लोग मेरा विरोध करते रहे, मैं नकल माफिया को जड़ से समाप्त करके ही रहूंगा-धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हम युवाओं के सपनो और आकांक्षाओं के साथ कोई समझौता नहीं करेंगे। अब जो कोई भी भर्ती परीक्षा में गड़बड़ करेगा, उसे उम्र कैद और 10 साल की सजा दी जाएगी। साथ ही संपत्ति भी जब्त कर ली जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आखिर कौन हमारे बच्चों के भविष्य को बर्बाद करना चाहता है। ये प्रश्न हम सभी के मस्तिष्क में है। हमे इनका उत्तर ढूंढना होगा। हमारी सरकार इस दिशा में काम कर रहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आखिर आज तक नकल माफिया की गर्दन पर हाथ क्यों नही डाला गया। मैं जानता था कि नकल माफिया के खिलाफ कार्यवाही के फैसले के बाद हमे डराने की कोशिश की जायेगी। मैं पूछता हूं कि किसकी सरकार में आरोपी जेल भेजे गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम में आने से पहले लोग कह रहे थे की, वहां मत जाइए, वहां आपका विरोध होगा। उन्होंने कहा कि मैंने कार्यक्रम में आने का निर्णय लिया, अगर कोई विरोध करता है तो उनसे पूछता हूं क्या किसी मुख्यमंत्री ने नकल माफिया को इससे पहले जेल भेजा अब तक जेल जा चुके गिरोह 60 से अधिक लोगों पर कार्यवाही की जा चुकी है। गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर किसकी सरकार ने परीक्षाएं निरस्त की और शीघ्र दुबारा पेपर करवाने की अनुमति दी। किसकी सरकार ने प्रदेश में देश का सबसे कड़ा “नकल विरोधी कानून” लागू किया? यह भी देखना होगा कि नकल माफिया को बचाने के लिए कोई संगठन कार्य को नहीं कर रहा है? अभी राज्य में सबसे सख्त नकल विरोधी कानून बनाया गया है। जिसमें नकल करवाने और करने वालों के लिए सख्त सजा का प्राविधान किया गया है। नौजवानों के भविष्य के साथ कोई अहित नहीं होने दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कालसी में यमुना शरदोत्सव क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक समिति द्वारा आयोजित क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा और आमजन मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत पुनः विश्वगुरु बनने के मार्ग पर अग्रसर है। आज हमारे युवाओं द्वारा विभिन्न खेल और कला के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत के सामर्थ्य का परिचय कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री जी के दिशा निर्देशन में हमारी सरकार उत्तराखंड को ‘सर्वश्रेष्ठ उत्तराखण्ड‘ बनाने हेतु प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। ‘सर्वश्रेष्ठ उत्तराखण्ड‘ के निर्माण के लिए युवाओं का सशक्तिकरण एक मुख्य कार्य है, जिस हेतु हमारी सरकार पूर्ण रूप से संवेदनशील है। उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य है जहां एक ओर नई शिक्षा नीति को प्रभावकारी ढंग से लागू करने का काम किया है, वहीं दूसरी ओर नई खेल नीति बनाकर अपने युवा खिलाड़ियों का भी प्रोत्साहन करने का कार्य किया है। नई खेल नीति में राज्य के युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए उचित आर्थिक प्रोत्साहन का प्रावधान भी सुनिश्चित किया गया है। युवा खिलाड़ियों के लिए नौकरियों में खेल कोटा भी पुनः प्रारंभ करने का निर्णय लिया है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर घोषणा की कि सीएचसी कालसी में मानकों के अनुसार सभी मेडिकल स्टाफ के पदों को भरने की स्वीकृति दी जाएगी। विकासखंड कालसी के अंतर्गत इच्छाडी, खड़स, टोंस नदी में नागथात से बोराडांडा तक पेयजल योजना का निर्माण किया जाएगा। विकासखंड कालसी के अंतर्गत बुरासी से घणता तक मोटर मार्ग का निर्माण किया जाएगा। कालसी विकासखंड के अंतर्गत कालसी से बोनाटखाई मोटर मार्ग का निर्माण किया जाएगा। चकराता विकासखंड के अंतर्गत खाटवा मोटरमार्ग के 03 किमी का नव निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चैहान एवं सीडीओ देहरादून झरना कामठान को सम्मानित किया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्तराखंड की झांकी मानसखंड को देश में प्रथम स्थान मिलने पर झांकी के टीम लीडर संयुक्त निदेशक सूचना के एस चैहान को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।
विधायक मुन्ना सिंह चैहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में पिछले 08 सालों में देश का आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पुनर्जागरण हुआ है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड हर क्षेत्र में तेजी से बढ़ रहा है। कालसी एकलव्य विद्यालय ने एकलव्य विद्यालयों की श्रेणी में देश में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त किया है। यह क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में अनेक साहसिक निर्णय लिए जा रहे हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चैहान, ब्लॉक प्रमुख कालसी मठोर सिंह, भीम सिंह चैहान, रितेश असवाल, आईजी के एस नगन्याल, सीडीओ झरना कमठान एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

सीएम ने विकासनगर में 260 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को विकासनगर में विकासनगर विधानसभा क्षेत्र की 260 करोड़ रुपए की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की, कि विकासनगर में बस अड्डा एवं पार्किंग बनाई जायेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड की विकास यात्रा लगातार आगे बढ़ रही है। पिछ्ले 5 सालों में केन्द्र सरकार के सहयोग से राज्य में अनेक योजनाएं चल रही हैं। 1 लाख करोड़ से अधिक की योजनाएं केन्द्र सरकार की राज्य में चल रही हैं। प्रधानमंत्री द्वारा केदारनाथ पुनर्निर्माण के लिए 400 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। श्री बदरीनाथ के लिए भी 250 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान हो चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के मुख्य सेवक की जिम्मेदारी मिलने के बाद से उनके द्वारा जनहित में 500 से अधिक निर्णय लिए गए हैं। पहली कैबिनेट में ही सभी रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया गया। कोरोना के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को आवेदन के लिए एक साल की छूट प्रदान की गई। प्रतियोगी परीक्षाओं में आवेदन के लिए अभ्यर्थियों से कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है। समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए योजनाएं चलाई जा रही है। कोरोना काल में हर वर्ग को राहत देने का कार्य किया गया। पर्यटन एवं परिवहन से जुड़े लोगों को 200 करोड़ का राहत पैकेज दिया गया। स्वास्थ्य के क्षेत्र में 205 करोड़ का राहत पैकेज दिया गया। आशा, आंगनबाडी बहनों, उपनल कर्मियों का मानदेय बढ़ाया गया है। राज्य आंदोलनकारियों की पेंशन में भी वृद्धि की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनहित में जो भी घोषणाएं की जा रही हैं, साथ ही उनका शासनादेश भी किया जा रहा है। 2025 तक उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। सभी विभागों को अगले 10 सालों का रोड मैप बनाने के लिए कहा गया है। हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं।
केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड में अनेक प्राकृतिक सम्पदायें है। उत्तराखण्ड आध्यात्मिक एवं आस्था के साथ ही, वीरता एवं बहादुरी का केन्द्र भी है। डबल इंजन की सरकार में उत्तराखंड में विकास के कार्य तेजी से हुए हैं। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनहित में अनेक कार्य हुए हैं।
विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में तेजी से विकास के कार्य हो रहे हैं। बेरोजगारों को स्वरोजगार एवं रोजगार के लिए अनेक अवसर मिल रहे हैं।
इस अवसर पर पूर्व विधायक एवं प्रदेश महामंत्री भाजपा कुलदीप कुमार, भाजपा के जिलाध्यक्ष शमशेर सिंह पुंडीर एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।