हरक के दावे से भाजपा में फेरबदल की आहट

भाजपा कार्यसमिति में हरक सिंह रावत का बड़ा बयान
कहाकि चुनाव लड़ने से ज्यादा चुनाव लड़ाने का इच्छुक
संगठन को अपने अनुभव का फायदा दिलाने का खुले मंच से दिया बयान

ऋषिकेश।
एक व्यक्ति पद दो। विधानसभा चुनाव नजदीक। सामने हरीश रावत जैसा पहाड़। लगातार हरीश रावत से हर मोर्च पर विफल होती भाजपा। रहरहकर खबरें आती कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बदलेगा या फिर नेता प्रतिपक्ष। दोनों पद रानीखेत के विधायक अजय भट्ट के पास। अजय भट्ट को चुनाव भी लड़ना है। ऐसे में हरक सिंह का खुले मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधन कि वह अपने अनुभव का फायदा संगठन को पूरे प्रदेश में देना चाहते है, तो राजनीतिक हलचलों में एक बार फिर भाजपा प्रदेश नेतृत्व में परिवर्तन के संकेत मिल रहे है।
मंगलवार को भाजपा कार्यसमिति में भाग लेने आये डॉ. हरक सिंह रावत ने कार्यकर्ताओं को खुले मंच से बोल दिया कि मुझे चुनाव लड़ने से ज्यादा चुनाव लड़वाने में मजा आता है। कहीं न कहीं भाजपा हाईकमान की नीतियों का खुलासा कर दिया। 105 बागी विधायकों के नेता विजय बहुगुणा और सुबोध उनियाल को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल करने के बाद हरक सिंह रावत को भी नई जिम्मेदारी मिलना तय माना जा रहा है। लंबे समय से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बदलने के कयास लगाये जाते रहे है। ऐसे में पुराने संघी चेहरे व कांग्रेस से बागी होकर आये मुखर नेता के रुप में हरक सिंह रावत को अहम जिम्मेदारी मिल सकती है। सूत्रों की मानें तो चुनाव के समय हरीश रावत को घेरने में हाईकमान हरक सिंह रावत को ही उपयुक्त मान रहा है। वैसे भी प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष दोनों पद कुमाऊ के पास है। सामंजस्य बिठाने के लिए गढ़वाल को तवज्जों दी जा सकती है।

संविदा सफाई कर्मचारियों को शीघ्र मिलेगी स्थाई नियुक्ति: सीएम

वाल्मीकि जयंती कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री हरीश रावत
वाल्मीकि जयंती पर धूमधाम से निकाली गई शोभायात्रा

ऋषिकेश।
रविवार को महर्षि वाल्मीकि प्रकटोत्सव पर वाल्मीकि समाज ऋषिकेश की ओर से नगर में शोभायात्रा निकाली गई। कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि उनकी सरकार में पालिकाओं में वर्षो से कार्यात संविदा सफाई कर्मचारियों को शीघ्र स्थाई नियुक्ति दी जायेगी। आगे भी सरकार उनके लिए लाभकारी योजनाएं लाती रहेगी। उन्होंने कहाकि सफाई कर्मचारी हमरे पर्यावरण मित्र है। नगर पालिकाओं में रोजगार की दृष्टि से इनकी संख्या बढ़ाई जायेगी। जयंती पर निकाली गई शोभायात्रा वाल्मीकि नगर से रेलवे रोड, अंबेडकर चौक, त्रिवेणी घाट चौराहा, लक्ष्मणझूला रोड, दून तिराहा आदि जगहों से से निकली। नगर में शोभायात्रा का लोगों ने फूलवर्षा कर स्वागत किया। शोभायात्रा में शामिल शिव-पार्वती, हनुमान, लवकुश की सुदंर झांकियां विशेष आकर्षण का केन्द्र रही।
106
इस अवसर पर इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश सुदंरियाल पहलवान, गोल्डन बाबा, राजपाल खरोला, जयेन्द्र चन्द्र रमोला, राकेश सिंह मियां, धीरज डोभाल, राजेश ब्यास, दीपक धमान्दा, लोकपाल कैंतूरा, मानवेन्द्र कंडारी, शंभु पासवान, मनोज गुसाईं, रामलाल चमोली, रविन्द्र बिरला, राकेश पारछा, विजेन्द्र, महेश, राजीव, सुंदर, जितेन्द्र भंडारी, जगावर सिंह, राजकुमार, मनोज चंचल, विनोद भारती, महेन्द्र सिंह, जितेन्द्र भंडारी, नरेश खैरवाल, सतपाल, सचिन जाटव, ब्रह्मचन्द वाल्मीकि, राजेश डोगरा, आकाश भारती, रणवीर भारती सहित अन्य मौजूद थे।

बैठक के बाद की पद छोड़ने की घोषणा

बालियान ने इंटक प्रदेश अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा

ऋषिकेश।
राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कदम सिंह बालियान ने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने ऋषिकेश में बैठक के बाद पद छोड़ने की घोषणा की। उनके साथ कई अन्य पदाधिकारियों ने भी संगठन छोड़ा है। बालियान का कहना है कि फर्जी संगठन के आरोपों से वह तंग आ गए थे। उन्होंने संगठन के नेताओं पर कई गंभीर आरोप भी लगाए हैं।
लोनिवि विश्राम गृह में शुक्रवार को बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में डॉ. कदम सिंह बालियान ने इंटक के बड़े नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए। बालियान ने संगठन की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए। कहा कि वह जहां भी गए सुना कि तुम्हारी इंटक फर्जी है। अब वह किस-किस को जवाब देते। संगठन के नाम पर उन्होंने कुछ लोगों पर धन उगाही करने के गंभीर आरोप भी लगाए। कहा कि संगठन में अनुशासन नाम की कोई चीज नहीं है। सब स्वयंभू नेता की तरह कार्य कर रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश सुंदरियाल पहलवान को कई बार संगठन के बारे में बताया, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

110
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता होने के चलते वह संगठन को मजबूत करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन जन समस्याओं पर किसी ने सहयोग नहीं दिया। न ही समस्याओं पर कोई उचित कार्रवाई की। इससे तंग आकर वह संगठन को अलविदा कह रहे हैं। कहा कि उनके साथ दर्जनभर पदाधिकारियों ने भी पद से इस्तीफा दिया है। इसमें प्रदेश सचिव कृष्णकांत सिंह, महिला इंटक कांग्रेस अध्यक्ष केशरजहां, प्रदेश सचिव अमित मोहन, कोषाध्यक्ष स्वर्ण सिंह, सौराज सिंह, राजकुमार शर्मा, तेजपाल फौजी, सरीफ अहमद, भगत सिंह पाल, अजय मनिहारिया, जसपाल शर्मा, शारदा रानी, रुकमणि अग्रवाल, संजय कुमार दास आदि शामिल हैं।

पॉवर अवार्ड ट्रॉफी सीएम को भेंट की

देहरादून।
मुख्यमंत्री हरीश रावत से मंगलवार को बीजापुर हाउस मे उत्तराखण्ड विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष सुभाष कुमार ने भेंट की। उन्होंने पिछले माह 24 सितम्बर को गोवा में आईपीपीएआई द्वारा आयोजित पॉवर अवार्ड में उत्तराखण्ड को देश के 16 राज्यों में सबसे कम विद्युत दर वाला राज्य होने के फलस्वरूप मिली ट्रॉफी मुख्यमंत्री श्री रावत को भेंट की।
मुख्यमंत्री रावत ने उत्तराखण्ड विद्युत नियामक आयोग की सराहना करते हुए आयोग से राज्य में सस्ती बिजली की उपलब्धता के लिए करार पर विशेष ध्यान देने की अपेक्षा की। उन्होने कहा कि दुसरे राज्यों की अपेक्षा उत्तराखण्ड में बिजली सस्ती है जिससे राज्य में औद्योगिक वातावरण के सृजन में बड़ी मदद मिल रही है। हमारे पास निरन्तर विद्युत उपलब्धता बनी रहे यह सुनिश्चित किया जाना जरूरी है। उन्होने राज्य में विद्युत परियोजनाओं को बढ़ावा देने पर बल दिये जाने के साथ ही इन परियोजनाओं में स्थानीय लोगो को अधिक से अधिक मौके दिए जाने पर भी बल दिया।

101

आयोग के अध्यक्ष सुभाष कुमार ने बताया कि राज्य में देश के 16 राज्यों में सबसे कम बिजली की दरे है, हमारी घरेलु विद्युत दर 3.55, कृषि के लिए दर 1.62 जबकि उद्योगों के लिए यह दर 5.40 रूपये है। उन्होंने बताया कि जहां हिमाचल 2.40 रूपये में विद्युत क्रय कर उसे 5.38 में उसकी बिक्री कर रहा है वही हमारा राज्य 2.83 की दर में विद्युत क्रय कर 4.70 में बेच रहा है। उन्होने कहा कि आयोग द्वारा सस्ती बिजली के करार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि राज्य को सस्ती दर पर बिजली उपलब्ध होती रहे।

दोहरे प्रभार की व्यवस्था में संशोधन

देहरादून।
शिक्षा अधिकारियों के तबादलों में रह गई विसंगतियों के साथ ही दोहरे प्रभार की व्यवस्था में संशोधन होगा। कुछ जिलों में कनिष्ठ अधिकारियों को वरिष्ठ अधिकारियों से बड़ा जिम्मा दिया गया है। इन विसंगतियों को दूर करने को शासन ने 14 अक्टूबर को बैठक बुलाई है।
सरकार ने बीते माह के आखिरी हफ्ते में शिक्षा महकमे में सात संयुक्त निदेशक समेत 43 अधिकारियों के तबादले किए थे। इनमें सात अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार के रूप में दोहरी जिम्मेदारी दी गई है। दोहरे प्रभार के साथ कुछ अधिकारियों को कनिष्ठ होने के बावजूद उच्च पदों का जिम्मा सौंपे जाने की शिकायतें भी शासन को मिली हैं। ये शिकायतें अधिकतर जिला स्तर पर होने वाली तैनाती से जुड़ी हैं। सरकार द्वारा सर्व शिक्षा अभियान राज्य परियोजना कार्यालय में प्रभारी अपर निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती को देहरादून के मुख्य शिक्षा अधिकारी के पद की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह सीईओ हरिद्वार अजय कुमार नौडियाल को सीईओ चमोली के साथ ही डीईओ बेसिक चमोली का अतिरिक्त प्रभार, अशोक कुमार सिंह को प्रभारी सीईओ अल्मोड़ा के साथ डीईओ-बेसिक अल्मोड़ा की अतिरिक्त जिम्मेदारी, आनंद भारद्वाज को उप निदेशक विधि के साथ बेसिक शिक्षा निदेशालय में संयुक्त निदेशक का अतिरिक्त जिम्मा, डीईओ हरिद्वार पुष्पारानी वर्मा को प्रभारी सीईओ हरिद्वार का अतिरिक्त प्रभार, दलेर सिंह राजपूत को प्रभारी डीईओ माध्यमिक चंपावत के साथ सीईओ का अतिरिक्त प्रभार, रमेशचंद्र आर्य को प्रभारी सीईओ बागेश्वर के साथ डीईओ माध्यमिक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था।

102

दोहरे प्रभार में कई अधिकारियों को उच्च पद सौंपे गए हैं तो सीइओ पद पर तैनात अधिकारियों को वरिष्ठता क्रम में नीचे जिला शिक्षा अधिकारियों का दायित्व भी सौंपा गया है। वहीं एक ही पद पर दो अधिकारियों को तैनाती दी गई। रामनगर बोर्ड में प्रभारी अपर सचिव रामेंद्र कुशवाहा को उत्तरकाशी में डीईओ माध्यमिक के पद पर तैनात किया किया गया है। इसी पद पर चमोली जिले के डीइओ बेसिक राजेंद्र प्रसाद डंडरियाल को डीईओ माध्यमिक के पद पर उत्तरकाशी भेजा गया। विभाग के उच्चाधिकारियों के अनसार तबादलों में विसंगतियों को दूर किया जाएगा। इस संबंध में 14 अक्टूबर को शासन स्तर पर बैठक भी होगी।

दौ सौ वन गुर्जरों के डेरों को पर्यटन हब बनायेगी सरकार

लच्छीवाला वन प्रभाग रेंज में शिवालिक तितली पार्क व जड़ी बूटी उद्यान का सीएम हरीश रावत ने उद्घाटन किया

ऋषिकेश।
उत्तराखण्ड को पर्यटन के क्षेत्र में विकसित करने के लिए सरकार धरातल पर कार्य कर रही है। वन गुर्जरों के डेरों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने, पर्यटकों को हाथी की सफारी कराने के साथ हाथी आबादी की ओर न जाये इसकी कार्ययोजना तैयार की जा रही है। यह बात मुख्यमंत्री हरीश रावत ने लच्छीवाला वन प्रभाग के विश्राम गृह में शिवालिक तितली पार्क व जड़ी बूटी उद्यान का उद्घाटन का्रने के बाद कही।
शनिवार को मुख्यमंत्री हरीश रावत ने प्रदेश के पहले तितली पार्क का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश की एक हजार सड़कों पर कार्य किया जा रहा है। उत्तराखण्ड पहला राज्य है जो पौध लगाने और उसके संरक्षण करने पर ग्रामवासियों को बोनस दे रहा है। जगंलो में हाथी के लिए बांस व गन्ना लगाने की दिशा में राज्य सरकार कार्य कर रही है, ताकि हाथी आबादी की ओर न जाये। लच्छीवाला वन प्रभाग में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कॉटेज का निर्माण किया जायेगा। लक्ष्मण सिद्ध व कालू सिद्ध को तीर्थाटन के साथ पर्यटन की गतिविधियां बढ़ाने के लिए उद्देश्य से कार्य योजना तैयार कर ली गयी है। बताया कि डोईवाला में कंबाइड अस्पताल को स्वीकृति दी जा चुकी है। शीघ्र ही बड़ोवाला व नकरौंदा को जोड़ने वाले पुल को भी स्वीकृति प्रदान कर दी जायेगी।

109

मुख्यमंत्री हरीश रावत ने वन्य जीव आबादी क्षेत्र में न पहुंचे, इसके लिए 100 करोड़ की लागत से निर्मित योजनाओं को हरी झंडी दिखाई। वन मंत्री दिनेश अग्रवाल ने कहाकि सरकार शीघ्र ही हल्द्वानी में अन्तर राष्ट्रीय स्तर का चिड़ियाघर बनाने जा रही है। इस ओर वन विभाग कार्य कर रहा है। विधायक हीरा सिंह बिष्ट ने डोईवाला क्षेत्र की समस्याओं पर सीएम का ध्यान खींचा। उन्होंने कहाकि तहसील मिलने के बाद भी डोईवाला में रजिस्ट्रार कार्यालय नही खुल पाया है। उन्होंने रजिस्ट्रार कार्यालय खोलने की मांग की। पीसीसीएफ राजेन्द्र कुमार महाजन ने बताया कि व्यक्तिगत जमीन पर सुअर मारने की इजाजत वन विभाग देगा। उन्होंने बताया कि शिवालिक तितली पार्क में 150 से अधिक तितलियां रहेगी। कार्यक्रम में राजाजी नेशनल पार्क की निदेशक नीना ग्रेवाल और अंजली भरतरी की पुस्तक का भी विमोचन किया गया।
कार्यक्रम में वाइल्ड लाईफ के सरंक्षण में सहयोग करने वाली संस्थाओं और शिवालिक वृत व राजाजी नेशनल पार्क के कर्मचारियों को उत्कृष्ठ सेवाएं देने पर सीएम ने सम्मानित किया। अनंत धाम एकेडमी के छात्रों ने रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। मौके पर पीसीसीएफ दिग्विजय सिंह खाती, एमडी एसटीएस लेपचा, प्रभुलाल बहुगुणा, राजेश गुरुंग, अब्दुल रज्जाक आदि मौजूद थे।

वनों में घिंघारू, हिंसर, आम व मालू के वृक्ष लगाने को कैंपेन चलाने के निर्देश

देहरादून।
सचिवालय में मुख्यमंत्री हरीश रावत ने निजी एवं सामूहिक खेती की वन्यजीवों से सुरक्षा हेतु वन विभाग, कृषि एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री रावत ने आदेश दिये कि कैम्पा, आरकेवीवाय, मनरेगा, कॉपरेटिव को मिलाकर 2 साल के लिये 100 करोड़ का एक फ्लैक्सिव प्रोजेक्ट तैयार किया जाए। इसके अन्तर्गत ग्रामीण खेती को वन्यजीवों से सुरक्षित रखने हेतु वन्यजीव रोधी दीवारों का निर्माण किया जाए। उन्होंने कहा कि इस योजना में निजी एवं सामूहिक खेती दोनों प्रकार की खेती का शामिल किया जाए। सब्जी एवं फलों की सुरक्षा हेतु उद्यान विभाग एवं खेती हेतु कृषि विभाग कार्यकारी संस्था के रूप में जिम्मेदारी दी जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रोटेक्शन वॉल बनाने के लिये उपलब्ध करायी जाने वाली राशि का 80 प्रतिशत अनुदान के रूप में दिया जाए जबकि बाकि का 20 प्रतिशत को आसान किस्तों में जमा करने की पॉलिसी तैयार की जाए।

101

मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में खेती को बचाने हेतु किये जा रहे प्रयास काफी नहीं हैं। इसके लिये अन्य विकल्पों पर भी विचार किया जाए। जंगली जानवरों को दूर भगाने के लिये उपयोग की जा रही मशीनों के प्रयोग पर भी विचार किया जाए। उन्होंने इस योजना को तैयार कर जनता में प्रचार प्रसार करने के लिये कहा ताकि आमजन को इस योजना की जानकारी मिल सके।
मुख्यमंत्री ने वन विभाग को वनों में घिंघारू, हिंसर, आम व मालू के वृक्षों को उगाने के लिये कैम्पेन के रूप में चलाने को कहा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रीतम सिंह पंवार, अपर मुख्य सचिव डॉ. रणवीर सिंह, प्रमुख सचिव मनीषा पंवार, गढ़वाल आयुक्त व सचिव सूचना विनोद शर्मा, सचिव अमित नेगी, प्रमुख वन संरक्षक आर.के. महाजन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

चारधाम यात्रा फिर पकड़ रही रफ्तार

ऋषिकेश।
बरसात की विदाई के साथ चारधाम यात्रा पटरी पर लौटने लगी है। शनिवार को ऋषिकेश में 463 यात्रियों ने चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण कराया। चारधाम रूट पर बने विभिन्न फोटोमेट्रिक काउंटरों पर 1954 ने यात्रियों का पंजीकरण किया गया। 16 ऑनलाइन पंजीकरण भी किए गए।
104

शनिवार को ऋषिकेश में 463, हेमकुंड गुरुद्वारे में 309, जानकीघाट में पांच, हरिद्वार में 43, गंगोत्री में 23, अगत्स्यमुनि में 58, गुप्तकाशी में 92, पाटा में 38, सीतापुर में 95, सोनप्रयाग मे 269, पाण्डुकेशर में 552, गोविन्दघाट में सात यात्रियों का पंजीकरण किया गया। फोटोमेट्रिक पंजीकरण प्रभारी प्रेमअनंत ने बताया कि एक अप्रैल से 23 सितबंर तक 5,34,794 यात्री पंजीकरण करवा चुके हैं। नवरात्र में यात्रियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।

अल्मोड़ा और देहरादून ने जीता खिताब

राज्यस्तरीय विद्यालयी बालिका वालीबाल प्रतियोगिता का फाइनल
अंडर.17 में देहरादून और अंडर 19 में अल्मोड़ा की छात्राएं जीतीं
ऋषिकेश।
राज्यस्तरीय विद्यालयी बालिका वालीबाल प्रतियोगिता का खिताब अल्मोड़ा और देहरादून की टीम ने जीता। अल्मोड़ा अंडर.19 और देहरादून की छात्राएं अंडर.17 वर्ग में राज्यस्तरीय चौंपियन बनीं।
टिहरी जिले के कैलाशगेट स्थित पूर्णानंद इंटर कालेज के खेल मैदान में रविवार को तीन दिवसीय प्रतियोगिता का समापन हुआ। अंतिम दिन अंडर.19 वर्ग का फाइनल मैच अल्मोड़ा और देहरादून के बीच खेला गया। अल्मोड़ा ने देहरादून को 3.1 के सेटों से मात देकर फाइनल मुकाबला जीत लिया। देहरादून उपविजेता रहा। 102a
वहीं, अंडर.17 वर्ग में लीग मैचों की अंक तालिका के आधार पर तीन मैच जीतकर नंबर एक पर रही देहरादून की टीम को विजेता घोषित किया गया। टिहरी की टीम उपविजेता रही। जनपद खेल समन्वयक श्याम सिंह सरियाल ने बताया कि अंडर.17 वर्ग में टीमें कम थीं, इसलिए दो पूल नहीं बन सके। नियमानुसार जब दो पूल नहीं बन पाते हैं तो विजेता टीम का चयन लीग मुकाबलों की अंक तालिका के आधार पर किया जाता है। इसी आधार पर देहरादून की टीम विजेता घोषित की गई। इससे पहले शनिवार को अंडर.14 के फाइनल मैच में देहरादून ने टिहरी को हराकर टाफी अपने नाम कर ली थी। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष नरेन्द्रजीत सिंह बिंद्रा ने विजेताओं को ट्राफी, मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

ये रहे मौजूद
जिला शिक्षा अधिकारी टिहरी दिनेश चंद्र गौड़, राजेन्द्र प्रसाद कुकरेती, नागेन्द्र पंत, बीडी मिश्रा, श्याम सिंह सरियाल, अवधेश कुमार शर्मा, दिनेश भारद्वाज, केशव जोशी, बद्री सिंह, पीएल रतूड़ी, सतीश जोशी, हरिस्वरूप मेहरा, प्रकाश बहुगुणा, कल्याण रतूड़ी, धीरेन्द्र असवाल, सुधाकांत गैरोला, कीर्ति सिंह नेगी, राजीव गौड़, जगदीश चौहान, सुखदेव बडोनी, महेश पालीवाल, लक्ष्मण सिंह रावत आदि मौजूद रहे।