धामी और कोश्यारी ने किया भाऊराव देवरस सभागार का शिलान्यास

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आने वाले 10 वर्ष उत्तराखण्ड की उन्नति के होंगे इसके लिये सभी विभाग को विकास के लक्ष्य निर्धारित कर उस दिशा में कार्य करने के निर्देश दिये गये हैं, उन्होंने कहा कि विकास की दृष्टि से उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना हमारा लक्ष्य है।
विकासखण्ड कनालीछीना के मुवानी में शेर सिंह कार्की सरस्वती विहार विद्यालय में भाऊराव देवरस सभागार का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विद्यालय के विस्तार के लिये 50 लाख की धनराशि, रामगंगा में मोटर पुल के निर्माण तथा मुवानी महाविद्यालय की सड़क का डामरीकरण किये जाने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2025 तक उत्तराखण्ड को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए राज्य सरकार द्वारा लगातार प्रयास किये जा रहे हैं, इसके लिए खेल, शिक्षा, पर्यटन, उद्योग आदि प्रमुख विभागों की नई नीतियां बनाई गई हैं, इसमें स्वरोजगार की योजनाओं को प्रमुखता दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पलायन जैसी समस्या के निराकरण के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। युवाओं के हित में विभिन्न विभागों की स्वरोजगार परक नीतियां बनाई गई है हमारा प्रयास अपने युवाओं की क्षमता का उपयोग राज्य हित में किये जाने का है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने ’’वोकल फॉर लोकल’’ का नारा दिया है, उसे धरातल पर उतारने हेतु हमारी सरकार प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा प्रयास है कि उत्तराखण्ड देश और दुनिया का नम्बर वन पर्यटन प्रदेश बनने के साथ ही हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की भी वैश्विक पटल पर पहचान बने। उन्होंने कहा कि इस बार कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्तराखण्ड की झांकी मानसखण्ड को प्रथम पुरस्कार मिलना प्रदेश के साथ ही हमारी लोक संस्कृति का भी सम्मान है।
मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं से अपेक्षा की कि वे अपने जीवन में जो भी लक्ष्य चुनें उसमें पूर्ण मनोयोग से कार्य करें। यदि हम किसी कार्य को पूरी ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा से करते हैं, तो उसमें सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने कहा कि जो भी अपना कार्यक्षेत्र चुनें, उसमें लीडर की भूमिका में रहें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। हम प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राज्य के लोगों को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। ये प्रधानमंत्री जी के कुशल नेतृत्व का ही परिणाम है कि आज वैश्विक पटल पर हमारा देश विश्व को एक नई दिशा दिखाने का काम कर रहा है। प्रधानमंत्री का हमारी देवभूमि के प्रति विशेष लगाव रहा है और इसे हमारे यहां केंद्र सरकार द्वारा संचालित हो रही विशिष्ट परियोजनाओं के माध्यम से समझा जा सकता है। पर्वतीय क्षेत्रों के विकास का कार्य जो पहले एक सपना मात्र लगता था वह आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में संभव होता दिख रहा है।
इस अवसर पर पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने अपने संबोधन में शेर सिंह कार्की द्वारा समाज हित में किये जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए विद्यालय को आदर्श विद्यालय बनाये जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि विद्यालय की अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिये मुंबई वासियों द्वारा भी सहयोग किया जा रहा है।
कार्यक्रम में सांसद अजय टम्टा, विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल, विधायक गंगोलीहाट फकीर राम, अध्यक्ष जिला पंचायत दीपिका बोहरा, जिलाधिकारी रीना जोशी, पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह व अन्य उपस्थित रहे।

भगतदा ने प्रेस से मिलिए कार्यक्रम में रखी अपनी बात, आप भी जानिए…

उत्तरांचल प्रेस क्लब ने आज महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी का ‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम आयोजित किया। भगत सिंह कोश्यारी के राज्यपाल पद और भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने आज मीडिया कर्मियों के सामने खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि मेरी यही इच्छा है कि उत्तराखंड हिमालय जैसा स्वच्छ और गंगा जैसा पावन राज्य के साथ ही आत्मनिर्भर बने। इसके लिए उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के उद्योगपतियों से उत्तराखंड में निवेश को लेकर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य की कई सरकारी योजनाओं में पैसा उपलब्ध है जिसका उपयोग करने के लिए ऐसी मशीनरी डेवलप करने की जरूरत है, जिससे उत्तराखंड की आर्थिकी में नई क्रांति आएगी। 

प्रेस से मिलिए कार्यक्रम के दौरान मीडिया कर्मियों से बात करते हुए पूर्व राज्यपाल ने उनकी वापसी के बाद प्रदेश में चल रही सभी चर्चाओं पर विराम लगाते हुए कहा कि वह सक्रिय राजनीति से दो महीने पहले ही बहुत दूर हो चुके हैं और उन्हें किसी भी तरह के पद की लालसा नहीं है। उन्होंने कहा कि मेरा काम सृजन और समन्वय का है। भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें बहुत सम्मान दिया है।

‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय राणा व संचालन प्रेस क्लब महामंत्री विकास गुसाईं ने किया। इस अवसर पर क्लब कार्यकारिणी के कनिष्ठ उपाध्यक्ष दरबान सिंह, संयुक्त मंत्री मीना नेगी, कार्यकारिणी सदस्य दया शंकर पांडे, मंगेश कुमार, मो. फहीम तन्हा, राम अनुज, प्रवीन बहुगुणा, लक्ष्मी बिष्ट, विनोद पुंडीर के साथ ही क्लब के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र भसीन, पूर्व अध्यक्ष दर्शन सिंह रावत, विकास धूलिया, भूपेंद्र कंडारी, जितेंद्र अंथवाल, पूर्व महामंत्री संजीव कंडवाल, गिरिधर शर्मा व वरिष्ठ पत्रकार जगमोहन सेठी, सुभाष गुप्ता, सतीश शर्मा, आशीष उनियाल, देवेंद्र नेगी, रामगोपाल शर्मा, केएस बिष्ट, नारायण परगाईं, प्रदीप फरस्वाण, सुशील रावत, प्रभा वर्मा समेत कई सदस्य मौजूद थे।

भगतदा से मिले स्पीकर, विस सत्र के संचालन की कार्यवाही से कराया अवगत

स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने देहरादून में महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से शिष्टाचार भेंट की, इस दौरान राज्यपाल ने स्पीकर को विगत दिनों सम्पन हुए विधानसभा के मानसून सत्र को सफलतापूर्वक संचालन करने पर बधाई दी।

शिष्टाचार भेंटवार्ता के दौरान राज्यपाल एवं विधान सभा अध्यक्ष के बीच प्रदेश के विकास को लेकर विभिन्न विषयों पर चर्चा वार्ता हुई। साथ ही स्पीकर ने विगत साढ़े 4 वर्षों में विधानसभा सत्र के सदन संचालन कार्यवाही से राज्यपाल को अवगत किया। उन्होंने जानकारी दी कि 25 से अधिक बार सदन में विधानसभा सदस्यों के द्वारा पूछे गए तारांकित प्रश्नों को निर्धारित समय अंतराल में उत्तरीत किया गया हैं। जो कि उत्तराखंड विधान सभा के इतिहास में पहला अवसर है। वहीं उनके कार्यकाल में सत्तापक्ष एवं विपक्ष के सहयोग से सदन बहुत कम बाधित होकर सुचारु एवं शांतिपूर्वक संचालित हुए है। जिस पर भगत दो ने संतोष व्यक्त करते हुए सफल सत्र संचालन को लेकर स्पीकर को बधाई दी।

इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने उनके कार्यकाल में अभी तक उत्तराखंड विधानसभा में की गयी विभिन्न गतिविधियों से भी भगत दा को अवगत कराया।