साइकिल स्टोर के मालिक ने किया तिरंगे का अपमान, पुलिस हिरासत में

हल्द्वानी में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का अपमान करने पर पुलिस ने एक साइकिल स्टोर के मालिक को हिरासत में लिया है। दरअसल सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति अपनी साइकिल (Cycle store owener arrested for insulting nmational flag Tri colour) की दुकान खोलने के बाद साइकिल को साफ करने के लिए तिरंगे का इस्तेमाल कर रहा है। एक व्यक्ति ने यह पूरा घटनाक्रम अपने फोन पर कैद कर लिया। जिसके बाद इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

आरोपी वीडियो वायरल होने के बाद से ही फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ राष्ट्रीय गौरव निवारण अधिनियम की धारा 2 के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। बता दें कि इस मामले में विष्णुपुरी गली नंबर 10 रामपुर रोड निवासी कनिष्क ढींगरा पुत्र मुकेश ढींगरा साथियों के साथ कोतवाली पहुंचे और कोतवाल हरेंद्र चौधरी को तहरीर दी। तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की और पड़ताल शुरू हुई। जांच में सामने आया कि तिरंगे का अपमान करने वाला लाइन नंबर 16 बनभूलपुरा निवासी है। जिसकी रफीक साइकिल वर्क्स के नाम से दुकान है। बीते रोज गुरुवार को दुकान खोलने के बाद आरोपी ने साइकिल को साफ करने के लिए तिरंगे का इस्तेमाल किया। इस पूरे घटनाक्रम का किसी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

वीडियो वायरल होते ही कनिष्क ने कोतवाली पहुंच कर तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी फरार हो गया। इधर, तलाश में जुटी पुलिस ने आरोपी को मुख्य बाजार से धर दबोचा।

रायवाला थाना क्षेत्र में 16 लाख की ठगी, पांच लोगों पर मुकदमा

रायवाला थाना पुलिस के मुताबिक खुशाल सिंह पुत्र स्व. मदन सिंह, निवासी रायवाला ने बीते रोज पुलिस को तहरीर देकर बताया कि पांच लोगों ने अपने आप को क्लास ए अधिकारी बताकर पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी लगवाने के लिए रुपये लिए थे। कुछ समय पेट्रोल पंप नहीं लगा तो उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो उन लोगों ने स्टील ऑथोरिटी इंडिया लिमिटेड बोकारों में नौकरी लगवाने के नाम पर फिर से रकम ली। यहीं नहीं उन्होंने नौकरी का फर्जी नियुक्ति पत्र दे दिया।

इस दौरान उन्होंने उसने कुल 16 लाख रुपये हड़प लिए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धारा में केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने बताया निकेश पुचपटे पुत्र भाऊनाथ पुचपटे निवासी अपर तल बाबर प्लेस बंगाली मार्केट मंडल हाउस नई दिल्ली, आलोक कुमार महाजन निवासी कोलकत्ता वेस्ट बंगाल, शैलेश नाथ तिवारी निवासी केओ होसला मिश्रा आरवीएम पब्लिक स्कूल खड़कपुर काशाीपुर ऊधमसिंह नगर उत्तराखंड, दीपक कुमार निवासी फूड कॉरपोरेटर लि. नरेला दिल्ली, मुकेश कांडपाल निवासी कुंडेश्वरी ऊधमसिंह नगर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी ने बताया की मामले की विवेचना शुरू कर दी है।

24 लाख रूपये की रकम ठगी, तीन पर मुकदमा

कोतवाली पुलिस के मुताबिक दून ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के निदेशक डा. नीरज कुमार ने पुलिस को दो दिन पहले एक तहरीर दी।

जिसमें उन्होंने बताया कि सहसपुर जिला देहरादून निवासी नीरज कुमार, उसके दोस्त संजय गुप्ता, निवासी दिल्ली और प्रतीक, निवासी मालवीय नगर राजस्थान ने उनसे जमीन दिखाने के नाम पर अपने खाते में 24 लाख रुपये की रकम डलवा दी। यहीं नहीं जिस जमीन को उन्होंने शिकायकर्ता को दिखाया वह फर्जी निकली।

साथ ही डा. नीरज कुमार को आरोपियों ने बैंक चेक दिया, वह भी बाउंस हो गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज किया है। कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी है।

अवैध स्मैक के साथ एक महिला गिरफ्तार

जेल में तीन महिलाओं से हुई दोस्ती ने फिर एक बार महिला को जेल की हवा खिला दी। दरअसल महिला स्मैक पीने की आदी है और वह स्मैक की अवैध तस्करी में पकड़ी गई।

कोतवाली पुलिस के मुताबिक रविवार देर शाम को पुलिस क्षेत्र में चेकिंग पर थी। इस बीच चंद्रभागा स्थित एक होटल के पास महिला संदिग्ध अवस्था में घूम रही थी। उसकी तलाशी लेने पर स्मैक बरामद हुई है। कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि महिला की पहचान प्राची उर्फ सपना पत्नी स्व. मयंक क्षेत्री निवासी मंदाकिनी बिहार, ब्राह्मणवाला, सहस्त्रधारा रोड, रायपुर, जिला देहरादून के रूप में हुई है। महिला पूर्व में स्मैक के मामले में जेल जा चुकी है। जेल में ऋषिकेश निवासी दो महिलाओं से उसकी दोस्ती हुई। जेल से जनामत मिलने के बाद वह ऋषिकेश में रह रही थी। आरोपी महिला स्मैक की आदी भी है।

कोतवाली पुलिस ने चोरी की स्कूटी के साथ एक युवक को किया गिरफ्तार

बनखंडी ऋषिकेश में नशे की लत और शौक ने एक युवक को इस कदर गिरा दिया कि उसने अपने ही पड़ोसी की स्कूटी चोरी कर ली। मामला पुलिस के संज्ञान में आया तो पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया।

कोतवाली पुलिस के मुताबिक बनखंडी निवासी अनीता पत्नी रविंद्र कुमार जुनेजा ने पुलिस को एक तहरीर देकर बताया कि घर के बाहर खड़ा स्कूटर चोरी हो गया है। जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

आज मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आशुतोषनगर तिराहे के पास से चोरी के स्कूटर के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाल रवि सैनी ने बताया आरोपी की पहचान अमित पुत्र महिपाल निवासी कुएं वाली गली, बनखंडी, ऋषिकेश के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह बेरोजगार है। साथ ही नशे का आदी भी है। लिहाजा शौक पूरा करने के लिए दो अप्रैल को उसने वाहन चोरी किया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां उसे जेल भेज दिया गया है।

यात्रा बस अड्डा से टायर चोरी, एक गिरफ्तार

कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि दाताराम रतूड़ी पुत्र भगतराम रतूड़ी निवासी चीनी गोदाम ढालवाला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार रात को उन्होंने अपनी बस संयुक्त यात्रा बस अड्डा पार्किंग में खड़ी की थी। सुबह मौके पर पहुंचे तो बस से स्टेपनी वाला टायर गायब मिला। आसपास छानबीन करने पर कुछ पता नहीं चल सका। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। कुछ देर बाद मामले का खुलासा करने में सफलता मिल गई। पुलिस ने बताया कि आरोपित को चोरी के टायर के साथ संयुक्त यात्रा बस अड्डा क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान हरीश राम पुत्र बाबूराम निवासी मेटा मल्ला, थराली जिला चमोली गढ़वाल के रूप में हुई है।

बताया कि हत्थे चढ़ा आरोपी बस में क्लीनर का काम करता है। वहीं, बस स्वामी विक्रम भंडारी, योगेश उनियाल, शिव प्रसाद ने बसों से पूर्व में चोरी हुई बैटरियों को भी बरामद करने की मांग पुलिस से की है।

पुलिस को जंगल से मिली युवक की लाश, जांच में पुलिस

मुनिकीरेती थाना पुलिस के मुताबिक ढालवाला चौकी क्षेत्र में रेलवे यार्ड के पीछे एक युवक मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही हरकत में आयी पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर छानबीन की। शव के पास से मिले एक नीले रंग के बैग में कबाड़ की पन्नियां और एक आधार कार्ड मिला।

आधार कार्ड के आधार पर उसकी शिनाख्त गंभीर सिंह (40) पुत्र बुद्धि सिंह निवासी जाखणीधार, कोटी पल्ली के रूप में की गई। पुलिस ने टिहरी स्थित पिपलडाली चौकी पुलिस से संपर्क किया। जहां से पता चला कि उक्त पता राजस्व क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि युवक मानसिक रूप से बीमार चल रहा था। पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क कर मामले जानकारी पहुंचा दी है।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुनिकीरेती रमेश सैनी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया है। प्रथमदृष्टया मौत भूख की वजह से प्रतीत हो रही है। पीएम रिपोर्ट के बाद ही मौत का सही कारण पता चल पायेगा।

चेक बाउंस के मामले में कोर्ट ने सुनाया फैसला, आरोपी को डेढ़ वर्ष का कारावास

ऋषिकेश में चेक बाउंस के दो अलग-अलग मामलों में सिविल जज जूनियर डिवीजन व न्यायिक मजिस्ट्रेट ऋषिकेश की अदालत ने डेढ़ वर्ष के कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही आरोपी पर जुर्माना भी लगाया है। मामला वर्ष 2017 का है।

अधिवक्ता लक्ष्मी नारायण तिवारी व उनके सहयोगी अधिवक्ता विशाल रामदे ने बताया कि चंद्रमणि शुक्ला पुत्र राजबहादुर शुक्ला निवासी गीतानगर ऋषिकेश रेलवे रोड़ पर गारमेंट की दुकान संचालित करते हैं। उनकी दुकान में अक्सर सामान खरीदने को राकेश कुमार कश्यप आता जाता रहता था। इस दौरान चंद्रमणि शुक्ला और राकेश कुमार कश्यप के बीच अच्छी जान पहचान हो गई। एक रोज राकेश कुमार ने चंद्रमणि शुक्ला से कहा कि वह ऋषिलोक कालोनी में स्थित अपना मकान बेचना चाहता है। इस बावत दोनों के बीच आपसी सहमति से 20 लाख रूपये का सौदा हुआ।

जिसके बयाने के तौर पर चंद्रमणि शुक्ला ने राकेश कुमार कश्यप को अलग-अलग तिथियों में छह लाख रूपये दिए। मगर, कुछ कारणों के चलते मकान की रजिस्ट्री राकेश कुमार कश्यप नहीं करवा पाया। इसके चलते दोनों के बीच अनुबंध समाप्त हो गया। अब आरोपी राकेश कुमार ने बयाने की राशि के तीन चेक चंद्रमणि को दिए। जो तीन लाख, दो लाख और एक लाख रूपये के थे। वादी चंद्रमणि ने जब यह चेक बैंक में लगाए तो वह बाउंस हो गए। इसके बाद मामला कोर्ट में अब तक विचाराधीन था।

अधिवक्ता लक्ष्मी नारायण तिवारी ने न्यायालय में यह साबित करने में कामयाब रहे कि राकेश कुमार कश्यप ने चंद्रमणि शुक्ला से रूपये लिए, जिन्हें लौटने के लिए चेक दिए गए। मगर, वह बाउंस हो गए, नोटिस के बावजूद भी रूपयों का भुगतान नहीं किया गया।

अधिवक्ता की मजबूत पैरवी की बदौलत न्यायधीश राजेंद्र कुमार ने आरोपी राकेश कुमार कश्यप पुत्र राजकुमार निवासी ऋषिलोक कालोनी आशुतोष नगर ऋषिकेश को चेक बाउंस के अपराध में दो मामलों में डेढ़ वर्ष के साधारण कारावास की सजा सुनाई है साथ ही जुर्माना भी लगाया गया है।

रायवाला पुलिस ने चोरी के मोबाइल के साथ एक युवक को अरेस्ट किया

रायवाला थाना पुलिस के मुताबिक सोमवार को वंदना शर्मा निवासी हरिपुरकलां ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 10 फरवरी को उन्होंने वृंदावन जाने के लिए कार चालक शिव से बुकिंग की थी। उसे उन्होंने रात को घर पर रोका था, लेकिन वह सुबह जल्दी उठकर घर से उनका मोबाइल चोरी कर भाग गया। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

मंगलवार को मामले के खुलासे में जुटी पुलिस ने चेकिंग के दौरान मोतीचूर फ्लाईओवर के पास एक सफेद रंग की कार को रोकने का इशारा किया। पुलिस देख चालक कार को पीछे मोड़कर भगाने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने कुछ दूरी पर कार को रोक लिया। पूछताछ करने पर चालक ने अपना नाम-पता शिवकांत कटियार पुत्र रामसेवक कटियार निवासी 185, ए न्यू सरपंच कॉलोनी सेहतपुर पल्ला, फरीदाबाद, हरियाण बताया। उसके पास से चोरी का मोबाइल भी बरामद किया गया।

थानाध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी ने बताया आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

ऑनलाइट साइट से दोस्ती के बाद मिले और दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

रायवाला थाना पुलिस के मुताबिक जनपद नैनीताल के लालकुंआ से एक युवती ने पुलिस को तहरीर दी थी। जिसमें युवती ने बताया कि प्रकाश बिष्ट पुत्र रघुवीर सिंह बिष्ठ निवासी लाटू धार रमारा तल्ला, गैरसैंण, जिला चमोली से शादी डॉट कॉम ऑनलाइन साइट से जान पहचान हुई। युवती ने बताया कि 29 अक्टूबर 2021 को वह अपने चाचा को इलाज के लिए ऋषिकेश लेकर आई थी। रायवाला में अपनी बहन के घर पर रूकी थी। जहां पर प्रकाश बिष्ट उसे मिलने आया था औ रात को वहीं रूका। आरोप है कि आरोपी ने युवती के साथ शादी करने का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद युवती ने आरोपी पर शादी का दवाब बनाया, मगर अब मुकर गया।

लिहाजा युवती ने जनपद नैनीताल के थाना लालकुआं में मामले में मुकदमा दर्ज कराया। जिसके बाद पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर रायवाला थाना पुलिस को मामले की जांच स्थानांतरित कर दी। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद आरोपी को सिडकुल हरिद्वार से सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष भुवन चंद्र पुजारी ने बताया कि आरोपी हरिद्वार स्थित सिडकुल की एक फैक्ट्री के काम करता है। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां उसे जेल भेज दिया गया है।