मुख्यमंत्री ने घनसाली में किया 41.21 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद टिहरी के घनसाली में 41.21 करोड़ की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया, जिसमें 13.43 करोड़ रूपए की 03 योजनाओं का लोकार्पण एवं 27.78 करोड़ रूपए की 05 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, पिलखी को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के रूप में उच्चीकरण किये जाने का भी शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अस्पताल हेतु भूमि दान करने वाले कृष्णा गैरोला एवं उनके परिवार को भी सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन योजनाओं का शिलान्यास हो चुका है उनका कार्य रुकना नहीं चाहिए और उनका शीघ्र लोकार्पण भी सुनिश्चित किया जाएगा। प्रदेश सरकार पहाड़ों में सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि इच्छाशक्ति हो तो संसाधनों की कमी भी दूर की जा सकती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से प्रत्येक परिवार को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है तथा डीबीटी के माध्यम से योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पारदर्शिता के साथ पहुंच रहा है। नंदा गौरा योजना के तहत बेटियों को 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। प्रदेश में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है और शीघ्र की घनसाली क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं व्यवस्थित की जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय इंद्रमणी बडोनी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए क्षेत्र की प्रमुख मांगों पर प्राथमिकता से कार्य किये जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक हजारों युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया गया है और अवैध अतिक्रमण हटाकर सरकारी भूमि कब्जा मुक्त कराई गई है। मुख्यमंत्री ने पिलखी बेलेश्वर क्षेत्र में उप-चिकित्सालय स्थापित करने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने सभी को होली की अग्रिम बधाई देते हुए कहा कि उन्हें सौंपें गये ज्ञापन में शामिल योजनाओं को भी मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल किया जाएगा।

इस अवसर पर विधायक घनसाली शक्तिलाल शाह ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए घनसाली को 30 बेड अस्पताल, तीनगढ़ में पुनर्वास, बालगंगा पुल हेतु धनराशि स्वीकृति, विद्यालय भवन निर्माण एवं बिजलीघर शिलान्यास जैसे कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने क्षेत्र की 37 सूत्रीय मांगें भी रखीं, जिनमें अखोडी का उच्चीकरण, थाती भटवाड़ा में बाढ़ सुरक्षा कार्य, धमातोली हाईस्कूल का इंटर कॉलेज में उच्चीकरण, ब्लॉक मुख्यालय में मिनी स्टेडियम, कोठार-सौड़ सड़क निर्माण तथा गेंवली बुद्धकेदार व पिंडवाड़ में उप स्वास्थ्य केंद्र स्थापना प्रमुख रही।

मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पण की गई योजनाओं में पीएमजीएसवाई की धमातोली से घनसाली अखोड़ी मोटर मार्ग वाया चांजी मोटर मार्ग अपग्रेडेशन, नागेश्वर सौड से गोना वाया सरकंडा मोटर मार्ग अपग्रेडेशन तथा विकासखंड भिलंगना के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज कोट विशन में भवन का पुनः निर्माण कार्य शामिल है।

जबकि शिलान्यास की गई योजनाओं में विश्व बैंक द्वारा पोषित यू-प्रिपेयर योजना के अन्तर्गत घनसाली में हनुमान मन्दिर के समीप 50 मीटर इण्टरमीडियेट लेन स्टील गर्डर मोटर सेतु का निर्माण कार्य, विकास खण्ड भिलंगना के अन्तर्गत तहसील बालगंगा के अनावासीय भवन का निर्माण कार्य विकास खण्ड भिलंगना के अन्तर्गत तहसील बालगंगा के अवासीय भवन का निर्माण कार्य, विकासखण्ड भिलगना के गंगी में स्वास्थ्य उपकेन्द्र गंगी का निर्माण कार्य तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पिलखी का सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उच्चीकरण का निर्माण कार्य शामिल है।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, एसएसपी आयुष अग्रवाल, सीडीओ वरुणा अग्रवाल, राज्यमंत्री (उपाध्यक्ष) हस्तशिल्प व हथकरघा वीरेंद्र दत्त सेमवाल, ब्लॉक प्रमुख राजीव कंडारी, नगर पंचायत अध्यक्ष घनसाली आनंद बिष्ट, नगर पंचायत अध्यक्ष चमियाला गोविंद सिंह राणा, सीएमओ डॉ श्याम विजय, अनुसूचित आयोग सदस्य सुनीता देवी सहित बड़ी संख्या क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।

घनसाली में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में उमड़े लोग, सीएम रहे मौजूद

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने होटल श्रीराम, घनसाली (टिहरी) में टिहरी लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी माला राज्यलक्ष्मी शाह के पक्ष में आयोजित जनसभा को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बूढ़ाकेदार धाम, घंटाकर्ण देवता, माँ राज राजेश्वरी देवी, को नमन करते हुए सभा में उपस्थित घनसाली विधानसभा क्षेत्र की माताओं, बहनों, बुजुर्गों एवं युवाओं का स्वागत किया। उन्होंने कहा देवभूमि की वीरधरा के लाल शहीद प्रवीण सिंह गुसाई जी की जन्मस्थली और वीर बलिदानियों के शौर्य की पुण्य भूमि को नमन करता हूँ। उन्होंने कहा इस सभा में जनता की उपस्थिति से यह साफ हो गया है कि टिहरी लोकसभा की जीत में घनसाली विधानसभा नया रिकॉर्ड बनाएगी। उन्होंने कहा देश प्रदेश का जन-जन कह रहा है कि मोदी जी की सरकार बनने वाली है। उन्होंने कहा बीते मंगलवार को प्रधानमंत्री की रुद्रपुर में आयोजित रैली में लोगों ने अपार जन समर्थन दिया है। प्रधानमंत्री ने देवभूमि उत्तराखंड से विजय शंखनाद की शुरुआत की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि घनसाली विधानसभा क्षेत्र में विकास के कई कार्य किए जा रहे हैं। घनसाली के विकास के लिए 77 करोड़ रुपए की 28 योजनाओं पर काम किया जा रहा है। भिलंगना क्षेत्र में महाविद्यालय का निर्माण और घनसाली के अन्तर्गत आने वाले सभी मोटर मार्गों का नवनिर्माण किया गया है। भिलंगना में विकासखंड कार्यालय बनाने का कार्य भी किया गया है। घनसाली में पेयजल और सिंचाई की योजनाओं पर भी ध्यान दिया है। राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से टिहरी लोकसभा क्षेत्र भी लगातार विकसित हो रहा है। टिहरी झील को पर्यटन डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। देहरादून से टिहरी के लिए टनल बनाने की डीपीआर पर कार्य जारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का प्रणाम जन जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा एक ओर वह लोग हैं जो भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण, परिवारवाद बढ़ाने की बात करते हैं। पर प्रधानमंत्री कहते हैं भ्रष्टाचार समाप्त होना चाहिए और भ्रष्टाचारियों की जगह जेल में है। प्रधानमंत्री हर भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई कर रहे हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। प्रधानमंत्री के तीसरे कार्यकाल में भारत, दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। उन्होंने कहा स्टार्टअप इंडिया और मेक इन इंडिया जैसी अभूतपूर्व योजनाओं से देश आत्मनिर्भर बन रहा है। वंदेभारत जैसी विश्वस्तरीय स्वदेशी ट्रेन भारत की पहचान बन रही हैं। भारत में प्रतिदिन 38 किमी. नई सड़क बनाई जा रही है। बीते 10 सालों में 55 हजार किलोमीटर राष्ट्रीय राज्यमार्गाे, 15 नए एम्स अस्पतालों, 74 हवाइअड्डों का निर्माण हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वभर में भारत का मान-सम्मान बढ़ा है। जी-20 जैसा अंतर्राष्ट्रीय संगठन हो या संयुक्त राष्ट्र संघ हर जगह भारत का डंका बज रहा है। उन्होंने कहा मोदी जी देश के 140 करोड़ नागरिकों को अपना परिवार मानकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में सरकार बीते 10 वर्षों में 25 करोड़ देशवासियों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने में सफल रही है। 4 करोड़ से ज्यादा लोगों को पीएम आवास योजना का लाभ मिला है। 12 करोड़ से ज्यादा घरों में नल से जल पहुंचाया गया। देश के 50 करोड़ लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया है। 50 करोड़ से ज्यादा लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया गया है। 80 करोड़ लोगों को राशन देने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा गरीबों का कल्याण नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही संभव हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आयोजित हुए मातृशक्ति कार्यक्रम के तहत नए भारत की तस्वीर दिखाई दी। उन्होंने कहा महिलाएं राष्ट्र निर्माण में अपना अहम योगदान देती हैं। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। जिससे राजनीति में महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित होगी। अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनकर तैयार हुआ है। मोदी के नेतृत्व में देश पहले से मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा उत्तराखंड के अमर बलिदानी शूरवीर शहीद सैनिकों की याद में देहरादून में सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। राज्य के हित में कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं। राज्य में समान नागरिक संहिता लागू किया गया है। नकल विरोधी कानून, दंगारोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून लागू किया गया है। महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक ओर मोदी जी के विकास की गारंटी वाली डबल इंजन की भाजपा सरकार है। और दूसरी ओर भ्रष्टाचारियों और घोटालेबाजों की देश को लूटने की गारंटी वाले लोग हैं। 2014 से पहले कांग्रेस सरकार में हर दिन घोटाले होते थे। कांग्रेस के लिए राष्ट्रीय हित, समाज हित पीछे रहा और उनके अपने स्वहित आगे रहे। उन्होंने कहा कांग्रेस का मतलब – भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण, परिवारवाद, कुशासन, जातिवाद , एक दूसरे को बांटने की गारंटी से है। और प्रधानमंत्री जी की विकसित भारत, महिला सशक्तिकरण, युवाओं को रोजगार, किसान सम्मान, और गरीब कल्याण की गारंटी है। उन्होंने कहा इस बार के चुनाव में भी कांग्रेस को भारी वोटों से हराकर टिहरी गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र का रिकॉर्ड कायम रखना है। उन्होंने सभी से 19 अप्रैल को पहले मतदान, फिर जलपान करने का आग्रह किया। उन्होंने श्रीमती माला राज्यलक्ष्मी जी को विजय बनाकर आदरणीय प्रधानमंत्री जी के एक भारत-श्रेष्ठ भारत की संकल्पना को साकार करने में अपना योगदान सुनिश्चित किए जाने की बात कही।

इस दौरान जिला अध्यक्ष राजेश नौटियाल, विधायक शक्ति लाल शाह, विधनसभा प्रभारी प्रभारी अतर सिंह तोमर, एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

घनसाली विधायक के पैतृक गांव में आयोजित श्रीराम कथा में पहुंचे सीएम तीरथ सिंह रावत

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने विधानसभा क्षेत्रान्तर्गत विधायक घनसाली शक्ति लाल शाह के पैतृक गांव हुलानाखाल में आयोजित श्री राम कथा आनंद महोत्सव में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने शक्तिलाल शाह के स्वर्गीय माता-पिता की आत्मा के लिए शांति की ईश्वर से कामना की।

मुख्यमंत्री ने स्थानीय विधायक द्वारा सौंपे गए 26 सूत्रीय मांग पत्र पर कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दे जिनमें क्षेत्र में सिंचाई, नहरों के निर्माण को प्रमुखता से किये जाने के साथ ही सड़क, विद्युत व पेयजल की मांगे भी पूरी की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने व्यास पीठ द्वारा संचालित श्री राम कथा आनंद महोत्सव में उपस्थित क्षेत्रीय जनता को संबोधित करते हुए हुए कहा कि विधानसभा क्षेत्र घनसाली आपदा की दृष्टि से संवेदनशील जरूर है लेकिन यह क्षेत्र प्राकृतिक सुंदरता को भी अपने अंदर समेटे हुए है। उन्होंने इस अवसर पर क्षेत्रीय जनता की कुशलता हेतु शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक धन सिंह नेगी, जिलाधिकारी इवा आशीष श्रीवास्तव, एसएसपी तृप्ति भट्ट आदि उपस्थित रहे।