जनपद प्रवास कार्यक्रम के जरिए सीएम से सीधा जुड़ पा रहे हैं आजमन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जनपद प्रवास कार्यक्रम सफल साबित हो रहा है। इस दौरान वह विकास योजनाओं की समीक्षा, लोकार्पण और शिलान्यास करने के साथ ही आम लोगों के साथ सीधा संवाद भी स्थापित कर रहे हैं। युवाओं और मातृशक्ति के साथ जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर परिचर्चा को मुख्यमंत्री खासी तवज्जो दे रहे हैं। अब तक धामी राज्य के 13 में से 6 जिलों में प्रवास कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुछ समय पहले निर्णय लिया था कि वह शुक्रवार और शनिवार को जनपदों के भ्रमण व प्रवास पर रहेंगे। इसी निर्णय के तहत वह अब तक 6 जिलों रुद्रप्रयाग, चम्पावत, नैनीताल, ऊधमसिंहनगर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ का प्रवास कर चुके हैं। प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विकास कार्यों की समीक्षा करने के साथ ही मुख्यमंत्री की घोषणाओं की प्रगति और उन पर हुए अमल की जानकारी भी ले रहे हैं। समीक्षा बैठकों में सीएम धामी लापरवाह और गैरजिम्मेदार अधिकारियों के पेंच कसने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। अधिकारियों को पूरे होमवर्क और रोडमैप के साथ बैठकों में आने के निर्देश दिए गए हैं। उनके सख्त रवैये से जिला स्तर के अधिकारी हलकान हैं। समीक्षा बैठकों के साथ ही मुख्यमंत्री धामी जनता से सीधा संवाद स्थापित कर रहे हैं। सरकारी सिस्टम के फीडबैक के साथ ही स्थानीय समस्याओं की जानकारी भी उन्हें जनता से मिल रही है। सुबह और शाम के पैदल सैर के दौरान वह स्थानीय व्यापारियों, किसानों और महिलाओं से बातचीत कर रहे हैं। रविवार की शाम मुख्यमंत्री सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के प्रवास से लौटे। प्रातः काल वह भ्रमण पर निकले तो उन्होंने नवीन बोरा के प्रतिष्ठान पर गरमा गरम चाय का आनंद लिया और उनका हालचाल जाना। उन्होंने प्रतिदिन की बिक्री समेत परिवार के दूसरे सदस्यों और गुजर बसर की जानकारी भी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने यहां स्थानीय लोगों एवं क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से चाय के साथ चर्चा की। तभी पिकनिक पर जा रहे स्टैफर्ड पब्लिक स्कूल के बच्चों पर नज़र पड़ी तो मुख्यमंत्री स्कूल बस में चढ़कर सभी बच्चों से मिले। उन्होंने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।

पिथौरागढ़ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का गृह जनपद है। उनका पैतृक गांव हरखोला (कनालीछीना ब्लॉक) है जहां उनकी प्राथमिक शिक्षा हुई थी। बचपन के कई साथी भी उनसे मुलाकात करने पिथौरागढ़ पहुंचे। बड़ी आत्मीयता के साथ सीएम धामी ने अपने पुराने साथियों के साथ समय बिताया।

पिथौरागढ़ दौरे पर सीएम, सुबह वॉक के दौरान व्यापारी, चाय वालों, बच्चों से की बात

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बिना लाब लश्कर के सुबह-सुबह अकेले मॉर्निंग वॉक करते हुए तस्वीरें एक बार फिर से चर्चा का विषय बनी हुई हैं। दो दिवसीय पिथौरागढ़ दौड़े पर पहुंचे पुष्कर सिंह धामी रविवार सुबह सुबह मॉर्निंग वॉक पर जा रहे थे तो इस दौरान उन्होंने गेस्ट हाउस से बाहर निकलते ही नवीन बोरा जी के प्रतिष्ठान पर गरमा गरम चाय का आनंद लिया, तभी पिकनिक पर जा रहे स्टैफर्ड पब्लिक स्कूल के बच्चों पर नज़र पड़ी तो उनसे मिलने को मन उत्सुक हो उठा और फिर बस में चढ़कर सभी बच्चों से मिलकर उन्हें उनके उज्ज्वल भविष्य हेतु शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री धामी को देखकर स्थानीय लोग और स्कूली बच्चे चौंक गए। और चौंके भी क्यूँ ना अक्सर अपने मुख्यमंत्री को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच देखने वाली जनता को जब मुख्यसेवक अपने बीच मिल जाए तो हर कोई चौकेंगा।

बहरहाल यह पहला मौका नहीं है जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के किसी भी जनपद भ्रमण के दौरान सुबह-सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान लोगों से बातचीत करते हुए जनता के बीच पहुँचे हों! इससे पहले भी मुख्यमंत्री धामी रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और खटीमा में भी रात्रि विश्राम के दौरान सुबह सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकल स्थानीय लोगों से बातचीत करते हुए देखे गए हैं।

पिथौरागढ़ में बोले सीएम, जनपद में विकास कार्यों की प्रगति में सुधार की जरूरत

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिथौरागढ़ स्थित विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ जनपद में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की तथा सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।

विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में जो भी निर्माण कार्य गतिमान है उनमें तेजी लायी जाए। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से पीएमजीएसवाई एवं एनएच के अधिकारियों को सड़क निर्माण व सड़क चौड़ीकरण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पोर्ट कॉलेज लेलू के निर्माण कार्य में भी तेजी लाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। वहीं जिला कारागार पिथौरागढ़ के निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने पंडित नैन सिंह सर्वेयर पर्वतारोहण ट्रेनिंग सेंटर मुनस्यारी को संबंधित विभाग को हैंड ओवर करने तथा शेष कार्यों का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजने के निर्देश भी संबंधित कार्यदाई संस्था के अधिकारी को दिए। उन्होंने सभी संबंधित कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो निर्माण कार्य पूर्ण हो गए हैं उनके हैंडओवर की कार्रवाई आरम्भ कर दी जाए।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनपद में विकास कार्यों की प्रगति में सुधार की जरूरत है, लिहाजा सभी संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को समझें तथा विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण करें ताकि जनपद की जनता उन विकास योजनाओं का शीघ्र लाभ ले सके। उन्होंने कहा कि कई वर्ष पूर्व शुरू हुए निर्माण कार्य भी अभी तक पूर्ण नहीं हुए हैं जोकि चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि पैसा चाहे राज्य सरकार का हो चाहे केंद्र सरकार का हो, उसका सुनियोजित ढंग से उपयोग सुनिश्चित किया जाए ताकि उस धनराशि का जनता को समय पर लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि देश के माननीय प्रधानमंत्री देश के सीमांत जनपदों के विकास के प्रति गंभीर है, लिहाजा सभी अधिकारी सीमांत जनपद पिथौरागढ़ को एक आदर्श जनपद के रूप में विकसित करें।

इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोहरा,विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल, आयुक्त कुमाऊँ मंडल दीपक रावत, जिलाधिकारी रीना जोशी, एसपी लोकेश्वर सिंह आदि उपस्थित थे।