नवम्बर में आयोजित हो रही राष्ट्रीय स्तर की मास्टर्स खेल प्रतियोगिता

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में मास्टर्स स्पोर्टस फाउण्डेशन के खेल पोस्टर का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के फिट इंडिया एवं खेलों इंडिया के विचार को धरातल पर उतारने के लिये 40 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को इससे जोड़ने के प्रयास होने चाहिए। इससे शारारिक स्वस्थता के प्रति समाज में जागरूकता का भी प्रसार होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा खेलों को बढ़ावा देने के लिये निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। इस दिशा में क्रिकेटर ऋषभ पन्त को ब्रांड अम्बेसडर बनाया गया है। ऐसे प्रयास खेलों और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के साथ ही मास्टर्स स्पोर्टस की गतिविधियों को बढ़ावा देकर खेलों को रोजगार और पर्यटन से भी जोड़ने में मददगार होंगे। उन्होंने मास्टर्स स्पोटर्स फाउण्डेशन सोसाइटी के प्रयासों की सराहना करते हुए अन्य संस्थानों से भी इस दिशा में सहभागी बनने की अपेक्षा की।
मास्टर्स स्पोटर्स सोसाइटी के अध्यक्ष विपिन बलूनी ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि सोसाइटी विगत दो वर्ष से लगातार मास्टर्स लेवल पर फुटबाल, बैडमिंटन, निशानेबाजी, बालीबॉल, बास्केटबॉल, एथेलेटिक्स समेत 10 विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों को प्रोत्साहन दे रही है। इसके तहत जिला और राज्यस्तरीय प्रतियोगिताएं भी समय-समय पर आयोजित की जाती रही हैं। हमारी सोसाइटी द्वारा राज्यस्तरीय एथेलेटिक्स, फुटबॉल, निशानेबाजी बालीबाल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन का प्रदेशस्तरीय आयोजन कराया गया था जिसमें लगभग दो हजार खिलाडियों ने भाग लिया। इसी क्रम में फिट इंडिया मूवमेंट और खेलों को प्रोत्साहन देने की नीति के तहत सोसाइटी देहराइन में आगामी 11 से 13 नवम्बर तक राष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतियोगिता का आयोजन कर रही है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की टीमें भाग लेगी। जिसमें देशभर से 5 हजार खिलाड़ियों की भाग लेने की संभावना हैं।

मुख्यमंत्री ने बैडमिंटन खेलकर खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को बहुउद्देशीय क्रीडा भवन, परेड ग्राउंड, देहरादून में उत्तरांचल राज्य बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा आयोजित ’उत्तराखण्ड राज्य सीनियर बैडमिंटन प्रतियोगिता’ का शुभारंभ किया। यह प्रतियोगिता 21 अगस्त 2022 तक चलेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वयं बैडमिंटन खेल खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया।
मुख्यमंत्री ने मौजूद सभी खिलाड़ियों को उनके भविष्य हेतु शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि बच्चे खेल की विभिन्न विधाओं में सराहनीय प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदेश के खिलाड़ी आज विश्व पटल पर राज्य एवं देश का नाम रोशन कर रहे हैं। हमारे खिलाड़ियों ने अपने संकल्प, इच्छा शक्ति और परिश्रम के आधार पर अच्छा मुकाम हांसिल किया है। खिलाड़ी अपने संघर्ष एवं मेहनत के बलबूते पर अपने सपनों को पूरा करते हैं। खिलाड़ी की सफलता से क्षेत्रवासियों, राज्यवासियों एवं देश की भावनाएं जुड़ती हैं, हजारों लोगों का आशीर्वाद उनके साथ होता है, एक खिलाड़ी की सफलता से अन्य खिलाड़ी भी प्रोत्साहित होते हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा उत्साह और उमंग से मनुष्य में ऊर्जा का संचार होता है, संकल्प एवं दृढ़ इच्छाशक्ति ही हमें हमारी सफलता की ओर ले जाती हैं। उन्होंने कहा आज हर क्षेत्र में भारत लीडर के रूप में आगे बढ़ रहा है। नए भारत का निर्माण हो रहा है। हम अमृत काल में प्रवेश कर गए हैं। इस अमृत काल में भारत एवं राज्य प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़े इसके लिए हम सभी ने अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए राष्ट्र के प्रति योगदान देना है। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य में नई खेल नीति बनाई गई है। खिलाड़ियों की सुविधा अनुसार एवं उनके हितों को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर खेल नीति में और सुधार किये जायेंगे। नई खेल नीति में कई प्रावधान किए गए हैं, जिससे हमारे नौजवान खेल के क्षेत्र में नई बुलंदियां हासिल करें।