ऋषिकेश में राज्यस्तरीय विद्यालयी बालिका वॉलीबाल प्रतियोगिता आगाज

13 जिलों की बालिका टीमें ले रही प्रतियोगिता में हिस्सा
अंडर-19, 17 और 14 तीन वर्गों में हो रही प्रतियोगिता
ऋषिकेश।
कैलाशगेट स्थित पूर्णानंद इंटर कालेज के खेल मैदान में राज्यस्तरीय विद्यालयी बालिका वॉलीबाल प्रतियोगिता का शुक्रवार को रंगारंग आगाज हुआ। राज्य के 13 जिलों की टीमें प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं। वॉलीबाल के मुकाबले अंडर-19, 17 और 14 तीन वर्गों खेले जा रहे हैं। 101
तीन दिवसीय प्रतियोगिता के पहले दिन लीग मैच खेले गए। अंडर-19 के पहले मैच में चमोली का मुकाबला ऊधमसिंह नगर की टीम से हुआ। इसमें चमोली ने 25-16 और 25-14 के अंतर से ऊधमसिंह नगर को हराया। दूसरा मुकाबला अंडर-17 वर्ग में देहरादून और नैनीताल के बीच रहा। इसमें देहरादून ने 25-9 व 25-3 से मुकाबला अपने नाम किया। इसी वर्ग का अगला मुकाबला मेजबान टिहरी जिले की टीम और हरिद्वार के बीच खेला गया। टिहरी ने पहला सेट 25-13 से जीता। दूसरे सेट में हरिद्वार ने वापसी करते हुए 25-13 से बराबरी की। तीसरा सेट टिहरी ने 25-14 के अंतर से अपने नाम कर 2-1 से जीत दर्ज की। 102
इससे पहले मुख्य अतिथि एसडीएम नरेंद्रनगर लक्ष्मीराज चौहान, कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला, स्वामी गुरु प्रसाद परमहंस ने संयुक्तरूप से प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। अतिथियों ने ध्वज की स्थापना भी की। वक्ताओं ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों ने खेल भावना से खेलने की शपथ ली। साथ ही छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुति किए। इस मौके पर बचन पोखरियाल, खंड शिक्षाधिकारी ओपी वर्मा, राजेन्द्र कुकरेती, सुधाकांत गैरोला, महेश पालीवाल, श्याम सिंह सरियाल, आलोक पांडे, जितेन्द्र पंवार, दाताराम भट्ट, आलोक चौधरी, सुखदेव बडोनी, महेंद्र लाल, राममोहन लाल नौटियाल आदि मौजूद रहे।

उत्तराखंड में 24 नये जिलो के प्र्रस्ताव!

सूचना अधिकार में हुआ खुलासा, आरटीआई कार्यकर्ता को दी सूचना से प्रकाश में आया मामला
देहरादून।
उत्तराखंड में 24 नये जिलो की मांग सम्बन्धी प्रस्ताव तथा प्रत्यावेदन जिला गठन आयोग के विचार हेतु रखने हेतु आयुक्त एवं सचिव राजस्व परिषद को शासन द्वारा भेजे गये हैं। वर्ष 2012 से 2016 तक कुल 113 प्रत्यावेदन व प्रस्ताव जिला पुनर्गठन आयोग के विचारार्थ प्रेषित किये हैं। सूचना अधिकार के अंतर्गत राजस्व विभाग द्वारा सूचना अधिकार कार्यकर्ता नदीम उद्दीन को उपलब्ध करायी गयी सूचना से यह जानकारी प्रकाश में आयी है।
काशीपुर निवासी सूचना अधिकार कार्यकर्ता नदीम उद्दीन ने उत्तराखंड शासन के राजस्व विभाग से उत्तराखंड में नये जिलों के गठन सम्बन्धी कार्यवाही की सूचना मांगी थी। इसके उत्तर में राजस्व विभाग के लोक सूचना अधिकारी/अनुभाग अधिकारी भगत सिंह नेगी ने पत्रांक 1085 दिनांक 29 अगस्त 2016 से 2012 से 2016 तक के नये जिलों से संबंधी 113 प्रत्यावेदन व प्रस्तावो को राजस्व परिषद को भेजने सम्बन्धी 8 पत्रों की प्रतिलिपियां उपलब्ध करायी है। इन पत्रों से मुख्यमंत्री कार्यालय तथा अन्य विभागों से प्राप्त प्रस्तावों एवं प्रत्यावेदनो को 17 मई 2012 के शासनादेश से अध्यक्ष, राजस्व परिषद की अध्यक्षता में गठित जिला गठन आयोग के विचारार्थ रखने हेतु राजस्व परिषद के आयुक्त एवं सचिव को भेजा गया है।
नदीम को उलपब्ध कराये गये पत्रों से स्पष्ट है कि राजस्व विभाग द्वारा जिन नये जिलों के गठन के सम्बन्ध में प्र्राप्त प्रत्यावेदनों व प्रस्तावों को भेजा है उसमें काशीपुर, रूड़की, कोटद्वार, रानीखेत, यमुनोत्री, डीडीहाट जिलों के अतिरिक्त रामनगर, खटीमा, ऋषिकेश, पश्चिमी दून, घनसाली, बीरोखाल, रवाई क्षेत्र, गैरसैंण, नरेन्द्र नगर, लैन्सडौन, थराली, थलीसैंण, प्रतापनगर, नवीन चकराता, धुमाकोट, नवीन बालगंगा, नागचूलाखान तथा टनकपुर शामिल है।UttrakhandMap
नदीम को उपलब्ध कराये गये पत्र संख्या 368 दिनांक 21 मार्च 2016 से 22 प्रत्यावेदन व प्रस्ताव जिला पुनर्गठन आयोग को विचारार्थ रखने हेतु राजस्व विभाग द्वारा भेजे गये है। इसमें काशीपुर जिले के सम्बन्ध में 3 प्रत्यावेदन, पूकवर्ती शासनकाल के दौरान 04 जनपदों हेतु नेता प्रतिपक्ष के 7 प्रत्यावेदन, रूड़की, कोटद्वार पश्चिमी देहरादून, (नन्दा चौकी से लेकर जौनसार भावर तक) घनसाली, बीरोखाल, रवाई क्षेत्र, चौखुटिया, गैरसैंण तथा यमुुनोत्री जिले के लिये 1-1 प्रत्यावेदन शामिल हैं।
काशीपुर को जिला बनाने को भेजे गये प्रत्यावेदन में काशीपुर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आनन्द स्वरूप रस्तौगी, बार एसोसिएशन जसपुर तथा जनजीवन उत्थान समिति के अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार मिश्रा का प्रत्यावेदन शामिल है। रूड़की को जिला बनाने के लिये लोकतांत्रिक जन मोर्चा रूड़की का प्रत्यावेदन, कोटद्वार को जिला बनाने के लिये चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री का प्रत्यावेदन, पश्चिमी देहरादून के लिये अखिल भारतीय स्वतंत्र लेखन मंच का प्रत्यावेदन, घनसाली के लिये जिला बनाओ संघर्ष समिति घनसाली के अध्यक्ष श्रीराम सेमवाल का प्रत्यावेदन, पौड़ी गढ़वाल के बीरोखाल को जिला बनाने के लिये जिला संघर्ष समिति बीरोखाल के स्वतंत्रता संग्राम सैनानी जयानंद भारतीय का प्र्रत्यावेदन, उत्तरकाशी के रवाई क्षेत्र को जिला बनाने के लिये पूर्व विधायक राजेश जुवांठा का प्रत्यावेदन, चौखुटिया गैरसैंण को जिला बनाने के लिये उत्तराखंड चाय विकास बोर्ड अल्मोड़ा के उपाध्यक्ष कुवर सिंह कठामत तथा बड़कोट को जिला मुख्यालय बनाते हुये यमुनोत्री जिला गठन का नगर पंचायत बड़कोट के अध्यक्ष अतोल सिंह रावत का प्रत्यावेदन शामिल है। नदीम को उपलब्ध करायी गयी सूचना के अनुसार वर्ष 2015 में तीन पत्रों से जिलों से सम्बन्धित 63 प्रत्यावेदन विचारार्थ भेजे गये हैं। 2013 में तीन पत्रों से 22 प्रत्यावेदन तथा 2012 में दो पत्रों से 28 प्रत्यावेदन शासन द्वारा आयोग के विचारार्थ भेजे गये हैं।

बदरीनाथ हाईवे चार घंटे बंद रहा

चट्टान टूटकर सड़क पर गिरने से वाहनों की आवाजाही हो गई ठप
मुनिकीरेती।
ऋषिकेश-बदरीनाथ नेशनल हाईवे-58 गुरुवार को कौड़ियाला के पास चार घंटे बंद रहा। पहाड़ी से चट्टान टूटकर सड़क पर गिरने से वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। इससे सड़के दोनों ओर वाहनों की कतार लगी रही। चार घंटे तक यात्री फंसे रहे।
कौड़ियाला के पास गुरुवार सुबह लगभग 11 बजे अचानक चट्टान टूटने लगी और सड़क आ गिरी। बड़े-बड़े पत्थर और मलबा सड़क पर आ गया। गनीमत रही कि कोई वाहन इसकी चपेट में नहीं आया। कुछ ही देर में सड़क का करीब 30 मीटर हिस्सा पत्थरों से अट गया। मार्ग बंद होने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। श्रीनगर, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग आदि क्षेत्रों से आने वाले वाहन यहां फंसे रहे। वहीं ऋषिकेश से गढ़वाल की ओर जाने वाले वाहन चालक और यात्री भी परेशान रहे।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों को मार्ग बंद होने की जानकारी दी। करीब एक घंटे बाद एनएच की टीम जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंची। इसके बाद पत्थर हटाने का काम शुरू किया गया। लेकिन बड़े पत्थर जेसीबी से नहीं हट सके। इसलिए इन्हें मशीन से काटकर छोटा किया गया और फिर जेसीबी से हटाया गया। इसमें करीब तीन घंटे लग गए। दोपहर करीब तीन बजे पहले छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू कराई गई। फिर आधे घंटे बाद भारी वाहन भी चलने लगे।

पुलिस ने वाया खाड़ी होकर भेजे वाहन
सड़क बंद रहने के दौरान पुलिस ने ऋषिकेश में भद्रकाली के पास रूट डायवर्ट कर नरेन्द्रनगर, खाड़ी, देवप्रयाग होकर कई वाहन श्रीनगर की ओर भेजे। थानाध्यक्ष मुनिकीरेती चंदन सिंह बिष्ट ने बताया कि कौड़ियाला के पास अचानक चट्टान टूट गई। दोपहर तीन बजे तक यातायात सुचारू किया गया।

नेशनल हाईवे-58 पर सुबह 11 बजे कौड़ियाला के पास चट्टान टूटकर गिरने से हाईवे बाधित रहा। भारी पत्थर गिरने से परेशानी आई। उन्हें काटकर हटाना पड़ा। तीन घंटे में मार्ग खोल दिया गया। लगभग चार घंटे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद रही।
– राजेश शर्मा, अधीक्षण अभियंता, नेशनल हाईवे अथॉरिटी

नगर पालिका मुनिकीरेती मुख्यमंत्री निर्मल नगर पुरस्कार से सम्मानित

शहरी विकास मंत्री प्रीतम पंवार ने दिया पालिकाध्यक्ष शिवमूर्ति कंडवाल को पुरस्कार

ऋषिकेश।
नगर पालिका मुनिकीरेती-ढालवाला को मुख्यमंत्री निर्मल नगर पुरस्कार से नवाजा गया है। सॉलिड वेस्ट मैनजमेंट में विशिष्ट कार्य करने पर उनका चयन किया गया। प्रदेश की 90 नगर निकायों में मुनिकीरेती पालिका ने पहला स्थान पाया है।
कैलाशगेट स्थित स्व. नत्था सिंह पोखरियाल नगर पालिका मुनिकीरेती-ढालवाला सभागार में आयोजित कार्यक्रम में शहरी विकास मंत्री प्रीतम पंवार ने मुनिकीरेती-ढालवाला को मुख्यमंत्री निर्मल नगर पुरस्कार से सम्मानित किया है। उन्होंने 90 निकायों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर बधाई दी। कहा कि वर्ष 2011-12 के बाद पहलीबार यह पुरस्कार दिया जा रहा है। मुनिकीरेती पालिका के कार्यों को अन्य पालिकाओं द्वारा सीख के रुप में लिया जायेगा, ऐसी उन्होंने आशा जताई।
इससे पूर्व शहरी विकास मंत्री ने पालिका अध्यक्ष शिवमूर्ति कंडवाल व अधिशासी अधिकारी बद्रीप्रसाद भटट को सयुंक्तरुप से सम्मान पत्र व 10 लाख रुपये की धनराशि का चेक प्रदान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका मुनिकीरेती अध्यक्ष शिवमूर्ति कंडवाल ने की। उन्होंने कहाकि नगरवासियों के सहयोग से ही आज पालिका को सम्मान मिला है। कार्यक्रम का संचालन अधिशासी अधिकारी बद्रीप्रसाद भटट ने किया।
इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष कृष्ण भटट, उत्तराखंड गौ सेवा आयोग अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह रावत, समाजसेवी बचन पोखरियाल, नरेन्द्र नगर पालिकाध्यक्ष दुर्गा राणा, अपर सचिव व शहरी विकास निदेशक नितिन भदौरिया, उपनिदेशक सुभाष गुप्ता, अधिशासी अभियंता रवि पाण्डे, सभासद अनुराग पयाल, मुनेश, सोनिया खंडुड़ी, धर्म सिंह, पृथ्वी सिंह नकोटी, सरोज कुकरेती, मनीष कुकरेती, शांति भटट, सतीश गुप्ता आदि मौजूद थे।105

105a

सालिड वेस्ट मैनजमेंट ने दिलाई सफलता
ऋषिकेश। नगर पालिका मुनिकीरेती-ढालवाला को सालिड वेस्ट मैनजमेंट (कूड़ा प्रबंधन) के तहत पूरे प्रदेश की 90 निकायों में सर्वश्रेष्ठ कार्य करने पर सम्मानित किया गया है। निकाय का सालिड वेस्ट मैनजमेंट से पालिका को 3.50 लाख रुपये की आय भी हुई है।

जीरो वेस्ट संस्था सम्मानित
सालिड वेस्ट मैनजमेंट का कार्य जीरो वेस्ट कारर्पोशन कर रही है। बताया कि संस्था ने पालिका को एक वर्ष तक निःशुल्क कार्य सेवा दी है। शहरी विकास मंत्री ने संस्था के अमित पटवाल व हिमांशु लिंगवाल को सम्मानित किया।

महिलाएं भी हुई सम्मानित
खुले में शौच को जागरुक करने पर गंगा सुरक्षा से जुड़ी महिलाओं को भी शहरी विकास मंत्री ने सम्मानित किया। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि पालिका क्षेत्र में कोई भी खुले में शौच नही करता है।

भारत सरकार के लिए नामित
नगर पालिका मुनिकीरेती को भारत सरकार के स्वच्छता अभियान के अर्न्तगत सर्वश्रेष्ठ कार्य करने के लिए भी नामित किया गया है। जानकरी देते हुए अपर सचिव नितिन भदौरिया ने बताया कि सरकार पालिका को सालिड वेस्ट कार्य करने के लिए विशेष अनुदान देने की तैयारी कर रही है।
मलिन बस्तियों का चिन्हिकरण कर मालिकाना हक देने की बात भी कही। बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत 15 शहरों में मुनिकीरेती पालिका का चयन भी किया गया है। सबसे पहले डीपीआर बनाने वाली पालिका के रुप में भारत सरकार से पालिका को सराहना भी मिली है। स्मार्ट गंगा सिटी योजना में पालिका को गंदे नाले टेप करने के लिए धन भी मुहैया कराया जायेगा।

अन्य पालिका को भी सीख लेने की जरुरत
नगर पालिका मुनिकीरेती के कार्यो से प्रभावित शहरी विकास मंत्री प्रीतम पंवार ने अन्य नगर पालिकाओं को भी सीख लेने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि पालिका यदि अन्य नगर निकायों में सालिड वेस्ट का कार्य करना चाहें तो मदद मिलेगी। उन्होंने 20 लाख रुपये के उपकरण खरीदने के लिए धन देने का आश्वासन भी दिया। गौरतलब है कि नजदीकी पालिकाओं में शामिल नगर पालिका ऋषिकेश व स्वर्गाश्रम नगर पंचायत में से नगर पालिका मुनिकीरेती को सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार से नवाजा गया है। पालिका मुनिकीरेती दो वर्ष पूर्व ही नगर पालिका बनी है, इससे पूर्व मुनिकीरेती नगर पंचायत में शुमार रही है।

 

800 मीटर की दौड़ में कीर्ति पुंडीर करेगी प्रदेश का नेतृत्व

ऋषिकेश।

रविवार को श्री भरत मंदिर इंटर कालेज के खेल मैदान में स्पेशल ओलम्पिक भारत के लिए नेशनल चौम्पिनशिप सैलेक्शन कैंप का समापन हो गया। मौके पर 800 मीटर दौड़ व साफ्टबाल टीम की घोषणा कर दी गयीं, जबकि 400 रिले रेस के चयन का परिणाम आगामी दिनों में घोषित कर दिया जायेगा।
रविवार को स्पेशल ओलम्पिक भारत के उत्तराखंड स्पोर्टस निदेशक बीएस मेहता व उत्तराखंड समन्वयक शशी राणा ने बताया कि नेशनल चौम्पियनशिप के लिए उत्तराखंड की टीम का चयन किया गया है। रविवार को 800 मीटर दौड़, साफ्टबाल व 400 रिले रेस के ट्रायल लिये गये। चयनित खिलाड़ी उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।102
साफ्टवाल टीम के लिए सर्वश्रेष्ठ 12 खिलाड़ियों व 3 कोच का भी चयन गया है। इस मौके पर मनीष रावत, प्रेम भाकुनी, सत्यनारायण, योगेश ने सहयोग दिया। ट्रायल के दौरान ज्योति विशेष विद्यालय की प्रधानाचार्य कमलेश भाटिया, श्री भरत मंदिर इंटर कालेज के प्रधानाचार्य डीबीएस रावत, कै. गोबिन्द सिंह रावत, डीपी रतूड़ी, जितेन्द्र बिष्ट, प्रवीन रावत, नितिन जोशी, विजय लक्ष्मी, सचिन, विकास नेगी आदि ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाऐं दी।

इन खिलाड़ियों का हुआ चयन …

800 मीटर की दौड़
कीर्ति पुंडीर

साफ्टबाल टीम
अल्मोड़ा महेन्द्र, सचिन, भुवन
देहरादून ईशान, सुमेर, गौतम, सुहेब
टिहरी राहुल रतूड़ी
ऋषिकेश शुभम राणा, राहुल सैनी
रामनगर जितेन्द्र, अनिल

 

रेलवे की तर्ज पर रोडवेज ने उतारा उत्तराखंड परिवहन नीर

104

निगम की आय बढ़ाने और यात्रियों को गुणवत्तापरक पानी मुहैया कराने के उद्देश्य से उत्तराखंड परिवहन निगम की ओर से पानी की बोतल बेचने का फैसला लिया गया है। ऋषिकेश बस अड्डे पर इसे सोमवार को लांच किया जाएगा। रविवार को बस अड्डे पर स्टाल तैयार करने का काम चला। शाम तक स्टाल बनकर तैयार हो गया था। ह्यसफर बनाए खास, उत्तराखंड परिवहन नीर है आपके पासह्ण के स्लोगन से इस पानी की बोतल को लांच किया जा रहा है। परिवहन निगम अधिकारियों के अनुसार नीर की एक लीटर बोतल 19 रुपये की होगी। जबकि आधा लीटर (पांच सौ एमएल)की 10 रुपये की एमआरपी है। एक लीटर की बोतल बाजार में दूसरे ब्रांड से एक रुपये सस्ती है। नीर को बेचने का जिम्मा एक संस्था को दिया गया है। कोटद्वार से बोतलबंद पानी की सप्लाई की जा रही है।
एआरएम नेतराम गौतम ने बताया कि मुख्यालय के निर्देश पर उत्तराखंड परिवहन नीर का स्टाल रविवार को बस अड्डे पर लगा दिया गया है। सोमवार को विधिवत उद्घाटन के बाद यात्रियों की सुविधा के लिए बोतलबंद पानी की बिक्री शुरू कर दी जाएगी।

मनमानी कीमत वसूली पर लगेगी रोक
ऋषिकेश। परिवहन निगम की यह पहल रंग लाती है तो इससे बस अड्डे पर पानी की बोतल की मनमानी कीमत वसूली पर रोक लगेगी। कई बार यात्री शिकायत करते हैं कि बस अड्डे पर पानी की बोतलें बढ़ी कीमतों पर बेची जाती हैं। गर्मियों में यात्रियों की मजबूरी का फायदा उठाकर 20 रुपये कीमत वाली बोतल 25 से 30 रुपये में बेची जाती है। यात्री विरोध करते हैं तो विक्रेता अभद्रता पर उतर आते हैं।

 

सहसपुर जमीन मामले में पुलिस ने घर खंगाला

105

सहसपुर के शंकरपुर हुकुमपुर में 107 बीघा जमीन खरीदने और बेचने के मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस टीम ने प्रगति विहार में एक घर की तलाशी ली। पुलिस के अनुसार टीम में शामिल सुनील पंवार ने बताया कि आयुक्त गढवाल द्वारा लैंड फोर्ड समन्व्य समिति का गठन किया गया है। जिसका काम जमीनों में बिक्रय व क्रय करने के दौरान हुए फर्जीवाड़े का खुलासा करना है। बताया कि कुछ समय पूर्व शंकरपुर हुकमपुर, सहसपुर देहरादून में 107 बीघा जमीन की खरीद फरोख्त हुई। जिसमें फर्जीवाड़ा सामने आया। जिसके तहत थाना सहसपुर में विरेंद्र कंडारी, नरेंद्र वालिया, सत्यम के खिलाफ मुकदमा कायम किया गया। जिसके तहत कोर्ट के आदेशों पर सर्च वारंट लेकर टीम में शामिल पुलिस प्रगतिबिहार स्थित नरेंद्र वालिया घर पर जमीन से जुड़े अभिलेखों की जांच करने पहुंची है। जिसमें जांच जारी है। टीम में एसआई यशपाल बिष्ट, गजेंद्र बहुगुणा आदि शामिल रहे।

खंडूड़ी बोले मुझ पर आरोप लगते तो आत्महत्या कर लेता

102चौदहबीघा में भाजपा की पर्दाफाश यात्रा में बोले पूर्व मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लग रहे हैं। मैं भी तो मुख्यमंत्री रहा, अगर ऐसे आरोप मुझ पर लगे होते तो मैं आत्महत्या कर लेता। चौदहाबीघा में भाजपा की पर्दाफाश यात्रा में पूर्व मुख्यमंत्री और गढ़वाल सांसद बीसी खंडूड़ी ने यह बात कही। उन्होंने कांग्रेस सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। कहा कि भाजपा सुशासन और भ्रष्टाचार रहित सरकार देगी। उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियां भी गिनाई।
भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को नरेन्द्रनगर विधानसभा के चौदहबीघा स्थित सब्जी मंडी मैदान में पर्दाफाश यात्रा का आयोजन किया। मुख्यवक्ता पूर्व मुख्यमंत्री भुवनचंद्र खंडूड़ी ने तल्ख लहजे में लोगों से पूछा कि क्या इसलिए उत्तराखंड बनाया था। हमने, कौदा-झंगोरा खाएंगे, उत्तराखंड राज्य बनाएंगे… का नारा देकर संघर्ष, बलिदान और अपमान सहकर अलग राज्य हासिल किया। क्या हमारा कोई कर्तव्य नहीं है कि राज्य कि चिंता करें, किस दिशा में हम जा रहे हैं।
खंडूड़ी ने कहा कि मैं वर्ष 1991 से सांसद रहा हूं, लेकिन मैंने ऐसी कांग्रेस सरकार नहीं देखी। पूरे प्रदेश में भय और भ्रष्टाचार का माहौल है। आरोप लगाया कि सरकार का ध्यान सिर्फ पैसे बनाने पर है। खनन के सिवाय सरकार प्रदेश की मूलभूत समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने पूछा कि जाति के नाम पर कब तक वोट देंगे? देश और राज्य के प्रति सोचने का वक्त आ गया है।

मैंने अपनों को भी ठीक किया
ऋषिकेश। पूर्व मुख्यमंत्री भुवनचंद्र खंडूड़ी ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने हमारे द्वारा बनाए गए लोकायुक्त को प्रदेश में लागू नहीं कराया। क्या भ्रष्टाचार करने पर सिर्फ कांग्रेस नेताओं को ही सजा मिलने वाली थी, अन्य लोग इससे अछूते रहते। कहा कि आज लोकायुक्त होता तो प्रदेश में भ्रष्टाचार का बोलबाला नहीं होता। उन्होंने कहा कि जब मैं मुख्यमंत्री था तो हमारे लोग भी गलती करते थे, मैंने उन्हें भी तो ठीक किया। लेकिन प्रदेश के हितों से कभी समझौता नहीं किया। आरोप लगाया कि वर्तमान में मुख्यमंत्री के सलाहकार और पीए सरकार चला रहे हैं।
पर्दाफाश यात्रा को हरिद्वार विधायक मदन कौशिक, रायपुर के पूर्व विधायक उमेश शर्मा काऊ, प्रदेश महामंत्री खजान दास, अनुशासन समिति के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञान सिंह नेगी आदि ने भी संबोधित किया। संचालन दिनेश कोठियाल और मदन सिंह रावत ने संयुक्तरूप से किया। अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष सुरेन्द्र कुलियाल ने की। इससे पूर्व भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री का नटराज चौक पर स्वागत किया। कार्यकर्ता दुपहिया वाहनों में रैली के रूप में सभास्थल पहुंचे। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष कुसुम कंडवाल, नगर पालिकाध्यक्ष शिवमूर्ति कंडवाल, पुष्पा ध्यानी, नारदेवी राणा, जयप्रकाश कोठारी, विनोद खंडूड़ी, पवन वर्मा, अशोक नगीना, पूरण पुंडीर, योगेश बहुगुणा, दीपक भटट, नलिन भट्ट, योगेश राणा आदि मौजूद रहे।

10 विभीषण गिराएंगे हरीश सरकार
ऋषिकेश। नरेन्द्रनगर के पूर्व विधायक सुबोध उनियाल ने कहा कि कांग्रेस के 10 विभीषण हरीश रावत सरकार को जड़ से उखाड़ फेकेंगे। आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने उनके विधानसभा के विकास कार्य रोक दिए हैं। उन्होंने इसका जवाब चुनाव में कांग्रेस को देने की अपील की।

 

श्यामपुर ऋषिकेश में खुलेगा नया डिग्री कॉलेज

गुरू गोरखनाथ महाविद्यालय, यमकेश्वर का प्रान्तीकरण करने के निर्देश
पर्वतीय क्षेत्रों में कृषि मेलों के आयोजन पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री हरीश रावत ने श्यामपुर में डिग्री कॉलेज खोलने, राजकीय महाविद्यालय भनोली में पदों के सृजन, तलवाडी में अर्थशास्त्र, गरूड़ में गृह विज्ञान, काडा व चन्द्रबदनी में विज्ञान, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय द्वारहाट में एम.एस.सी, राजकीय महाविद्यालय रानीखेत व गरूड में गृह विज्ञान व छात्रसंघ भवन, टनकपुर में एम.ए.अंग्रेजी, स्याल्दे में राजनीतिशास्त्र, चन्द्रबदनी में बी.एस.सी, रा.स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर में सहा. लाइब्रेरियक पद की स्वीकृति, छात्रावास तथा छात्राओं के लिए कामन हाल के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की है। उन्होंने चन्द्रावती तिवारी कन्या महाविद्यालय ऊधमसिंहनगर एवं गुरू गोरखनाथ महाविद्यालय, यमकेश्वर का प्रान्तीकरण किये जाने के भी निर्देश दिए हैं।
सचिवालय में उच्च शिक्षा कृषि, उद्यान, दुग्ध विकास व पशुपालन विभाग की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री रावत ने निर्देश दिए कि जिन डिग्री कॉलेजों के भवन निर्माणाधीन हैं उन्हें शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने लम्बगांव डिग्री कॉलेज में कम्प्यूटर लैब, खेल मैदान, जहरीखाल में बहुउदे्शीय हाल की स्वीकृति भी प्रदान की। 102
कृषि एवं उद्यान विभाग की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री रावत ने जोशीमठ, मुनस्यारी, नौगांव व नैनबाग में कृषि मण्डी की स्थापना के साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में कृषि मेलों के आयोजन पर ध्यान देने को कहा। इसके लिए 2-2 लाख की धनराशि भी उपलब्ध करायी जाए। उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों में परम्परागत कृषि उत्पादों के उत्पादन के लिए अभियान संचालित करने, इन उत्पादों के क्रय के लिए विभिन्न स्थानों पर क्रय केन्द्र स्थापित करने को कहा। गॉवो का कलस्टर तैयार कर सूअर रोधी दीवार बनाने तथा जल संग्रहण क्षेत्रों के विकास पर भी ध्यान देने तथा कृषि यंत्रों पर छूट दिये जाने की योजना को अमल में लाये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने बंगापानी व मदकोट में जैविक मण्डी स्थापित करने, कालाढुंगी को फलमण्ड़ी के रूप में विकसित करने, मंडुवा व चौलाई के लिए अलग-अलग विपणन बोर्ड गठित करने व मण्डी में चौलाई का प्रोसेसिंग प्लान्ट लगाये जाने के भी निर्देश दिए। स्थानीय खाद्यान्नों के उत्पादन को बढ़ावा देने तथा इन्हंें उचित बाजार उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश में दो फूड मेलों के आयोजन के भी निर्देश मुख्यमंत्री ने दिये।
मुख्यमंत्री ने बिना बीज की लीची की प्रजाति विकसित करने, भतरोज खान में फल संरक्षण केन्द्र स्थापित करने, फल उत्पादन के कलस्टर तैयार करने, अखरोट मिशन के तहत अधिक से अधिक पेड़ लगाने, खाली घरों में मशरूम उत्पादन के साथ ही इसके लिए रिसोर्स परसन तैयार करने को कहा। इनके प्रशिक्षण की व्यवस्था हो, उन्होंने मशरूम उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में कार्य कर रही दिव्या रावत को ब्राड एम्बेसडर की जिम्मेदारी देने को कहा। उन्होंने जलवायु परिर्वतन के कारण फलोत्पादन में आ रही गिरावट को दूर करने के लिए जोन मेपिंग के साथ ही कृषि विज्ञान केन्द्रो के साथ इसकी कार्य योजना बनाने को कहा। उन्होंने पशुपोत्पादन को मण्डी से जोडने पर बल दिया। तेज पत्ता, टिमरू, चाय व जड़ी-बूटी के विकास से सम्बंधित योजनाओं को धरातल पर लाने का भी निर्देश मुख्यमंत्री ने दिये है।
पशुपालन एवं दुग्ध विकास की समीक्षा करते हुए उन्होंने गौचर में पशु प्रशिक्षण केन्द्र स्थापित करने के साथ ही दुग्ध उत्पादन के लिए बद्री गाय योजना के क्रियान्वयन पर बल दिया। इस योजना को पर्वतीय क्षेत्रों के नौ जनपदों में विशेष रूप से संचालित किये जाने को कहा। उन्हांेंने दुग्ध संघो को मजबूती प्रदान करने पर बल देते हुए दुग्ध संघ अल्मोड़ा को 25 लाख तथा नवाडगदेरे में चिली प्लांट लगाने, दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में कार्य कर रहे स्वंय सहायता समूहों को प्रोत्साहित करने तथा महिला स्वंय सहायता समूहों को प्रति लीटर 6 रूपये बोनस दिये जाने की योजना के लिए 30 लाख की धनराशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न विभागों से सम्बंधित उनके द्वारा जनहित से जुड़ी जो घोषणाएं की गई हैं उन पर शीघ्र अमल किया जाये ताकि जनता को उनका लाभ मिल सके। बैठक में मुख्य सचिव शत्रुघ्न सिंह, अपर मुख्य सचिव डा. रणवीर सिंह, सचिव अमित नेगी, डी.एस.गर्ब्याल, अपर सचिव डा. रणजीत सिन्हा, जेपी जोशी, आरसी शर्मा निदेशक उद्यान बीएस नेगी व सम्बंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

राज्य के विकास के लिए हमें मिलकर कार्य करना हैः पॉल

102
स्वतंत्रता दिवस की 69वीं वर्षगांठ के पावन अवसर पर उत्तराखण्ड के राज्यपाल डा. कृष्ण कांत पाल ने राजभवन में ध्वजारोहण करके राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे को सलामी दी। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी सहित देश को आजाद कराने वाले सभी स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों के बलिदान को स्मरण कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी।
आजादी के इस महान राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर सभी को बधाई देते हुए राज्यपाल ने कहा कि हमे आजादी के महानायकों का कठिन संघर्ष और बलिदान याद रखते हुए आजादी को कायम रखने के लिए निरन्तर सजग व सकारात्मक सोच के साथ सक्रिय रहना होगा। उन्होंने कहा कि महात्मा गाँधी के स्वच्छ भारत के सपने को पूरा करने के लिए 2 वर्ष से जारी स्वच्छता अभियान को साकार करने के लिए सभी को अपना योगदान देना है। राज्यपाल ने राज्यगठन के आन्दोलनकारियों के संघर्ष व त्याग को याद करते हुए कहा कि राज्यगठन के लिए जिन आन्दोलनकारियों ने कठिन संघर्ष किया उनकी तथा जनभावनाओं के अनुरूप राज्य के विकास के लिए हमें मिलकर कार्य करना है। यह गर्व की बात है कि हमारा राज्य तेजी से प्रगति कर रहा है। जिसकी छवि देश के सबसे स्वच्छ, स्वस्थ, सुन्दर, समृ़द्ध तथा संभावनाओं के अवसरों से भरपूर राज्य के रूप में स्थापित करने के लिए सबकी समान भागीदारी भी जरूरी है। ध्वजारोहण के बाद आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में राज्यपाल द्वारा राजभवन परिसर में जिकोंबायलोबाज् के पौधे का रोपण किया गया जिसकी उम्र लगभग 1000 वर्ष मानी जाती है। ध्वजारोहण कार्यक्रम में पी.ए.सी. के जवानों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज एवं राज्यपाल को सलामी दी गई। इस अवसर पर राज्यपाल के विशेष कार्याधिकारी एवं सचिव श्री अरूण ढौंडियाल, वित्त नियंत्रक के.सी.पाण्डे, परिसहाय डा० योगेन्द्र सिंह रावत, अनुज राठौर सहित राजभवन के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।