिव एवं कॉस्मेटिक गायनेकोलॉजी विभाग के डॉक्टर नवनीत मग्गो के मार्गदर्शन में की गई थी। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की निजी समस्याओं का निवारण करना है।
ऋ​षिकेश एम्स के स्त्री वरदान कार्यक्रम के निदेशक डॉ. नवनीत मग्गो का कहना है कि यह कार्यक्रम उन अंतर्मुखी महिलाओं की आवाज बनेगा, जो अपनी निहायत निजी स्वास्थ्य समस्याओं को चुपचाप सहती रहती हैं।

नारी निन्दा ना करें, नारी नर की खान, नारी से नर उपजें, ध्रुव प्रहलाद समान।

महिला दिवस पर महिलाओं ने अपने अधिकार को जाना

ऋषिकेश।
महिला दिवस पर पुलिस ने महिलाओं को उनके अधिकारों की जानकारी दी। सीओ मनोज कत्याल ने महिला सुरक्षा को पुलिस की प्राथमिकता बताया। महिलाओं को उनके कानूनी हक व अधिकारों की जानकारी भी दी। मौके पर लोगों को नशे के खिलाफ जागरुक भी किया गया।
बुधवार को श्यामपुर खदरी में महिला दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश मनोज कत्याल ने लोगों से महिलाओं का सम्मान करने की बात कही। उन्होंने राह चलती महिलाओं पर टीका टिप्पणी करने वालों को नसीहत दी। कहा कि नारी निन्दा ना करें, नारी नर की खान। नारी से नर उपजें, ध्रुव प्रहलाद समान। जानकारी दी कि एसएसपी देहरादून के निर्देश पर अब चीता पुलिस में भी महिला तैनात कर दी गयी है। महिलाओं को कानून में दिये गये अधिकार व हक की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में पुलिस के द्वारा लोगों को नशे से दूर रहने की अपील भी गयी। नशे के खिलाफ चलाये जा रहे पुलिस के अभियान में आमजन से सहयोग करने का आग्रह भी किया। मौके पर कई लोगों ने देर रात तक डीजे बजने की शिकायत की। जिस पर सीओ मनोज कत्याल ने अधीनस्थों को कार्रवाई करने के निर्देश दिये। मौके पर पैरालिगन वालेन्टियर्स एसएम सिलस्वाल, ऋषिकेश जिला पंचायत सदस्य सुनीता उपाध्याय, महिला मंगल दल की अध्यक्ष अनुराधा सेमवाल, विद्यालय प्रधानाचार्य आरएस पुण्डीर, ग्राम प्रधान सरोप सिंह पुण्डीर, उप प्रधान टेक सिंह राणा, राजेश शर्मा, पंचायत सदस्य उषा थपलियाल, सरिता रणाकोटी, श्रीकांत रतूडी, उप निरिक्षक आशीष गुंसाई, एनएन पाण्डेय आदि मौजूद थे।