सोमेश्वर नगर में जनता मिलन समारोह, विकास कार्यों के लिए स्पीकर ने की सात लाख की घोषणा

ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के सोमेश्वर नगर वार्ड 21 में विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान कमलेश्वर महादेव मंदिर के टीन शेड के लिए विधायक निधि से 6 लाख जबकि चामुंडा मंदिर के टीन सेड निर्माण के लिए के 1 लाख रुपये विधायक निधि से देने की घोषणा की।

उन्होंने कहा है कि शहर के अंदर 40 वर्ष पुरानी पाइप लाइन को जनसंख्या के घनत्व के हिसाब से परिवर्तित करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य योजना तैयार की जा रही है ताकि लोगों को शुद्ध पेयजल आपूर्ति प्राप्त हो सके । कहा कि 40 वर्ष पूर्व जनसंख्या का घनत्व भी कम था। समय अधिक होने के कारण पुरानी लाइनें जर्जर हो चुकी है उन्हें आने वाले समय में नई लाइनों के रूप में परिवर्तित किया जाएगा ।उन्होंने कहा है कि ऋषिकेश में पर्यटकों का बड़ी संख्या में आवागमन होता है इसलिए पानी की आपूर्ति भी अधिक होती है।
कहा कि विकास के लिए धन की कमी को आढे नहीं आने दिया जाएगा। उन्होंने कहा है कि जिन योजनाओं का कार्य चल रहा है वह समय सीमा के अंतर्गत पूरी होगी, गुणवत्ता के लिए अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है।
इस अवसर पर सोमेश्वर नगर वार्ड नंबर 22 की पार्षद राधा रमोला ने नंदू फार्म में पानी भरने की समस्या के निजात के लिए 3 करोड़ की योजना से समाधान करने पर विधानसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने कहा है कि नगर निगम से विकास की योजना धरातल पर नहीं उतर रही है उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से आग्रह करते हुए कहा है कि विकास के कार्यों के लिए नगर निगम क्षेत्र में भी धनराशि उपलब्ध करवाएं।
इस अवसर पर सोमेश्वर नगर समिति के अध्यक्ष मुरारी सिंह राणा, सचिव दिलीप सिंह बिष्ट, पार्षद राधा रमोला, पूरन सिंह पवार, मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ की प्रदेश संयोजिका श्रीमती सरोज डिमरी, प्यारेलाल जुगलान, महिला मोर्चा के मंडल अध्यक्ष उषा जोशी, मीना रावत, बीना देवी, सुनील साहू, अरुण शर्मा, चैत सिंह नेगी, मान सिंह वर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रदीप धसमाना, बृजेश, टिंकू, मीना रावत, राजबाला, केशव राम जोशी ,रवि शर्मा , मनोज थापा, नरेश शर्मा, आदि लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री सुमित पवार द्वारा किया गया।

वाल्मीकि नगर में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित, विस अध्यक्ष ने किया संवाद

ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत अंबेडकर नगर बाल्मीकि बस्ती में जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय विधायक व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने क्षेत्रवासियों की जन समस्याओं को सुना। इस अवसर पर विस अध्यक्ष ने बाल्मिकी बस्ती की आंतरिक सड़क मार्गों के निर्माण, बाल्मीकि मंदिर के हॉल में शौचालय निर्माण, एवं अंबेडकर प्रवेश द्वार बनाए जाने के लिए अपनी विधायक निधि से 8 लाख रुपए देने की घोषणा की।
कार्यक्रम में पहुंचते ही विधानसभा अध्यक्ष ने उपस्थित बुजुर्गों का माल्यार्पण कर आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं क्षेत्र वासियों द्वारा विधानसभा अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया गया।इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा समाज के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति के लिए कई जन उपयोगी योजनाएं संचालित हो रही है एवं जिसका लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र के विकास के साथ लोगों की सेवा करना ही उनकी पहली प्राथमिकता है विधानसभा क्षेत्र की सभी जर्जर एवं कच्ची सड़कों का कायाकल्प किया जा रहा है। क्षेत्र का सर्वांगीण विकास के उनका एकमात्र लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि कोई भी गांव एवं क्षेत्र विकास की रोशनी से अछूता नहीं रहेगा।
कहा कि कुछ लोग राजनीतिक द्वेष के कारण जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं उनसे सचेत रहने की आवश्यकता है। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को भी सुना एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों से मौके पर ही वार्ता कर समाधान भी किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने क्षेत्रवासियों को मास्क व सैनिटाइजर वितरित करते हुए कोरोना संक्रमण से सचेत रहने का आह्वान भी किया।
इस अवसर पर ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, गंगा शरण, पार्षद मीनाक्षी बिडला, सेवाराम बिडला, रविंद्र बिडला, श्याम सेवा, मंडल महामंत्री सुमित पवार, युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष नितिन सक्सेना, जयंत शर्मा, जितेंद्र भारती, राकेश कुमार, बाल्मीकि समाज के अध्यक्ष जगावर सिंह, राधेश्याम, राकेश चावरिया, सुशील कुमार, हिमांशु मुल्तानी, ममता देवी, सोनम देवी, लता देवी, राजीव जाटव, चंद्रभान जाटव, अनुसूचित मोर्चा के जिला मंत्री जितेंद्र भारती आदि उपस्थित थे।

प्रतीत नगर में जन समस्याओं के निस्तारण को लगा शिविर, स्पीकर ने सुनी समस्यायें

प्रतीत नगर ग्राम पंचायत भवन में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल द्वारा विधिवत रूप से किया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों की समस्या से संबंधित 140 आवेदन पत्र प्राप्त हुए जिसमें से संबंधित विभागों द्वारा 77 शिकायतों का समाधान मौके पर किया गया वहीं 63 शिकायतों के निस्तारण के लिए विभागीय अधिकारियों को 15 दिन का समय दिया गया। शिविर में पेंशन योजनाओं से संबंधित 10 आवेदन पत्रों को निस्तारित किया गया, 20 लाभार्थियों का दिव्यांग प्रमाण पत्र हेतु पंजीकरण किया गया जिसमें मौके पर 7 दिव्यांग प्रमाण पत्र निर्गत किए गए। 11 दिव्यांग लाभार्थियों के यूडीआईडी कार्ड हेतु पंजीकरण किया गया, राशन कार्ड संबंधी 30 आवेदन पत्र प्राप्त किए गए।शिविर में 55 परिवार रजिस्टर की नकल संबंधी कार्य हए जिसमें 48 परिवार रजिस्टर जारी की गई।
शिविर के दौरान समाज कल्याण, चिकित्सा विभाग, जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, पशुपालन विभाग, सहकारिता विभाग, खादी ग्रामोद्योग विभाग, कृषि एवं उद्यान विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, ग्राम विकास एवं पंचायती राज विभाग, राजस्व विभाग, लीड बैंक अधिकारी देहरादून एवं बाल विकास विभाग के स्टाल लगाए गए।
शिविर में विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना गया।यहां पर आए लोगों को सभी विभागों की योजनाओं की जानकारी दी गई और लोगों की समस्याओं का मौके पर ही निदान किया गया। परिसर में स्थापित विभागीय स्टॉलों से ग्रामीणों ने योजनाओं की जानकारी प्राप्त करते हुए योजनाओं का लाभ उठाया तथा प्रमाण पत्र आदि दस्तावेज प्राप्त किये।
बहुउद्देशीय शिविर का उद्घाटन करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकारी योजनाओं का सही तरीके से क्रियान्वयन हो सके, इसके लिए विभागीय स्तर पर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को समस्याओं के समाधान के लिए विभागों के चक्कर नहीं काटने होंगे, इसके लिए बहुउद्देशीय शिविर लगाया गया है। इससे सभी समस्याओं का समाधान एक ही छत के नीचे किया जा सके।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनता के प्रति समर्पित रहे और जिम्मेदारी से कार्यों को पूरा किया जाए। उन्होंने कहा की सरकार का उद्देश्य अच्छी कार्यप्रणाली के साथ जनता को बेहतर सेवा देना है ताकि जनता को उसका लाभ मिल सके।
बहुदेशीय शिविर में परियोजना निदेशक डीपीआरओ विक्रम सिंह, उप जिलाधिकारी विकासनगर परितोष कुमार, तहसीलदार ऋषिकेश अमृता सिंह, खंड विकास अधिकारी भगवान सिंह नेगी, जिला पंचायत सदस्य रीना रागड, जिला पंचायत सदस्य दिव्या बेलवाल, प्रधान सोवन सिंह कैंतूरा, प्रधान प्रतीत नगर अनिल कुमार, प्रधान गोहरी माफी रोहित नौटियाल, प्रधान चमन पोखरियाल, मंडल अध्यक्ष गणेश रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य कृष्णा जोशी, ज्योति जुगलान, बॉबी रागड, वीना डंगवाल, वेद ग्वाडी, कुंवर सिंह नेगी, रमन रागड, सतपाल सैनी, राजेश जुगलान आदि सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
बहुउददेशीय शिविर के दौरान 140 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें मौके पर 77 शिकायतों का निस्तारण किया गया।वहीं 63 शिकायतों के निस्तारण के लिए 15 दिन का समय विभागीय अधिकारियों को दिया गया।
बहुउददेशीय शिविर के दौरान 140 शिकायतें प्राप्त हुई जिनमें मौके पर 77 शिकायतों का निस्तारण किया गया। वहीं 63 शिकायतों के निस्तारण के लिए 15 दिन का समय विभागीय अधिकारियों को दिया गया।

एम्स को विधानसभा अध्यक्ष ने दो एम्बुलेंस दी

विधानसभा अध्यक्ष एवं ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने मरीजों की सुविधा के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स ऋषिकेश को अपनी निधि से 2 एम्बुलेंस भेंट की हैं। शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष व निदेशक प्रोफेसर रवि कांत ने संयुक्तरूप से हरी झंडी दिखाकर उक्त रोगी वाहनों को रवाना किया।
विधानसभा अध्यक्ष व क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने अपनी विधायक निधि से शुक्रवार को एम्स ऋषिकेश को मरीजों की सुविधा के लिए दो एम्बुलेंस प्रदान की। इस अवसर पर आयोजित एक सादे समारोह में विधानसभा अध्यक्ष व एम्स निदेशक ने संयुक्तरूप से एम्स परिसर से एंबुलेंसों को रवाना किया गया।
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि कोविड की दूसरी लहर के दौरान विभिन्न परेशानियों को देखते हुए उन्होंने स्वास्थ्य के क्षेत्र में विधायक निधि से एम्बुलेंस देने का निर्णय लिया है,जिससे मरीजों को आवागमन की सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि दिन-रात मरीजों की सेवा में जुटे एम्स संस्थान को भविष्य में भी वह आवश्यक सहयोग प्रदान करते रहेंगे।
निदेशक प्रोफेसर रवि कान्त ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल का आभार जताते हुए कहा कि संस्थान को उपलब्ध कराई गई एम्बुलेंसों से मरीजों को आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि कई मरीजों को नियमिततौर पर आईडीपीएल स्थित राइफलमैन जसवन्त सिंह कोविड केयर सेंटर से एम्स आना-जाना होता है। लिहाजा अतिरिक्त रोगी वाहनों का सीधेतौर पर मरीजों को लाभ मिल सकेगा। इस मौके पर उन्होंने एम्स परिसर में विधायक निधि से एक टीन शैड बनाए जाने के लिए भी अध्यक्ष विधानसभा प्रेमचंद अग्रवाल का आभार जताया।
कार्यक्रम के दौरान डीन एकेडेमिक प्रोफेसर मनोज गुप्ता, एमएस प्रोफेसर बीके बस्तिया, डीन हॉस्पिटल अफेयर्स प्रोफेसर यूबी मिश्रा, डा. अजीत भदौरिया आदि मौजूद रहे।

केंद्र व राज्य सरकार सभी वर्गों के कल्याण को संकल्पित होकर हैं कार्यरतः स्पीकर

स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने चक जोगीवाला माफी में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। मौके पर समस्याओं के निस्तारण को अधिकारियों को निर्देशित भी किया। साथ ही मौके पर सड़क निर्माण को विधायक निधि से 15 लाख रुपये देने की घोषणा की।

चक जोगीवाला में जनता मिलन कार्यक्रम में स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा जनकल्याण को सर्वोपरि मानते हुए अभूतपूर्व कार्यों के माध्यम से विकास के नए प्रतिमान स्थापित किए गए हैं। आधारभूत विकास के साथ जन कल्याणकारी योजनाओं का समुचित लाभ पात्र व्यक्ति को सुनिश्चित किया गया है। केंद्र एवं राज्य सरकार सभी वर्गों के कल्याण को संकल्पित होकर कार्यरत है। चक जोगीवाला ग्राम पंचायत में लोक निर्माण विभाग एवं विधायक निधि से आंतरिक सड़क निर्माण कार्य पूर्ण किए गए हैं। वहीं नमामि गंगे के माध्यम से बाढ़ सुरक्षा कार्य, सिंचाई विभाग के माध्यम से नहर मरम्मत का कार्य किए गए हैं। क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति को दुरुस्त किया गया है। उन्होंने क्षेत्र के बुजुर्गों एवं महिलाओं को सम्मानित किया और क्षेत्र में आंतरिक सड़क निर्माण के लिए 15 लाख देने की घोषणा की। उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनी व उनके निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

मौके पर ब्लॉक प्रमुख भगवान सिंह पोखरियाल, प्रधान संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष सोबन सिंह कैंतुरा, चक जोगीवाला के प्रधान भगवान सिंह महर, भाजपा महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष संमा पवार, खैरीकला प्रधान चंद्रमोहन पोखरियाल, रोशन कुडियाल, सुंदर सिंह कडिंयाल, प्रिंस रावत आदि उपस्थित थे।

कांग्रेस नेता पर दर्ज मुकदमें के विरोध में कार्यकर्ताओं का कोतवाली में प्रदर्शन

एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला पर दर्ज मुकदमें के विरोध में आज कार्यकर्ताओं ने कोतवाली परिसर पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने ऊर्जा निगम की ओर से कांग्रेस नेता जयेंद्र रमोला पर मुकदमा दर्ज करवाएं जाने पर आक्रोश जताया है। उन्होंने तत्काल प्रभाव से मुकदमा वापस लेने की मांग उठाई।

बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ता ऋषिकेश कोतवाली में एकत्रित हुए। कांग्रेस कार्यकर्ता यहां सत्याग्रह पर बैठ गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिस से भी नोक-झोंक हुई। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर रायव और पूर्व काबीना मंत्री शूरबीर सिंह सजवाण ने कहा कि पुलिस ने स्थानीय विधायक के दबाव में आकर एकतरफा कार्रवाई की है। कहा कि विद्युत पोलों पर नाम लिखा होना जुर्म है तो यह नियम सब पर लागू होना चाहिए। विद्युत पोलों पर मुख्यमंत्री के कट आउट लगाना और विधायक ऋषिकेश के हाइटेंशन पोलों पर होर्डिंग लगाना भी जुर्म है। इन पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।

कांग्रेस प्रदेश महासचिव राजपाल खरोला ने कहा कि पोल पर पेंटिंग कर प्रचार करने पर ऊर्जा निगम के अधिकारी ने मुकदमा दर्ज करवाया है। यह मुकदमा क्षेत्रीय विधायक के दबाव में हुआ है। विधायक द्वारा विभागीय अधिकारियों का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। एआईसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला ने कहा कि सत्ता के दुरुपयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में प्रदेश सचिव विजय पाल सिंह रावत, मदन मोहन शर्मा, नगर अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत, कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर राय, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरोज देवराडी, दीपक जाटव, पार्षद मनीष शर्मा, राकेश सिंह मियां, देवेंद्र प्रजापति, जगत सिंह नेगी, महिला कांग्रेस प्रदेश सचिव मधु जोशी, मनोज गुंसाईं, नवीन चंद रमोला, एकांत गोयल, प्रसाद पप्पू, लल्लन राजभर, विवेक तिवारी, दीपक भारद्वाज, जितेंद्र पाल पाठी आदि शामिल रहे।

आईडीएल में आक्सीजन प्लांट का जल्द होने जा रहा लोकार्पण

आईडीपीएल ऋषिकेश के डीजीएम गंगा प्रसाद अगरहरी ने आईडीपीएल में ऑक्सीजन प्लांट को पुनर्जीवित कराये जाने को लेकर किए गए प्रयासों के लिए विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल का आभार व्यक्त किया साथ ही आईडीपीएल में जीवन रक्षक दवाइयों के उत्पादन को लेकर भी चर्चा वार्ता की।

स्पीकर ने कहा कि कोरोना संक्रमण के दौरान उत्तराखंड सहित संपूर्ण देशभर में ऑक्सीजन की किल्लत हुई, ऐसे में केंद्र सरकार एवं प्रदेश सरकार के सहयोग से आईडीपीएल के ऑक्सीजन प्लांट को पुनर्जीवित करने के लिए कवायद शुरू हुई और अब प्लांट की टेस्टिंग में सफलता के बाद जल्द ही इस ऑक्सीजन प्लांट का लोकार्पण किया जाएगा।

कहा कि आईडीपीएल ऋषिकेश का औषधी निर्माण में महत्वपूर्ण स्थान रहा है इसलिए यहां पर कुछ आवश्यक जीवन रक्षक दवाइयों का निर्माण भी प्रारंभ करने के लिए तैयारियां चल रही है जिससे स्थानीय लोगों को भी लाभ होगा।

इस अवसर पर आईडीपीएल के डीजीएम ने विधानसभा अध्यक्ष को आईडीपीएल के अंदर संचालित होने वाली अन्य गतिविधियों एवं जीवन रक्षक दवाइयों के उत्पादन से संबंधित आवश्यक जानकारी से अवगत कराया। साथ ही ऑक्सीजन प्लांट पुनर्जीवित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कार्मिक विभाग के इंचार्ज एसएस नेगी भी उपस्थित थे।

ऋषिकेशः श्यामपुर में आंतरिक सड़कों का विधायक निधि से हुआ निर्माण, स्पीकर ने उद्धाटन कर 50 स्ट्रीट लाइट की घोषणा की

ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत श्यामपुर, बैटरी फार्म में स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने विधायक निधि से निर्मित 4 लाख रुपये की लागत के आंतरिक सड़कों का उद्घाटन किया। जबकि क्षेत्र में 50 स्ट्रीट लाइट लगवाये जाने की घोषणा भी की है।

स्पीकर ने कहा कि श्यामपुर ग्राम पंचायत के अंतर्गत अनेक कार्य विधायक निधि, लोक निर्माण विभाग, पेयजल विभाग, विद्युत विभाग आदि के माध्यम से किए गए हैं जिससे लोगों को सुविधा हो रही है। कहा कि शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों का विकास भी उसी तर्ज पर हो रहा है जिस तर्ज पर शहरों को विकसित किया जाता है । ताकि ग्रामीण क्षेत्र भी शहरों की तरह चमक उठे।
बैटरी फार्म में सड़कों का उद्घाटन करने के पश्चात उन्होंने कहा कि आंतरिक मोटर मार्गो से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा होगी साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न चैराहे पर स्ट्रीट लाइट लगाई जा रही है कहा है कि राजनीतिक स्वार्थ के लिए कुछ राजनीतिक दल विकास के नाम पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं परंतु उनको धरातल पर आ करके देखना चाहिए कि ऋषिकेश विधानसभा में विभिन्न विभागों द्वारा कितना विकास हुआ है ।उन्होंने कहा है कि मेरा उद्देश्य ऋषिकेश विधानसभा को आदर्श विधानसभा के रूप में स्थापित करना है और उस और हम आगे बढ़ रहे हैं

इस अवसर पर राज्य आंदोलनकारी कमला नेगी ने विधानसभा अध्यक्ष द्वारा किए गए विकास कार्यों के लिए उनका आभार व्यक्त किया और कहा है कि श्री अग्रवाल हमेशा क्षेत्र के विकास के लिए अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

मौके पर कार्यक्रम की आयोजक मधु भट्ट, कमला नेगी, पदमा नैथानी, गौतम राणा, राजवीर रावत, रामरतन रतूड़ी, कुसुम जोशी, इंदु थपलियाल, सुभाष रावत, रतन बहुखंडी आदि उपस्थित थे ।

विधायक निधि से तीर्थनगरी में शुरू हुआ सेनिटाइजेशन अभियान

कोरोना संक्रमण का प्रभाव अभी कम नहीं हुआ है। ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जिन क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन नहीं हुआ है उन क्षेत्रों में सैनिटाइजर के छिड़काव के लिए विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल ने आज वीरभद्र के कृष्णा नगर कॉलोनी से सैनिटाइजेशन के कार्य का प्रारंभ किया। उन्होंने अपने विधायक निधि से ट्रैक्टर ट्राली टैंकर गढ़ सेवा संस्थान को भेंट कर सैनिटाइजर का कार्य प्रारंभ किया।

श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि के अवसर पर वीर भद्र मंडल के कृष्णा नगर कॉलोनी से सेनीटाइजर के छिड़काव का कार्य प्रारंभ किया गया। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण से लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त हुआ है ऐसे में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना संक्रमण के प्रभाव को समाप्त करने के लिए सैनिटाइजेशन किया जा रहा है।

गढ़ सेवा संस्थान के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नेगी ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद अग्रवाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि उन्होंने विधायक निधि से गढ सेवा संस्थान को ट्रैक्टर, टैंक एवं सेनीटाइजर मशीन उपलब्ध कराई है जिससे संपूर्ण विधानसभा क्षेत्र में सैनिटाइजेशन किया जा रहा है।

इस अवसर पर गढ़ सेवा संस्थान के अध्यक्ष देवेंद्र नेगी, रविंद्र राणा, मनोज ध्यानी, अरुण बडोनी, गोपाल सती, राजवीर रावत, भगवती प्रसाद रतूड़ी, दिनेश पायल, सुमित पवार, मंडल अध्यक्ष अरविंद चैधरी, रमेश चंद शर्मा, तिलकराज, ताजेंद्र नेगी आदि उपस्थित थे।

कैंप कार्यालय में जरूरतमंदों को स्पीकर से मिली आर्थिक मदद

कैंप कार्यालय पर स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने मुख्यमंत्री राहत कोष के 1 लाख रुपए के चेक विभिन्न जरूरतमंदों को भेंट किये। मौके पर स्पीकर ने कहा कि आर्थिक सहायता एक समय की जरूरत को पूरा करने के लिए हो सकती है परंतु आत्मनिर्भरता के साथ स्वयं को खड़े होने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि अभी कोरोना काल समाप्त नहीं हुआ है इसलिए मास्क, सैनिटाइजर एवं शारीरिक दूरी रखना अत्यंत आवश्यक है। विधानसभा के जरूरतमंदों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दिए गए आर्थिक सहायता के लिए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत जी का भी आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पंकज पाथंरी, सरस्वती गुप्ता, सुशील कुमार धीमान, अहिल्या देवी, लक्ष्मी जोशी, राजेश्वरी रावत आदि जरूरतमंदों को चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम में तहसीलदार डॉ अमृता शर्मा, जिला पंचायत सदस्य दिव्या बेलवाल आदि उपस्थित थे।