पत्रकार जितेंद्र जोशी बने उत्तराखंड पत्रकार यूनियन के अध्यक्ष

उत्तराखंड पत्रकार यूनियन का विस्तार करते हुए ऋषिकेश इकाई का गठन किया गया, जिसमें सर्वसम्मत्ति से अध्यक्ष पद पर जितेंद्र जोशी, महासचिव विनय पाण्डेय और कोषाध्यक्ष अमित कंडियाल को चुना गया। नियुक्ति पर पत्रकारों ने अध्यक्ष और महासचिव का फूल-मालाओं से स्वागत किया।

रायवाला स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में ऋषिकेश इकाई के गठन के लिए प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र कंडारी और महामंत्री हरीश जोशी पहुंचे। उत्तरांचल प्रेस क्लब अध्यक्ष जितेंद्र अंथवाल की मौजूदगी में अध्यक्ष और महासचिव पद को लेकर क्षेत्र के पत्रकारों से रायशुमारी की गई। इस दौरान अध्यक्ष पद पर जितेंद्र जोशी और महासचिव पर विनय पाण्डेय के नाम पर सहमति बनी। कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी अमित कंडियाल को दिए जाना तय हुआ, जिसके बाद प्रदेश अध्यक्ष ने ऋषिकेश इकाई अध्यक्ष जितेंद्र जोशी और महासचिव पद पर विनय पाण्डेय की नियुक्ति की घोषणा की।

अध्यक्ष जितेंद्र जोशी ने कहा कि वह पत्रकारों के हित के लिए संघर्ष करेंगे। महासचिव विनय पाण्डेय ने भी पत्रकारों के उत्थान के लिए कंधे से कंधा मिलाकर काम करने की बात कही। बताया कि संगठन की मजबूती के साथ ही अन्य पदों पर जल्द ही नामों की घोषणा की जाएगी। मौके पर यूनियन के प्रांतीय संरक्षक नवीन थलेड़ी, जिलाध्यक्ष संतोष चमोली, जिला संयोजक मनोहर काला और जितेंद्र चमोली, गिरधर शर्मा, जितेंद्र भट्ट, राव राशिद, भगतराम कपरूवान, दीपक जोशी, मयंक ध्यानी, रेखा भंडारी आदि मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड पत्रकार यूनियन की स्मारिका का किया विमोचन

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड पत्रकार यूनियन के द्वितीय प्रांतीय सम्मेलन में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, समाजसेवा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को उत्तराखण्ड पत्रकार यूनियन देवभूमि रत्न अवार्ड से सम्मानित किया तथा उत्तराखंड पत्रकार यूनियन की स्मारिका का भी विमोचन किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव सूचना अभिनव कुमार को पत्रकारों को दी जाने वाली पेंशन से सम्बन्धित नियमों को सरल बनाये जाने के निर्देश देते हुए प्रदेश सरकार द्वारा पत्रकार कल्याण कोष के अधीन दी जाने वाली पत्रकार पेंशन की धनराशि 5000 से बढ़ाकर 8000 किए जाने, एवं प्रदेश के विभिन्न जिलों से देहरादून आने वाले पत्रकारों को पूर्व की भांति सूचना विभाग द्वारा आवास व्यवस्था किये जाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे मीडिया से जुड़े अधिकांश पत्रकार भाइयों से परिचित हैं। पत्रकारिता का छात्र होने के नाते वे पत्रकारिता क्षेत्र की समस्याओं से भी परिचित हैं। आज समय के साथ पत्रकारिता के आयाम बदले हैं। पत्रकारों को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए उन्होंने कहा कि निडर, निर्भीक, निष्पक्ष पत्रकारिता का समाज में अहम योगदान रहता है। एक पत्रकार हमेशा समाज को शिक्षा देने के साथ दिशा देने का भी कार्य करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा की जनता एवं सरकार के बीच में संवाद कायम कर, सरकार एवं प्रशासन के सामने जनता की समस्याओं को सामने लाकर पत्रकार हमेशा ही अहम भूमिका निभाते हैं, साथ ही संवाद का माध्यम बनकर विकास में अपना योगदान देते हैं। उन्होंने सभी पत्रकारों से हमेशा साफ-सुथरी एवं निर्भीक निष्पक्ष निडर पत्रकारिता के साथ चलने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि कलम की ताकत हमेशा ही अन्य ताकतों पर भारी रहती है।
इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव सूचना अभिनव कुमार ने कहा कि सरकारी सेवा में आने से पहले वे भी पत्रकार रहे हैं। यह संयोग ही है कि उन्हें आज पत्रकारों के साथ सहयोगी के रूप में कार्य करने का भी अवसर मिला है। उन्होंने पत्रकारों से सकरात्मक एवं तथ्यात्मक रूप से जो कमियां उन्हें दिखाई दे उससे अवगत कराने तथा समाजहित से जुड़े कार्यों के प्रचार प्रसार में सहयोग की अपेक्षा की।
कार्यक्रम में उत्तराखंड पत्रकार यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र कंडारी, प्रदेश कोषाध्यक्ष मनमीत रावत, प्रदेश महामंत्री हरीश जोशी, विकास धूलिया, नवीन थलेड़ी, अशोक पाण्डे, सहित मीडिया से जुड़े तथा अन्य लोग उपस्थित थे।