भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने की मुख्यमंत्री से मुलाकात

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने भेंट की। प्रदेश में नकल विरोधी कानून के समर्थन में संचालित हस्ताक्षर अभियान की सफलता के बाद भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष शशांक रावत ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि नकल विरोधी कानून के समर्थन में प्रदेश में व्यापक स्तर पर जन जागरूकता के साथ हस्ताक्षर अभियान भी संचालित किया गया था। कई अवसरों पर स्वंय मुख्यमंत्री भी इन कार्यक्रमों में सम्मिलित रहे हैं। उन्होंने प्रदेश के युवाओं के हित में मुख्यमंत्री द्वारा किये जा रहे प्रयासो के प्रति उनका आभार भी जताया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश के युवाओं के व्यापक हित में परीक्षा भर्तियों में हुए घपलों और घोटालों पर त्वरित कार्यवाही की है। नकल विरोधी कानून में ऐसी व्यवस्था की गई है कि भविष्य में युवाओं के भविष्य के प्रति खिलवाड करने की कोई सोच भी न सके। नकल विरोधी कानून बनाने के बाद आयोग के स्तर पर तीन भर्ती परीक्षायें सफलता पूर्वक पारदर्शिता के साथ आयोजित की गई है।

इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री विपुल मैन्दोला सहित अन्य पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।

अटल भाषण प्रतियोगिता में शामिल हुए सीएम धामी, कार्यकाल को किया स्मरण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा युवा मोर्चा द्वारा आयोजित ‘अटल भाषण प्रतियोगिता’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्रद्धेय अटल की जन्म जयंती को एक उत्सव के रूप में मनाने का युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं द्वारा सराहनीय प्रयास किया गया। उनकी जन्म जयंती पर इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के युवा देश के स्वर्गीय अटल जी के जीवन और कृतित्व से निश्चित रूप में प्रेरणा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी के प्रधानमंत्रित्व काल में देश ने अनेक नये आयाम स्थापित किये। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, सर्व शिक्षा अभियान, अंतरिक्ष एवं परमाणु शक्ति के क्षेत्र में स्वर्गीय अटल जी के नेतृत्व में अभूतपूर्व कार्य हुए। उनके द्वारा प्रारंभ किए गए कार्य आज नये भारत की मजबूत नींव का निर्माण का कार्य कर रहे हैं। स्वर्गीय अटल जी के कुशल नेतृत्व की ही प्रेरणा है कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का कर्मशील नेतृत्व सम्पूर्ण विश्व में भारत की एक विशिष्ट पहचान स्थापित कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी के प्रधानमंत्रित्व काल में ही उत्तराखंड राज्य का निर्माण हुआ। राज्य सरकार श्रद्धेय अटल जी के पदचिन्हों पर चलते हुए उनके सपनों का उत्तराखंड बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड को अटल जी ने बनाया और अब नरेन्द्र मोदी जी संवार रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड के प्रति विशेष लगाव से प्रेरित होकर हमारी सरकार ने वर्ष 2025 तक उत्तराखंड को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का “विकल्प रहित संकल्प“ लिया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि युवा मोर्चा का प्रत्येक कार्यकर्ता सरकार के इस “विकल्प रहित संकल्प“ को साकार करने में अपना सम्पूर्ण योगदान प्रदान करेगा।

इस अवसर मेयर सुनील उनियाल गामा, महामंत्री संगठन अजेय कुमार, भाजयुमो के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी, भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष शशांक रावत, शैलेन्द्र बिष्ट उपस्थित थे।