ट्रक को ओवरटेक करना पड़ा युवक को भारी, पत्नी सहित बच्चे की गई जान

रायवाला थाना क्षेत्रांतर्गत मोतीचूर जंगल के निकट ट्रक को ओवर टेक करना युवक को भारी पड़ गया। हादसे में युवक की पत्नी सहित चार वर्षीय मासूम बेटे की मौत हो गई। हादसे में युवक को हल्की चोटें आईं है। वहीं मौके से ट्रक चालक फरार हो गया। रायवाला पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया है।

थानाध्यक्ष रायवाला अमरजीत सिंह रावत के मुताबिक शुक्रवार शाम करीब साढ़े तीन बजे मोतीचूर जंगलों के समीप एक ट्रक ऋषिकेश की ओर आ रहा था।

पीछे से आ रहे एक बाइक सवार ने ट्रक को बाएं तरफ से ओवरटेक करने की कोशिश की। तभी अचानक ट्रक की साइड लगने से बाइक अनियंत्रित होकर पिछले टायर की चपेट में आ गई। इससे बाइक सवार महिला अंजली और उसके चार वर्षीय बेटे मयंक निवासी जाटव बस्ती ऋषिकेश की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका के पति संजय कुमार को हल्की चोटें आई हैं।

थानाध्यक्ष अमरजीत सिंह रावत ने बताया कि मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक चालक के ओवर टेक करने की वजह से हादसा हुआ है। फिलहाल मामले पर तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

चुनावी रंजिश के चलते निर्वाचित ग्राम प्रधान के भाई ने की युवक की हत्या, एक घायल

नरेन्द्र नगर ब्लॉक के ग्राम बांसकाटल पट्टी दोगी क्षेत्र में नव निर्वाचित ग्राम प्रधान के बड़े भाई ने चुनावी रंजिश के चलते गांव के पोस्टमास्टर की हत्या कर दी। हत्या में आरोपी ने धारदार चाकू का प्रयोग किया। वहीं, घटना में एक अन्य युवक बुरी तरह घायल हो गया है। इसका इलाज एम्स ऋषिकेश में चल रहा है। वहंी, मुनिकीरेती पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर ग्राम प्रधान लेखवार सिंह और उसके बड़े भाई जयपाल सिंह के खिलाफ हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की एक टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रवाना हो चुकी है।

बता दे कि बीते सोमवार रात्रि साढ़े आठ बजे जयपाल सिंह शराब के नशे में धुत होकर पड़ोसी गांव से अपने गांव आ पहुंचा। यहां उसने हरपाल सिंह नामक युवक को गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी और घर से धारदार हथियार लेकर उस पर हमला करने के लिए दौड़ पड़ा। इसी बीच पोस्ट मास्टर राकेश कैंतूरा बीच-बचाव करने आए तो आरोपी जयपाल ने राकेश की गर्दन पर वार कर दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।

आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने राकेश और हरपाल को राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश पहुंचाया जहां देर रात चिकित्सकों ने राकेश को मृत घोषित कर दिया तथा हरपाल की हालत नाजुक पाते हुए उसे एम्स रेफर कर दिया। मंगलवार सुबह ग्राम बांस काटल पट्टी दोगी के लोग राजकीय चिकित्सालय पहुंचे और गिरफ्तारी की मांग करने लगे। वहीं पुलिस ने पिता की तहरीर के आधार पर ग्राम प्रधान सहित उसके भाई पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी जयपाल की गिरफ्तारी के लिए रवाना हो चुकी है।

फेसबुक फ्रेंड ने भारत आने की बात कहकर आशिक से ठगे पांच लाख दो हजार

ऋषिकेश के एक 38 वर्षीय व्यक्ति ने विदेशी युवती से दोस्ती के चक्कर में पांच लाख दो हजार रुपये गंवा दिए। युवक की दोस्ती फेसबुक के जरिए हुई थी। इसके बाद युवती ने भारत पहुंचने का झांसा दिया। इतना ही नहीं युवती ने व्यक्ति को विश्वास में लेने के लिए एक फर्जी टिकट भी व्हाट्सअप किया। इसके बाद कई चरणों में पांच लाख दो हजार रूपए ठग लिए गए।

श्यामपुर हाट के बगल में रहने वाले वीरेंद्र सिंह राणा पुत्र अख्तर सिंह राणा ने फेसबुक के जरिए करीब एक माह पूर्व इंग्लैंड की एंजलिना से दोस्ती की। दोनों ने व्हाट्सअप नंबर के जरिए बातचीत शुरू की। बात इतनी आगे बढ़ गई कि वीरेन्द्र को युवती से प्यार हो गया। इसके बाद एंजलिना ने वीरेंद्र से मिलने की बात कही और अपना 21 अक्टूबर का टिकट दिखाते हुए भारत पहुंचने की बात कही। एंजलिना ने 21 अक्टूबर की दोपहर फोन पर कहा कि वह नई दिल्ली एयरपोर्ट पहुंच चुकी है, लेकिन उसके पास जो सामान है, उस पर 68 हजार रुपये कस्टम ड्यूटी लग रही है।

इसके लिए वीरेंद्र ने 68 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद शाम को युवती ने दोबारा फोन किया और 1 लाख 26 हजार रुपये फिर भेजने को कहा। वीरेंद्र ने यह रकम भी ट्रांसफर कर दी। इसके बाद युवती ने इंग्लैंड की करेंसी छुड़वाने के लिए दो लाख 98 हजार रुपये मांगे। वीरेंद्र ने वह रुपये भी दे दिए। इसके बाद विदेशी महिला ने अपने तीनों व्हाट्सअप नंबर से पीड़ित को ब्लॉक कर दिया और अपने सभी नंबर स्विच ऑफ कर लिए। ठगी का एहसास होने पर वीरेंद्र सिंह राणा ने सोमवार को श्यामपुर पुलिस चौकी में तहरीर दी है।

साइबर ठगों ने विधानसभा अध्यक्ष के निजी सचिव को बनाया निशाना, खाते से उड़ाए 96 हजार

विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल के निजी सचिव रवि बिष्ट को साइबर ठगों ने अपना शिकार बनाया हैं। ठगों ने उनके खाते से 95923 रुपए साफ कर दिए हैं। उन्होंने इंश्योरेंस कंपनी को लिंक के माध्यम से प्रीमियम की राशि 51126 रुपये स्थानांतरित की थी, मगर यह खाते में पहुंची ही नहीं।

कस्टमर केयर पर शिकायत की तो प्रतिनिधि ने दो मिनट में रकम वापस करने का भरोसा देकर बिष्ट के मोबाइल पर आया ओटीपी हासिल कर लिया। इसके बाद उनके खाते से 44797 रुपये और निकाल लिए गए। रवि बिष्ट ने साइबर थाने में अज्ञात के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

राजधानी में ऑनलाइन ठगी की घटनाओं का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। ताजा मामला विधानसभा अध्यक्ष के निजी सचिव रवि बिष्ट की ठगी का है। साइबर थाने में दी शिकायत में बिष्ट ने बताया कि उन्होंने बीमा पालिसी का प्रीमियम भरने के लिए कंपनी की वेबसाइट से उपलब्ध कराए गए लिंक के जरिये यूपीआई से 51126 रुपये ऑनलाइन स्थानांतरित किए थे।

बाद में उन्हें पता चला कि रकम संबंधित खाते में नहीं पहुंची। इसकी शिकायत तीन अक्तूबर को एसबीआई शाखा में की थी। रवि बिष्ट ने नौ अक्तूबर को यूपीआई की लिंक गेटवे साइट के कस्टमर केयर से संपर्क किया।

कस्टमर केयर प्रतिनिधि ने आश्वस्त किया कि धनराशि दो मिनट में उनके खाते में स्थानांतरित कर दी जाएगी। उसने कहा कि उनके मोबाइल पर एक मेसेज आएगा, जिसे बिष्ट उसके बताए नंबर पर फारवर्ड कर दें।

बिष्ट ऐसा ही किया और इसके बाद 13 ट्रांजेक्शन के माध्यम से उनके खाते से 44797 रुपये की रकम और निकाल ली गई। रवि बिष्ट ने पुलिस को मोबाइल पर हुई बातचीत की रिकार्डिंग भी उपलब्ध कराई है। जांच में पता चला कि जिस नंबर पर पीड़ित ने मेसेज भेजा था, वो कोलकाता में चल रहा है।

लाठी, डंडो से लैस पांच लोगों ने राजमिस्त्री की कर दी पिटाई

काम से घर लौट रहे एक राजमिस्त्री के ऊपर महिला सहित पांच लोगों ने लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक के दोनों हाथ और पैर जख्मी हो गए। चिकित्सकों के अनुसार पीड़ित युवक का ऑपरेशन किया जाना है। वहीं, पीड़ित के भाई ने श्यामपुर चौकी में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। उन्होंने पुलिस पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई न करने का आरोप भी लगाया है।

शनिवार को श्यामपुर रूषा फॉर्म निवासी सिकंदर यादव ने श्यामपुर पुलिस चौकी में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि उनका भाई गुड्डू राजमिस्त्री का काम करता है। शुक्रवार की शाम करीब छह बजे उनका भाई काम से घर लौट रहा था। रूषा फॉर्म के समीप पहुंचते ही शंभू यादव और उनकी पत्नी, उमाशंकर, विरेंद्र और घमंडी ने लाठी, डंडों और लोहे की रॉड से गुड्डू पर हमला कर दिया। इस दौरान कोई भी बीच बचाव को नहीं पहुंचा।

उन्होंने बताया कि हमले में उनके भाई के दोनों हाथ और पैर की हड्डी टूट गई है। उनके भाई को एक आदमी ने राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। यहां प्लास्टर चढ़ाने के बाद चिकित्सक ने ऑपरेशन की बात कही है। उन्होंने पुलिस पर भी आरोप लगाया कि हमले के बाद पुलिस को सूचना देने के बावजूद अभी तक कोई पुलिसकर्मी पीड़ित को देखने नहीं आया। इसके अलावा पुलिस ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई भी नहीं की। उन्होंने कहा कि यदि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वह पुलिस उच्चाधिकारियों से शिकायत करेंगे।

वेश्यावृत्ति के आरोप में पकड़ी गई महिला को लोगों ने बताया कर्जदार, इसलिए किया करते थे संपर्क

मुनिकीरेती के तपोवन स्थित होटल इंपीरियल हाइट में पुलिस की छापेमारी में देह व्यापार के मामले में गिरफ्तार महिला की कॉल डिटेल खंगालने पर लोगों ने दिलचस्प बयान दर्ज करवाए हैं। अधिकांश लोग उक्त महिला को मुंहबोली बहन बता रहे हैं, तो कोई महिला को अपना कर्जदार बताकर संपर्क करने की बात कह रहा है।

बता दें कि बीते 24 अगस्त को मुनिकीरेती पुलिस ने देह व्यापार में महिला सहित पांच लोगों गिरफ्तार किया था। महिला की कॉल डिटेल खंगालने पर करीब तीन दर्जन नाम सामने आए, जोकि समय-समय पर महिला से संपर्क करते थे।

पुलिस ने जांच शुरू कर उक्त लोगों के बयान लिए तो कुछ पुलिस शिकंजा कसता देख किसी ने देह व्यापार की आरोपी महिला को अपनी मुंहबोली बहन बताया तो किसी ने उसे अपना कर्जदार बताकर बकाया वसूली के लिए बार-बार संपर्क करने की बात कही। थानाध्यक्ष मुनिकीरेती आरके सकलानी के मुताबिक एक और दिलचस्प पहलू सामने आया है। देह व्यापार मामले में तीन दर्जन लोगों को नोटिस भेजने की तैयारी थी। अखबार में खबर प्रकाशित होने के बाद ज्यादातर संदिग्धों ने अपनी पत्नी को मायके रवाना कर दिया है।

थानाध्यक्ष के मुताबिक कॉल डिटेल के आधार पर जो लोग चिह्नित किए गए हैं, उन्हें थाने में बुलाने के लिए नोटिस भेजने की तैयारी की गई। नोटिस की सूचना मिलने पर उक्त लोग थाने पहुंचे और स्वयं का महिला के साथ मौजूद रिश्ता बयान किया। थानाध्यक्ष आरके सकलानी व जांचकर्ता के मुताबिक इनमें से किसी ने कहा कि वह उनके प्रतिष्ठान से उधार गुड़ लेकर गई थी। इसी तरह तेल व्यापारी ने कहा कि वह उधार तेल लेकर गई थी। बार-बार कहने पर भी बकाया रुपये वापस नहीं कर रही दे रही थी। लिहाजा वह रुपये मांगने के लिए ही संपर्क किया करते थे।

ऋषिकेश के आस्था पथ पर बुजुर्ग के साथ लूट की कोशिश, आरोपी फरार

ऋषिकेश कोतवाली क्षेत्र में मॉर्निग वाक को आस्था पथ पर गए एक बुजुर्ग व्यापारी के साथ लूट की कोशिश की गई। हालांकि जिस समय आरोपी से बुजुर्ग को पकड़ लिया था, तभी उन्होंने हिम्मत दिखाई और शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर सामने से मॉर्निग वाक पर आ रहे दो अन्य युवक वहां पहुंचे तो आरोपी लूटेरा फरार हो गया। वहीं, इस तरह की घटना के बाद ऋषिकेश में अब मॉर्निंग वाक पर जाने वाले लोगों की संख्या में कमी देखने को मिली है।

दरअसल, 65 वर्षीय आदर्श नगर निवासी विजय टक्कर पुत्र हरवंश लाल सुबह करीब सवा पांच बजे अपनी गाड़ी को मौनी बाबा की कुटिया सांई कोनार मंदिर की तरफ पार्क कर पैदल ही आस्था पथ से त्रिवेणी घाट की ओर निकल पड़े। विजय टक्कर जैसे ही 72 सीढ़ी की तरफ पहुंचे तभी पीछे से आ रहे एक युवक ने उन्हें कस के पकड़ लिया। विजय टक्कर के मुताबिक युवक उनसे लूट की कोशिश कर रहा था।

वे बदमाश के चंगुल से छूटने की कोशिश कर रहे थे इस दौरान वह उन्हें जमीन पर गिराने की कोशिश करने लगे। तभी त्रिवेणी घाट की ओर से दो अन्य युवक मॉर्निंग वाक पर आ रहे थे। उन्हें देख बुजुर्ग विजय ने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर दोनों युवक बुजुर्ग के पास दौड़कर आए। तब तक लुटेरा वहां से भाग निकला। दोनों युवकों ने लुटेरे को पकड़ने की कोशिश भी की। इसके बाद बुजुर्ग त्रिवेणी घाट गए और गंगा दर्शन कर वापस घर चले गए।

465 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ दो युवक गिरफ्तार, कीमत 27 लाख रूपए

रायवाला पुलिस ने देहरादून से पहाड़ों में ट्रक से ले जाई जा रही 465 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार शराब की कीमत करीब 27 लाख रुपए है।
थानाध्यक्ष रायवाला अमरजीत सिंह रावत ने आरोपियों की पहचान 28 वर्षीय नवीन कुमार पुत्र त्रिलोक राम निवासी गोरा पड़ाव थाना हल्द्वानी जिला नैनीताल और 19 वर्षीय चंदन सिंह बिष्ट पुत्र राम सिंह बिष्ट निवासी जैती पोस्ट जाख थाना लम्गड़ा जिला अल्मोड़ा के रूप मेें कराई।

थानाध्यक्ष ने बताया कि देहरादून के पथरिया पीर में जहरीली शराब के सेवन से हुई मौतों व त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में वोटरों को लुभाने के लिए अवैध रूप से तस्करी कर लाई जाने वाली शराब के खिलाफ विशेष रूप से अभियान चलाया जा रहा है। इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि देहरादून की तरफ से एक ट्रक में भारी मात्रा में शराब तस्करी के लिए लाई जा रही है। इसकी सप्लाई कोटद्वार के रास्ते पहाड़ में होनी है।

सूचना पाकर पुलिस टीम ने थाना रायवाला से आगे बैरियर लगाकर सघन चेकिंग की। कुछ ही देर में एक ट्रक देहरादून की तरफ से तेजी से आते दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने बैरियर लगाकर बामुश्किल रोका।

थानाध्यक्ष ने बताया कि ट्रक नंबर यूके- 07-सीबी-6339 की तलाशी लेने पर ट्रक के अंदर 465 पेटियां अंग्रेजी शराब की बरामद हुई। उत्तराखंड ब्रांड की बरामद शराब की कीमत लगभग 27 लाख रुपये है। पुलिस टीम में उप निरीक्षक विक्रम सिंह नेगी, ताजवर सिंह, कांस्टेबल दिनेश महर, सचिन सैनी, प्रवीण सिंधू शामिल रहे।

सेना की भर्ती में फर्जी सर्टिफिकेट लेकर सात पहुंचे, पुलिस ने पकड़कर की पूछताछ

चंपावत के बनबसा सेना छावनी में आयोजित भर्ती के दौरान सात ऐसे युवक यूपी और हरियाणा के पाए गए। जो फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सेना में भर्ती को पहुंचे थे। मिलिट्री इंटेलिजेंस (एमआई) और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के साथ इन सातों को पकड़ा लिया है। इनसे पूछताछ के बाद एलआईयू और पुलिस ने फर्जी प्रमाण पत्र बनाने वाले बुलंदशहर, यूपी निवासी सरगना को कार ड्राइवर व एक अन्य के साथ बनबसा में दबोच लिया।

उनके पास यूपी के हाईस्कूल-इंटर और बागेश्वर जिले की तहसीलों के फर्जी निवास प्रमाण पत्र बरामद हुए हैं। पुलिस के अलावा विभिन्न जांच एजेंसियां उनसे पूछताछ कर रही हैं। बनबसा सेना छावनी में मंगलवार सुबह कुछ युवकों के फर्जी दस्तावेजों के साथ पहुंचने की सूचना मिली।

पुलिस पूछताछ के बाद मुख्य आरोपी को भी दबोच लिया गया। पकड़े गए युवकों में दीपक भाटी (30) निवासी शाहजहांपुर-बल्लभगढ़, फरीदाबाद एवं उसका भाई जगदीश भाटी (22), प्रमोद कुमार (20) निवासी मोखमपुर गौतमबुद्ध नगर यूपी, पंकज कुमार (22) निवासी बागपुर, पलवल (हरियाणा), लोकेश चौहान (20) निवासी मित्रौल पलवल, अनुज रावत (23) निवासी दुरियाई दादरी गौतमबुद्ध नगर, कुणाल चौधरी (20) निवासी दुरियाई गौतमबुद्ध नगर शामिल हैं। पकड़े गए सरगना समेत सभी युवकों के खिलाफ पुलिस ने आईपीसी की धारा 420, 467, 468, 471,120बी लगाई है।

पुलिस ने लगाया जोर, तो हुआ शराब कांड का सरगना गिरफ्तार

उत्तराखंड का जनपद देहरादून के पथरिया पीर में जहरीली शराब के सेवन से हुई छह लोगों की मौत के मामले में पुलिस मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर लिया है। 22 सितंबर को मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत के सख्त रूख के बाद पुलिस ने जोर लगाया तो पूर्व पार्षद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अरूण मोहन जोशी ने बताया कि वांछित चल रहे भाजपा से निष्कासित पूर्व पार्षद अजय सोनकर उर्फ घोंचू को गिरफ्तार कर लिया गया है। घोंचू की योजना कोर्ट में आत्मसमर्पण करने की थी, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। कानून से बचने के लिए घोंचू ने खूब जुगाड़ लगाए थे, लेकिन कामयाब नहीं हो पाया।

उन्होंने बताया कि पथरिया पीर में छह लोगों की मौत के बाद से यह बात सामने आ रही थी कि गौरव, राजू उर्फ राजा नेगी और पूर्व पार्षद अजय सोनकर उर्फ घोंचू इलाके में अवैध रूप से शराब बेचते थे।