ऋषिनगरी पहुंचे ‘सूर्यपुत्र कर्ण’ सीरियल के ‘श्रीकृष्ण’

टीवी सीरियल सूर्यपुत्र कर्ण में कृष्ण की भूमिका में हैं सौरभ पाण्डेय
पर्यटन स्थलों के दौरे के साथ ही रीवर राफ्टिंग का लुत्फ भी उठाया

109

ऋषिकेश।
टीवी सीरियल ‘सूर्यपुत्र कर्ण’ में श्रीकृष्ण की भूमिका निभा रहे अभिनेता सौरभ पाण्डेय इन दिनों ऋषिनगरी की सैर पर हैं। वो ऋषिकेश निवासी अपने मित्र अलकेश कुकरेती के साथ यहां की वादियों का आनंद उठा रहे हैं।

108

अभिनेता सौरभ पाण्डेय का कहना है कि उन्हें ऋषिकेश आना पसंद है। वो पांच दिन यहां रहने के बाद अब मुंबई लौटेंगे। इन पांच दिनों में उन्होंने स्वर्गाश्रम-जौंक, रामझूला-लक्ष्मणझूला, शिवपुरी, ब्रह्मपुरी, नीरगड्डी वॉटर फॉल, नीलकंठ और मसूरी सहित कई जगहों को निहारा। गंगा में व्हाइट वॉटर राफ्टिंग, फ्लाईंग फॉक्स, बंजिंग-जंपिंग और कैंपिंग का लुत्फ उठाने के साथ ही गंगा आरती में भी हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि वशिष्ठ गुफा में उन्हें आध्यात्मिक शांति का आनंद हुआ। उनके मित्र अलकेश कुकरेती के अनुसार, सोनी टीवी पर आने वाले सीरियल ‘सूर्यपुत्र कर्ण’ में ‘श्रीकृष्ण’ की भूमिका निभाने के बाद सौरभ चर्चा में आए। इससे पहले वो रजिया सुल्तान, गंगा की धीज, तेरे मेरे सपने, आहट, जिया जले और सुहानी सहित कई टीवी सीरियल में भी काम कर चुके हैं।

ऑडिशन में युवाओं ने दिखाईं प्रतिभा

अनन्या ग्रुप की ओर नृत्य, गायन और नाटक के ऑडिशन
देहरादून, डोईवाला, ऋषिकेश और रायवाला से पहुंचे युवा

ऋषिकेश।
उभरते कलाकारों को मौका देने के लिए अनन्या ग्रुप की ओर से ऑडीशन लिए गए। इसमें नृत्य, गायन और नाटक में युवाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
देहरादून रोड स्थित अमेरिस होटल में ऑडिशन के लिए युवाओं की भीड़ रही। ऑडिशन में वेस्टर्न और पाप म्यूजिक की धूम रही। देहरादून, डोईवाला, ऋषिकेश, रायवाला आदि इलाकों से करीब दो सौ युवाओं ने ऑडिशन में भाग लिया। युवाओं की प्रस्तुति को खूब सराहा गया। कार्यक्रम संयोजक आकाश तोमर ने बताया कि पहले चरण के ऑडिशन रविवार को हुए। अब अगले चरण के ऑडिशन दो अक्तूबर को होंगे। दोनों चरण के सफल प्रतिभागियों को सेमीफाइनल में प्रवेश दिया जाएगा।

106

इससे पूर्व कार्यक्रम अध्यक्ष विजय टक्कर, जयेन्द्र रमोला और अक्षत गोयल ने संयुक्तरूप से ऑडिशन का दीप जलाकर शुभारंभ किया। निर्णायक मंडल में सैम थॉमस, नमिता राय और सावित्री क्षेत्री शामिल रहे। इस मौके पर एकान्त गोयल, राजेन्द्र बिष्ट, अमित गांधी, जगत सिंह नेगी, जय पंवार, विकास शाही, देवेन्द्र प्रजापति, अभिनव मलिक, रंजन अंथवाल, सौरभ नेगी, जितेन्द्र पाल, सुमित त्यागी आदि मौजूद थे।

सलमान को 5 साल की जेल, फिर 2 दिन की बेल….

करीब 13 साल पुराने हिट एंड रन मामले में अभिनेता सलमान खान को आज सत्र न्यायालय ने पांच साल की सजा सुनाई। लेकिन मुंबई उच्चन्यायालय से दो दिन की अंतरिम जमानत मिल जाने के कारण वह जेल जाने से बच गए हैं।

28 सितंबर, 2002 की रात मुंबई के बांद्रा क्षेत्र में सलमान खान की लैंड क्रूजर कार से हुई दुर्घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई थी और चार घायल हो गए थे। दुर्घटना के इसी मामले में आज मुंबई के सत्र न्यायालय ने सलमान खान को भारतीय दंड विधान की धारा 304(2) सहित कुल आठ धाराओं में पांच वर्ष के सश्रम कारावास एवं 25000 रुपए नकद जुर्माने की सजा सुनाई। लेकिन सलमान के परिवार और उनके वकीलों की मुस्तैद टीम ने तीन घंटे के अंदर ही मुंबई उच्च न्यायालय से उनके लिए दो दिन की अंतरिम जमानत हासिल कर उन्हें आज जेल जाने से बचा लिया।

सलमान खान बुधवार सुबह 9.47 बजे अपने परिवार के सदस्यों के साथ अपने बांद्रा स्थित घर गैलेक्सी अपार्टमेंट से सत्र न्यायालय के लिए निकले थे। वह करीब 10.45 बजे अदालत पहुंच गए थे। उनके साथ उनकी दोनों बहनें अर्पिता एवं अलविरा तथा दोनों भाई सुहैल एवं अरबाज भी कोर्ट में मौजूद थे। करीब 11.15 बजे सत्र न्यायालय के जज डी.डब्ल्यू. देशपांडे ने सलमान से पूछा कि आप पर सभी आरोप साबित हो रहे हैं। आपको 10 साल तक की सजा हो सकती है। आपको कुछ कहना है ? जवाब में सलमान ने कहा कि आप जज हैं। आप जो करेंगे ठीक होगा। सलमान के इस जवाब के बाद ही जज ने आईपीसी की धारा 304 (2) अर्थात गैरइरादतन हत्या सहित सात अन्य धाराओं में दोषी करार दिया और सलमान ने चुपचाप सिर झुका लिया।

सलमान पर दोष सिद्ध होने के बाद अभियोजन पक्ष एवं बचाव पक्ष के वकीलों में सजा की अवधि को लेकर जिरह शुरू हुई। अभियोजन पक्ष गैरइरादतन हत्या के मामले में सलमान के लिए पूरे 10 साल के सश्रम कारावास की मांग कर रहा था। जबकि बचाव पक्ष सलमान द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों का हवाला देते हुए कम से कम, अर्थात तीन वर्ष के कारावास एवं सामाजिक सेवा की सजा देने की मांग कर रहा था। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने आईपीसी की धारा 304(2) के तहत सलमान को पांच साल के सश्रम कारावास एवं 25 हजार रुपए नकद जुर्माने की सजा सुनाई। कुछ अन्य धाराओं के तहत भी कारावास की सजा सुनाई गई, जो पहली सजा के साथ ही चलनी हैं। यह सजा सुनने के बाद सलमान सिर नीचा कर रो पड़े।

माना जा रहा था कि सत्र न्यायालय से तीन साल से अधिक की सजा सुनाए जाने के बाद सलमान को उच्चन्यायालय से जमानत मिलने में कुछ दिन लग सकते हैं। ऐसी स्थिति में सलमान को मुंबई के आर्थर रोड जेल में रहना पड़ सकता था। उन्हें जेल ले जाने के लिए जेल का वाहन भी तैयार था। लेकिन सुनियोजित रणनीति के तहत उनके वकीलों ने सत्र न्यायालय के निकट ही स्थित मुंबई उच्चन्यायालय में दोपहर 3.15 बजे तक जमानत की अर्जी दाखिल कर दी। चूंकि निचली अदालत से उन्हें सजा के फैसले की प्रमाणित प्रति हासिल नहीं हो सकी थी, इस आधार पर उच्चन्यायालय ने उन्हें दो दिन की अंतरिम जमानत दे दी । सलमान की जमानत पर अगली सुनवाई उच्चन्यायालय में 8 मई को होगी।