विस अध्यक्ष ने पूर्व अध्यक्ष कपूर को दी श्रद्धांजली

भाजपा के वरिष्ठ विधायक एवं विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष हरबंस कपूर के निधन पर बैराज स्थित कैंप कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल सहित भाजपा के कार्यकर्ताओं द्वारा हरबंस कपूर के चित्र पर पुष्प चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान 2 मिनट का मौन रखकर सभी के द्वारा कपूर की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि हरबंश कपूर ने जीवन पर्यंत संगठन को मजबूत करने में अपनी अहम भूमिका अदा की। अग्रवाल ने कहा कि 8 बार से उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड में लगातार विधायक रहे कपूर साहब ने हमेशा जनता के दिल में राज किया। अग्रवाल ने कहा कि वह एक सहज और शालीन व्यक्तित्व के धनी थे। विधानसभा अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने पक्ष एवं विपक्ष को साथ लेकर संसदीय परंपराओं के अनुरूप सदन की कार्यवाही संचालित किया।
अग्रवाल ने कहा कि हरबंस कपूर ने भीष्म पितामह बनकर पार्टी को मजबूत करने का काम किया। समाज एवं संगठन को दिए गए उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। विधानसभा अध्यक्ष ने उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी सांत्वना व्यक्त की।
इस अवसर पर भाजपा के जिला महामंत्री सुदेश कंडवाल, देवेंद्र नेगी, नगर निगम पार्षद शिव कुमार गौतम, मंडल अध्यक्ष गणेश रावत, पार्षद सुंदरी कंडवाल, रजनी बिष्ट, जयंत किशोर शर्मा, अरुण बडोनी, राम कृपाल गौतम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।