रोडवेज कर्मियों की हड़ताल का आंशिक असर

हड़ताल के चलते चल पाईं सिर्फ 40 बसें

ऋषिकेश।
एक सूत्री मांग को लेकर उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन की हड़ताल के चलते ऋषिकेश में करीब 13 बसों के चक्के जाम रहे। जिससे सुबह के समय दिल्ली रूट पर यात्रियों को परेशानी हुई। दोपहर बाद यूपी रोडवेज की बसें पहुंचने से लोगों को राहत मिल गई। ऋषिकेश से प्रतिदिन दिल्ली रूट पर 28 बसें चलती हैं। गुरुवार को 13 बसें ही दिल्ली रूट पर चल पाईं। इससे सुबह के समय यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यूनियन के प्रांतीय प्रवक्ता विपिन कुमार चौधरी ने बताया कि वह आउटसोर्स कर्मचारियों को विनियमित करने की मांग कर रहे हैं। पहले भी शासन को कई बार अवगत करा चुके हैं लेकिन अभी तक सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है। जिस कारण कार्यबहिष्कार किया गया। बीते 16 अक्तूबर को भी यूनियन ने बसों का संचालन बंद किया था। जिस पर सरकार ने जल्द निर्णय लेने की बात कही थी।
104
यूपी रोडवेज ने काटी चांदी
हड़ताल के चलते यूपी रोडवेज ने ऋषिकेश से विभिन्न रूटों पर 100 से अधिक बसें संचालित की। दोपहर 12 बजे से यूपी की बसों का ऋषिकेश डिपो पहुंचना शुरू हो गया। यूपी निगम रात 11बजे तक ऋषिकेश से विभिन्न रूटों पर बसें संचालित करता है। उसकी सबसे अधिक 70 बसें दिल्ली, मेरठ रूट पर चलती है। गुरुवार को दोपहर बाद यूपी की बसें चलने से यात्रियों को राहत मिली।