ऋषिकेश में तांत्रिक की दवा पीने से कारोबारी की मौत

कष्ट दूर करने के नाम पर दी कारोबारी को थी दवा
कुछ दिनों से कारोबारी के घर आ रहा था तांत्रिक

ऋषिकेश।
ऋषिकेश में तांत्रिक की दी दवा पीने से हौजरी कारोबारी की मौत हो गई। कष्ट दूर करने के नाम पर तांत्रिक ने कारोबारी को अपने झांसे में फंसा लिया था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस तांत्रिक की तलाश कर रही है। घटना से शहरवासी अचंभित हैं।
पुलिस के अनुसार मालवीय मार्ग पर हौजरी कारोबारी बालकृष्ण अरोड़ा का घर है। पिछले कुछ दिनों से एक तांत्रिक उनके घर आ रहा था, जो कष्ट से मुक्ति दिलाने की बात कहता था। कारोबारी की बेटी का विवाह ज्वालापुर हरिद्वार में हुआ है। उनका बेटी के ससुराल पक्ष वालों से विवाद चल रहा था। इससे परिवार में तनाव की स्थिति थी। इसी वजह से कारोबारी बालकृष्ण तांत्रिक के झांसे में फंस गए।

110
बुधवार रात करीब सवा दस बजे तांत्रिक उनके घर पहुंचा। कष्ट से मुक्त कराने की बात कहते हुए तांत्रिक ने कारोबारी को एक दवा की शीशी दी और उसे पीने के लिए कहा। इसके बाद उन्होंने तांत्रिक को कार से ड्राइवर भेजकर हरिद्वार भिजवाया। शीशी में दी दवा पीने के कुछ देर बाद कारोबारी की तबीयत बिगड़ने लगी। इसपर परिजनों ने उन्हें अस्पताल में पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कारोबारी के बेटे पंकज अरोड़ा ने कोतवाली पुलिस को तांत्रिक के खिलाफ तहरीर दी है।
सीओ चक्रधर अंथवाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सीसीटीवी फुटेज में तांत्रित नजर आ रहा है, लेकिन चेहरा कपड़े से ढका हुआ है। इससे उसकी पहचान करने में दिक्कत आ रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। तांत्रिक को पकड़ने के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। उधर, घटना के बाद से सरकारी अस्पताल में लोगों के आने का सिलसिला दिनभर चलता रहा। विधायक प्रेमचंद अग्रवाल भी परिजनों को सांत्वना देने अस्पताल पहुंचे।

लूट के मामले में पुलिस के हाथ खाली

पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए लगाई पांच टीमें
बदमाशों की गोली से घायल मुनीम की हालत में सुधार

ऋषिकेश।
सहारनपुर के सर्राफ कारोबारी के मुनीम को गोली मारकर लूटने वाले बदमाश पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। मामले में पुलिस के हाथ अभी खाली हैं। एसएसपी ने एसओजी समेत पांच टीमें खुलासे के लिए लगाई हैं। उधर, घायल मुनीम की हालत में सुधार है। पुलिस ने गुरुवार को मुनीम से पूछताछ की।
ऋषिकेश बस अड्डे के समीप बुधवार सुबह साढ़े दस बजे सहारनपुर से सोने-चांदी के जेवर पहुंचाने ऋषिकेश पहुंचे सर्राफ कारोबारी के मुनीम जोगेंद्र को बाइक सवार तीन बदमाशों ने गोली मारकर लूट लिया था। सरेआम वारदात से शहरवासी दहशत में हैं। पुलिस के लिए वारदात का खुलासा चुनौती बना हुआ है। गुरुवार को घायल मुनीम जोगेंद्र की हालत सुधरने पर पुलिस ने उससे पूछताछ की। मुनीम से बदमाशों का हुलिया और बोली-भाषा के साथ अन्य जानकारियां हासिल की जा रही हैं। पुलिस के अनुसार पहले भी मुनीम के साथ इस तरह की घटना हो चुकी है।

109

गुरुवार को पुलिस ने शहर के विभिन्न जगहों पर लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। विभिन्न मार्गों पर लगे सीसीटीवी में बाइक सवार बदमाशों की फुटेज का मिलान किया जा रहा है। पुलिस ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया है। एसएसपी देहरादून डॉ. सदानंद दाते का कहना है कि लूट के खुलासे के लिए पुलिस टीमें जुटी हुई हैं। उन्होंने जल्द बदमाशों को पकड़ने का दावा किया है।

ज्वेलर्स के मुनिम को गोली मार लाखों के जेवर लूटे

यात्रा बस अड्डा मोड़ के पास बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम
ऋषिकेश के व्यापारियों को जेवर डिलीवर करने आए थे जोगेंद्र सिंह
लहूलुहान ज्वेलर्स को सरकारी अस्पताल से जौलीग्रांट किया रेफर

ऋषिकेश।
सहारनपुर से सोने-चांदी के जेवरों की डिलीवरी के लिए पहुंचे ज्वेलर्स को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरों से भरा बैग लूट लिया। दून मार्ग पर दिनदहाड़े हुई इस वारदात से शहर में सनसनी फैल गई। घायल ज्वेलर्स को आनन-फानन में राजकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उन्हें जौलीग्रांट के लिए रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार, सहारनपुर के देवबंद निवासी जोगेंद्र सिंह (29) पुत्र सुमेर सिंह सोने-चांदी के जेवरों की डिलीवरी के लिए बुधवार सुबह सवा सात बजे सहारनपुर से रोडवेज बस में सवार होकर ऋषिकेश के लिए निकले थे। सुबह साढ़े दस बजे के आसपास जैसे ही वह बस अड्डा मोड़ पर उतरे तो बाइक से पीछा कर रहे बदमाशों ने जोगेंद्र को रोक लिया और जेवरों से भरा बैग लूटने लगे। लेकिन, जब जोगेंद्र ने बैग नहीं छोड़ा तो एक बदमाश ने पिस्तौल से उन पर फायर झोंक दिया और गोली सीधे उनके गर्दन के पास जा लगी। इससे जोगेंद्र सड़क पर गिर पड़े और बदमाश मौके पर पिस्तौल छोड़ जेवरों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।

103

स्थानीय लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दे दी और बुरी तरह घायल ज्वेलर्स को राजकीय अस्पताल पहुंचा दिया। इस घटना के तुरंत बाद एसपी देहात श्वेता चौबे, डीएसपी सीडी अंथवाल, कोतवाल वीएस गोसाईं और एसएसआई गजेंद्र बहुगुणा अस्पताल पहुंच गए। यही नहीं, एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने ऋषिकेश पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि सहारनपुर स्थित सर्राफा बाजार के कारोबारी राजकुमार जैन उर्फ गप्पी के साथी जोगेंद्र स्थानीय व्यापारियों को सोने-चांदी के जेवरों की डिलीवरी करते हैं। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। जल्द ही इस वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।

मोबाईल शॉप में चोरी का खुलासा

डोईवाला।
कोतवाली पुलिस ने पिछले माह की 24 व 25 तारीख को कान्हरवाला में शटर तोडकर चोरी करने का खुलासा किया है। मामले में दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि पिछले महीने इन चोरो ने चार दुकानों को निशाना बनाकर चोरी करने की कोशिश की थी।
बुधवार को कोतवाल जयदेव आर्य ने चोरी का खुलासा करते हुए बताया कि 24 व 25 सितंबर की रात्रि ममगाईं टेलीकाम सेंटर से 15 मोबाइल चोरी हो गये थे। जबकि चौहान ज्वैलर्स, शेर सिंह चौहान और एक अन्य प्रोविजन स्टोर का शटर तोडकर चोरो का प्रयास किया था। पुलिस ने सुशील ममगांई की तहरीर पर मामले की पड़ताल शुरु कर दी थी। बुधवार की शाम हर्रावाला मार्केट में चोरी किये गये मोबाइल बेचते हुए दो युवक रंगे हाथ पकडे गये।

115

कोतवाल ने बताया कि दोनो के पास से 7 मोबाइल बरामद हुए हैं। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बाकी के 8 मोबाइल उन्होंने हरिद्वार, शाहजंहापुर व लखीमपुर खीरी में बेचे हैं। आरोपियों की शिनाख्त विनोद उर्फ पत्थर पुत्र मंगल व हिसाबलाल उर्फ रवि पुत्र मंगल दोनों निवासी मुन्ना तालाब जिला भरदोई उत्तर प्रदेश के रुप में हुई है। पुलिस ने बताया कि विनोद से 4 मोबाइल व हिसाबलाल से 3 मोबाइल बरामद किये गये हैं। पुलिस ने दोनो आरोपियों को चोरी करने व चोरी का माल बरामद करने के आरोप में गिरफतार कर लिया है।

चोरी की बोलेरो और एक बाइक बरामद

रूद्रपुर।
एसएसपी सेंथिल अबुदई ने खुलासा करते हुए पत्रकारों को बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने गंगापुर रोड पर दक्ष चौराहा के समीप पहुंची जहां कुछ देर पश्चात बुलेरो व बाइक सवार संदिग्ध् लोग आते दिखाई दिए जिस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहनों में सवार तीन लोगों को दबोच लिया। पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम पता ट्रांजिट कैंप व मूल मुबारकपुर थाना कैमरी रामपुर निवासी प्रवेश पुत्रा अशोक गंगवार, ग्राम घिरिया सालेपुर थाना पटवई जिला रामपुर निवासी दिनेश कुमार उर्पफ अनुज पुत्रा स्व.लीलाधर व भूतबंगला वार्ड 6 निवासी इंद्रजीत सिंह पुत्रा राधेश्याम बताया। पुलिस ने उनके पास से बुलेरो मैक्सी ट्रक संख्या यूक-06सीए/7492 बरामद की जो सुभाष कालोनी निवासी सतपाल सिंह पुत्रा रामपाल सिंह की थी जिसे गत 3अक्टूबर को रम्पुरा से चोरी किया गया था। उनके पास से एक बाइक भी बरामद की गयी। पकड़े गये वाहन चोरों की तलाशी लेने पर उनके पास 315 बोर का एक तमंचा व दो जिंदा कारतूस भी बरामद हुए। एसएसपी ने बताया कि बरामद बाइक दिल्ली से चोरी की गयी है। उन्होंने बताया कि पकड़े गये प्रवेश गंगवार का आपराध्कि इतिहास है और वह गैंग लीडर है जिसके खिलापफ रूद्रपुर व थाना नबाबगंज जिला बरेली में भी मामले दर्ज हैं। वहीं दिनेश वाहन चोर कुलदीप सिंह का साथी है जिसे रामपुर पुलिस को तलाश है। वह पूर्व में भी बाइक चोरी कर बेच चुका है। वहीं इंद्रजीत सिंह भी कई बार वाहन चोरी के मामले में रम्पुरा पुलिस की गिरफ्रत में आ चुका है।

102

एसएसपी ने बताया कि प्रवेश कक्षा 10 फेल है और किराने की दुकान चलाता है। कई बार सिडकुल की चोरियों में संदिग्ध् रह चुका है और घर से बेदखल है। रामपुर का रहने वाला दिनेश 14वर्षों से रूद्रपुर में रह रहा है और पहाड़ों में दवा सप्लाई करता था। घाटा होने के कारण चोरी करने लगा। इंद्रजीत अच्छे परिवार से ताल्लुक रखता है और उसके ट्रक सिडकुल चलते हैं। गलत संगत में पड़ने से वह चोरी करने लगा।
पकड़ने वाली टीम में ट्रांजिट कैंप थाना इंचार्ज सुशील कुमार, रम्पुरा चौकी प्रभारी प्रकाश दानू, एसआई भुवन चंद आर्या,कां. भुवन पांडे, प्रवीण गोस्वामी, अमित कुमार, जगदीश दुग्ताल, अब्दुल मलिक, संजय कुमार शामिल थे। एसएसपी ने पुलिस टीम को 2500 रूपए इनाम देने की भी घोषणा की।

किराये पर कमरे के बहाने बुजुर्ग को बेहोश कर लूटा

ऋषिकेश।
पुलिस के अनुसार श्यामपुर में जगदीश चंद्र (67) का घर है। वह ट्रेजरी में लेखा अधिकारी के पद से रिटायर हुए हैं। वह अपने बेटे और बहू के साथ श्यामपुर में रहते हैं। शुक्रवार सुबह उनका बेटा नौकरी पर चला गया। दोपहर के समय उनकी बहू बच्चे को लेने स्कूल चली गईं। बहू जब घर पहुंची तो देखा कि ससुर बेसुध हालत में फर्श पर पड़े थे। यह देखकर वह घबरा गईं और उन्होंने तुरंत अपने पति मुकुल को फोन किया। इस बीच आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर मुकुल घर पहुंचे और उन्होंने तुरंत पिता को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस को मुकुल ने बताया कि उनके पिता के पास से सोने की चेन और दो अंगूठियां थीं, जो गायब हैं।

105

शाम को होश आने पर बुजुर्ग ने आपबीती बयां की। बताया कि दोपहर के समय वह घर में अकेले थे। इस बीच एक युवक पहुंचा। उसने किराये पर कमरा लेने की बात कही। युवक ने खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताया। कहा कि उसका दोस्त बैंक में काम करता है, उसे कमरे की जरूरत है। घर में कमरा खाली न होने के बावजूद भी बुजुर्ग जगदीश चंद्र युवक की बातों में आ गए। उन्होंने खुद चाय बनाई। युवक को परोसने के साथ खुद भी चाय पीने लगे। चाय पीने के बाद उन्हें बेहोशी छाने लगी। कहा कि उसके बाद उन्हें अस्पताल में होश आया। कोतवाल वीसी गोसाईं ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। बुजुर्ग का उपचार चल रहा है। उधर, सीओ चक्रधर अंथवाल ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। कहा कि अनजान व्यक्ति को घर में आने न दें।

दुराचार के प्रयास के मामले में एक गिफतार

डोईवाला।
डोईवाला की केशवपुरी बस्ती में एक मामले में महिला की तहरीर पर पुलिस ने स्थानीय निवासी भगवती पुत्र चिरंजीलाल को एक नाबालिक लडकी से दुराचार के मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस को दी तहरीर में महिला ने लिखा है कि भगवती उनके मकान मालिक का भाई है और 2 अक्टूबर की रात्रि बस्ती में ही उसकी नाबालिक बेटी से जिद की कि उसे जागरण में जाना है। उसी दौरान भगवती उसे अपनी मोटर साइकिल पर बैठाकर जागरण में ले गया। जब वह वापस घर आयी तो सहमी थी पूछने पर पीडित 13 वर्षीय लडकी ने बताया कि उसके साथ दुराचार किया गया है। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने पीडित बालिका की मां की तहरीर पर आरोपी भगवती को गिरफतार जेल भेज दिया है।

108

वहीं दूसरे मामले में केशवपुरी निवासी एक अन्य महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी 12 वर्षीय नाबालिक बेटी शौच के लिये गयी थी। उसी दौरान केशवपुरी निवासी निजामू ने उसे पकड़कर उसकी बेटी के साथ दुराचार किया। उसकी बेटी ने घर पहुंचकर उसके साथ हुई घटना को बयां किया। लेकिन इसी दौरान निजामू मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को पकडने के प्रयास शुरू कर दिये हैं। पुलिस अभी तक आरोपी का पता व उसके मां बाप की भी शिनाख्त नही कर पाई है। वहीं दूसरी ओर कोतवाली प्रभारी विक्रम सिंह रावत ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपी को पकडकर जेल भेजा दिया जायेगा।

चोरों ने लाखों की एलईडी व पंखे उड़ाए

ऋषिकेश।
लक्ष्मणझूला मार्ग पर देर रात चोरों ने इलैक्ट्रोनिक्स की दुकान पर हाथ साफ कर दिया। चोर दुकान से लाखों की एलईडी व पंखे ले उड़े। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार नीरज सहरावत निवासी गंगानगर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि लक्ष्मणझूला मार्ग चौदहबीघा चुंगी के समीप उसकी इलैक्ट्रानिक्स की दुकान है। रविवार की रात वह रोज की तरह का दुकान को बंद करके चले गये।

114

सोमवार सुबह करीब 4 बजे दुकान के पास रहने वाले एक युवक शहजाद का फोन आया कि उनके दुकान का शटर आधा खुला हुआ है। सूचना पर व्यापारी दुकान की ओर गया तो शटर आधा खुला मिला। शटर को खोलने के बाद जैसे ही उसने दुकान में प्रवेश किया उसके होश उड़ गए। उसने देखा कि दुकान में रखा सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ है। जबकि दुकान से 12 एलईडी व चार सिलिंग फैन गायब हैं। जिनकी कीमत दो से ढाई लाख तक आंकी जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर लिया। बहरहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। सीओ चक्रधर अंथवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

एसपी देहात भी रखेगी शहर पर नजर

सीसीटीवी कैमरे कनेक्ट होंगे एसपी रूरल के मोबाइल से

ऋषिकेश।
अब क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे एसपी देहात के मोबाईल से कनेक्ट होंगे। जिससे पुलिस व अपराधिक तत्वों पर निगरानी रखने में आसानी मिल सकेगी। यही नहीं नये तरीके से नगर की यातायात व्यवस्था को बनाए रखने में भी सहयोग मिलेगा।
नगर में लगे सीसीटीव कैमरे अब एसपी देहात के मोबाईल फोन से जुड़ने जा रहे हैं। जल्द ही सभी सीसीटीवी कैमरे एसपी के मोबाईल से कनेक्ट होंगे। इससे पुलिस अधिकारियों, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों, अपराधिक तत्वों, ट्रैफिक व्यवस्था और तमाम ऐसी गतिविधियां की मॉनिटरिंग हो सकेगी।

113

एसपी देहात स्वेता चौबे का कहना है कि शहर के सीसीटीवी कैमरे मोबाइल से जुड़ने के बाद मॉनिटरिंग में आसानी हो जायेगी। इसके लिए ऐजेंसी से संपर्क किया जा रहा है। जिसका परिणाम दो चार दिन में मिल जाएगा। एजेंसी का कहना है कि यह प्लान सब इंन्टरनेटिंग पर आधारित है। बहरहाल इस मुहिम को धरातल पर लाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

वन्यजीव अधिनियम के तहत तीन साल का कारावास

अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में सुनाया गया फैसला

ऋषिकेश।
वन्यजीव अधिनियम के तहत एक आरोपी को तीन साल का कारावास एवं 40 हजार रूपए का अर्थदंड दिया गया है। यह फैसला अपर मुख्य न्यायायिक मजिस्ट्रेट रजनी शुक्ला की अदालत में सुनाया गया। आरोपी हरिद्वार बाईपास पर गुलदार की खाल की तस्करी के दौरान पकड़ा गया था।
मामला अपर मुख्य न्यायायिक मजिस्ट्रेट रजनी शुक्ला की अदालत में विचाराधीन चल रहा था। सोमवार को मामले में फैसला सुना दिया गया। मामला 22 फरवरी 2016 का है। कोतवाली पुलिस को सूचना मिली की एक व्यक्ति गुलदार की खाल को किसी नेपाल के युवक को बेचने नटराज चौक के पास खड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हरिद्वार बाईपास मार्ग के पास संदिग्ध अवस्था में खड़े एक युवक को दबोच लिया। जिसे थाने ले आए। युवक के पास एक बैग मिला। तलाशी लिए जाने पर बैग से गुलदार की खाल बरामद कर ली गई। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान टिकेंद्र ऊर्फ टिक्का पुत्र जगत सिंह निवासी क्यूंठा, थाना मायापुर जिला चमोली बताई। आरोपी नटराज चौक के पास नेपाल के एक युवक को खाल बेचने वाला था। पुलिस ने आरोपी को 51 वन्यजीव अधीनियम के तहत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। तब से लेकर यह मामला अपर मुख्य न्यायायिक मजिस्ट्रेट रजनी शुक्ला की अदालत में विचाराधीन चलता रहा।

110

सोमवार को न्यायालय ने फैसला सुनाया। आरोपी को तीन साल का कारावास एवं 40 हजार का अर्थदंड दिया गया। अर्थदंड न देने पर एक माह का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा।