ऋषिकेश विधानसभा विदेशी मेहमानों के लिए स्वागत को तैयारः डा. अग्रवाल

क्षेत्रीय विधायक व मंत्री डा. प्रेमचंद अग्रवाल ने आज तीसरी बार त्रिवेणी घाट का निरीक्षण किया। यहां जी-20 के अंतर्गत किए गये कार्यों को लेकर प्रसन्नता व्यक्त की। साथ ही पूर्व में निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को मिले निर्देशों का संतोषजनक पालन होने पर पीठ भी थपथपाई। इस दौरान डा. अग्रवाल ने मुख्य नगर आयुक्त को घाट पर बने शौचालय में भगवे रंग को गंगा आरती के बाद हटाने के लिए भी निर्देशित किया। साथ ही प्रशासन द्वारा बंद कराई गई दुकानों को खोलने के लिए उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी को निर्देशित किया।

डा. अग्रवाल ने घाट रोड तथा त्रिवेणी घाट का तीसरी बार निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पूर्व में निर्देशित सड़क किनारे गैप को भरने, शौचालय के बाहर टूटी टाइल्स को बदलने, तिरंगे झंडे की रेलिंग को धोने व फर्श की धुलाई करने, रघुनाथ मंदिर के बाहर सीढ़ियों पर कार्य सहित तमाम कार्यों को संतोषजनक पाया गया। जिस पर डा. अग्रवाल ने नगर निगम, सिंचाई विभाग, लोनिवि, एमडीडीए सहित स्थानीय प्रशासन की प्रशंसा की।

निरीक्षण के दौरान की डा. अग्रवाल ने मुख्य नगर आयुक्त ऋषिकेश को शौचालय के बाहर लगाए गए भगवा रंग पर नाराजगी भी जाहिर की। उन्होंने कहा कि भगवा रंग सनातन धर्म की आस्था का प्रतीक है। इसके चलते विदेशी मेहमानों के लिए आयोजित गंगा आरती के बाद भगवा रंग को बदला जाए।

डा. अग्रवाल ने घाट मार्ग पर बंद दुकानों का कारण स्थानीय व्यापारियों से जाना। जिस पर प्रशासन द्वारा बंद करने की बात सामने आई। जिस पर डा. अग्रवाल ने कहा कि बंद दुकानें शोक का प्रतीक है, जबकि विदेशी मेहमानों के यहां पहुंचने पर खुशियां मनाने का दिन है। ऐसे में दुकानों का खुलना और चहल-पहल का रहना अति आवश्यक है। डा. अग्रवाल ने मौके पर उप जिलाधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी को खोलने के लिए निर्देशित किया। साथ ही व्यापारियों से अपील करते हुए कहा कि अपने प्रतिष्ठान खोलें।

निरीक्षण के दौरान युवा व्यापारी नेता शिवम टुटेजा ने डा. अग्रवाल के अनुभव की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि गंगा पर बने टापू पर डा. अग्रवाल ने अपने अनुभव के चलते सरकारी धन के दुरप्रयोग होने से बचाया है। टापू पर पूर्व में टाइल्स लगाई जा रही थी। जिसकी लागत बहुत ज्यादा थी, जो जलस्तर बढ़ने पर बह जाती। डा. अग्रवाल ने इसके विकल्प के रूप में कम लागत से हरी घास लगाने के निर्देश दिए थे।

इस मौके पर उप जिलाधिकारी सौरभ असवाल, नगर आयुक्त राहुल गोयल, सचिव एमडीडीए मोहन सिंह बर्निया, अधिशासी अभियंता सिंचाई दिनेश उनियाल, सीओ संदीप नेगी, कोतवाल खुशीराम पांडेय, तहसीलदार अमृता शर्मा, स्थानीय पार्षद रीना शर्मा, युवा व्यापारी नेता शिवम टुटेजा, देवदत्त शर्मा, रूपेश गुप्ता, राम कृपाल गौतम आदि उपस्थित रहे।

महिला शक्ति का उदारहण है गंग सबला परियोजना

ऋषिकेश गंगा आरती ट्रस्ट, पूर्णानंद घाट में महिलाओं द्वारा की जा रही गंगा आरती में महिलाओं द्वारा अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर गंगा के पावन तट पूर्णानंद घाट पर महिलाओं के समान अवसर, नेतृत्व,सुखद समन्वय एवं उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना की गई। महिलाओं का उत्साहवर्धन करने व उनमें छुपी प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए विशेष गंगा आरती की गई।

सुशीला सेमवाल ने कहा कि आज किसी भी क्षेत्र में महिलायें पुरुषों से कम नहीं हैं। उन्होंने महिलायें को अपनी क्षमताओं को समझने, अपने सपनों को बुनने और जीवन में आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी।
गंगा भक्त सोनल पांड्या ने महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि नारी शक्ति को नमन है अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर हम भारत की प्रत्येक नारी को नमन कर उनके सम्मान, स्वाभिमान और अधिकार की रक्षा का संकल्प दोहराते है।
यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते, रमन्ते तत्र देवताः। यत्रैतास्तु न पूज्यन्ते, सर्वास्तत्राफलाः क्रियाः।।
के भाव को अपने अंदर समाहित कर हम भारतीय नारी को प्रणाम करते हैं और कहा कि नारी शक्ति को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में हर संभव योगदान देने का संकल्प लें और महिलाओं के विकास पर ध्यान केंद्रित कर उनकी उपलब्धियों पर गर्व करें।

डॉ. ज्योति शर्मा ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं के अस्तित्व, अस्मिता एवं उनके योगदान के लिए दायित्वबोध की चेतना का संदेश छुपा है, जिसमें महिलाओं के प्रति बढ़ रही हिंसा को नियंत्रित करने का संकल्प लेना जरुरी है।
आचार्य अभिनव पोखरियाल ने शक्ति स्वरूपा नारीशक्ति को आंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी।
इस मौके पर इंद्र प्रकाश अग्रवाल अध्यक्ष उद्योग व्यापार मंडल प्रकोष्ठ, गोपाल अग्रवाल विधायक प्रतिनिधियों ने महिलाओं को सम्मानित किया।
इस मौके पर महिला गंगा आरती में मुख्य रूप से नगर पंचायत अध्यक्ष स्वर्गाश्रम माधव अग्रवाल, सोनिया राज, कर्तव्य कला केन्द्र के अनुराध आनन्द, वैभव गर्ग, आचार्य अभिनव पोखरियाल डायरेक्टर नमामि गंगे स्पिरिचुअल, काली की ढाल से चंद्रकांता जोशी, राधा रमोला पार्षद शास्त्री नगर, मंजू देवी, उषा आदि उपस्थित रहीं।