मुख्यमंत्री तीरथ सिंह ने की जल जीवन मिशन की समीक्षा

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने जल जीवन मिशन की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शरद ऋतु में कम वर्षा होने के कारण ग्रीष्मकाल में आमजन को पेयजल की समस्या न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं पर अभी से तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं। इस वर्ष कम वर्षा के दृष्टिगत, सम्भावित पेयजल अभावग्रस्त बस्तियों समय से चिन्हित कर उनके लिए भी वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित किए जाने के निर्देश मुख्यमंत्री ने दिए। मुख्यमंत्री ने वाटर टैंकर्स की संख्या बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़क मार्ग के निकट स्थित उन बस्तियों में, जहां हैण्डपम्प से पेयजल की व्यवस्था की जा सकती है, हैण्डपम्प की व्यवस्था कर ली जाए।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में पेयजल की उपलब्धता का लक्ष्य निर्धारित समयसीमा तक पूर्ण कर लिया जाए। पेयजल की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए माध्यमिक विद्यालयों की लैब में पेयजल परीक्षण की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि आकांक्षी जनपदों में संचालित किये जा रहे कार्यों में तेजी लाते हुए नियमित मॉनीटरिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने योजना को समय पर पूर्ण करने के लिये हर सम्भव प्रयास किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी भी इसकी नियमित निगरानी रखें। जल जीवन मिशन के तहत निर्धारित समयावधि में लक्ष्य पूर्ण हो, इसके लिए जल संस्थान एवं जल निगम द्वारा प्रत्येक दिन का टारगेट निर्धारित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रीष्म काल में पेयजल की समस्या के बचने के लिए आवश्यक है कि वाटर सोर्स पर ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण पर फोकस किया जाना चाहिए। इसके लिए मानसून से पूर्व तैयारियां सुनिश्चित कर ली जाएं, ताकि वर्षा जल संचित किया जा सके, एवं भूजल की उपलब्धता बनी रहे।

पेयजल मंत्री बिशन सिंह चुफाल ने स्कूल एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों सहित सरकारी भवनों, ग्राम पंचायत भवनों, सामुदायिक केन्द्रों आदि में पेयजल की 100 प्रतिशत उपलब्धता किये जाने के निर्देश भी दिए। साथ ही जिन जनपदों ने आईएमआईएस पोर्टल पर डाटा अपलॉड नहीं किया है, शीघ्र डाटा अपलॉड किए जाने के भी निर्देश दिए।

सचिव नितेश झा ने बैठक में जानकारी दी कि जल जीवन मिशन के 14,61,910 लाख कनेक्शन दिये जाने हैं। जिसमें से अब तक 6,34,502 लाख कनेक्शन दिये गये हैं। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत 174.17 करोड़ रिलीज किए गए हैं जिनमें से 166.37 करोड़ (95.52 प्रतिशत) व्यय किये जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 18691 स्कूलों में से 16360 स्कूलों तथा 16853 आंगनबाड़ी में से 13488 में नल से पानी उपलब्ध कराया जा चुका है।

बैठक में मुख्य सचिव ओम प्रकाश, सचिव अमित नेगी, नितेश झा, आर. मीनाक्षी सुन्दरम, प्रभारी सचिव आर राजेश कुमार एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों सहित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपदों से सभी जिलाधिकारी उपस्थित थे।

भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने को मेयर ने लिया भगवाकरण का सहारा, प्रेसवार्ता में पार्षदों ने रखी अपनी बात

इन दिनों में ऋषिकेश में भगवा रंग काफी चर्चा में है। बीते 15 मार्च को नगर निगम ऋषिकेश की बोर्ड बैठक में ओरेंज सिटी को लेकर मेयर अनिता ममगाईं की ओर से प्रस्ताव लाया गया। इसमें भाजपा के अधिकांश पार्षद सहित कांग्रेसी पार्षदों ने विरोध जताया था। करीब 27 पार्षदों ने इस प्रस्ताव का विरोध किया था। इसके बावजूद यह प्रस्ताव को निरस्त नहीं किया गया। इसके अगले ही दिन से ऋषिकेश में हर कोई भगवा रंग को लेकर अपनी-अपनी राय देने लगा।

हुआ यूं कि मेयर अनिता ममगाईं ने संतों के साथ न सिर्फ बैठक की, बल्कि नगर के मुख्य मार्ग घाट रोड पर संतों के साथ रैली निकाली। संतों ने भी अपनी-अपनी राय देकर उन पार्षदों की निंदा कर डाली। अब आज मेयर की संतों के साथ रैली में भाजपा पार्षदों ने काउंटर जवाब मारा है। रेलवे रोड स्थित भाजपा कार्यालय में भाजपा पार्षदों की बैठक हुई। इसमें निर्वाचित 16 भाजपा पार्षद शामिल हुए, जबकि चयनित पार्षदों ने भी शिरकत की। सभी ने भगवा रंग को लेकर पार्षदों पर लगाए जा रहे आरोपों को खारिज किया। पार्षदों ने कहा कि भगवा रंग उनके दिलों, दिमाग में बसता है। उसके बारे में गलत कहना तो दूर सुन भी नहीं सकते। उन्होंने बल्कि मेयर अनिता ममगाईं पर ही भाजपाई पार्षदों को संतों के साथ मतभेद पैदा करने का आरोप लगाया।

भाजपा से ही तीन बार के पार्षद शिवकुमार गौतम ने कहा उनका विरोध भगवा रंग के लेकर नहीं है, उन्होंने सिर्फ ओरेंज सिटी के नाम वित्तीय अनियमितता करने का आरोप लगाया था। मगर, मेयर अनिता ने इसे दूसरे रूप में घुमा दिया और पार्षदों के खिलाफ गलत माहौल बनाया। उन्होंने कहा कि सभी पार्षद जनता से मत से जीत कर सदन में पहुंचे है, लिहाजा प्राथमिकता वार्डों में धरातल स्तर पर विकास कार्यों को लेकर होनी चाहिए। जबकि विकास कार्य ठप पड़े हुए है। उन्होंने यहां तक कहा कि मेयर अनिता ममगाईं विकास कार्यों में हुई अनियमितताओं पर पर्दा डालते हुए अपने भ्रष्टाचार को छुपाने को भगवाकरण का शिगूफा चला रही है।
ग्रामीण क्षेत्र से भाजपा पार्षद सुंदरी कंडवाल और शहरी क्षेत्र से भाजपा पार्षद रीना शर्मा ने कहा कि भाजपा हिंदुत्व की पार्टी है। उनके खून में भगवा है। ऐसे में भगवा रंग को लेकर राजनीति करना अच्छी बात नहीं है। उन्होंने मेयर पर आरोप लगाया कि मेयर तानाशाही कर रही है, सदन में पार्षदों की आवाज नहीं सुनी जा रही है।
भाजपा पार्षद विकास तेवतिया ने स्ट्रीट लाइट के यूनीपोल की खरीद फरोख्त को लेकर मेयर अनिता ममगाईं को घेरा। उन्होंने कहा कि इसमें मेयर ने अनियमितता की है। जिस पर उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि आगामी 21 मार्च की बोर्ड बैठक में इस मुद्दे को भी रखा जाएगा। कहा कि भगवा रंग हमारी पहचान है। इसका कोई विरोध नहीं है।

मतभेदों को लेकर दोनों पक्षों से होगी बातः दिनेश सती

ऋषिकेश भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश सती ने कहा कि तीन दिनों से मेयर और भाजपा पाषदों के बीच मतभेद का मुद्दा गरमाया हुआ है। उक्त मामले को संगठन दोनों पक्षों के साथ मिलकर निपटायेगा। उन्होंनें कहा कि मेयर व पार्षद संगठन के ही लोग है।

प्रेस वार्ता में पार्षद शौकल अली, लव कांबोज, मीनाक्षी बिरला, शारदा देवी, सोनू प्रभाकर, तनु तेवतिया, जयेश राणा, चेतन चैहान, राजेंद्र प्रेम सिंह बिष्ट, राजेश दिवाकर, लता तिवारी आदि 16 पार्षद व नामित पार्षद मौजूद रहे।

बिशन सिंह पेयजल और गणेश जोशी सैनिक कल्याण सहित तीन अन्य विभाग, पुरानों को पूर्ववर्ती विभाग मिले

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने अपने पास स्वास्थ्य, वित्त, आबकारी, लोकनिर्माण सहित 20 विभाग रखे है, वही कैबिनेट मंत्री बंसीधर भगत को मदन कौशिक के विभाग दिए गए है। जिसमे शहरी विकास के साथ ही संसदीय कार्यमंत्री की जिम्मेदारी सौपी गयी है, वही कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, अरविन्द पांडेय, हरक सिंह रावत और यशपाल आर्य को पुराने विभाग ही आवंटित किये गए है। जबकि नए मंत्री बिशन सिंह चुफाल को पेयजल के आलावा तीन अन्य विभागों की जिम्मेदारी दी गयी है। वही कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी को सैनिक कल्याण, औद्योगिक विकास, खादी एवं ग्राम उद्योग और लघु ,सूक्ष्म एवं मध्यम उद्योग की जिम्मेदारी दी गयी है।

साथ ही राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रेखा आर्य और डॉ धन सिंह रावत के पुराने विभाग यथावत रखने रखने के साथ एक एक विभाग एक्सचेंज किया गया है। जिसमे रेखा आर्य को दुग्ध विकास और धन सिंह रावत को आपदा प्रबंधन की जिम्मेदारी दी गयी है। वही नए राज्य मंत्री यतीश्वरानंद भाषा, गन्ना विकास और चीनी उद्योग और पुनर्गठन की जिम्मेदारी दी गयी है।

सूचना विभाग के महानिदेशक बने रणवीर सिंह

शासन द्वारा रणवीर सिंह चैहान (आईएएस.) अपर सचिव, परिवहन, भाषा, सचिव हिन्दी अकादमी, निदेशक भाषा संस्थान, प्रबन्ध निदेशक उत्तराखण्ड परिवहन निगम तथा उपाध्यक्ष एमडीडीए को अपर सचिव सूचना तथा महानिदेशक सूचना का भी दायित्व सौंपा गया है।

कुम्भ में क्राउड मैनेजमेंट की पूरी तैयारी रहेः तीरथ सिंह रावत

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने पुलिस विभाग के समस्त उच्चाधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदेश के अपराध एवं कानून व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर कानून व्यवस्था राज्य सरकार की प्राथमिकता है। पुलिस विभाग के लिए आने वाले समय में कुम्भ, चारधाम यात्रा एवं कोविड के दृष्टिगत चुनौतिपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि कुम्भ और चारधाम यात्रा की सफलता के लिए सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। कहा कि कुम्भ का पहला स्नान बहुत ही सफल रहा है। आगे के महत्वपूर्ण स्नानों में श्रद्धालुओं की संख्या और अधिक बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए समय से व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं। कुम्भ मे क्राउड मैनेजमेंट की पूरी तैयारी सुनिश्चित कर ली जाए। यदि और अधिक फोर्स की आवश्यकता हो तो इसके लिए प्रस्ताव तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ ने भी कुम्भ हेतु और फोर्स उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुम्भ, चारधाम यात्रा एवं कोविड के दृष्टिगत विभाग में वाहनों की संख्या बढ़ाए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने छोटे पर्वतीय शहरों में भी सीसीटीवी सुविधाओं के विकास पर जोर देते हुए कहा कि विभाग को समय के आवश्यकताओं के देखते हुए लगातार विभाग के आधुनिकीकरण पर ध्यान देने की आवश्यकता है।

पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने कहा कि प्रदेश में स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में अनेक पहल की गयी हैं। समाज सुधार के क्षेत्र में ऑपरेशन मुक्ति जैसे प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके परिणाम स्वरूप 717 भीख मांगने वाले बच्चों को विद्यालय में एडमिशन दिलाया गया है एवं उनकी निगरानी भी की जा रही है। भीख मांगने वाले बच्चों के माता-पिता को जागरूक करने हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ऑपरेशन स्माईल के तहत पिछले 05 साल में 2300 बिछड़े हुए बच्चों को उनके परिवारजनों से मिलाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश, सी.पी.यू. के गठन के लिए वर्ष 2017 में एवं ई-सुरक्षा चक्र के लिए वर्ष 2018 में पुरस्कार प्राप्त कर चुका है, इसके साथ ही विगत 03 वर्षों में प्रदेश के 03 थानों ने देश के टॉप-10 थानों में अपना स्थान बनाया है।

यूथ के दम पर विधानसभा में सरकार बनाएगी कांग्रेस, 10 वार्डों के अध्यक्ष मनोनीत

रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन में आज युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक बैठक हुई इसमें विधानसभा अध्यक्ष यूथ कांग्रेस अमरजीत सिंह धीमान ने वार्ड एक से 10 तक वार्ड अध्यक्षों के नाम की घोषणा की।

इनमें गुल्लू शाह वार्ड एक, पवन राजभर वार्ड दो, रामबाबू साहनी वार्ड तीन, प्रदीप ठाकुर वार्ड चार, सागर श्रीवास्तव वार्ड पांच, सुशील पंवार वार्ड छह, नितिन वर्मा वार्ड सात, आदित्य झा वार्ड आठ, कार्तिक झा वार्ड 09, आदित्य किंगर वार्ड 10 पर बनाये गए। विधानसभा अध्यक्ष यूथ कांग्रेस अमरजीत सिंह धीमान ने कहा कि युवाओं को आगे आकर सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ सड़कों पर उतरना होगा 2022 के विधानसभा चुनाव में युवाओं के दम पर कांग्रेस सरकार बनाएगी।

पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक तिवारी व अजय धीमान ने कहा कि महंगाई अपनी सीमा पार कर रही है पेट्रोल और डीजल के दाम के साथ ही खाद्य सामग्री की कीमत आसमान छू रही है सरकार की विदाई इस बार पक्की है।

यूथ नेता जितेंद्र पाल पार्टी ने सभी नवनियुक्त वार्ड अध्यक्षों को शुभकामनाएं दी और अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने को कहा। इस मौके पर शिवम सारस्वत, गौरव यादव, बुरान अली, आशीष शर्मा, विशाल स्नेह, रजत लोहानी, शिवम मलिक, नितिन कुमार, हरीश, अक्षय सरदाना, हिमांशु कश्यप, विशाल, मोहित शर्मा, शिवम रावत, आदित्य झा आदि मौजूद रहे।

दोस्तों के साथ गंगा में स्नान के दौरान डूबा युवक, रेस्क्यू जारी मगर सफलता नहीं

बीते 14 मार्च को गंगा में स्नान के दौरान डूबे तमिलनाडु के युवक का जल पुलिस की टीम से रेस्क्यू अभियान चलाया। गंगा में काफी देर तक खोजबीन के बाद भी जल पुलिस के जवानों को सफलता हाथ नहीं लग पाई।

दरअसल, रविवार को 28 वर्षीय शिवा एस पुत्र के. सुंदर मूर्ति निवासी प्लॉट नंबर 3, भगवती नगर सेकंड मैन रोड, मेडवक्कम जिला कांचीपुरम, चेन्नई तमिलनाडु अपने एक दोस्तों के साथ ऋषिकेश घूमने आया था। तभी सर्वानंद घाट के पास दोपहर को खाने के बाद नहाने के लिए चले गए। अचानक शिवा एस नहाने के दौरान गंगा की तेज धारा की चपेट में आ गया। नतीजा यह रहा कि वह पानी के तेज बहाव में ओझल हो गया। डूबने की घटना के बाद उसके दोस्त ने परिजनों को सूचना दी। जिस पर परिजनों ने कोतवाली पुलिस को मामले की जानकारी दी। आज जलपुलिस ने युवक की तलाश को साईं मंदिर घाट से बैराज तक सर्च ऑपरेशन चलाया।

जल पुलिस के जवानों को सफलता अर्जित नहीं हो सकी। अब बुधवार को जल पुलिस के जवान पुनः गंगा में रेस्क्यू चलाएंगे।

वल्र्ड रिकाॅर्ड में हिस्सा लेने वाले चित्रकार व टीम को यमकेश्वर ने सराहा

वल्र्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड में हिस्सा लेने वाले चित्रकार राजेश चन्द्र व उनकी टीम ने उप जिलाधिकारी यमकेश्वर मनीष कुमार सिंह से लक्ष्मण झूला स्थित कैम्प कार्यालय में भेंट की।

राजेश ने उप जिलाधिकारी को एक पोर्ट्रेट भी भेंट किया। बतादें कि हाल ही में राजेश की अगुवाई में तीर्थनगरी के कलाकारों ने वल्र्ड बुक ऑफ रिकार्ड की प्रदर्शनी में हिस्सा लिया था। इस प्रदर्शनी को विश्व की सबसे बड़ी ऑनलाइन क्रिएटिव इवेंट के खिताब वल्र्ड बुक ऑफ रिकार्ड यूनाइटेड किंगडम से मिला।

उप जिलाधिकारी ने राजेश चन्द्र, मानसी पोखरेल व सानिया बिष्ट को प्रशस्ति पत्र भेंट किया। साथ ही राज्य व देश का नाम रोशन करने पर शुभकामनाएं दी। कहा कि हमारा राज्य प्रतिभाओं से भरा हुआ है बस जरूरत है तो उन्हें पहचान दिलाने की। इस मौके पर मनीष कुमार सिंह, राजेश चन्द्र, कोविड नोडल आफिसर चंद्रप्रकाश भारती, मानसी पोखरेल और सानिया बिष्ट मौजूद रहे।

‘बच्चों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति, रोकथाम और पुनर्वास’ विषय पर आयोजित कार्यशाला का शुभारम्भ

बाल अधिकार संरक्षण आयोग की ओर से ‘बच्चों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति, रोकथाम और पुनर्वास’ विषय पर आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारम्भ करते हुए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ती जा रही है। नशा समेत तमाम विकृतियों से बच्चों को बचाने के लिए उन्हें संस्कारवान बनाना होगा। संस्कारित बच्चे जीवन के किसी भी क्षेत्र में असफल नहीं होते। इसके अलावा उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति को लेकर जमीनी स्तर पर जागरूकता अभियान चलाए जाने चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चे स्कूल से ज्यादा समय अपने घर पर बिताते हैं लिहाजा बच्चों को संस्कारवान बनाने की जिम्मेदारी अभिभावकों की भी है। बच्चों की गतिविधियों पर बराबर नजर बनाने की जरूरत है ताकि उन्हें गलत दिशा में जाने से रोका जा सके। उन्होंने कहा कि पश्चात्य देश भारतीय संस्कृति की महानता को समझ चुके हैं, इसलिए अब वह हमारी संस्कृति का अनुशरण कर रहे हैं। लेकिन चिंताजनक बात यह है कि हमारे देश के युवा पाश्चात्य संस्कृति से प्रभावित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा मुक्ति के लिए चलाए जा रहे अभियान में सिर्फ सरकारी प्रयास ही पर्याप्त नहीं हो सकते इसके लिए सामाजिक संगठनों, संस्थाओं और समाज के गणमान्य लोगों को भी आगे आना होगा। नशा विमुक्ति को लेकर व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाए जाने की भी आवश्यकता है।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि नशा मुक्ति के लिए विल पॉवर होनी जरूरी है। यदि कोई व्यक्ति नशे की गिरफ्त में आ चुका है तो दृढ़ इच्छाशक्ति के बूते ही वह नशे को छोड़ सकता है। उन्होंने कहा कि नशे के तस्करों के जाल को तोड़ने के साथ ही तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी होती तभी इसमें सुधार हो सकता है। बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष उषा नेगी ने कहा कि उत्तराखण्ड में आयोग ने वर्ष 2018 को नशे के खिलाफ अभियान शुरू किया था जो निरन्तर जारी है। खासकर नशे में लिप्त बच्चों की पहचान कर उनके रेस्क्यू व पुनर्वास किया जा रहा है। आयोग के इस अभियान को अच्छा जनसमर्थन मिल रहा है। बाल अधिकार संरक्षण आयोग की सचिव झरना कामठान ने कहा कि आयोग की पहल पर उत्तराखण्ड में नशे के कारोबारियों के खिलाफ अब तक 930 मामले पंजीकृत हुए हैं। यह कार्रवाई जारी है। कार्यशाला उत्तर प्रदेश, चण्डीगढ़ समेत कई प्रदेशों के बाल अधिकार संरक्षण आयोग अध्यक्ष अथवा सदस्य मौजूद रहे।

उत्तराखण्ड के चारधाम देश एवं दुनिया की आस्था के प्रमुख केन्द्रः सीएम

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने सचिवालय में चारधाम यात्रा की तैयारियों की बैठक लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिये कि चारधाम यात्रा के दृष्टिगत 30 अप्रैल तक सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाए। कार्यों के प्रति किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जायेगी। कार्यों में तेजी के साथ गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाय। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। उन्होंने सभी सचिवों को निर्देश दिये कि समय-समय पर अपने विभागों की कार्य प्रगति का स्थलीय निरीक्षण करें। किसी भी प्रकार की समस्या आने पर शीघ्र अवगत कराया जाय। समस्याओं का उचित समाधान निकाला जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड के चारधाम देश एवं दुनिया की आस्था का प्रमुख केन्द्र है। चार धाम में श्रद्धालुओं की संख्या में तेजी से वृद्धि होगी।

मुख्यमंत्री तीरथ ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि चारधाम यात्रा शुरू होने से पूर्व सड़कों के सुधारीकरण का कार्य हर हाल में पूर्ण किया जाय। 31 मार्च तक तोताघाटी में सड़क सुधारीकरण का कार्य पूर्ण कर लिया जाय। यात्रा मार्गों और उसके आस-पास के क्षेत्रों में भी सड़क से सबंधित कार्य ससमय पूर्ण कर लिये जाय। यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए यात्रा मार्गों पर पेयजल, स्वच्छता, साइनेज एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था हो। यात्रा मार्गों पर वाटर एटीएम की व्यवस्था के लिए जल्द कार्ययोजना बनाई जाय। यात्रा मार्गों पर पानी के टैंकर की भी पर्याप्त व्यवस्था हो। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जोशीमठ, गौरीकुण्ड से सोनप्रयाग एवं यात्रा की दृष्टि से अन्य प्रभावित स्थानों पर सड़क से सबंधित कार्यों में तेजी लाई जाय। चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों को हेलीकॉप्टर सेवा सुचारू रूप से मिले, इसके लिए ऑनलाईन व्यवस्था सुचारू रखी जाय। टिकट वितरण में पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाय।

मुख्यमंत्री तीरथ ने कहा कि यात्रा सीजन के दृष्टिगत यात्रा मार्गों एवं धामों में स्वास्थ्य सुविधाओं के दृष्टिगत सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण कर ली जाय। यात्रा के दौरान हेली ऐबुंलेंस सेवा एवं 108 एबुंलेंस की समुचित व्यवस्था हो। केदारनाथ एवं यमुनोत्री में ईसीजी एवं कार्डियोलॉजिस्ट की समय पर तैनाती की व्यवस्था की जाय। ऑक्सीजन, आईसीयू एवं वेंटिलेटर की भी पर्याप्त व्यवस्था रखी जाय। हेमकुंड में भी स्ट्रीट लाईट की उचित व्यवस्था हो, इसके लिए जल्द तैयारी की जाय। यात्रा सीजन में पर्याप्त वाहनों की व्यवस्था की जाय। यात्रा मार्गों पर जो भी वाहन भेजे जायेंगे, उनका फिटनेस टेस्ट जरूर किया जाय। यह सुनिश्चित किया जाय कि यात्रा के दौरान वाहनों एवं यात्रा मार्गों पर होटल में रेट लिस्ट जरूरी लगी हो। ओवर रेटिंग करने वालों पर सख्त कारवाई की जाये। आपदा से सबंधित संवेदनशील स्थानों पर संसाधनों की पूर्ण व्यवस्था हो। आपदा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए रिस्पांस टाइम कम से कम किया जाय। यात्रा मार्गों पर पार्किंग की उचित व्यवस्था की जाय। मुख्यमंत्री ने सभी सचिवों को निर्देश दिये कि विभागीय कार्य प्रगति की प्रत्येक दूसरे सप्ताह में समीक्षा की जाय। समय-समय पर मुख्यमंत्री कार्यों की प्रगति समीक्षा लेंगे।

बैठक में मुख्य सचिव ओम प्रकाश, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, प्रमुख सचिव आर. के सुधांशु, डीजीपी अशोक कुमार, सचिव अमित नेगी, दिलीप जावलकर, नितेश झा, राधिका झा, पंकज पाण्डेय, कमिश्नर गढ़वाल रविनाथ रमन, डीआईजी गढ़वाल नीरू गर्ग, वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से गढ़वाल मंडल के सभी जिलाधिकारी एवं संबधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।