खुशी को वात्सलय योजना का लाभ दिलाने का रेखा आर्य ने दिया भरोसा

रुद्रप्रयाग जिले की अपने माता-पिता को खो चुकी 9 वर्षीय मासूम खुशी को अब मंत्री बुआ का साथ मिला है। शनिवार को कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने खुशी से फोन पर वार्ता की और हर संभव मदद का भरोसा दिया। साथ ही यह आश्वासन दिया कि उसकी बुआ हर परिस्थिति में उसके साथ है। इसके अलावा वात्सल्य योजना का लाभ दिलाने की बात भी कही।

बता दें कि रुद्रप्रयाग जिले के जखोली ब्लॉक के कपणियां गाँव की निराश्रित मासूम 9 वर्षीय बालिका खुशी की माता का देहांत दो वर्ष पूर्व हो चुका था। तभी से पिता के कंधों पर माता की भी जिम्मेदारी आ गयी थी। मगर विधाता को कुछ और ही मंजूर था। कुछ दिनों पूर्व इस मासूम बालिका के पिता भी इस दुनिया को अलविदा कहकर चले गए। खुशी के लिए मानो पूरी दुनिया ही उजड़ गयी हो।

यह जानकारी उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य को लगी। उन्होंने तत्काल मौके पर विभागीय अधिकारियों को भेजा और जानकारी जुटाई। इसी क्रम में शनिवार को कैबिनेट मंत्री ने खुशी को दूरभाष के जरिए संपर्क किया। देहरादून अपने निवास स्थान से मंत्री ने बालिका खुशी को फ़ोन लगाया, तो दूसरी ओर रुद्रप्रयाग जिले के कपणियां गाँव से खुशी की आवाज़ आयी। इधर से मंत्री रेखा आर्य ने खुशी का हाल जाना। उन्होंने मासूम बालिका को निराश्रित ना होने का एहसास दिलाया। स्वयं को बुआ के रूप में प्रस्तुत कर मंत्री ने हर समय मदद का आश्वासन दिया। वात्सल्य योजना का लाभ दिलाने के साथ ही अपने व्यक्तिगत नंबर को भी खुशी से शेयर किया। कहा कि प्रदेश सरकार सदैव आपके साथ है, जीवन मे खुद को अकेला न समझना, आपकी बुआ के रूप में रेखा आर्य उसके साथ है।

डिप्लोमा पशु चिकित्सा सेवा संघ के पदाधिकारियों ने 11 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से डिप्लोमा पशु चिकित्सा सेवा संघ के पदाधिकारियों ने मुलाकात की। मौके पर मंत्री के समक्ष पदाधिकारियों ने अपनी 11 सूत्रीय मांगे रखी।
शनिवार को संघ के प्रदेश अध्यक्ष हरि सिंह ने कैबिनेट मंत्री से निदेशालय के संरचनात्मक ढांचे के पुनर्गठन की मांग की। साथ ही वर्ष 2012 से उत्तीर्ण पशुधन प्रसार अधिकारी को डिप्लोमा वितरित करने, डिप्लोमा वेटनरी कॉउंसिल का गठन करने, मृत पशु का मृत्यु प्रमाण पत्र उसी जगह में सम्बंधित अधिकारी द्वारा निर्गत करने, पशु सेवा केंद्र व पशु चिकित्सालय में एक-एक सहायक को नियुक्त करने की मांग की।
साथ ही सभी पशु सेवा केंद्रों का पशु चिकित्सालय द श्रेणी में संविलयन करने, पशुधन प्रसार अधिकारी की सीधी भर्ती लोक सेवा आयोग से करवाने सहित 11 मांगे रखी गयी। इस पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने सभी मांगो को बारीकी से सुना। इस संबंध में सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
इस मौके पर सचिव पशुपालन आर मीनाक्षी सुंदरम, निदेशक डॉ प्रेम कुमार, संयुक्त निदेशक नीरज सिंघल, डिप्लोमा पशु चिकित्सा सेवा संघ के प्रदेश महा सचिव जगमोहन नोटियाल, संघ के सचिव एस पी पैन्यूली, देहरादून जिला के अध्यक्ष रमेश चंद भट्ट आदि मौजूद रहे।