डोईवाला में भगवा लहराया

एबीवीपी के लोकेश राणा बने अध्यक्ष, आर्यन ग्रुप के दीपक सचिव चुने गए

डोईवाला।
ऑटोनॉमस कॉलेज ऋषिकेश के बाद डोईवाला डिग्री कॉलेज में भी अध्यक्ष पद पर एबीवीपी ने कब्जा किया है। छात्रसंघ चुनाव में गुरुवार को अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के लोकेश सिंह राणा विजयी रहे। जबकि सचिव पद पर आर्यन ग्रुप के दीपक सिल्सवाल ने बाजी मारी। एबीवीपी प्रत्याशियों ने अध्यक्ष, सहसचिव, कोषाध्यक्ष और यूआर पदों पर जीत दर्ज की। वहीं एनएसयूआई को सिर्फ उपाध्यक्ष की कुर्सी से संतोष करना पड़ा।
डोईवाला स्थित शहीद दुर्गा मल्ला राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गुरुवार को छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान हुआ। अध्यक्ष पद पर एबीवीपी प्रत्याशी लोकेश सिंह राणा ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एनएसयूआई के विवेक सैनी को 60 वोटों से हराया। लोकेश को 412, जबकि विवेक को 352 वोट मिले। उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई की ममता बर्तवाल ने एबीवीपी की दिव्या भारती को 264 वोटों से हराया। जबकि सचिव पद पर आर्यन ग्रुप के दीपक सिल्सवाल ने एनएसयूआई के हरजीत सिंह को 294 मतों से शिकस्त दी। सहसचिव बने एबीवीपी के आकाश थापा ने एनएसयूआई प्रत्याशी हिमानी राणा को नजदीकी मुकाबले में 51 वोटों से हराया। कोषाध्यक्ष पद पर एबीवीपी की नेहा तोमर विजयी रहीं। उन्होंने एनएययूआई की वैशाली को 136 वोटों से मात दी।
विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (यूआर) पद पर एबीवीपी के नितेश ने एनएसयूआई के आकाश असवाल को 108 वोटों से शिकस्त दी। इसके अलावा छह कार्यकारिणी सदस्य पदों पर अंकित टम्टा (615), दीपिका सेमल्टी (451), गुरप्रीत सिंह (385), गौरव सिंह (336), कंचन नेगी (329), अजय सिंह (325) ने अधिकतम मत पाकर जीत दर्ज की।
इससे पहले दोपहर दो बजे से मतों की गिनती का काम शुरू हुआ। शाम सवा पांच बजे कॉलेज के मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. एसपी सती ने विजेता प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की। प्राचार्य डॉ. हर्षवंती बिष्ट ने पदाधिकारियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने बताया कि अगले दो दिन कॉलेज में अवकाश रहेगा।

एबीवीपी प्रत्याशियों के विजय जुलूस को पुलिस ने रोका तो भड़के छात्र

डोईवाला।
डोईवाला डिग्री कॉलेज के बाहर छात्रसंघ चुनाव के बाद विजय जुलूस को लेकर हंगामा खड़ा हो गया। पुलिस ने दून हाईवे पर एबीवीपी का जुलूस रोका तो छात्र भड़क गए। बड़ी संख्या में भाजपा नेता भी समर्थन में उतर आए। नाराज कार्यकर्ताओं ने हाईवे पर जाम लगा दिया। मौके पर कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच खूब धक्का-मुक्की हुई। संपर्क मार्गों से जुलूस निकालने की अनुमति मिलने के बाद कार्यकर्ताओं ने जाम खोला।
गुरुवार शाम को एबीवीपी के विजयी प्रत्याशियों ने नगर में जुलूस निकालना चाहा, लेकिन पुलिस-प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी। इसपर एबीवीपी कार्यकर्ता भड़क गए। उन्होंने कॉलेज के बाहर देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर जाम लगा दिया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इसी बीच स्थानीय भाजपा नेता भी मौके पर पहुंच गए। भाजपा नेता भी विजयी प्रत्याशियों को जुलूस निकालने देने की मांग करने लगे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने कहा कि मुख्य बाजार में नहीं निकालने दिया जाएगा। कोतवाली प्रभारी विक्रम सिंह रावत ने बताया कि छात्रों से भानियावाला तिराहे तक और रानीपोखरी मार्ग पर जुलूस निकालने की बात कही गई। इसपर छात्र नेता मान गए। संपर्क मार्गों पर जुलूस की अनुमित मिलने पर कार्यकर्ताओं ने जाम खोल दिया। हालांकि इस दौरान देहरादून हाईवे पर दो किमी लंबा जाम लग गया। पुलिस को जाम खुलवाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
106a
आर्यन और एनएसयूआई कार्यकर्ता भिड़े
छात्रसंघ चुनाव का परिणाम आने के बाद आर्यन ग्रुप और एनएसयूआई के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। सूत्रों के अनुसार आर्यन ग्रुप और एनएसयूआई ने चुनाव में आपसी गठबंधन कर रखा था। चुनाव परिणाम आने के बाद सचिव पद पर आर्यन का प्रत्याशी तो जीत गया, लेकिन एनएसयूआई के उपाध्यक्ष पद को छोड़कर सारे प्रत्याशी हार गए। इसको लेकर छात्र नेता आपस में उलझते नजर आए। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को अलग-अलग किया और मामला बढ़ने से रोका।

शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार जारी

विद्यालयी कार्यालय के कार्यों पर पड़ने लगा असर

ऋषिकेश।

संशोधित ग्रेड पे की मांग को लेकर अशासकीय विद्यालयों के शिक्षणेत्तर कर्मचारी बुधवार को भी कार्य बहिष्कार पर रहे। 16 दिन से आंदोलन कर रहे कर्मचारियों की मांगें सरकार कब तक मानेगी, यह तो नही कहा जा सकता है। लेकिन विद्यालय के आवश्यक कार्य जरुर प्रभावित होने लगे है। इन दिनों अर्द्ध शासकीय विद्यालयों में छात्रवृति के फॉर्म भरे जाने है। कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार के चलते छात्रों के फॉर्म भरने में शिक्षकों के पसीने छूट रहे है। 102

कई विद्यालय तो कर्मचारियों के नही होने का हवाला देकर छात्रवृति फॉर्म ही नही भर रहे है। ऐसे में छात्रों को चिंता होने लगी है कि उनकी छात्रवृति कैसे मिलेगी। यही हाल शिक्षकों का भी है। इन विद्यालयों में सरकारी शिक्षकों के साथ ही अभिभावक संघ द्वारा नियुक्त किये गये शिक्षकों को तनख्वाह कैसे मिलगी, की चिंता सताने लगी है। कार्यालय के अन्य आवश्यक कार्य भी प्रभावित हो रहे है। सबसे बुरा हाल छोटे अशासकीय विद्यालयों का है जहां एक या दो शिक्षणेत्तर कर्मचारी तैनात है।
श्री भरत मंदिर इंटर कालेज, हरिचंद आदर्श कन्या इंटर कालेज, पंजाब सिंध क्षेत्र इंटर कालेज नगर के बड़े अशासकीय विद्यालय है। इनमें कर्मचारियों की कमी के चलते अभिभावक संघ की ओर से नियुक्त किये गये कुछ कर्मचारी पूर्व में रखे गए थे। इस समय विद्यालय उन्हीं से कार्य संपादित करवा रहा है। लेकिन सरकारी कार्य करवाने में विद्यालय को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रांतीय धरने को दिया समर्थन
सरकारी कर्मचारियों की तर्ज पर संशोधित ग्रेड पे की मांग को लेकर शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार बुधवार को 16वें दिन भी जारी रहा।
बुधवार को नगर के अशासकीय कर्मचारियों ने देहरादून में चल रहे प्रांतीय पदाधिकारियों के धरना स्थल में जाकर अपना समर्थन व एक दिवसीय धरना दिया। देहरादून में धरना देने वालों में देवेन्द्र सजवाण, यज्ञव्रत पोखरियाल, नागेन्द्र पोखरियाल, अरुण प्रकाश नौटियाल, सुमित्रा मेहर, सावित्री बिष्ट, कमलेश्वर भटट, बिशन सिंह नेगी, चन्द्रपाल कश्यप, राजेश्वरी नेगी आदि शिक्षणेत्तर कर्मचारी शामिल रहे।

 

प्रशिक्षण में आचार्यों ने लिया भाग

ऋषिकेश। श्रीमती पुष्पा वडेरा सरस्वती विद्या मन्दिर इण्टर कालेज, ढालवाला में 52 आचाय/आचार्यों ने विज्ञान, गणित एवं अंग्रेजी विषयों के द्वि-दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्घाटन भारतीय शिक्षा समिति उत्तराखण्ड के प्रदेश निरीक्षक डा0 विजयपाल सिंह पटवाल, संकुल प्रमुख नरेश चौहान ने दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन कर किया। प्रथम सत्र में प्रदेश निरीक्षक डा0 विजय पाल सिंह पटवाल द्वारा विद्या भारती के पाँच आधारभूत विषयों शारीरिक शिक्षा, योग शिक्षा, संगीत शिक्षा, संस्कृत शिक्षा एवं नैतिक व आध्यात्मिक शिक्षा पर विस्तार से विचार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्या मन्दिर शैक्षिक एवं शिक्षणेत्तर क्रिया-कलापों के माध्यम से समाज में अपनी विशिष्ट पहचान बनाये हुए है। शिक्षा में नवीनतम प्रयोग करते हुए बाल केन्द्रित, क्रिया आधारित शिक्षण के माध्यम से सुनियोजित ढंग से विषयों का प्रतिपादन किया जा रहा है।

द्वितीय सत्र में सभी विषयों के अनुसार भिन्न-भिन्न कक्षाओं में विषय-विशेषज्ञों के निर्देशन में विषयानुकूल विचार विमर्श किया, जिसमें अलख नारायण दूबे, जिला विज्ञान समन्वयक टि0ग0, रामाश्रय सिंह स0अ0 रा0इ0का0 तपोवन एवं रामगोपाल गंगवार, जिला समन्वयक, राष्ट्रीय मा0शिक्षा अभियान (रमसा) का निर्देशन एव मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। तृतीय संयुक्त सत्र में राजेन्द्र प्रसाद पाण्डेय ने विद्या भारती की पचपदी शिक्षा पद्घति के अंतर्गत अधीति, बोध, अभ्यास, प्रयोग व प्रसार का विस्तारपूर्वक वर्णन एवं विवेचना की।



	

गायन प्रतियोगिता में सिमरन ने मारी बाजी


भरत मंदिर पब्लिक स्कूल में हुआ आयोजन

शनिवार को याद करो कुर्बानी पखवाड़े में भरत मंदिर पब्लिक स्कूल में गायन प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में सिमरन व जूनियर वर्ग में आरोही ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्राईमरी वर्ग में सृष्टि, टीया, नीलाब्जा, भूमि, कीर्ति, समृद्धि ने प्रथम स्थान पाया। जबकि जूनियर वर्ग में आरोही, वेदांशी, दिया, विदिशा, गुंजन, आंचल, श्रेया ने बाजी मारी। विद्यालय के प्रधानाचार्य धीरेंद्र जोशी ने कहा कि विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस के याद करो कुर्बानी पखवाड़ा मनाया जा रहा है। जिसके तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। विजेता छात्र-छात्राओं को अंतिम दिवस पुरस्कृत किया जाएगा। इस अवसर पर सुजाता श्रीधर, अचिता डबराल, हेमलता पंत, अमिता चोपड़ा, नीति चोपड़ा आदि उपस्थित रहे।

मनोज अध्यक्ष और ऋषि बने महामंत्री

प्राथमिक शिक्षक संघ नरेन्द्रनगर का त्रिवार्षिक अधिवेशन
182 विद्यालयों के 353 शिक्षकों ने मतदान में लिया हिस्सा

उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ की नरेन्द्रनगर ब्लॉक इकाई के त्रिवार्षिक अधिवेशन में नई कार्यकारिणी का चुनाव किया गया। इसमें मनोज भंडारी अध्यक्ष और ऋषि भंडारी महामंत्री चुने गए।
ढालवाला स्थित प्राथमिक विद्यालय में शनिवार को चुनाव हुए। कार्यकारिणी चुनाव के दौरान मतदान को लेकर शिक्षकों में खासा उत्साह देखा गया। नरेन्द्रनगर ब्लॉक के 182 प्राथमिक विद्यालयों के 353 शिक्षकों ने मतदान में हिस्सा लिया। सुबह 10.30 बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान प्रकिया चली। पांच बजे मतगणना पूरी होने के बाद विजयी प्रत्याशियों की घोषणा की गयी।
अध्यक्ष पद पर महेश गुसाईं और मनोज भंडारी के बीच कड़ा मुकाबला देखा गया। मनोज भंडारी ने 27 वोटों ने जीत दर्ज की। उन्हें 190 वोट मिले। जबकि प्रतिद्वंद्वी महेश गुसाईं को 163 वोट हासिल किए। महामंत्री पद पर ऋषि भंडारी विजयी रहे। उन्हें 192 और प्रतिद्वंदी अजय चमोली को 158 वोट मिले। कोषाध्यक्ष पद पर राकेश उनियाल और शशि कुलियाल के बीच कांटे की टक्कर रही। राकेश उनियाल ने महज चार वोटों से जीत दर्ज की। उन्हें 178 और शशि कुलियाल 174 वोट मिले।
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष चंद्रवीर नेगी और महामंत्री प्रीतम बड़थ्वाल ने विजयी प्रत्याशियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर ईश्वरी प्रसाद पैन्यूली, रविन्द्र कंडवाल, दीपक लिंगवाल, विक्रम राणा, नरेश राणा, जगमोहन चौहान, पूर्णानंद बहुगुणा, विजयपाल आदि मौजूद रहे।

 

स्काउट एंड गाइड का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

104स्काउट एंड गाइड प्रशिक्षण लेकर राज्य पुरस्कार के लिए दावेदारी करेंगे। इसकी तैयारियों के लिए श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में प्रशिक्षण शिविर शुरू हो गया है।
राज्य पुरस्कार की दावेदारी करने के लिए शुक्रवार को श्री भरत मंदिर में स्काउट एंड गाइड का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हो गया। इसमें क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के स्काउट एंड गाइड हिस्सा ले रहे हैं। मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष दीप शर्मा ने प्रशिक्षण का शुभारंभ किया। स्काउट एंड गाइड जिला प्रशिक्षक केडी उनियाल ने कहा कि स्काउट एंड गाइड ईमानदार, सिद्धांतप्रिय, प्रकृति प्रेमी और कर्तव्यनिष्ठ होता है। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य स्काउट एंड गाइड को राज्य पुरस्कार के लिए तैयार करना है। शिविर में इन्हीं सभी बातों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान देती है। इससे उनका व्यक्तित्व विकास होता है। सरकारी एवं प्रशासनिक सेवाओं में इसका फायदा मिलता है। बताया कि स्काउट एंड गाइड को प्रवेश परीक्षा से लेकर प्रथम, द्वितीय, तृतीय सोपान के पाठ्यक्रम के प्रशिक्षण को उत्तीर्ण करने के बाद ही राज्य पुरस्कार परीक्षा में प्रतिभाग करने का अवसर मिलता है। इस अवसर पर प्रधानाचार्य डीबीपीएस रावत, यमुना प्रसाद त्रिपाठी, डॉ. सुनील दत्त थपलियाल, अशोक पासवान, लक्ष्मी चमोला, सरोजनी भट्ट, हरि सिंह, विकास नेगी, सविता आदि उपस्थित रहे।

60 स्काउट एंड गाइड शामिल
जिला प्रशिक्षक केडी उनियाल ने बताया कि तीन दिवसीय प्रशिक्षण में कुल 60 स्काउट एंड गाइड हिस्सा ले रहे हैं। इनमें राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, पंजाब सिंध इंटर कॉलेज, श्री भरत मंदिर पब्लिक स्कूल, हरीशचंद गुप्ता इंटर कॉलेज के छात्र शामिल हैं।

 

11 अगस्त को छात्र संघ चुनाव

चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद आचार संहिता प्रभावी
ऋषिकेश।
बुधवार को पं. ललित मोहन शर्मा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (स्वायतशासी) में छात्र संघ चुनाव का कार्यक्रम जारी हो गया। घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 11 अगस्त को मतदान, मतगणना व शपथ ग्रहण होगा, जबकि आज से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरु हो जायेगी। चुनाव कार्यक्रम जारी होने के बाद महाविद्यालय में आचार संहिता प्रभावी हो गई है।
छात्र संघ चुनाव को लेकर बुधवार को स्थिति स्पष्ट हो गई। मुख्य चुनाव अधिकारी एमपी नगवाल ने बुधवार को छात्र संघ चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया। डॉ. नगवाल ने बताया कि अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव, कोषाध्यक्ष, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के एक व कार्यकारिणी सदस्यों के छह पदों के लिए निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा कर दी गयी है। 11 अगस्त को सुबह 8 से 1 बजे तक मतदान, दोपहर 2 बजे के बाद मतगणना व परिणाम घोषणा के बाद विजयी प्रत्याशियों का शपथ ग्रहण कराना सुनिश्चित किया जायेगा। जबकि आज (गुरुवार) से नामाकंन पत्रों की बिक्री शुरु कर दी जायेगी।
वहीं, बुधवार को महाविद्यालय में संभावित प्रत्याशियों ने शक्ति प्रदर्शन किया। एनएसयूआई, छात्र एकता मंच व आर्यन ने अपने दावेदारों के साथ प्रचार किया। महाविद्यालय का माहौल पूरी तरह से चुनावी रंग में नजर आया। प्रचार के दौरान समर्थक अपने प्रत्याशी की टी-शर्ट पहने हुए थे। वह नारेबाजी के साथ छात्रों से वोट देने की अपील कर रहे थे। प्राचार्य डॉ. डीसी नैनवाल ने बताया कि छात्र संघ चुनाव की घोषणा के बाद आचार संहिता प्रभावी हो गई है। उन्होंने छात्रों से इसके पालन करने की अपील की।

दीपक रावत आर्यन के उम्मीदवार
ऋषिकेश। नगर अध्यक्ष अक्षय मल्हौत्रा ने बताया कि दीपक रावत छात्र संघ चुनाव में आर्यन के महासचिव पद के प्रत्याशी होंगे। उन्होंने पूर्व की भांति महासचिव पद जीतने का दावा किया। इस मौके पर निर्वतमान महासचिव रोहित राणा, शैलेश बड़थ्वाल, विवेक शर्मा, नितिन शर्मा, सागर सिंह, शिवम भारद्वाज, दीपक वर्मा आदि मौजूद थे।

कावंड यात्रा के चलते फीस जमा कराने की तिथि बढाई

ऋषिकेश।
ऑटोनॉमस कॉलेज में कांवड़ यात्रा के चलते शनिवार को अवकाश रहा। सोमवार को भी कॉलेज बंद रहेगा। इसके मद्देनजर वेटिंग लिस्ट में चयनित छात्रों को फीस जमा कराने के लिए 2 अगस्त (मंगलवार) तक का समय दिया गया है।
जिला प्रशासन ने शैक्षणिक संस्थाओं में कांवड़ यात्रा के मद्देनजर दो दिवसीय अवकाश रखने के निर्देश दिए हैं। शनिवार को कॉलेज जिला प्रशासन के आदेश पर बंद रहा; सोमवार को भी अवकाश कांवड यात्रा के चलते अवकाश रहेगा।
प्राचार्य डॉ. डीसी नैनवाल ने बताया कि शनिवार को फीस जमा कराने की अंतिम तिथि थी, लेकिन कांवड़ यात्रा के कारण अवकाश रहा। अब मंगलवार को कॉलेज खुलेगा, जिन छात्रों ने फीस जमा नहीं करायी है। 2 अगस्त तक अपनी फीस कॉलेज कांउटर में जमा करा दें।

प्राइमरी स्कूल में तेंदुआ घुसने से दहशत

105

तेंदुआ देख स्कूल बच्चे व स्टाफ ने मचाया शोर
ऋषिकेश।
आइडीपीएल के लेडीज क्लब स्थित प्राइमरी स्कूल में तेंदुआ घुसने से हड़कंप मच गया। हालांकि, विद्यालय के प्रांगण से होते हुए तेंदुआ जंगल की ओर चला गया। मौके पर पंहुची वन विभाग की टीम को काफी प्रयास के बाद भी तेंदुआ नजर नहीं आया।
शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे प्राइमरी स्कूल में कक्षाएं शुरू हो चुकी थी। इसी बीच विद्यालय से सटे जंगल से निकल कर एक तेंदुआ विद्यालय के प्रांगण में आ पहुंचा। विद्यालय के स्टाफ में शोर मचाया तो तेंदुए जंगल में भाग गया। सूचना पर चौकी प्रभारी आइडीपीएल प्रकाश पोखरियाल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आस-पास क्षेत्र में काफी खोजबीन की, लेकिन तेंदुआ का कुछ पता नहीं चल पाया। स्कूल में तेंदुआ आने से बच्चे और शिक्षक खौफजदा है। तेंदुआ के स्कूल में पहुंचने की घटना के बाद कई अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल से घर भी ले गए।