रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री ने देहरादून में सैन्य धाम का किया भूमि पूजन

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गुनियाल गांव, देहरादून में लगभग 63 करोड़ रूपए की लागत से बने रहे भव्य सैन्य धाम का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर शहीद सम्मान यात्रा का विधिवत समापन भी किया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा सैन्यधाम हेतु प्रदेश के प्रत्येक शहीद परिवार के आंगन से लाई गई पवित्र मिट्टी को कलश में डाला गया। साथ ही वीर शहीदों के परिजनों से मुलाकात कर तथा उन्हें शौर्य सम्मान पत्र प्रदान देकर सम्मानित भी किया गया।

प्रधानमंत्री की परिकल्पना के अनुरूप बनेगा सैन्य धाम
केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शहीदों को नमन करते हुए कहा कि हमारी सांस्कृतिक परम्परा है कि जो देश के लिए अपनी जिंदगी न्यौछावर करते हैं, उनको देवतुल्य माना जाता है। उत्तराखण्ड, देवभूमि, तपोभूमि, वीरता और पराक्रम की भूमि है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों के अनुरूप उत्तराखण्ड में पांचवा धाम सैन्यधाम बन रहा है। सैन्यधाम में शहीद सैनिकों की आंगन की पवित्र मिट्टी लाई गई है। उत्तराखंड सरकार से जो अपेक्षा थी, उसके अनुरूप सैन्य धाम बनाने का कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने इस राज्य को अलग राज्य का दर्जा दिया था।

देश की आन-बान-शान की रक्षा करते हैं वीर सैनिक
केंद्रीय रक्षा मंत्री ने कहा कि हमारे शहीद, देश की आन बान शान की रक्षा हेतु कभी पीछे नहीं हटे। उन्होंने कहा ऐसे लोग जिन्होंने राष्ट्रीय की एकता अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी, उनके आंगन की मिट्टी यहां आना गर्व के पल हैं। जो इस सैन्य धाम में आएगा, वह शहीदों की शौर्य गाथा उनकी प्रेरणा लेकर जाएगा। उन्होंने उत्तराखण्ड को वीरों की भूमि बताते हुए सीडीएस जनरल बिपिन रावत के निधन पर शोक जताया । जनरल बिपिन रावत का इस तरह जाना, भारत के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है।

सैनिकों के हितों की रक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने केदार पुरी के भव्य पुनर्निर्माण का कार्य किया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत को फिर से उसकी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सैनिकों, पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारजनों की समस्याओं के समाधान के लिए केन्द्र सरकार द्वारा हर संभव प्रयास किये गये। रक्षा मंत्री ने कहा कि हमारे पूर्व सैनिकों की जो वन रैंक वन पेंशन की समस्या थी उसका समाधान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने किया। सैनिकों एवं उनके परिवारों की समस्याओं के लिए सरकार द्वारा हर संभव प्रयास किये गये हैं। बैटल कैजुवल्टी को 2 लाख से बढ़ाकर 08 लाख रूपये किया गया है। पूर्व सैनिकों की भी हर समस्या का समाधान करने के लिए सरकार द्वारा लगातार प्रयास किये गये हैं। सैनिकों के सम्मान के लिए जो भी करना होगा, सरकार हमेशा उसके लिए तत्पर है।

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तराखण्ड में सड़क, रेल एवं हवाई कनेक्टिविटी का तेजी से विस्तार हुआ है। धारचूला- लिपुलेख-मानसरोवर जाने का रास्ता बन गया है। सांस्कृतिक दृष्टि से यह रास्ता बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा भारत और नेपाल के बीच रोटी और बेटी का अटूट रिश्ता है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प के अनुसार भारत रक्षा से जुड़े क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बनता जा रहा है। आज हमारी सेना हर मोर्चे पर पूरी क्षमता के साथ खड़ी है। भारत विश्व के रूप में मजबूत और ताकतवर भारत के रूप में उभर रहा है।

सीएम पुष्कर सिंह धामी धाकड़ बल्लेबाज के साथ तेज तर्रार गेंदबाज भी
केंद्रीय रक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी न केवल धाकड़ बल्लेबाज हैं बल्कि तेज तर्रार गेंदबाज भी हैं। विकास के क्षेत्र में ऑलराउंडर हैं। बड़े पैमाने पर विकास के कार्य हुए हैं। उनके नेतृत्व में 2024 में उत्तराखण्ड हर क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनेगा।

ग्रुप कैप्टन वरूण सिंह के निधन पर दो मिनट का मौन रखा गया
ग्रुप कैप्टन वरूण सिंह के निधन की जानकारी मिलने पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में ग्रुप कैप्टन वरूण सिंह के सम्मान में दो मिनट का मौन भी रखा गया।

शहीदों के आंगन की पवित्र मिट्टी सैन्य धाम के लिए लाई गई
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनरल बिपिन रावत का स्मरण करते हुए कहा कि वे अपनी अंतिम सांस तक देश के लिये समर्पित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका बिपिन रावत के साथ अपने पिता की रेजीमेंट महार रेजीमेंट जाने का कार्यक्रम था। जनरल रावत के उत्तराखण्ड को लेकर कुछ सपने थे, जिन्हें राज्य सरकार पूरा करने के लिये तत्पर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में देश की सेना का मान बढा है। दुश्मनों को जवाब देने के लिये वीर सैनिकों को पूरी छूट दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरे मनोयोग से सैन्य धाम का निर्माण कर रही है। 1734 शहीदों के घरों से पवित्र मिट्टी लाई गई है। भव्य सैन्य धाम युवाओं को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करेगा। सैन्य भूमि उत्तराखण्ड ने एक से एक वीर सैनिक देश को दिये हैं जो कि देश की आन बान शान के लिये जीवन समर्पित कर रहे हैं। वीर सैनिकों का सम्मान हमारे लिये सबसे बढ़कर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनिक पुत्र होने के कारण वे सैनिक परिवारों के दुख दर्द को भली भांति जानते हैं। हमारी सरकार सैनिकों को हर पल स्मरण में रखेगी। अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए कृतसंकल्प है।

रक्षा उपकरणों में आत्मनिर्भर बन रहा भारत
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री की भावना के अनुरूप उत्तराखण्ड में भव्य सैन्य धाम बनाया जाएगा। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत रक्षा उपकरणों के निर्माण में आत्मनिर्भर बना है। पहले भारत रक्षा उपकरणों का आयात करता था, आज भारत से रक्षा उपकरणों का निर्यात भी किया जाने लगा है।
सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि देश की सेना में हर पांचवा सैनिक उत्तराखण्ड से होता है। 63 करोड़ रुपए की लागत से भव्य सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है। 15 नवम्बर से 15 दिसम्बर तक एक माह तक शहीद सम्मान यात्रा का आयोजन किया गया। प्रदेश में 1734 शहीदों के घरों से पवित्र मिट्टी एकत्र की गई। इस पवित्र मिट्टी का उपयोग सैन्य धाम में किया जाएगा। हम किसी शहीद को वापिस नहीं ला सकते, परंतु शहीदों का सम्मान और उनके परिवार की देखभाल करना हमारा परम दायित्व है। राज्य सरकार इस दायित्व को पूरी निष्ठा से निभा रही है। राज्य सरकार शहीद सैनिकों के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी में समायोजित कर रही है। सैन्य सम्मान राशि में कई गुना वृद्धि की है। प्रधानमंत्री ने सैनिकों की वन रैंक वन पेंशन की बङी मांग को पूरा किया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष भाजपा मदन कौशिक, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, विधायक मुन्ना सिंह चौहान, विनोद चमोली, सहदेव पुण्डीर, प्रदीप बत्रा, खजानदास, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान, मेयर सुनील उनियाल गामा उपस्थित रहे।

नरेन्द्रनगर विधानसभा में 20.50 करोड रूपए की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

नरेंद्रनगर विधानसभा के जाजल क्षेत्र में आयोजित समारोह में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने पांच करोड़ रूपए से अधिक लागत की योजनाओं का लोकार्पण एवं करीब साढे पंद्रह करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास कर जनता को समर्पित किया।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने समारोह में विशाल जन समूह की उपस्थिति पर आभार व्यक्त किया। कहा कि वर्तमान में नरेंद्रनगर विस क्षेत्र में सर्वाधिक शिक्षण संस्थान, विद्युत सब स्टेशन एवं सड़कें हैं, जो कि क्षेत्रवासियों के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि विस में राजकीय महाविद्यालय खाड़ी समेत चार महाविद्यालय हो गये हैं, उच्च शिक्षा हेतु विद्यार्थियों को अब दूर नहीं जाना होगा। बताया कि कि पहले विस क्षेत्र में विद्युत खराबी की बड़ी समस्या बनी रहती थी, मगर उनके कार्यकाल के दौरान यहां विस में कई विद्युत सब स्टेशन स्थापित किये गये हैं, इसी क्रम में खाड़ी विद्युत सब स्टेशन जनता को समर्पित किया गया है। साथ ही खाड़ी के अस्पताल को 100 बेड का किया गया है, इसमें 6 आईसीयू बेड बनाये गये हैं एवं एक एम्बुलेंस आज इस अस्पताल को दी दी गई है। उन्होने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश के विकास के लिए लगातार प्रयासरत है। कोविड काल जैसी आपदा के दौरान भी भाजपा सरकार ने संवेदनशीलता और गम्भीरता से कार्य किया है। सरकार की ओर से गरीब परिवारों को पर्याप्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। कोविड काल में अनाथ हुए बच्चों के सहारे का इंतजाम सरकार कर रही है। खेती पर जोर देते हुए कहा कि पहाड़ तभी बचेगा जब लोग खेती को अपनायेगें। उन्होंने एक जिला एक उत्पाद के तहत अदरक की खेती के लिए विस क्षेत्र के लोगों को प्रोत्साहित किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने राजकीय महाविद्यालय खाड़ी को फर्नीचर हेतु पांच लाख रूपए की धनराशि देने की घोषणा की।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख नरेन्द्रनगर राजेन्द्र भण्डारी, चौयरमेन नगर पालिका मुनिकीरेती रोशन रतूड़ी, चेयरमैन नगर पंचायत मीना खाती, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व अन्य लोग उपस्थित थे!

इस योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
लोकार्पण-

33/11 केवी विद्युत उपसंस्थान खाड़ी, राइका पावकी देवी में राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के अन्तर्गत निर्मित कम्प्यूटर कक्ष, लाइब्रेरी कक्ष, आर्ट एवं क्राफ्ट कक्ष, प्रयोगशाला कक्ष व शौचालय एवं होम्योपैथिक अस्पताल औडाडा।

शिलान्यास-
गंगसार गांव मोटर मार्ग का डामरीकरण, बेरनी आमसारी मोटर मार्ग का सुधारीकरण एवं डामरीकरण, कोट बेण्ड से टिपली मोटर मार्ग का सुधारीकरण एवं डामरीकरण, विडोन से थान मोटर मार्ग का सुधारीकरण एवं डामरीकरण, जाजल शिवपुरी मोटरमार्ग के अवशेष भाग का निर्माण, अटाली तल्ली मल्ली मोटर मार्ग का डामरी करण का, डाबर खाल कुण्डा मोटर मार्ग से चिडयाली आमपाटा तक मोटरमार्ग का विस्तार, विडोन खांकर मोटर मार्ग से जौरासी तक नव निर्माण, अमसारी हाडीसेरा मोटर मार्ग का नव निर्माण, खांकर से सुनारकोट तक मोटर मार्ग का सुधारीकरण एवं डामरी करण, सम्पर्क मार्ग ग्राम पंचायत बेरनी से मुख्य मार्ग हिंत चिडिगा तक,रोन्देली से कोरदी के मध्य, ग्राम पंचायत कुड़ी से छातका नामे तोक तक, आमपाटा अडानी पाली, तिमलवाडी, गैण्डी से मलवाडी तोक, अटाली तल्ली, कोडारना के अन्तर्गत मुख्य मार्ग से गैर तक सड़क का निर्माण, ग्राम सभा ताछला में सड़क निर्माण, ग्राम सल्डोगी से बैडधार तक सड़क निर्माण, ग्राम दियूली खर्की सम्पर्क मार्ग का निर्माण, ग्रामसभा पिल्डी के अन्तर्गत डांडा बाजखाल तक सड़क निर्माण एवं ग्राम पंचायत आगर के अन्तर्गत उखड़ी नामक तोक से आगराखाल तक सड़क का निर्माण कार्य।

सीएम घोषणाओं को पूरा करने के लिए वित्तीय स्वीकृति दी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा क्षेत्र सहसपुर के अन्तर्गत मुख्यमंत्री घोषणा के क्रम में विभिन्न कार्याे हेतु वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा क्षेत्र सहसपुर के अन्तर्गत बलूनीवाला फीडर के मरम्मत की योजना हेतु 19.44 लाख रूपये, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी नहर के हैड के सुदृढ़ीकरण की योजना हेतु 20.44 लाख रूपये, कोटड़ा सन्तोर नहर के हैड का सुरक्षात्मक कार्य हेतु 19.78 लाख रूपये, जामुनवाला नहर के जीर्णाेद्धार हेतु 19.34 लाख रूपये, कण्डोली बिधौली नहर के कि.मी. 0.800 से 0.900 के मध्य एक्वाडक्ट के सुदृढ़ीकरण हेतु 19.93 लाख रूपये, ग्राम पंचायत डूंगा नहर के कुलावा नं. 02 के मरम्मत हेतु 17.47 लाख रूपये, ग्राम पंचायत भगवानपुर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी नहर की ग्राम राजावाला फीडर के जीर्णाेद्धार हेतु 22.94 लाख रूपये, धूमनगर नहर के कुलावा नं. 09 के मरम्मत हेतु 24.90 लाख रूपये के साथ ही कोलागढ़ नहर के अन्तर्गत मोहनपुर स्मिथनगर आदि क्षेत्रों की निकासी योजना हेतु 19.85 लाख रूपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री घोषणा के क्रम में चकरपुर वन चेतना मैदान में खेल स्टेडियम के निर्माण हेतु 16 करोड़ 16 लाख रूपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग

बाल बाल बचे डा. धनसिंह रावत, पाले के कारण कार पलटी

उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत मंगलवार को हादसे में बाल बाल बचे। पौड़ी से देहरादून लौट रहे मंत्री का वाहन थलीसैंण में पाले के चलते बीच सड़क पर पलट गया। बताया जा रहा कि मंत्री को हल्‍की चोट आई हैं।
कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत मंगलवार को थलीसैंण से विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद शाम को देहरादून को लौट रहे थे। इस दौरान चोरिखाल के समीप उनका वाहन सड़क में जमे पाले में रपटकर सड़क पर ही पलट गया। मंत्री को हल्की चोट आई हैं। मंत्री के साथ जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन नरेंद्र रावत, मातवर सिंह भी मौजूद थे, सभी ठीक हैं। पौड़ी के जिलाधिकारी डा. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि वाहन सड़क में पलट गया था, हल्की चोट है। थैलीसैण से पुलिस टीम को भी भेज दिया गया था, अभी सभी भरसार यूनिवर्सिटी के गेस्ट हाउस में हैं।

मुख्यमंत्री परिषद में पीएम मोदी को धामी ने दिलाया विश्वास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित सुशासन सम्मेलन (मुख्यमंत्री परिषद) में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर राज्य की ओर से बेस्ट प्रैक्टिस के तहत उत्तराखण्ड होम स्टे पर प्रस्तुतीकरण दिया गया। प्रस्तुतीकरण के दौरान जानकारी दी गई कि राज्य में स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने, नये पर्यटन स्थलों को विकसित करने, पर्यटकों को राज्य की संस्कृति से परिचित कराने एवं पलायन को रोकने के उद्देश्य से राज्य में होम स्टे पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। होम स्टे के तहत राज्य में दीन दयाल उपाध्याय होम स्टे योजना, ट्रेकिंग ट्रेक्सन सेंटर होम स्टे अनुदान योजना चलाई जा रही है। दीन दयाल उपाध्याय होम स्टे योजना के तहत होमस्टे का पंजीकरण कराना अनिवार्य है। लाभार्थी को 15 लाख रूपये तक पूंजी सहायता एवं ब्याज सहायता 1.50 लाख तक दी गई है। 5 वर्षों हेतु राज्य जीएसटी की 100 प्रतिशत प्रतिपूर्ति की व्यवस्था की गई है।
राज्य में 3700 से अधिक होम स्टे पंजीकृत हैं। 14.53 करोड़ की पूंजी सहायता वितरित की जा चुकी है। इस योजना से 8 हजार से अधिक रोजगार का सृजन हुआ है। राज्य सरकार द्वारा होम स्टे संचालकों को गांवों में पर्यटन के बुनियादी ढ़ाचे के विकास, निजी वेब-साईट पर होम स्टे विज्ञापित करने, सरकारी वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन प्रचार, निःशुल्क प्रशिक्षण, ट्रैवल मार्ट में निःशुल्क भागीदारी एवं गुणवत्ता निर्धारण हेतु सरकार द्वारा ग्रेडिंग की सुविधाएं दी जा रही हैं।
राज्य में सीमान्त क्षेत्रों से पलायन रोकने एवं एवं पर्वतारोहण की गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाई जा रही ट्रेकिंग ट्रेक्सन सेंटर होम स्टे अनुदान योजना हेतु वित्तीय अनुदान की व्यवस्था है। इस योजना के तहत अक्टूबर 2021 तक 120 लाभार्थियों को 3.20 करोड़ का अनुदान स्वीकृत किया जा चुका है।
सुशासन सम्मेलन के दौरान उत्तराखण्ड की ओर से अटल आयुष्मान योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), पी.एम.स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि योजना एवं स्वामित्व योजना पर भी प्रस्तुतीकरण दिया गया।
प्रस्तुतीकरण के दौरान जानकारी दी गई कि अटल आयुष्मान योजना के तहत राज्य में 45.22 लाख आयुष्मान कार्ड निर्गत किये जा चुके हैं। कार्डों का वितरण निःशुल्क किया जा रहा है। चिकित्सालयों को एक सप्ताह के अन्दर भुगतान किया जा रहा है। शिकायतों के निवारण हेतु 155368 टोल फ्री कॉल सेंटर की सुविधा एवं पर्वतीय अंचल के चिकित्सालयों हेतु पैकेज दरों के अतिरिक्त 10 प्रतिशत प्रोत्साहन धनराशि का भुगतान किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत भारत सरकार से प्राप्त लक्ष्य के तहत फेज-1 में 12662 लाभार्थियों को चयनित किया गया जिसके सापेक्ष 12427 आवास पूर्ण हो चुके हैं। फेज-2 में भारत सरकार से 16472 आवास बनाने का लक्ष्य मिला है, जिस पर कार्यवाही गतिमान है। इस योजना के तहत राज्य सरकार द्वारा लाभार्थियों को बर्तन खरीद हेतु प्रति लाभार्थी 5 हजार रूपये की अतिरिक्त सहायता दी जा रही है। सभी पात्र भूमिहीन परिवारों को राज्य सरकार द्वारा भूमि पट्टा आवंटित किया जा रहा है। आवासीय कालोनियों के विकास के लिए बिजली, पानी, सड़क, नाली की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) में बी.एल.सी. के तहत 3802, सी.एल.एस.एस के तहत 13287 एवं ए.एच.पी के तहत 464 आवासों की कार्यवाही पूर्ण हो चुकी है। डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों को धनराशि का वितरण किया जा रहा है। आवासों की जियो टैगिंग की जा रही है। राज्य सरकार द्वारा बी.एल.सी. के तहत 50 हजार रूपये एवं ए.एच.पी के तहत 1 लाख रूपये का अतिरिक्त अनुदान दिया जा रहा है। निशुल्क भू-उपयोग परिवर्तन की व्यवस्था की गई है। पीएमएवाई के लाभार्थियों हेतु 50 वर्ग मीटर नजूल भूमि के निःशुल्क आवंटन की व्यवस्था की गई है।
पी.एम. स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि योजना के तहत 11543 स्वीकृत आवेदनों में से 10101 लाभार्थी लाभान्वित हो चुके हैं। इस योजना के तहत राज्य सरकार द्वारा लाभार्थियों को 02 प्रतिशत अतिरिक्त ब्याज अनुदान दिया जा रहा है एवं स्टाम्प ड्यूटी में छूट दी जा रही है।
स्वामित्व योजना के तहत राज्य में 2409 ग्रामों के 102291 अभिलेख तैयार किये गये हैं। जिसमें से 98236 अभिलेख वितरित किये गये हैं। इस योजना के तहत चार जनपदों पौड़ी गढ़वाल, ऊधमसिंहनगर, हरिद्वार एवं देहरादून में सर्वेक्षण कार्य पूर्ण हो चुका है, शेष जनपदों में सर्वेक्षण कार्य की प्रक्रिया गतिमान है।

धामी ने घर पहुंचकर हरबंश कपूर को श्रद्धांजली दी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैंट देहरादून के वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हरबंस कपूर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने हरबंस कपूर के आवास पर जाकर उनको भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को ढाढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरबंस कपूर राजनैतिक मूल्यों को आत्मसात करते हुए अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा मुखर रहे। लगातार 8 बार विधानसभा का चुनाव जीतना उनकी लोकप्रियता को साबित करता है। मुख्यमंत्री ने उनके परिजनों, समर्थकों और शुभचिंतकों को इस दुःख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की है।

आर्थिक रुप से कमजोर लोगों की मदद को आगे आना चाहिए-सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रूद्रपुर में लघु उद्योग व्यापार मण्डल एवं सर्वसमाज कल्याण समिति द्वारा फुटबॉल मैदान ट्रांजिट कैम्प में आयोजित 5वें सामूहिक विवाह कार्यक्रम में पहुंचकर सभी वर-वधु को आशीर्वाद दिया।
मुख्यमंत्री ने 24 दम्पतियों को बधाई देते हुए कहा कि सबसे बड़ा दान कन्या दान है, विश्व में कन्यादान से बड़ा कोई दान नहीं। उन्होंने सभी नव दंपत्तियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि परिवार में सभी आपसी स्नेह एवं प्रेम से रहें, सभी का जीवन सुखमय एवं समृद्ध हो। उन्होंने कहा कि यह सामूहिक विवाह कार्यक्रम नहीं बल्कि उत्सव है। मुख्यमंत्री ने समिति द्वारा कराये जा रहे इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि एक समय था जब गरीब की बेटी की शादी के खर्च से रिश्तेदार भी घबराते थे, लेकिन आज समाज के बुद्धिजीवियों एवं समितियों के ऐसे सहयोग एवं सहभागिता से गरीब एवं निःसहाय बेटियों की शादी आसानी से होने के साथ ही लिंगानुपात में भी सुधार आएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बांग्लादेश से मजबूरी के कारण भारत आये और यहॉ के परिवेश में घुल मिलने के साथ ही एक साथ कदम-ताल की, उनके प्रमाण पत्र में लिखा जाने वाला पूर्वी पाकिस्तान शब्द अपमानजनक महसूस करता था, जिसे हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि वे श्यामा प्रसाद मुखर्जी को मूल्य-आदर्शों पर चलते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में बंगाल के प्रबुद्धजनों का बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्य सेवक के रूप में पिछले पांच माह से एक-एक पल व क्षण राज्य एवं राज्य की 1.25 करोड़ जनता के लिए समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि मजबूरी के कारण नजूल भूमि पर बसे व्यक्तियों को मालिकाना हक दिलाने की लम्बे समय से मांग रही है, जिसका समाधान करते हुए नजूल भूमि पर काबिज लोगों को मालिकाना हक दिया है।
उन्होंने कहा कि हमारा देश विश्व-बन्धुत्व की भावना वाला देश है। उदार चरित्र वाले व्यक्तियों के लिए पूरी दुनिया अपनी होती है। देश प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश में 120 करोड़ लोगां को निःशुल्क वैक्सीन लग चुकी है। उन्होंने कहा कि निःशुल्क वैक्सीन लगवाने में सरकार 600 रूपये वहन करती है। उन्होंने कहा कि समिति द्वारा दिये गये मांग पत्र पर परीक्षण कराते हुए हर संभव कार्य किया जायेगा।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत, विधायक राजकुमार ठुकराल, जिलाध्यक्ष शिव अरोरा, जिलाधिकारी युगल किशोर पन्त, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दलीप सिंह कुंवर, मुख्य विकास अधिकारी आशीष भटगाई, अपर जिलाधिकारी ललित नारायण मिश्र, उप जिलाधिकारी प्रत्यूष सिंह, कौस्तुभ मिश्रा, संजय ठुकराल, समिति के अध्यक्ष संजीव गुप्ता, सचिव मनोज गुप्ता, संरक्षक उत्तम दत्ता, शिवानन्द महाराज उर्फ दूधिया बाबा आदि मौजूद रहे।

सरकार प्रचार रथ से आम जन तक योजनाओं की जानकारी दे रही-सीएम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने रविवार को ऊंचा पुल रामलीला मैदान से कुमाऊं क्षेत्र में सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं एवं नीतियों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विकास एवं जन सुझाव रथ-एलईडी वाहनों को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कुमाऊं के 29 विधानसभा क्षेत्रों में 29 विकास एंव जनसुझाव रथों के एलईडी द्वारा फिल्मों के माध्यम से प्रचार किया जाएगा। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रचार साहित्य के माध्यम से आम जन तक योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। सरकार की योजनाओं का यह प्रचार अभियान पूरे दिसंबर माह चलाया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जनहित में अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति पर खड़े लोगों तक पहुंचे और वे इन योजनाओं का पूरा लाभ ले सकें, इसके लिए व्यापक स्तर पर प्रचार एवं प्रसार किया जा रहा है। समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। जन समस्याओं का समाधान सरकार की पहली प्राथमिकता है। सरकार जनता के साथ साझीदार के रूप में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में प्रदेश व देश गौरवशाली, स्वाभिमानी, सशक्त बना है। उन्होने कहा भारत सरकार ने प्रदेश में विकास हेतु 1 लाख करोड धनराशि की स्वीकृति दी है। प्रधानमंत्री शीघ्र कुमाऊॅ क्षे़त्र में आ रहे हैं व बड़ी विकास की सौगात दे कर जायेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दिन-रात कार्य करते हुए वित्तीय प्रबन्धन के साथ विकास कार्याे को धरातल में उतार रही है। उन्होने कहा युवा प्रदेश को 25 वर्ष होने पर भारत का नम्बर एक प्रदेश बनाने हेतु रोड मैप तैयार किया जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि युवा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चौमुखी विकास हुआ है वहीं नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
प्रदेश अध्यक्ष भाजपा मदन कौशिक ने सम्बोधित करते हुए कहा कि कुमाऊं की विधानसभा हेतु 29 विकास एंव जन सुझाव एलईडी रथ रविवार को रामलीला मैदान से भेजे जा रहे है जबकि 41 रथ गढवाल क्षेत्र हेतु 16 दिसम्बर को देहरादून से भेजे जायेंगे। उन्होंने कहा इन रथों के माध्यम से विकास कार्यों एवं लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी क्षेत्र के अंतिम छोर तक पहुंचाई जायेगी वहीं रथों के माध्यम से जनता के सुझाव भी लिये जायेंगे ताकि जनता के सुझावों के आधार पर आगे की योजनाएं बनाई जायेगी। उन्होने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमने प्रदेश व देश को आगे बढाया है साथ ही पूरे विश्व में देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार जो कहती है वही करती है, सरकार द्वारा प्रदेश में विगत 5 वर्षाे में विकास कार्याे के कीर्तिमान स्थापित किये हैं साथ ही सैनिकों का सम्मान बढ़ाया है।
इस अवसर जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया, उपाध्यक्ष आनन्द दरम्वाल, जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, प्रदीप जौनोटी, प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट, महापौर डॉ. जोगेन्द्र पाल सिंह रौतेला, जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल, एसएसपी प्रीति प्रियदर्शनी सहित अनेक गणमान्य व अधिकारी मौजूद रहे।

लैंसडाउन क्षेत्र में 90 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को जनपद पौड़ी के अंतर्गत लैंसडाउन क्षेत्र के महाविद्यालय पटोटिया नैनीडांडा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए क्षेत्र वासियों को विभिन्न विकास परक योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने करीब 90 करोड़ की लागत के 15 योजनाओं का शिलान्यास तथा 2 योजनाओं का लोकार्पण एवं कई विकास योजनाओं की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने विधान सभा लैंसडाउन के अंतर्गत विद्युत वितरण उपखंड कार्यालय रिखणीखाल लागत राशि 40.06 लाख, विद्युत वितरण उपखंड कार्यालय नैनीडांडा लागत 21.10 लाख की योजना का लोकार्पण तथा केंद्रीय सड़क अवसरंचना के अंतर्गत पौड़ी गढ़वाल के विकासखण्ड रिखणीखाल में स्व. जगमोहन सिंह मोटर मार्ग (एनएच 9) का सुधारीकरण का कार्य लागत 2019.57 लाख, केंद्रीय अवसंरचना के अंतर्गत मरचोला सुरईखेत बैंजरों पोखड़ा सतपुली पौड़ी राजमार्ग 32 के सुधारीकरण कार्य लागत 1194.30 लाख, विकासखंड नैनीडांडा हल्दुखाल मोटर मार्ग के स्थान काली नदी (कांडी) से राजकीय उत्तर माध्यमिक विद्यालय तथा प्राथमिक विद्यालय चमाडा तक मोटर मार्ग का नव निर्माण कार्य (द्वितीय चरण स्टेज-1) लागत रुपए 64.03 लाख, विकास खंड नैनीडाडा के अंतर्गत राष्ट्रीय मार्ग संख्या 121 स्थित ढाकरीखाल तोक से कसोना विचला होते हुए चौकीखाल तक सड़क का निर्माण कार्य द्वितीय चरण स्टेज 1 लागत रुपए 34.56 लाख, केंद्रीय अवसंरचना निधि के अंतर्गत घुमाकोट पिपली मोटर मार्ग में डिफेक्ट केटिंग, रिटेनिंग वाल, स्कपर, सुधारीकरण कार्य लागत 197.89 लाख, रिखणीखाल में रेवा रिखणीखाल ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना लागत रुपए 2791.98 लाख, चेवाड़ा ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना लागत 910.50 लाख, नैनीडांडा की आदलीखाल ग्राम समूह पंपिंग पेयजल योजना लागत रुपए 814.26 लाख, रिखणीखाल कोटरीसैंण पेयजल योजना लागत रुपए 132.21 लाख, जयहरीखाल के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज सिद्धपुर का प्रयोगशाला का निर्माण कार्य लागत 91.66 लाख, जयहरीखाल के अंतर्गत राजकीय इन्टर कालेज सिद्धपुर का 3 कक्ष-कक्षा निर्माण 42.18 लाख, रिखणीखाल के अंतर्गत राजकीय इण्टर कॉलेज सिद्धखाल का भवन निर्माण लागत 180.38 लाख, विकासखण्ड रिखणीखाल के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज बड़खेत का 4 कक्षा-कक्ष निर्माण लागत 77.94 लाख, राजकीय इंटर कॉलेज धुमाकोट में सभागार का निर्माण कार्य लागत रुपए 196.86 लाख एवं विकासखंड रिखणीखाल मिनी स्टेडियम का निर्माण कार्य लागत रूपए 97.31 लाख का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कोटा पिंजोली मोटर मार्ग का डामरीकरण, पाणीसैण मोटर मार्ग व डामरीकरण, जडाऊखांद से मजेडा बैंड मोटर मार्ग का डामरीकरण, खाल्यूंडांडा से अपोला सड़क का डामरीकरण, नैनीडांडा मिनी स्टेडियम का विस्तारीकरण, पर्यटन आवास गृह नैनीडांडा, महेली से थवाडा सड़क निर्माण, द्वारीभोंन सड़क का डामरीकरण, डोलियाखाल स्यालखम्भ-चमाड़ा मोटर मार्ग विस्तारीकरण, हल्दुखाल कमन्दा मोटर मार्ग का डामरीकरण, 3 एनएम सेन्टर सारी जयहरीखाल ब्लॉक, बिरखेत चौवाड़ा नैनीडांडा ब्लॉक, तोलियों डांडा रिखणीखाल ब्लॉक आदि की घोषणा की। जबकि कारगिल बीर सैनिक के नाम बसडा बूंगा के नाम कारगिल शहीद वीर सैनिक भरत सिंह नेगी के नाम पर रखने की घोषणा की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा 5 महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरण एवं 10 स्वयं सहायता समूह को चेक वितरण किया गया। साथ ही उन्होंने महाविद्यालय स्थित मंदिर परिसर में माथा टेका।
आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ताड़केश्वर महादेव की इस पावन भूमि को प्रणाम करता हूं। उन्होंने कहा देवताओं की कृपा हम सभी पर हमेशा बनी रहे। उन्होंने कहा यह अमर शहीद जनरल बिपिन रावत की भूमि है। सीडीएस जनरल बिपिन रावत का निधन, देश के साथ ही उत्तराखंड के लिए बड़ी क्षति है उन्होंने कहा हमने एक जनरल से ज्यादा एक अभिभावक को खोया है जो उत्तराखंड के विकास हेतु हमेशा आगे रहते थे। उन्होंने कहा उत्तराखंड का विकास जनरल बिपिन रावत के सपनों के अनुसार हो इस पर हम कार्य करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा मेरे मुख्य सेवक की भूमिका में आने के बाद हमारी सरकार ने बीते 5 महीने में 500 से अधिक फैसले लिए हैं उन्होंने कहा आज हुए विभिन्न योजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास इस क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम जनता जनार्दन के आशीर्वाद से हर विकास कार्यों को संपन्न करेंगे। पौड़ी गढ़वाल के प्रत्येक गांव में मूल भूत सुविधाएं पहुंचे इस पर सरकार लगातार कार्य कर रही है। ग्रामोउदय से उत्तराखंड उदय की ओर बढ़ रहें हैं। उन्होंने कहा समाज की अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति का विकास हो, उस तक हर योजनाओं का लाभ पहुँचे इस पर हमारी सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड मातृशक्ति और युवाओं का प्रदेश है, इनके सहयोग से ही राज्य का विकास संभव है। उन्होंने कहा कि विकल्प रहित संकल्प की अवधारणा के मूल मंत्र पर राज्य में विकास को गति दे रहे है।
उन्होने कहा हमारी सरकार ने लंबे समय से चली आ रही मांगों को देखते हुए पी.आर.डी जवानों, उपनल कर्मियों, ग्राम प्रधानों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, भोजन माताओं का मानदेय बढ़ाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए राज्य में नई खेल नीति लाई गई है।उन्होंने कहा हमारी सरकार युवाओं को रोजगार देने पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा विभिन्न विभागों में रिक्त चल रहे 24000 पदों पर भर्ती एवं युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए युवाओं हेतु प्रत्येक जिले में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत ऋण वितरित किए जा रहे है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरी दुनिया को संदेश दिया कि तीसरा दशक उत्तराखण्ड का होगा। उन्होंने कहा राज्य जब 25 वॉ स्थापना दिवस मना रहा होगा, तब राज्य सभी क्षेत्रों में देश का अग्रणीय एवं आदर्श राज्य होगा। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 21वी सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा, जो पर्यटन स्वास्थ्य शिक्षा रोजगार कृषि जैसे विभिन्न क्षेत्रों में नंबर वन बनेगा। उन्होंने कहा बोधिसत्व विचार श्रृंखला के माध्यम से सरकार विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर चुके अनुभवी लोगों से सुझाव ले रही है। उन्होंने कहा हमारी सरकार हर समय जनता की सेवा में समर्पित है।उन्होंने कहा हमारा प्रण है कि जितना भी समय हमारे पास है उसका प्रत्येक पल और क्षण हम उत्तराखण्ड की जनता की सेवा में समर्पित करें।
कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत ने सरकार की विकास कार्याे की बारे में जानकारी देते मुख्यमंत्री के कार्य शैली की प्रशंसा की।
विधायक महंत दिलीप रावत ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के यहां आने से क्षेत्र की समस्याओं का निराकरण होगा उन्होंने कहा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड का चौमुखी विकास हो रहा है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री द्वारा इस क्षेत्र में 90 करोड़ की योजनाओं के शुभारंभ से क्षेत्र में विकास की नई उम्मीद जगाई है।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख नैनीडांडा प्रशांत कुमार, जिलाधिकारी डॉ विजय कुमार जोगदंडे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पी रेणुका देवी, सी डी ओ प्रशांत आर्य एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाये जाने के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में विभिन्न केन्द्र पोषित योजनाओं की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने जिन योजनाओं की समीक्षा की उनमें अटल आयुष्मान योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, प्रधानमंत्री आवास योजना, शहरी, पी.एम. स्ट्रीट वेन्डर आत्मनिर्भर योजना, स्वामित्व योजना प्रमुख हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा होम स्टे योजना, ट्रेकिंग ट्रेक्शन सेन्टरों की स्थापना एवं एस.डी.आर.एफ. आदि के कार्य योजनाओं की भी समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में तेजी लाये जाने पर बल देते हुए निर्देश दिये कि अधिक से अधिक लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुॅचे इसके लिए कारगर एवं समेकित प्रयास किये जाय।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव आनन्द वर्द्धन, अपर प्रमुख सचिव अभिनव कुमार, सचिव शैलेश बगोली, दिलीप जावलकर, रविनाथ रमन, चन्द्रेश कुमार, अपर सचिव अरूणेन्द्र सिंह चौहान के साथ ही अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।