सुबोध को मंत्री बनाकर राजनाथ निभाएंगे अपना वादा

ऋषिकेश। दयाशंकर पाण्डेय
नरेन्द्रनगर विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक सुबोध उनियाल के राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री बनने के आसार हैं। गजा रैली में गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सुबोध को योग्य उम्मीदवार बताकर मंत्री बनाए जाने के संकेत दिए थे। इसके चलते उन्हें दिनभर बधाई मिलती रही। समर्थक उन्हें विधायक नहीं, कैबिनेट मंत्री बनने के लिए बधाई देते रहे।
नरेन्द्रनगर से भाजपा का वनवास खत्म हो गया। 17 सालों बाद इस सीट से कोई भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज कर पाया है। सुबोध उनियाल ने भाजपा के टिकट पर पहली बार जीत दर्ज की है। सुबोध उनियाल की छवि तेजतर्रार, युवा और ब्राह्मण नेता के रूप में है। एनडी तिवारी के समय सुबोध उनियाल ने बतौर सीएम सलाहकार के रूप में ख्याति पाई थी। सुबोध की छवि ईमानदार नेता के रूप में है। कार्यकर्ताओं और जनता में भी काफी पसंद किए जाते हैं।
चुनाव के दौरान गजा रैली में गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सुबोध उनियाल को जिताने के लिए जनता से अपील की थी। उन्होंने सुबोध को योग्य उम्मीदवार बताकर जीतने पर मंत्रीपद से नवाजे जाने के संकेत दिए थे। अब सुबोध के जीतने के बाद लोग उन्हें विधायक बनने की नही, कैबिनेट मंत्री की बधाई दे रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, संघ के एक बड़े पदाधिकारी भी सुबोध उनियाल की पैरवी कर रहे हैं। भाजपा नेताओं की मानें तो सुबोध की लोकप्रियता के चलते हाईकमान उन्हें कैबिनेट मंत्री के पद से नवाज रहा है।