आय बढ़ाने के प्रयासों को अमलीजामा पहनाये अधिकारी-वित्त मंत्री

प्रदेश के वित्त मंत्री प्रेम चन्द अग्रवाल द्वारा विधान सभा स्थित सभाकक्ष में अधिकारियों के साथ स्टाम्प एवं निबन्धन विभाग की समीक्षा बैठक की गई।
इस अवसर पर वित्त मंत्री ने अधिकारियों के साथ विभाग की कार्यप्रणाली तथा आगामी कार्य योजनाओं के बारे में विस्तृत चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। बैठक में अधिकारियों ने वित्त मंत्री को अवगत कराया कि राज्य में राजस्व प्राप्ति में स्टाम्प एवं निबन्धन विभाग महत्वपूर्ण है।
इस पर वित्त मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि उत्तर प्रदेश के समय के अभिलेखों का डिजिटलीकरण कर संरक्षित किया जाय। उन्होंने 100 दिन की कार्ययोजना का रोडमैप तैयार करने को कहा। इसके साथ ही विभागीय कार्यालयों को पूर्णरूप से कम्प्यूटराईज करने के भी निर्देश दिये।
वित्त मंत्री ने अधिकारियों को प्रदेश में राजस्व बढ़ाने के विकल्पों पर कार्य करने को कहा। उन्होंने कार्यालयों में कार्मिकों/आगंतुकों के लिए मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने और स्टाम्प चोरी को रोकने के लिए सभी आवश्यक प्रावधान करने पर जोर दिया।
बैठक में सचिव वित्त सुरेन्द्र पाण्डेय, आयुक्त कर अहमद इकबाल, ए.आई.जी. अरुण प्रताप सिंह, सयुक्त सचिव विक्रम सिंह राणा, अरूणा चौधरी, हरीश चन्द्रा तथा अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

जनरल रावत ने भारतीय सेना में परिवर्तन के एक ऐतिहासिक दौर का नेतृत्व किया-विस अध्यक्ष

तमिलनाडु के कुन्नूर में हेलीकॉप्टर में सीडीएस जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और सशस्त्र बल के अन्य अधिकारियों के निधन पर बीस बीघा स्थित केदारेश्वर मंदिर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल सहित सभी लोगों द्वारा 2 मिनट का मौन रखकर सीडीएस जनरल बिपिन रावत एवं सभी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
इस अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष प्रेमचन्द अग्रवाल ने जनरल बिपिन रावत के निधन को देश के लिए अपूरणीय क्षति बताया और कहा कि उत्तराखंड को अपने इस सपूत पर हमेशा गर्व रहेगा। देश की सुरक्षा में उन्होंने महान योगदान दिया है। उन्होंने कहा, देश की सीमाओं की सुरक्षा एवं देश की रक्षा के लिए उनके द्वारा लिए गए साहसिक निर्णयों एवं सैन्य बलों के मनोबल को सदैव ऊंचा बनाये रखने के लिए उनके द्वारा दिये गये योगदान को देश सदैव याद रखेगा। उन्होंने भारतीय सेना में परिवर्तन के एक ऐतिहासिक दौर का नेतृत्व किया। उन्होंने ने ईश्वर से शोक संतप्त परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर जीडी उनियाल, जगदीश भंडारी, के पी जोशी, गुरविंदर सिंह, मोहन चमोली, अनिल चमोली, प्रमिला त्रिवेदी, हेमलता चौहान, प्रेमलाल जुगरान, महेंद्र सिंह रावत, रविंद्र सिंह राणा वरिष्ठ नेता, कुलदीप पयाल, प्रमोद चमोली, राजेंद्र सिंह रावत, कस्तूरी देवी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।