पत्रकार कल्याण कोष से चार दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को पांच लाख की आर्थिक सहायता की संस्तुति

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में पत्रकार कल्याण कोष (कॉरपस फंड) एवं मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना से संबंधित समितियों की बैठक सूचना निदेशालय में आयोजित की गई। सूचना महानिदेशक ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा की तथा पत्रकारों के कल्याण एवं सम्मान से संबंधित मामलों पर विचार-विमर्श किया।

बैठक में समिति द्वारा पत्रकार कल्याण कोष से चार दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को ₹5-₹5 लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत किए जाने की संस्तुति की गई। इसके अतिरिक्त गंभीर बीमारी से ग्रसित एक वरिष्ठ पत्रकार को उपचार हेतु ₹5 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की संस्तुति भी की गई।

इसी क्रम में मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के अंतर्गत चार वरिष्ठ पत्रकारों को ₹8,000 प्रतिमाह की दर से पेंशन प्रदान किए जाने की संस्तुति की गई।

इस अवसर पर सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुरूप राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण, सम्मान एवं सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। सूचना विभाग द्वारा संकटग्रस्त पत्रकारों तथा उनके आश्रितों को यथासंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए तत्परता से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के कल्याण से जुड़े प्रकरणों पर नियमित रूप से समिति की बैठकें आयोजित कर पूरी संवेदनशीलता के साथ विचार किया जा रहा है, ताकि पात्र पत्रकारों एवं उनके परिजनों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

बैठक में सूचना विभाग के अपर निदेशक आशीष कुमार त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी चंद्र सिंह तोमर, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी चेतन कुमार पाण्डेय तथा पत्रकार कल्याण कोष समिति के सदस्य गिरीश तिवारी, अमित शर्मा एवं शशि शर्मा उपस्थित रहे।

सीएम ने पत्रकार कल्याण कोष एवं मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना को आयोजित समिति के प्रस्ताव को दिया अनुमोदन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पत्रकारों एवं उनके आश्रितों को आर्थिक सहायता हेतु पत्रकार कल्याण कोष एवं मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना हेतु आयोजित समिति के प्रस्ताव को अनुमोदन दिया है।

29 अप्रैल 2023 को समिति की बैठक में उत्तराखण्ड संकटग्रस्त पत्रकारों एवं उनके आश्रितों के लिए पत्रकार कल्याण कोष से प्राप्त आवेदन प्रकरणों पर समिति द्वारा मृतक 09 पत्रकारों के आश्रितों कुल 45 लाख रूपये की आर्थिक सहायता जिसमें प्रत्येक आश्रित परिवार को 5-5 लाख रूपये की आर्थिक सहायता देने के प्रस्ताव पर सहमति बनी थी, जिस पर मुख्यमंत्री द्वारा अनुमोदन दिया गया है। गम्भीर एवं असाध्य रोग से ग्रस्त पत्रकारों के चिकित्सा उपचार के लिए 05 पत्रकारों को कुल 20 लाख रूपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने एवं एक प्रकरण को मुख्यमंत्री राहत कोष से 72293 रूपये की आर्थिक सहायता देने के प्रस्ताव पर सहमति बनी थी, जिस पर मुख्यमंत्री द्वारा अनुमोदन दिया गया है।

‘‘मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना’’ के अन्तर्गत निर्धारित अहर्ता/पात्रता पूर्ण करने वाले 03 प्रकरणों पर पेंशन अनुमन्य किये जाने के प्रस्ताव पर समिति की सहमती बनी, जिस पर भी मुख्यमंत्री द्वारा अनुमोदन दिया गया है। समिति द्वारा नियामवली में उल्लिखित प्राविधानों के अन्तर्गत 06 प्रकरणों को अपूर्ण पाया गया। जिनके सबंध में पुनः एक बार अभिलेख प्रस्तुत करने का अवसर दिये जाने का सुझाव दिया गया। यदि आवेदकों द्वारा अभिलेख उपलब्ध कराये जाते हैं, तो इन प्रकरणों को आगामी बैठक में प्रस्तुत करने की सहमति बनी।

पत्रकार कल्याण कोष समिति की 29 अप्रैल 2023 को आयोजित बैठक में महानिदेशक सूचना/ सदस्य सचिव, पत्रकार कल्याण कोष समिति बंशीधर तिवारी, अपर निदेशक सूचना/सदस्य, पत्रकार कल्याण कोष समिति, रमेश पहाड़ी, सदस्य पत्रकार कल्याण कोष समिति, त्रिलोक चन्द्र भट्ट, सदस्य पत्रकार कल्याण कोष समिति, बीना उपाध्याय, सदस्य पत्रकार कल्याण कोष समिति एवं सहायक लेखाकर राकेश कुमार धीवान उपस्थित थे।