ऋषिकेश में राफ़्टिंग बेस स्टेशन को सीएम ने जताया प्रधानमंत्री मोदी का आभार

केंद्र सरकार द्यारा पूंजीगत निवेश के लिए विशेष सहायता योजना के अंतर्गत ऋषिकेश में आधुनिक राफ़्टिंग बेस स्टेशन स्वीकृत किए जाने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय पयर्टन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ऋषिकेश राफ्टिंग के लिए प्रमुख डेस्टिनेशन के रूप में अपनी जगह बना चुका है। अब यहां 100 करोड़ की लागत से राफ्टिंग बेस स्टेशन तैयार किए जाने से, राफ्टिंग गतिविधियों के लिए आधारभूत सुविधाएं विकसित हो सकेंगी। इससे ऋषिकेश में राफ्टिंग गतिविधियां तेज होंगी, जिसका लाभ आस पास के क्षेत्र में पयर्टन गतिविधियां बढ़ने के रूप में मिलेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस परियोजना के तहत राफ्टिंग केंद्रों पर शौचालय, कपड़े बदलने की सुविधा के साथ ही खानपान की सुविधा भी विकसित की जाएंगी। साथ ही तपोवन क्षेत्र में भीड़-भाड़ कम करने के लिए वैकल्पिक मार्गों का भी निर्माण किया जाना है। इस परियोजना के माध्यम से लगभग 1500 लोगों को रोजगार मिलने का भी अनुमान है। योजना के लिए ज़मीन उपलब्ध कराने में राज्य सरकार पूरा सहयोग देगी। दो वर्ष की तय समय सीमा में इस कार्य को पूरा किया जाएगा।
———————————–
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन में उत्तराखंड के लिए विशेष स्थान है। यही कारण है कि केंद्र में मोदी सरकार बनने के बाद उत्तराखंड को हर स्तर पर सहयोग मिल रहा है। चारधाम यात्रा मार्ग, कर्णप्रयाग रेल लाइन से लेकर हमारे प्रमुख तीर्थ स्थलों पर हो रहे विकास कार्य इसके उदाहरण है। अब मोदी जी ने ऋषिकेश के लिए 100 करोड़ रुपए की विकास परियोजना को मंजूरी प्रदान कर, उत्तराखंड के लोगों को एक और उपहार दिया है। इसके लिए उत्तराखंडवासी उनके हमेशा आभारी रहेंगे।
– पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री

केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी से सीएम ने की शिष्टाचार भेंट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी.किशन रेड्डी से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय पर्यटन मंत्री से उत्तराखण्ड राज्य के कुमाऊं मण्डल में एक विरासत सर्किट विकसित करने और गढवाल मण्डल में ऋषिकेश को एक अन्तर्राष्ट्रीय/आईकोनिक पर्यटक गन्तव्य के रूप में विकसित किये जाने के लिए भारत सरकार से विशेष पैकेज के रूप में वित्त पोषण हेतु सैद्धान्तिक स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के कुमाऊं मण्डल में पिथौरागढ़, चम्पावत में प्रागैतिहासिक धार्मिक गुफाओं का विकास, नैनीताल में कैंची धाम, अल्मोड़ा में विरासत सर्किट, निर्बाध कनेक्टिविटी हेतु हैलीपोर्ट्स, ओम पर्वत सर्किट, होम स्टे का विकास, पर्यटक कस्बों का विकास एवं ऐतिहासिक विरासत स्थलों के विकास का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा नदी के तट पर अवस्थित ऋषिकेश अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर योगनगरी के रूप में विश्व विख्यात है। ऋषिकेश की पर्यटन क्षमता एवं आकर्षणों को बढ़ाने के लिए इसे अंतर्राष्ट्रीय टूरिस्ट डेस्टीनेशन के रूप में विकसित किये जाने की भी योजना है। इन दोनों परियोजनाओं के विकास से राज्य के पर्यटन विकास को नया आयाम मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने उपरोक्त दोनों योजनाओं को भारत सरकार से विशेष पैकेज के रूप में वित्त पोषण हेतु सैद्धान्तिक स्वीकृति प्रदान करने के लिए केंद्रीय पर्यटन मंत्री से अनुरोध किया।

केंद्रीय पर्यटन मंत्री किशन रेड्डी से सीएम ने की मुलाकात


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी. किशन रेड्डी से भेंट की। मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड में पर्यटन विकास के लिये राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार, उत्तराखण्ड को पर्यटन, तीर्थाटन के साथ ही साहसिक खेलों के विश्व स्तरीय केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने आईडीपीएल, ऋषिकेश को स्पेशल टूरिज्म जोन के रूप में विकसित किए जाने की योजना की प्रशासनिक स्वीकृति शीघ्र दिये जाने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि आईडीपीएल ऋषिकेश में 600 एकङ में बायोडायवर्सिटी पार्क, इन्टरनेशनल कन्वेंशन सेंटर, रिजार्ट, होटल, वैलनेस सेंटर बनाए जाने प्रस्तावित हैं।

मुख्यमंत्री ने गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में तीर्थयात्रियों की सुविधाओं को बढ़ाए जाने के लिए 55 करोङ रूपए की स्वीकृति दिये जाने पर आभार व्यक्त करते हुए केंद्रीय पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी को उत्तराखण्ड आने के लिये आमंत्रित किया।

केंद्रीय पर्यटन मंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में पर्यटन विकास के लिए पर्यटन मंत्रालय द्वारा हर सम्भव सहयोग दिया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट, मुख्यमंत्री के अपर प्रमुख सचिव अभिनव कुमार व पर्यटन मंत्रालय के अधिकारी उपस्थित थे।