हाईकमान से निर्देश मिलने के बाद उत्तराखंड में बैठकों को दौर शुरु

उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव प्रचार अभियान में तेजी लाने के लिए आगामी महीनों में 252 बैठकें आयोजित करने जा रही हैं। इन बैठकों के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं को बूथ तक लाने का प्रयास करेगी। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारणी में इसका निर्णय लिया गया है। रविवार को हुई बैठक के दौरान हाईकमान ने इसके निर्देश प्रदेा पदाधिकारियों को दिये है।
इसके लिए शक्ति केंद्र, बूथ, ब्लॉक और मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित करने के साथ ही पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं से संपर्क के भी निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों और उनके द्वारा किए गए कार्यों को भी जमीनी स्तर तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पार्टी की भावी योजनाओं के बारे में भी लोगों को जागरुक करने के दिशा निर्देश दिए गए हैं।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने बताया कि पार्टी अगले दो महीनों के दौरान राज्य भर में 252 के करीब बैठकें आयोजित कर कार्यकर्ताओं को चुनाव तैयारी से जोड़ने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के पास मजबूत संगठन है और अपनी छोटी से छोटी इकाई के जरिए चुनाव प्रचार अभियान को आम आदमी से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी पूरी तैयारी के साथ 2022 के विधानसभा चुनावों में उतरने जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पार्टी इस बार भी रिकार्ड मतों से विधानसभा चुनावों में विजयी रहेगी।
बैठक के दौरान पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने केंद्र व राज्य सरकार की ओर से पिछले पांच सालों में किए गए कार्यों को आम लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पार्टी की भावी योजनाओं के बारे में भी लोगों को बताया जाएगा। विदित है कि हालिया दौरों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह राज्य में किए गए कार्यों के साथ ही भावी योजनाओं पर फोकस कर रहे हैं। इसी तर्ज पर पार्टी पदाधिकारियों को भी आम लोगों तक संवाद कायम करने को कहा गया है।

भाजपा केंद्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी गठित की, सांसद अनिल बलूनी मीडिया इंचार्ज

उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी को भाजपा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह मिली है। उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता और मीडिया इंचार्ज की जिम्मेदारी दी गई है। नए बदलाव में 12 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 9 महासचिव और 13 राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किए गए हैं। इनके अलावा युवा मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, किसान मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा और अनुसूचित जनजाति मोर्चा के लिए भी अध्यक्ष नियुक्त हुए हैं। इन सबके अलावा पार्टी ने 23 प्रवक्ताओं के नाम भी जारी किए हैं। नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में कई नए चेहरे को जगह दी गई है तो वहीं कई दिग्गज बाहर हो गए हैं। दिग्गज नेता राम माधव और अनिल जैन को नई टीम में जगह नहीं मिली है। मुरलीधर राव का नाम भी नई लिस्ट से बाहर है। वहीं सीटी रवि और तरुण चुग नए महासचिव बनाए गए हैं।

नई टीम को बधाईः पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा की नई टीम को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट के जरिए लिखा कि नई टीम को बधाई और शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि वे निरूस्वार्थ भाव और समर्पण के साथ भारत के लोगों की सेवा की हमारी पार्टी की गौरवशाली परंपरा को बनाए रखेंगे। गरीबों और हाशिए के लोगों को सशक्त बनाने के लिए वे कड़ी मेहनत कर सकते हैं।

भाजपा ने पहली बार 12 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए हैं। नई टीम में हर राज्य को बराबर की भागीदारी दी गई है। महिलाओं और युवाओं को तरजीह दी गई है। नई टीम में राष्ट्रीय प्रवक्ताओं की संख्या बढाकर 23 कर दी गई है। उत्तराखंड से सांसद अनिल बलूनी को मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता और मीडिया इंचार्ज की जिम्मेदारी दी गई है।

पार्टी ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राष्ट्रीय महामंत्री, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) और राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री समेत कई बड़े पदों में बदलाव किए हैं। भाजपा द्वारा किए गए संगठनात्मक बदलावों के तहत राम माधव, मुरलीधर राव, अनिल जैन और सरोज पांडे को महासचिव पद से हटा दिया गया है। इनकी जगह दुष्यंत कुमार गौतम, डी पुरेंदश्वरी, सीटी रवि और तरुण चुग को पार्टी ने नए महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी है।

कर्नाटक से सांसद तेजस्वी सूर्या को भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है। तेजस्वी ने पूनम महाजन का स्थान लिया है। वहीं तेलंगाना से पूर्व भाजपा अध्यक्ष डॉ. के लक्ष्मण को ओबीसी मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है। उत्तर प्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल को कोषाध्यक्ष और मध्यप्रदेश के मंदसौर से सांसद सुधीर गुप्ता को सह कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। पंजाब के अमृतसर से तरुण चुग को प्रमोशन मिला है। तरुण पहले राष्ट्रीय सचिव थे, उन्हें अब राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। तरुण फिलहाल अंडमान निकोबार के प्रभारी हैं।