ऋषिकेश।
रविवार शाम हरिपुरकलां में एक युवती का अपहरण हो गया। अपहरण की सूचना पर पुलिस के होश फाख्ता हो गये। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की मदद से घेराबंदी कर अपहरणकर्ता को पकड लिया। जबकि लडकी को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। सोमवार को पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया।
रविवार रात रायवाला पुलिस को सूचना मिली कि एक लड़की को एक युवक स्कूटी पर बैठाकर हरिद्वार की ओर जा रहा है। लडकी के परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर जाकर सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ आरोपी को पकडने का जाल बिछाया। नाको पर चेकिंग करने के साथ टीम हरिद्वार भी भेजी गई। देर रात आरोपी युवक को हरिद्वार शिवमूर्ति, रोडीबेल वाला के पास से गिरफ्तार कर लिया। लडकी को भी सकुशल बरामद कर लिया गया। देर रात लडकी को परिजनों सुपुर्द कर दिया गया।

सोमवार को रायवाला पुलिस ने ईश्वर दत्त जोशी पुत्र रामकृष्ण जोशी निवासी हरिपुर कलां के खिलाफ अपहरण करने की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष नत्थीलाल उनियाल ने बताया कि लडकी मानसिक रुप से कमजोर है। इसी का फायदा उठाकर युवक ने घटना को अंजाम दिया। बताया कि सोमवार सुबह युवती का मेडिकल भी कराया गया। आरोपी युवक लडकी का पडोसी है।
Category: क्राईम
बंद घर से लाखों की चोरी
डोईवाला।
डोईवाला में चोरों ने बंद घर को निशाना बनाकर तीन लाख की नकदी के साथ सोने-चांदी के जेवर उड़ा लिए। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शहजान अली पुत्र स्वर्गीय मतलूब हसन निवासी टाउन एरिया ऑफिस (डोईवाला) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह दो नवंबर की सुबह करीब दस बजे देहरादून स्थित अपनी बहन के घर परिवार समेत गए थे। यहां एक अस्पताल में उनकी माता भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा था। रविवार सुबह जब घर पर काम करने वाली किरन मौके पर पहुंची तो दरवाजे खुले हुए मिले। इस पर किरन ने घर के बगल में ही रहने वाली उनकी सास को इसकी जानकारी दे दी। इसकी सूचना मिलते ही वह भी मौके पर पहुंच गए तो देखा कि घर में रखी तीन लाख की नकदी, सोने का हार, कड़ा, चैन और गले का लॉकेट समेत कीमती सामान गायब था।
पीड़ित शहजान की तहरीर पर पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी जयदेव आर्य ने बताया कि आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। जल्द ही इस चोरी का खुलासा कर दिया जाएगा।
मुनीम से लाखों की लूट मामले में दो सर्राफ गिरफ्तार
पौने दो किलो सोना और चार लाख 85 हजार रुपये बरामद
ऋषिकेश।
सहारनपुर के सर्राफा कारोबारी के मुनीम से लाखों की लूट मामले में पुलिस ने दिल्ली के दो सर्राफा कारोबारियों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही दोनों आरोपियों से पुलिस ने करीब पौने दो किलो सोना और साढ़े चार लाख से अधिक की नकदी भी बरामद कर ली है।
कोतवाल वीसी गोसाईं ने बताया कि लूट की वारदात में शामिल सतेंद्र उर्फ बिट्टू रस्तोगी और रुप किशोर रस्तोगी को रिमांड में लेने के दौरान पता चला था कि लूट का माल दिल्ली के दो कारोबारियों को बेचा गया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दिल्ली के चांदनी चौक से जुगल किशोर पुत्र स्वर्गीय रामप्रकाश निवासी एस-29 साउथ अनारकली (दिल्ली) और सतेंद्र जैन पुत्र पारस जैन निवासी 4/51-विजयनगर (दिल्ली) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से एक किलो 751 ग्राम सोना और 4 लाख 85 हजार रुपये बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि दोनों कारोबारियों से पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा दोनों कारोबारियों के पुराने रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।
क्या था मामला
सहारनपुर के सर्राफा कारोबारी राजकुमार जैन उर्फ गप्पी के मुनीम जोगेंद्र सिंह पुत्र सुमेर सिंह निवासी देवबंद (सहारनपुर) सोने-चांदी के जेवरों की डिलीवरी के लिए हर बुधवार ऋषिकेश आते थे। 12 अक्तूबर को भी वह जेवरों की डिलीवरी के लिए दून रोड स्थित यात्रा बस अड्डा तिराहे पर पहुंचे तो यहां बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाश उनसे लाखों रुपये के जेवरों से भरा बैग छीनने लगे, लेकिन जब जोगेंद्र ने बैग नहीं छोड़ा तो एक बदमाश ने पिस्तौल से उन पर फायर झोंक दिया और गोली सीधे जोगेंद्र की गर्दन के पास जा लगी। इससे जोगेंद्र सड़क पर गिर पड़े और बदमाश मौके पर पिस्तौल छोड़ बैग लेकर फरार हो गए।
अनीस को सरगर्मी से तलाश रही पुलिस
पुलिस के अनुसार, इस लूटकांड में छह बदमाश शामिल थे। मुनीम से लूट के खुलासे के लिए पुलिस ने काफी हाथ-पैर मारे। लेकिन, जब सर्विलांस भी फेल हो गए तो चंद्रभागा के पास लूट में इस्तेमाल बाइक बरामद होते ही पुलिस आरोपी सौरभ रस्तोगी तक जा पहुंची। इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर रुप किशोर रस्तोगी, सतेंद्र उर्फ बिट्टू रस्तोगी और सुमित रस्तोगी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। तब आरोपियों से सात लाख 61 हजार की नकदी, 327 ग्राम सोना और छह किलो चांदी बरामद हुई थी। कुछ समय बाद पुलिस एक और आरोपी नवीन को भी गिरफ्तार करने में कामयाब हो गई। हालांकि, एक और आरोपी अनीस निवासी दिल्ली अब तक पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका है।

सहारनपुर से ही पीछे पड़ गए थे बदमाश
ऋषिकेश पुलिस के अनुसार, मुनीम जोगेंद्र सिंह से लूट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश सहारनपुर से ही उनका पीछा कर रहे थे। रोडवेज की जिस बस में जोगेंद्र सवार थे, उसी बस में एक बदमाश भी सवार हो गया था। उस बदमाश ने ऋषिकेश पहुंचने पर पहले से ही बाइक पर खड़े दो बदमाशों को इशारा किया और पलभर में लूट की वारदात को अंजाम दे डाला। इसके बाद वह मुनिकीरेती से दिल्ली फरार हो गए।
लूटकांड में खुलासा चौंकाने वाला
मुनीम से लूटकांड में सर्राफा कारोबारी के मुनीम ने महज चार से पांच लाख रुपये की लूट बताई थी, लेकिन 26 अक्तूबर को पुलिस ने आरोपियों से 32 तोला सोना और आठ लाख सत्तर हजार रुपये बरामद किए। दिल्ली से सर्राफा कारोबारियों की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस के हाथ डेढ़ किलो सोना और चार लाख 85 हजार रुपये का माल और बरामद हो गया। अगर लूटकांड में बरामद माल जोड़ा जाए तो पुलिस अब तक दो किलो 71 ग्राम सोना बरामद कर चुकी है। साथ ही 13 लाख 55 हजार रुपये भी बरामद हो चुके हैं। ऐसे में महज चार-पांच लाख की लूट संदेह के घेरे में है। पुलिस की जांच इस आधार पर भी जारी है।
अमीन से मारपीट पर मुकदमा दर्ज
ऋषिकेश।
राजस्व वसूली करने गये संग्रह अमीन के साथ मारपीट करने व सरकारी दस्तावेजों को फाड़ने के आरोप में पुलिस ने प्रमोद कुमार निवासी सोमेश्वरनगर के खिलाफ धारा 332, 504 व 506 के तहत मामला पंजीकृत किया है। पुलिस ने संग्रह अमीन वीर सिंह बिष्ट की तहरीर पर कार्रवाई की है।
शुक्रवार को कोतवाली पुलिस ने संग्रह अमीन की तहरीर पर लोक सेवक के कार्य में बाधा पहुंचाने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्रमोद कुमार पुत्र दीपचन्द निवासी गली नंबर एक सोमेश्वर नगर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। गौरतलब है कि गुरुवार की सुबह अमीन राजस्व वसूली को लेकर देहरादून रोड़ स्थित एक टायर की दुकान में पहुंचे थे। अमीन वीर सिंह बिष्ट ने अल्मोड़ा अर्बन को ऑपरेटिव बैक के कर्जदार देहरादून निवासी जसवीर सिंह के जमानती प्रमोद कुमार को गिरफ्तारी का अधिपत्र दिखाकर तहसील चलने को कहा।

अमीन का आरोप है कि बैंक ऋण का भुगतान नही होने पर जमानती प्रमोद कुमार को नोटिस जारी किये गये थे। गुरुवार को बैंक ऋण का भुगतान नहीं करने पर उसकी गिरफ्तारी का वारंट जारी किया गया था, जिसे तामील कराने पर कर्जदार का जमानती मारपीट पर उतारु हो गया। आरोप है कि सरकारी दस्तावेज फाड़ने के साथ अमीन का चश्मा भी तोड़ा दिया गया। अमीन की ओर से गुरुवार देर रात को कोतवाली में तहरीर दी गई थी, जिस पर शुक्रवार को पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है।
ट्रेन के पायलट और लोको पायलट पर केस
रायवाला में ट्रेन की टक्कर से हाथी की मौत का मामला
ऋषिकेश।
रायवाला में ट्रेन की टक्कर से टस्कर की मौत के मामले में राजाजी नेशनल पार्क प्रशासन ने रविवार को कार्रवाई की है। पार्क प्रशासन ने ट्रेन के अज्ञात पायलट और लोको पायलट के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पार्क अधिकारियों का कहना है कि हादसा किस ट्रेन से हुआ, यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। जांच चल रही है।
रायवाला वैदिकनगर में शनिवार को देहरादून-हरिद्वार रेलवे ट्रैक के किनारे 15 वर्षीय टस्कर घायल मिला था। राजाजी नेशनल पार्क के अधिकारियों के अनुसार करीब पौने पांच बजे ट्रेन ने हाथी को टक्कर मारी, जिससे उसके दोनों कूल्हे टूट गए। इस कारण वह खड़ा नहीं हो सका। हाथी को रेस्क्यू कर चीला रेंज पहुंचाया गया, जहां दोपहर बाद इलाज के दौरान हाथी ने दम तोड़ दिया था। इस दौरान करीब चार घंटे तक दून-हरिद्वार के बीच ट्रेनों का संचालन ठप रहा था।

हाथी की मौत के बाद पार्क की मोतीचूर रेंज में ट्रेन के अज्ञात पायलट और लोको पायलट के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मोतीचूर के रेंजर महेंद्रगिरी गोस्वामी ने बताया कि पार्क क्षेत्र में ट्रेन की गति अधिकतम 30 किमी प्रति घंटे तय है। इसके बावजूद ट्रेन के पायलट ट्रेन को दोगुनी रफ्तार से दौड़ा रहे हैं। पायलट और लोको पायलट की लापरवाही के कारण ही हाथी को टक्कर लगी। यही नहीं ट्रेन के पायलट और लोको पायलट ने टक्कर मारने के बाद लापरवाही बरतते हुए घटना की जानकारी नजदीकी रेलवे स्टेशन को भी नहीं दी। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
दूध की ठेकियों में शराब की तस्करी
डोईवाला।
शराब तस्करों ने अब दूध की ठेकियों में शराब की तस्करी शुरू कर दी है। शनिवार को डोईवाला पुलिस ने बाइक पर सप्लाई करने वाले दूधवाले को पूछताछ के लिए रोका। जब तलाशी ली तो गई तो बाइक पर लटकी चार दूध की ठेकियों में शराब के पव्वे मिले। पुलिस ने आरोपी को हिरसात में ले लिया है।

कोतवाल जयदेव आर्य ने बताया कि चादंमारी चौक पर बाइक पर सवार दूध वाले को पुलिस ने रोका। पुलिस को शक होने पर तलाशी ली गयी तो ठेकी में देशी शराब के 200 पव्वे रखे मिले। शराब ऋषिकेश सप्लाई के लिए ले जाई जा रही थी। आरोपी की पहचान निर्मल पुत्र शंकर निवासी उल्हेड़ा, गुरुकुल नारसन जिला हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस टीम में सुरेश रमोला, विपिन सैनी, मुन्ना शामिल थे।
परिवारों से पूछताछ में जुटी पुलिस-एसओजी की टीम
सर्राफा और जोगेन्द्र के परिवार पर टिकी पुलिस की जांच
लूट मामले को दोनों के परिवारों से जोड़कर चल रही है पुलिस
ऋषिकेश।
मुनीम से लूटपाट के मामले में पुलिस की जांच की सुई सहारनपुर के सर्राफ और जोगेन्द्र के परिवार के सदस्यों पर घूम रही है। पुलिस लूटपाट के मामले में दोनों लोगों की मिलीभगत को जांच का आधार बनाकर मामले की जांच कर रही है। उधर, जोगेन्द्र के साले ने अज्ञात लोगों के खिलाफ चोट पहुंचाकर लूटपाट करने का मुकदमा दर्ज कराया है।
दून मार्ग पर दिनदहाड़े हुई लूटपाट के मामले में घटना के तीसरे दिन भी पुलिस मामले का खुलासा नहीं कर पायी है। इससे व्यापारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। दिन दहाड़े हुई इस वारदात से व्यापारी व स्थानीय लोग सहमे हुए है। हालांकि पुलिस और एसओजी की जांच टीम सर्राफ व्यापारी और जोगेन्द्र के परिवारों को आधार बनाकर कर रही है। सभी लोगों से पूछताछ करने के साथ मोबाइल की कॉल डिटेल निकाली जा रही है।

सूत्रों की माने तो लूटपाट के मामले में किसी न किसी का हाथ जरूर है। उस हाथ तक पहुंचने के लिए एसएसपी डॉ.सदानंद दाते ने पांच टीमें गठित कर रखी है, जो अलग-अलग जगहों पर अपराधियों की तलाश के साथ वारदात के पीछे किसी की साजिश तो नहीं इसकी जांच कर रहे हैं। डीएसपी सीडी अंथवाल ने कहा कि मामले में टीमें लगी हुई है। जल्द ही लूटपाट की वारदात से जुड़े कुछ अहम सुराग हाथ लगेंगे।
उधर, जोगेन्द्र के साला हरिराम पुत्र कृष्णलाल निवासी ग्राम मोहिद्विन पुर कैलाश पुर जिला सहारनपुर उत्तरपद्रेश ने आज्ञात लोगों के खिलाफ चोट पहुंचाकर लूटपाट करने के मामले में केस दर्ज कराया है।
मरीन ड्राइव बना नशेड़ियों का अड्डा
बैचों के आसपास पड़ी रहती हैं चिलम, भांग और शराब की खाली बोतलें
असामाजिक तत्वों के चलते मरीन ड्राइव पर घूमने जाने से घबरा रहे लोग
ऋषिकेश।
शहर का मरीन ड्राइव नशेड़ियों का अड्डा बन गया है। यहां शाम होते ही नशेड़ियों की महफिल जम जाती है। बैंचों के आसपास शराब की खाली बोतलें, डिस्पोजल ग्लास, नजकीन आदि के पैकेट, चिलम, भांग इसकी गवाही देने के लिए काफी हैं। ऐसे में घूमने आने वाले लोग असहज महसूस करते हैं। कई बार महिलाओं और युवतियों से अभद्रता की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। बावजूद इसके पुलिस असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करती। त्रिवेणीघाट से बैराज के बीच गंगा किनारे मरीन ड्राइव बना है। शहरवासी और पर्यटक यहां घूमने जाते हैं। कोई सुबह और शाम को वॉक के लिए यहां भीड़ रहती है। लेकिन पिछले कुछ दिनों से मरीन ड्राइव पर घूमने वाले लोगों की संख्या में कम हो रही है। कारण शाम होते ही नशा करने वाले लोग यहां सक्रिय हो जाते हैं। इनके डर से महिलाएं और युवतियां यहां जाने से बच रही हैं।

स्थानीय निवासी अशोक शर्मा, रंजन अंथवाल, मोहनीश शर्मा, मनीष अरोड़ा का कहना है कि पहले मरीन ड्राइव पर नशेड़ी सक्रिय नहीं थे, जब से पुलिस की गश्त कम हुई है नशेड़ी शाम होते ही मरीन ड्राइव पर कब्जा जमा लेते हैं। कई युवक तो दिन के समय भी नशा करते नजर आते हैं। यह लोग नशा करने के बाद नशेड़ी सरकारी संपत्ति को नुकसान भी पहुंचा रहे हैं। कुछ दिन पहले यहां गमले तोड़ दिए गए थे। डस्टबीन उखाड़ कर फेंक दिए गए। कोतवाल वीसी गुसाईं का कहना है कि रिपोर्टिंग पुलिस चौकी त्रिवेणीघाट को निर्देश दिए जाएंगे कि वे गश्त बढ़ाए। नशेड़ियों की धरपकड़ की जाएगी। इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस चौकी खुलने का मामला लटका
मरीन ड्राइव की सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय लोगों ने यहां पुलिस चौकी खोलने की मांग की थी, लेकिन पुलिस चौकी का मामला लटका हुआ है। कई बार मरीन ड्राइव पर आपराधिक घटनाएं भी हो चुकी हैं। हालांकि पुलिस समय-समय पर कार्रवाई करती है। नशे के सामान के साथ कई युवकों को पकड़ जा चुका है। अगर यहां पुलिस चौकी खुलती है तो असामाजिक तत्वों पर लगाम लगेगी।
महिला से अंगूठी और चेन ठगे
बाजार से लौटते वक्त युवकों ने दिया वारदात को अंजाम
रेलवे स्टेशन के पास हुई घटना में अंगूठी-चेन लूट ले गए युवक
ऋषिकेश।
परिवार का हर संकट दूर करने का झांसा देकर दो युवकों ने बनखण्डी की एक महिला को सम्मोहित कर अंगूठी और सोने की चेन लूट ली। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
शुक्रवार सुबह सवा दस बजे चीता पुलिस को सूचना मिली कि एक महिला को झांसा देकर जेवरात लूट लिए है। सूचना पर पहुंची पुलिस से पहले ही युवक जेवरात लेकर फरार हो गए। पुलिस युवकों की तलाश करती रही, लेकिन युवक पुलिस के चंगुल में नहीं आए।

दारोगा मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि महिला को मिले युवकों ने परिवार का हर संकट दूर करने झांसा दिया। इसके बाद महिला युवकों को घर ले गई। जहां महिला की समस्या सुनने के बाद गले से सोने की चेन व अंगूठी निकालकर एक पोटली में रखकर दस कदम आगे बिना मुड़े हुए जाने को कहा। जब महिला पीछे मुड़ी तो दोनों युवक जेवरात लेकर फरार हो चुके। महिला ने इसकी जानकारी परिजनों को और पुलिस को दी।
मुनीम से लूटपाट की घटना के बाद भी नहीं जागी पुलिस
चाहे जो भी वारदातें शहर में हो रही है इसमें चाहे पीड़ित की ही गलती हो तो क्या पुलिस का फर्ज नहीं बनता कि वे पीड़ित के आरोपियों की धरपकड़ करे, लेकिन ऐसा कुछ भी पुलिस नहीं कर रही है। मुनीम से दिन दहाड़े लूट की वारदात के बाद भी पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था ढीली है। यहीं वजह है कि शुक्रवार सुबह दस बजे एक महिला को दो युवकों ने संकट दूर करने का झांसा देकर जेवरात लूट कर बड़ी आसानी से फरार हो गए।
व्यापारी के मौत के मामले में पांच पर हत्या का मुकदमा
तांत्रिक के जरिए जहर खिलाकर हत्या करवाने का लगाया आरोप
पुलिस केस दर्ज कर मामले में शुरू की जांच
ऋषिकेश।
तांत्रिक के जरिए दवा पिलाकर व्यापारी की हत्या कराने के मामले में तांत्रिक समेत छह लोगों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मालवीय मार्ग निवासी स्वर्गीय व्यापारी बालकृष्ण अरोड़ा के बेटे तरूण अरोड़ा ने पिता के मौत के मामले में तांत्रिक समेत जीजा रवि मनचंदा पुत्र स्वर्गीय हरिओम मनचंदा, चाचा हरिकृष्ण, रेखा मनचंदा, रेनू मनचंदा के खिलाफ हत्या की साजिश रचकर व्यापारी को जहर पिलाकर हत्या के आरोप में केस दर्ज दर्ज कराया है। आरोप है कि 7 अक्तूबर को तुलसी मंदिर के पास तांत्रिक बाबा को आरोपियों ने बालकृष्ण से मिलवाया और पारिवारिक समस्या हल करा देने का झांसा दिया।

हरिद्वार ज्वालापुर में रहने वाली बेटी के पास तांत्रिक यह कहकर ले गया और वह अंदर गया जबकि व्यापारी को बाहर ही रहने को कहा। फिर 12 की रात तांत्रिक ने यह कहकर व्यापारी को एक शीशी दी कि इसे पीकर आप की समस्या स्वत: ही दूर हो जाएगी। शीशी पीते ही व्यापारी की तबयित बिगड़ गई और अस्पताल में मौत हो गई। एसएचओ वीएस गुसाईं ने बताया कि मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।
