सबको साथ लेकर चलने से होगा विकास: योगी

लखनऊ।
योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री कुर्सी संभालते हुए आज भाजपा के-सबका साथ सबका विकास-का नारा दोहराया और कहा कि प्रदेश सरकार सभी वर्गों के लिए समान रूप से कार्य करेंगी।
महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए हर संभव प्रयास होगा। किसानों के विकास के लिए योजनाएं लाई जाएंगी।चुनाव घोषणा पत्र में किए सारे वादे पूरे करेंगे।
यूपी की सत्ता संभालने के बाद अपनी पहली प्रेसवार्ता में योगी ने कहा कि हमने जनता से जो वादा किया है, उसे हम पूरा करेंगे। जनता के सामने हमने जनसंकल्प पत्र रखा था, उस पर पूरा काम किया जाएगा। राज्य के विकास के लिए औद्योगिक विकास पर जोर दिया जाएगा। प्रदेश ने जो जनादेश दिया है, उस पर हम पूरी तरह से खरे उतरेंगे। प्रदेश बीते 15 साल में काफी पिछड़ गया है। भोजन, आवास, पेयजल और शौचालय जैसी व्‍यवस्‍था का विकास किया जाएगा। केंद्र में भाजपा की सरकार ने ‘सबका साथ और सबका विकास’ का जो संकल्‍प लिया है, उसी प्रकार प्रदेश में काम किया जाएगा।
इससे पहले आज योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। केशव प्रसाद मौर्या और दिनेश शर्मा ने उप मुख्यमंत्री पद के लिए शपथग्रहण किया। इसके लिए समारोह दिन में दो बजे कांशीराम स्मृति उपवन में शुरू हुआ। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, 13 राज्यों के मुख्यमंत्री, 15 केंद्रीय मंत्री तथा दर्जनों सांसद, भाजपा नेता शामिल हुए। इसके बाद योगी ने लोकभवन जाकर सीएम पदभार संभाला और पत्रकारों से मुखातिब हुए। उन्होंने अपनी कैबिनेट के सभी मंत्रियों के साथ बैठक भी की।