सीएम ने नारी शक्ति वंदन कार्यक्रमों को चुनाव से पूर्व ही कर तोड़ दी थी विपक्ष की उम्मीदें

विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचण्ड बहुमत से वापसी कराकर इतिहास लिख चुके मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लोकसभा चुनाव में फिर नायक बनकर उभरे हैं। राज्य में अकेले मुख्यमंत्री धामी ने राज्य में 90 से ज्यादा जनसभाएं, रोड शो, कार्यकर्ता मिलन कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर पार्टी चुनावी मोर्चे पर अंतिम दिन तक डटे रहे। मुख्यमंत्री धामी ने एक दिन में 3 से 4 रिकॉर्ड कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर सरकार और संगठन में समन्वय की मिसाल कायम की है। इसके अलावा मुख्यमंत्री धामी और संगठन के बीच बेहतर समन्वय का परिणाम है कि केंद्रीय नेतृत्व ने भी राज्य की पांचों लोकसभा सीट पर गंभीरता से प्रचार किया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने 70 विधानसभाओं में करीब डेढ़ सौ से ज़्यादा जनसभाएं, रोड शो, कार्यकर्ता मिलन कार्यक्रम कर सरकार की उपलब्धियों पर वोट मांगे। जबकि प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस के प्रचार की बात करें तो केंद्रीय नेतृत्व ने पहले टिकट बंटवारे में देरी, फिर प्रचार में औपचारिकता भर जिम्मेदारी निभाने का काम भी पूरा नहीं किया है। कांग्रेस ने स्टार प्रचारकों की लंबी सूची तो जारी की, लेकिन राज्य में एंट्री सिर्फ प्रियंका गांधी की हुई। प्रियंका की दो लोकसभा सीट पर चुनावी जनसभा कर कांग्रेस ने प्रचार की जिम्मेदारी की इतिश्री कर दी। सचिन पायलट ने भी हल्द्वानी में रोड शो कर केवल अपनी उपस्थिति दर्ज कराई जबकि अन्य राष्ट्रीय नेताओं ने यहां कदम तक नहीं रखा। राज्य में कांग्रेस के सबसे बड़े चेहरे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी अपने बेटे की हरिद्वार सीट से बाहर नहीं निकल पाए। हालांकि, कुछ स्थानों पर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने जरूर उपस्थिति दर्ज कराई।

पौड़ी लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी गणेश गोदियाल को छोड़ दिया जाए तो बाकी सीटों पर अंदाज लगाया जा सकता है कि कांग्रेस ने ये लोकसभा चुनाव कितनी गंभीरता से लड़ा और कांग्रेस केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष देवभूमि के मतदाताओं का कितना सम्मान है। बहरहाल, राज्य की हितैषी बताने वाली कांग्रेस देवभूमि के दंगल से इस बार भी दूर ही नज़र आई।

मुख्यमंत्री धामी के हल्द्वानी रोड शो में उमड़ा जनता का हूजूम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चुनाव प्रचार के अंतिम दिन नैनीताल लोकसभा के अंतर्गत हल्द्वानी में आयोजित रोड शो में प्रतिभाग किया। इस दौरान हजारों की संख्या में जनता का हुजूम उमड़ा और पूरा हल्द्वानी शहर भगवामय हो गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनता से भाजपा प्रत्याशी को अधिक से अधिक वोटों से जीताने की अपील की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज की रामनवमी हम सबके लिए बहुत विशेष है। यह दिन हम सबके जीवन में पहली बार आया है जब रामलला जो 500 वर्षों से अपने घर से बाहर रह रहे थे, इस बार का अपना जन्मदिन अपने महल में मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं प्रधानमंत्री जी का विशेष अभिनंदन करता हूँ कि उनकी वजह से आज हम सबको यह अवसर प्राप्त हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार का चुनाव ऐतिहासिक चुनाव है और मोदी जी तीसरी बार प्रचंड बहुमत से देश के प्रधानमंत्री बनने वाले हैं। उत्तराखंड की पांचों सीटें भी हम जीतकर प्रधानमंत्री जी के 400 पार के नारे को साकार करने का काम करेंगे। मुख्यमंत्री ने पहली बार मतदान करने वाले युवाओं से अपील करते हुए कहा कि हर किसी को मतदान में जरूर भाग लेना है और हिमालयी राज्यों के बीच सबसे अधिक मतदान का रिकॉर्ड बनाना है। साथ ही ऐतिहासिक विजय हमें यहां से भाजपा को दिलानी है। उन्होंने कहा कि 4 जून को जब नतीजे आएंगे, उस दिन निश्चित हम एक बार फिर मोदी जी को प्रधानमंत्री बनते देखेंगे। उन्होंने कहा कि मोदी जी के हृदय में उत्तराखंड बसता है और अब हमारी बारी है कि हमें यहां से प्रचंड बहुमत से सभी प्रत्याशियों को जीत दिलानी है।

पौड़ी लोकसभाः कोटद्वार में केंद्रीय मंत्री शाह ने भाजपा प्रत्यशी अनिल बलूनी के समर्थन में विजय संकल्प रैली को किया संबोधित

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गढ़वाल लोकसभा के अंतर्गत कोटद्वार में भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी के समर्थन में आयोजित विशाल विजय संकल्प रैली को संबोधित किया। इस दौरान अमित शाह ने जनता से बलूनी को जिताने की अपील करते हुए कहा कि आप अनिल बलूनी को जिताओ, गढ़वाल की चिंता मैं करूंगा।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि 500 सालों के बाद रामलला अपना जन्मदिन राम मंदिर में मनाने वाले हैं। उन्होंने कहा कि यह हम सबके लिए सौभाग्य की बात है कि हमने उनकी प्राण प्रतिष्ठा का दृश्य देखा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले को जानबूझकर पिछले कई दशकों से लटकाते हुए आई जबकि मोदी जी ने महज पांच साल में ही राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का कार्य सम्पन्न कराया।

शाह ने कहा कि, मैं हमारे उत्तराखंड के युवा सीएम धामी को भी बहुत अभिनंदन देना चाहता हूँ। उन्होंने कहा कि, भारतीय जनसंघ ने अपनी स्थापन के समय से एक ही मांग रखी थी समान नागरिक सहिंता। उन्होंने कहा कि मुझे गर्व होता है कि पूरे भारत में सबसे पहले यह काम हमारे धामी ने किया और प्रधानमंत्री मोदी ने इसी तर्ज पर देश में इसे लाने के लिए हमारे संकल्प पत्र में अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहाड़ियों में कहने को तो आबादी कम है लेकिन देश की सीमाओं की रक्षा में उत्तराखंड के लोगों का अहम योगदान है। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने वन रैंक वन पेंशन का वादा किया था लेकिन यह वादा मोदी जी ने पूरा किया और 70 हजार करोड़ रुपये की धनराशि उन्होंने सीधा सेना के जवानों के खाते में डालने का काम किया। उन्होंने कहा कि मोदी को फिर प्रधानमंत्री बनाने का मतलब है विकसित भारत बनाना, विकसित उत्तराखंड बनाना।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, मैं कांग्रेस नेताओं से पूछना चाहता हूँ। अपने काम का हिसाब देना चाहिए या नहीं, लेकिन कांग्रेसी हिसाब नहीं देते। उन्होंने कहा कि 10 साल तक उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार थी। तब, उत्तराखंड के नेता मंत्री बने बैठे थे, लेकिन कांग्रेस ने 10 साल में महज 53 हजार करोड़ उत्तराखंड को दिये जबकि मोदी ने 1 लाख 66 करोड़ रुपया सीधा ग्रांट के रूप में दिये। 82 हजार करोड़ इंफ्रा के लिए भेजे, और भी हजारों करोड़ के विभिन्न प्रोजेक्ट चल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि, जब भी धामी मिलने आते हैं तो मांगों की सूची लेकर आते हैं, इसे देखकर बहुत खुशी होती है और आज के विकसित हो रहे उत्तराखंड को देखकर संतोष भी मिलता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पलायन रोकने के लिए पर्यटन को आगे बढ़ाना होगा। कांग्रेस के समय में डोली के सहारे लोग मार्गों तक आने को मजबूर होते थे लेकिन मोदी जी ने आज 12 हजार करोड़ से ऑल वेदर रोड बना दिया है। 8 हजार करोड़ से दिल्ली देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर बन रहा है। गढ़वाल में रेल दौड़ने वाली हैम

उन्होंने कहा कि देश की सबसे बड़ी रेल सुरंग, उत्तराखंड में बन रही है। हेली सेवाओं का राज्य में लगातार विस्तार किया जा रहा है, एयरपोर्ट का निर्माण किया जा रहा है। पलायन रोकने को वाइब्रेंट विलेज मोदी लेकर आये हैं। उन्होंने कहा कि ये मोदी की गारंटी है कि जल्द 1980 से ज्यादा आबादी चीन बॉर्डर के गांव में होगी। केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिका अर्जुन खड़गे को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि खड़गे कहते हैं कि राजस्थान और उत्तराखंड वालों को कश्मीर से क्या मतलब, तो मैं उन्हें बता दूं कि कश्मीर बचाने के लिए सबसे ज्यादा लहू पहाड़ियों ने बहाया है। उन्होंने कहा कि दिवंगत जनरल विपिन रावत का अपमान करने का काम कांग्रेस ने किया। उन्होंने कहा कि कश्मीर से आज मोदी जी ने धारा 370 को समाप्त कर दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 10 साल के राज में पाकिस्तान से रोज आतंकी भारत आते थे। धमाके करते थे और चले जाते थे। लेकिन उरी और पुलवामा में हमलों के बाद भारत ने 10 दिन में सर्जिकल और एयर स्ट्राइक कर दुनिया को बता दिया कि ये नया भारत है, मोदी का भारत है।उन्होंने कहा कि 70 साल से तकलीफ में जी रहे तमाम हिन्दू और सिख भाइयों के लिए मोदी सरकार सीएए का कानून लेकर आई है। 80 करोड़ से ज्यादा लोगों को मुफ्त राशन दिया गया। आने वाले सालों में और तीन करोड़ लोगों को अपना घर मिलेगा। 10 करोड़ लोगों को नल से जल और गैस का कनेक्शन दिया गया। अब जल्द गैस भी पाइप से आने वाली है।

उन्होंने कहा कि, यह सब योजनाएं जो मोदी लाये हैं, उसे लागू करने में भी उत्तराखंड नंबर है और धामी ने सारी योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाने का काम किया।

उन्होंने कहा कि अनिल बलूनी के साथ मैंने काम किया है। उन्होंने जनता का आह्वान किया कि आप अनिल बलूनी को यहां से संसद भेजो, गढ़वाल की चिंता मैं करूंगा। उन्होंने कहा कि बलूनी ने राज्यसभा से सांसद रहते हुए पौड़ी में तारामंडल की स्थापना के साथ ही डॉपलर रडार लगवाने का कार्य किया। इगास को भी अनिल बलूनी की वजह से देश जानने लगा है। उन्होंने कहा कि, मोदी जी को यहां से एक ऐसा साथी चाहिए जो वाइब्रेंट विलेज के लिए काम करे। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने यहां के श्री अन्न का प्रचार किया जिससे यहां के छोटे किसानों को लाभ मिल है। आने वाले दिनों में यहां के मिलेट्स को भाजपा बाहर भेजने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि मोदी जी, उत्तराखंड को संवार रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की रचना का विरोध कौन करता था, कांग्रेस। उत्तराखंड के युवाओं पर किसने गोली चलवाई सब जानते हैं लेकिन उत्तराखंड को किसने बनाया। अटल जी ने बनाया और मोदी जी इसको संवारने का काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कह रही है कि भाजपा को 400 सीटें मिली तो आरक्षण चला जायेगा लेकिन मोदी जी इसके सबसे बड़े रक्षक हैं और आरक्षण पूरी तरह से बरकरार रहेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विकृति से आगे बढ़ रही है। उत्तराखंड में 14 हजार कांग्रेसी भाजपा में आ गए। कांग्रेस में पार्टी छोड़ने की दौड़ लगी है। उन्होंने कहा कि गढ़वाल भारत की सुरक्षा का गढ़ है। गढ़वाल का देश की सुरक्षा में बड़ा योगदान है, उन्होंने जनता का आह्वान किया कि गढ़वाल को एक ऐसा प्रतिनिधि दीजिए जो गढ़वाल का विकास कर सके।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी को दुर्गा अष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए जनता से भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी को वोट देकर समर्थन देने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इतने दिनों के प्रचार में मैंने स्पष्ट देखा है कि एक बार फिर मोदी जी देश के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब भी हमने कोई बात कही तो पीएम मोदी व अमित शाहलल ने हर बात को पूरा किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी जी ने कहा है कि 21 वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा और हम इस कथन को सच साबित करने की दिशा में दिन रात कार्य कर रहे हैं।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री डॉ धन सिंह रावत, सतपाल महाराज, पूर्व सांसद बलराम पासी, रेणु बिष्ट, आदित्य कोठारी आदि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने देहरादून में आयोजित व्यापारी सम्मेलन में किया प्रतिभाग

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित हिंदू नेशनल इंटर कॉलेज में आयोजित व्यापारी सम्मेलन में प्रतिभाग किया।

मुख्यमंत्री ने व्यापारी सम्मेलन में सभी का स्वागत करते हुए सभी व्यापारी वर्ग से एक साथ मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि ’व्यापारी वर्ग के बिना, विकसित राष्ट्र की कल्पना नहीं की जा सकती है।’ उन्होंने कहा ’व्यापार और व्यापारिक गतिविधियाँ राष्ट्रों की आर्थिक वृद्धि और समृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।’ उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि विकसित राष्ट्र के लिए आदरणीय मोदी जी को देश का तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए 19 अप्रैल को अधिक से अधिक मतदान करना है। उन्होंने कहा भाजपा द्वारा जारी संकल्प पत्र में भी व्यापारियों के हितों को प्राथमिकता से रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश के अंदर वर्क कल्चर बदला है। पूर्व की व्यवस्था में सुधार किया गया है। प्रधानमंत्री जी ने हर वर्ग के उत्थान के लिए काम किया है। उत्तराखंड के अंदर हमारी सरकार व्यापारियों के साथ है व्यापारियों की उन्नति के साथ है। व्यापारियों, उद्योग के क्षेत्र में सरलता से काम किया गया है। ग्लोबल इन्वेस्टर समिट से पहले सभी से संवाद किया गया था। सभी के सुझाव को प्राथमिकता से लेते हुए सरलीकरण, आवश्यक संशोधन, कई नीतियों को प्रख्यापित किया गया है। 30 नई पॉलिसी बनाई गई हैं।ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में 50 से भी अधिक देशों ने भाग लिया। 3.5 लाख करोड़ के एमओयू साइन हुए और 81 हज़ार करोड़ रुपए की ग्राउंडिंग हो चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली देहरादून एक्सप्रेसवे का काम पूरा होने पर यहां आने वालों की संख्या कई गुना बढ़ने वाली है। मुख्यमंत्री ने कहा एक ओर प्रधानमंत्री जी देश को प्रथम मानकर , देशवासियों को अपना परिवार मानकर रात दिन हर पल हर क्षण देशवासियों को समर्पित कर रहे हैं। दूसरी ओर वह लोग हैं जिन्होंने देश में तुष्टिकरण भ्रष्टाचार परिवारवाद को बढ़ावा दिया। इन लोगों ने सरकारों में रहते हुए अपने व्यक्तिगत हित और परिवार को प्राथमिकता दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ’वह स्वयं प्रधानमंत्री जी से प्रेरणा लेकर काम करते हैं। जिस प्रकार प्रधानमंत्री जी हर काम को पूर्ण मनोयोग एवं हर दिन 17 से 18 घंटे काम करते हैं। उत्तराखंड में भी प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में वर्क कल्चर को आगे बढ़ाने का कार्य जारी है।’ उन्होंने कहा 21वी सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक बनाने के लिए हमने दिन रात काम करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा प्रधानमंत्री जी ने उत्तराखंड राज्य के लिए बहुत कुछ किया है। 2 लाख करोड़ से अधिक की योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की है। कई योजनाएं पाइप लाइन में है। अब हमारी बारी है कि प्रधानमंत्री जी को बड़े बहुमत के साथ जीताना है। मुख्यमंत्री ने सभी व्यापारियों से आग्रह करते हुए कहा ज्यादा से ज्यादा लोगों को मतदान करने हेतु प्रेरित करें एवं उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीटों से भाजपा प्रत्याशीयों को विजय बनाकर प्रधानमंत्री जी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाने में अपना योगदान दें।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सविता कपूर, दर्जा मंत्री विस्वास डाबर, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल एवं अन्य लोग मौजूद रहे।