भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने को मेयर ने लिया भगवाकरण का सहारा, प्रेसवार्ता में पार्षदों ने रखी अपनी बात

इन दिनों में ऋषिकेश में भगवा रंग काफी चर्चा में है। बीते 15 मार्च को नगर निगम ऋषिकेश की बोर्ड बैठक में ओरेंज सिटी को लेकर मेयर अनिता ममगाईं की ओर से प्रस्ताव लाया गया। इसमें भाजपा के अधिकांश पार्षद सहित कांग्रेसी पार्षदों ने विरोध जताया था। करीब 27 पार्षदों ने इस प्रस्ताव का विरोध किया था। इसके बावजूद यह प्रस्ताव को निरस्त नहीं किया गया। इसके अगले ही दिन से ऋषिकेश में हर कोई भगवा रंग को लेकर अपनी-अपनी राय देने लगा।

हुआ यूं कि मेयर अनिता ममगाईं ने संतों के साथ न सिर्फ बैठक की, बल्कि नगर के मुख्य मार्ग घाट रोड पर संतों के साथ रैली निकाली। संतों ने भी अपनी-अपनी राय देकर उन पार्षदों की निंदा कर डाली। अब आज मेयर की संतों के साथ रैली में भाजपा पार्षदों ने काउंटर जवाब मारा है। रेलवे रोड स्थित भाजपा कार्यालय में भाजपा पार्षदों की बैठक हुई। इसमें निर्वाचित 16 भाजपा पार्षद शामिल हुए, जबकि चयनित पार्षदों ने भी शिरकत की। सभी ने भगवा रंग को लेकर पार्षदों पर लगाए जा रहे आरोपों को खारिज किया। पार्षदों ने कहा कि भगवा रंग उनके दिलों, दिमाग में बसता है। उसके बारे में गलत कहना तो दूर सुन भी नहीं सकते। उन्होंने बल्कि मेयर अनिता ममगाईं पर ही भाजपाई पार्षदों को संतों के साथ मतभेद पैदा करने का आरोप लगाया।

भाजपा से ही तीन बार के पार्षद शिवकुमार गौतम ने कहा उनका विरोध भगवा रंग के लेकर नहीं है, उन्होंने सिर्फ ओरेंज सिटी के नाम वित्तीय अनियमितता करने का आरोप लगाया था। मगर, मेयर अनिता ने इसे दूसरे रूप में घुमा दिया और पार्षदों के खिलाफ गलत माहौल बनाया। उन्होंने कहा कि सभी पार्षद जनता से मत से जीत कर सदन में पहुंचे है, लिहाजा प्राथमिकता वार्डों में धरातल स्तर पर विकास कार्यों को लेकर होनी चाहिए। जबकि विकास कार्य ठप पड़े हुए है। उन्होंने यहां तक कहा कि मेयर अनिता ममगाईं विकास कार्यों में हुई अनियमितताओं पर पर्दा डालते हुए अपने भ्रष्टाचार को छुपाने को भगवाकरण का शिगूफा चला रही है।
ग्रामीण क्षेत्र से भाजपा पार्षद सुंदरी कंडवाल और शहरी क्षेत्र से भाजपा पार्षद रीना शर्मा ने कहा कि भाजपा हिंदुत्व की पार्टी है। उनके खून में भगवा है। ऐसे में भगवा रंग को लेकर राजनीति करना अच्छी बात नहीं है। उन्होंने मेयर पर आरोप लगाया कि मेयर तानाशाही कर रही है, सदन में पार्षदों की आवाज नहीं सुनी जा रही है।
भाजपा पार्षद विकास तेवतिया ने स्ट्रीट लाइट के यूनीपोल की खरीद फरोख्त को लेकर मेयर अनिता ममगाईं को घेरा। उन्होंने कहा कि इसमें मेयर ने अनियमितता की है। जिस पर उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि आगामी 21 मार्च की बोर्ड बैठक में इस मुद्दे को भी रखा जाएगा। कहा कि भगवा रंग हमारी पहचान है। इसका कोई विरोध नहीं है।

मतभेदों को लेकर दोनों पक्षों से होगी बातः दिनेश सती

ऋषिकेश भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश सती ने कहा कि तीन दिनों से मेयर और भाजपा पाषदों के बीच मतभेद का मुद्दा गरमाया हुआ है। उक्त मामले को संगठन दोनों पक्षों के साथ मिलकर निपटायेगा। उन्होंनें कहा कि मेयर व पार्षद संगठन के ही लोग है।

प्रेस वार्ता में पार्षद शौकल अली, लव कांबोज, मीनाक्षी बिरला, शारदा देवी, सोनू प्रभाकर, तनु तेवतिया, जयेश राणा, चेतन चैहान, राजेंद्र प्रेम सिंह बिष्ट, राजेश दिवाकर, लता तिवारी आदि 16 पार्षद व नामित पार्षद मौजूद रहे।