एसओजी कर रही पूर्व सीएम की पुत्रवधू को आ रहे कॉल्स की जांच


तकनीक का जमाना सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की पुत्रवधू के लिए जी का जंजाल बन गया है।  आलम ये है कि गंदे- मैसेज के लगातार हो रहे प्रवाह से उन्हें शर्मिंदगी का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व सीएम के पुत्र ने पहले उस नंबर पर बात कर उसे ऐसा न करने की हिदायत दी लेकिन सिरफिरे पर  आनंद की बात का कोई असर नहीं हुआ। उसकी हरकत लगातार बढ़ती रही।
मजबूरन रावत दम्पति को पुलिस में शिकायत दर्ज करवानी पड़ी। जैसे ही यह खबर आम हुई पूरे राज्य  में हंगामा मच गया। लिखित शिकायत के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए SOG दस्ते ने जांच को अपने हाथ मे ले लिया है। बताया जा रहा है कि प्रारंभिक जांच में मैसेज राजस्थान से भेजे गए हैं। हालांकि अभी पूरी जांच रिपोर्ट  और बदतमीज सिरफिरे का पकड़ा जाना बाकी है।
बहरहाल असल बात ये है कि ऐसी मानसिकता वाले सिरफिरों से आम आदमी कैसे बचेगा जो खास की भी परवाह न करते हों। जरूरत है ऐसी नापाक दंबगई को सबक सिखाने की, ताकि जमीर वालों के आत्मसम्मान को ठेस न पहुंचे।  फिर चाहे वो आम हो या फिर खास ।

एएनएम की लापरवाही से सड़क में जन्मा बच्चा


भटवाड़ी गांव की रहने वाली इंद्रा देवी अपनी गर्भवती बहू लक्ष्मी को लेकर निजी वाहन बुक कर जखोली स्थित एएनएम सेंटर पहुंची। इंद्रा देवी के अनुसार उन्होंने एएनएम से प्रसव पीड़ा का हवाला देकर बहू को भर्ती करने का आग्रह किया। इंद्रा का आरोप है कि एएनएम बसंती सकलानी ने कहा के प्रसव कक्ष की सफाई नहीं हुई है। ऐसे में वह पीड़ित महिला को भर्ती नहीं कर सकती। एएनएम का कहना था कि यह सीएमओ का निर्देश है। इंद्रा के अनुसार वह करीब आधे घंटे एएनएम की मनुहार करती रही।
इस बीच आसपास के लोग भी एकत्र हो गए और उन्होंने भी एएनएम को समझाने का प्रयास किया। जब बात नहीं बनी तो इंद्रा अपनी बहू को लेकर लौटने लगीं, लेकिन सड़क पर खड़े वाहन तक पहुंचने से पहले ही प्रसव वेदना बढ़ गई। इंद्रा ने आसपास की महिलाओं की सहायता से किसी तरह प्रसव कराया।
एएनएम बसंती का कहना है कि सुबह-सुबह प्रसव कक्ष की सफाई नहीं हुई थी। सीएमओ के निर्देश के अनुपालन में उन्होंने गंदे कक्ष में प्रसव करना उचित नहीं समझा। हालांकि जब महिला का दर्द बढ़ गया तो प्रसव में उन्होंने मदद की।
दूसरी ओर सीएमओ सरोज नैथानी ने बताया कि कुछ समय पहले उन्होंने चौरा एएनएम केंद्र का निरीक्षण किया था। प्रसव कक्ष में गंदगी मिलने पर उन्होंने एएनएम को सफाई के निर्देश दिए और ताकीद की थी कि साफ सुथरे कक्ष में ही प्रसव कराया जाए। घटना को गंभीर बताते हुए उन्होंने कहा कि इसकी जांच करा दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

डीएम ने ठेकेदारों से दिए वसूली के आदेश

रुद्रप्रयाग।
जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल गैंती, कुदाल और फीता लेकर संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ जिला योजना के अन्तर्गत सिंचाई विभाग द्वारा सुमाडी एवं तिलवाडा में बनाई गई सुरक्षा दीवाल का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने फीते से तिलवाड़ा मठ तोक लाटा बाबा होटल के बायीं तरफ नाले और त्रिपुरेश्वर मन्दिर जाने वाले रास्ते पर बनायी गयी सुरक्षा दीवार की लम्बाई व चैड़ाई नापी। त्रिपुरेश्वर मन्दिर जाने वाले रास्ते पर बनी सुरक्षा दीवार की लम्बाई और ऊँचाई नापते हुए उन्होंने सुरक्षा दीवार की बेसमेंट की खुदाई करवाई। जहां उन्हें मानकानुसार बेसमेन्ट नहीं मिला। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए अवर अभियन्ता को प्रतिकूल प्रविष्टी और सम्बन्धित अधिकारियों और ठेकेदार से वसूली करने के निर्देश दिये। उन्होंने त्रिपुरेश्वर मन्दिर जाने वाले रास्ते पर बनाये गये सुरक्षा दीवार की जांच उपजिलाधिकारी जखोली से करवाने को कहा।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिला योजना के तहत मंदिर की सुरक्षा के लिए 75 मीटर लंबी दीवार बनाई गई है। इसमें 30 सेमी का स्ट्रक्चर मानकों के अनुरूप नहीं है। नौ लाख रुपए के स्टीमेट में ढाई लाख रुपए स्ट्रक्चर की लागत पर खर्च होने थे। लेकिन मौके पर यह काम नहीं दिखाई दिया। इसके साथ ही नौ लाख रुपए के काम को पांच ठेकेदारों में बांटा गया। जबकि यह काम टेंडर प्रक्रिया के तहत होना चाहिए था। इसकी भी जांच की जा रही है। जिलाधिकारी के साथ निरीक्षण के दौरान सहायक अभियन्ता एससी बेजवाल, सहायक अभियन्ता एएस नेगी मौजूद थे।

ग्राम पंचायत को भूमि पर कब्जा मिला

ऋषिकेश।
ग्राम पंचायत लिस्ट्राबाद में ग्राम समाज की भूमि पर से ग्राम पंचायत को अपना कब्जा मिल गया है। कब्जा करने वाले व्यक्ति ने एक बीघा भूमि को बिना किसी दबाब के ग्राम पंचायत को सौंप दी है। पंचायत घर व आंगनबाड़ी बनाने के लिए पंचायत को अपनी भूमि मिल गई है। वर्षो से लिस्ट्राबाद में जफर अली नामक व्यक्ति ने ग्राम समाज की भूमि पर कब्जा कर रखा था। मंगलवार को जफर अली ने एक बीघा भूमि पंचायत प्रतिनिधियों के सामने पंचायत को बिना किसी दबाब के सौंप दी। ग्राम प्रधान प्रदीप कुमार ने बताया कि इस भूमि पर पंचायत घर व बांगनबाड़ी केन्द्र बनाने की राह आसान हो गई है। उन्होंने जफर अली का धन्यवाद देते हुए अन्य लोगों को भी सीख लेने की नसीहत दी।

पॉक्सो कानून के बारे में दी गई जानकारी

ऋषिकेश।
मंगलवार को श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज के परशुराम हॉल में पुलिस के सर्वोदय अभियान का समापन हो गया। तीन दिवसीय अभियान के समापन पर वरिष्ठ अधिवक्ता सुभाष भट्ट ने छात्रों और महिलाओं को कानून संबंधी जानकारियां दीं। बताया कि नाबालिग के साथ शारीरिक शोषण या दुर्घटना होने पर जिले स्तर पर डिस्ट्रिक्ट सेल (डीसीपीयू) और स्थानीय स्तर पर (एसजेपीयू) का गठन किया गया है। पुलिस की सहायता नहीं मिलने पर पीड़ित सीधे इन दोनों सेलों से सपंर्क कर सहायता ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से पीड़ित को मेडिकल, लैग्वेज ट्रांसलेटर, वकील और क्षतिपूर्ति की सहायता दी जाती है।
अधिवक्ता ने पॉक्सो अधिनियम-2012 के बारे में विस्तृत जानकारी भी दी। साथ ही महिला कानून, बाल संरक्षण, भरण पोषण, तलाक आदि कानूनों की बारीकियां भी समझाईं। सर्वोंदय अभियान में छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर भी सीखाए गए। प्रशिक्षु आईपीएस निहारिका भट्ट ने बताया कि तीन दिवसीय सर्वोंदय अभियान का मंगलवार को समापन हो गया। उन्होंने छात्रों व महिलाओं से अपने आसपास और समाज में इन जानकारियों का आदान-प्रदान करने की अपील की। कहा कि आज की नौजवान पीढ़ी पर सामाजिक कुरीतियों को खत्म करने और कानून का सही पालन कराने की जिम्मेदारी है।

अन्तर राष्ट्रीय मजदूर दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन

ऋषिकेश।
सोमवार को अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर लोकजन शक्ति पार्टी (लेवर सेल) ने पीडब्ल्यूडी के निरीक्षण भवन में श्रमिक वर्ग की समस्याओं पर गोष्ठी की। लेवर सेल के राज्य प्रभारी कदर्म सिंह बालियान ने मजदूरों के हितों में सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। श्रमिक समस्याओं को लेकर उन्होंने संगठित होने पर जोर दिया। बताया कि निकाय चुनाव से पूर्व पार्टी का सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। मौके पर भोपाल सिंह, अजय सिंह मनिहारिया, जशपाल शर्मा, सावित्री वाल्मिकी, सतबीर, राकेश धीमान, कान्ता, लक्ष्मी देवी, अरुण कुमार, सोनू कुमार, वर्षा चौहान आदि उपस्थित रहे।
उधर, अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर लायनेस क्लब ऋषिकेश डिवाइन ने सरकारी अस्पताल में रक्तदान शिविर लगाया। अध्यक्ष उमा किंगर ने बताया कि शिविर में 35 यूनिट रक्तदान किया गया। ब्लड बैंक के प्रभारी डॉ. मुकेश पाण्डे ने बताया कि रक्तदान करने से दूसरों की जिंदगी बचाई जा कती है। कई बार जरूरत पड़ने पर रक्त नहीं मिल पाता है। ऐसे में मरीज को परेशानी होती है। उन्होंने हर व्यक्ति से वर्ष में कम से कम एक बार रक्तदान करने की अपील की। क्लब अध्यक्ष उमा किंगर ने बताया कि रक्तदान महादान है। आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की सेवा करने के उद्देश्य से सरकारी अस्पताल में ही रक्तदान करना चाहिए। मौके पर आयुषी छाबड़ा, दीपिका प्रभाकर, शीतल शर्मा, प्रोमिला सडाना, गीता अरोड़ा, कोमल मखीजा, वानी करारा, युविका चंदानी आदि मौजूद रहीं।

औचक निरीक्षण: सरकारी शिक्षिका ने अरविन्द पाण्डे को बताया सीएम

उधम सिंह नगर।
सरकारी शिक्षा का क्‍या आलम है यह देखना है तो काशीपुर के ग्राम बैलजूडी स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय आ जाइए। यहां छात्र तो छात्र शिक्षिका को भी प्रदेश के मुख्‍यमंत्री का नाम नहीं मालूम नहीं। ग्राम बैलजूडी में आज सुबह अभिभावक राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय पहुंचे। यहां सड़े बैंगन देख उन्‍होंने हंगामा काटा। सूचना पर एसडीएम दयानंद सरस्वती स्‍कूल पहुंचे। उन्‍होंने बैंगन की जांच की तो बैंगन खराब पाया गया।
उन्होंने बच्चों से राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री के नाम पूछे तो प्रधानमंत्री को छोड़कर बच्‍चे किसी का नाम नहीं बता पाए। कुछ बच्चे अपना नाम अंग्रेजी में नहीं लिख पाए। गणित में भी बच्चे कमजोर पाए गए। एक व्यक्ति ने एक शिक्षिका से राज्य के मुख्यमंत्री का नाम पूछा तो शिक्षिका ने अरविन्द पांडेय को मुख्यमंत्री बताया। एसडीएम सरस्वती ने कहा कि हर शनिवार को वह खुद स्कूल में आकर गणित व अंग्रेजी पढ़ाएंगे। उन्होंने शिक्षकों को शिक्षा व्यस्था दुरुस्त व खाने की गुणवत्ता बनाये रखने को कहा। साथ ही इसकी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजेंगे।

छात्रों की जागरुकता से ही सामाजिक कुरीतियों का अंत

ऋषिकेश।
श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में प्रशिक्षु आईपीएस निहारिका भट्ट ने छात्रों को उनके दायित्व बतायें। उन्होंने छात्र जीवन से ही सही दिशा और जीवन के उद्देश्यों को प्राप्त करने का अवसर मिलने की बात कही। पुलिस ने नशा मुक्ति, यातायात व्यवस्था, महिला सशक्कतीकरण, योगा व आत्मरक्षा को लेकर कार्यशाला आयोजित की।
शनिवार को श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में सर्वोदय अभियान के तहत महिला सशक्तिकरण अभियान का शुभारंभ सीओ कैलाश पंवार व प्रशिक्षु आईपीएस निहारिका भट्ट ने किया। छात्रों को महिला सशक्तिकरण, साइबर क्राइम, नशा, यातायात नियमों को लेकर जानकारी दी। प्रशिक्षु आईपीएस निहारिका भट्ट ने छात्र जीवन से ही सफलता मिलने की बात कही। छात्रों को दायित्वों की जानकारी देते हुए सही दिशा का चयन करने और अपने जीवन के उद्देश्यों को प्राप्त करने की सलाह दी। सीओ कैलाश पंवार ने कहा कि सामाजिक कुरीतियों का खात्मा शिक्षा और छात्र जीवन से ही हो सकता है। मौके पर योग व आत्म रक्षा के गुर भी सीखाये गये। स्वस्थ व स्वच्छ जीवन पद्धति अपनाने का संकल्प भी दिलाया।

खारास्रोत पार्किंग और गंगा किनारे से हटाये अतिक्रमण

ऋषिकेश।
शनिवार को नगर पालिका मुनिकीरेती की टीम ने खारास्रोत पार्किंग, गंगा को जाने वाले मार्ग और गंगा तटों पर ठेलियां लगाकर अतिक्रमण करने वालों को खदेड़ दिया। पालिका प्रशासन के पास लगातार अतिक्रमण करने और गंदगी फैलाने की शिकायतें आ रही थीं। कई समाजसेवी संगठनों ने गंगा तटों पर चाट-पकौड़े की ठेलियां लगाने पर नाराजगी जताई थी। आस्था के तटों को मौज-मस्ती का अड्डा नहीं बनाने के लिए मांग पत्र भी दिया था।
राफ्टिंग का एंडिंग प्वाइंट होने से खारास्रोत में दुकानें लगी रहती हैं। मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण होने से यातायात बाधित होता है। वहीं, दुकानें सजाने की आड़ में अतिक्रमण कर स्थाई ठिकाना बनाने का भय बना रहता है। राफ्टिंग का एंडिंग प्वाइंट होने से पर्यटकों की संख्या में इजाफा रहता है। पर्यटकों की भीड़ उमड़ने से गंगा किनारे ही दुकानें लगने लगी है। चाट-पकौड़े और गर्मी के पेय पदार्थों से सजी दुकानों से गंगा किनारे गंदगी हो रही है।
पालिका की टीम ने सुबह अभियान चलाया और शाम चार बजे फिर से पुलिस टीम के साथ खारास्रोत का निरीक्षण किया। अतिक्रमण को लेकर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। चेतावनी के बाद भी अतिक्रमण करने पर सामान जब्त करने व जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जाएगी। टीम में कर निरीक्षक अनुराधा गोयल, सफाई निरीक्षक आदेश कुमार, दीपक कुमार, मदन सिंह रावत आदि शामिल रहे।

मोबाइल लोक अदालत का आयोजन

ऋषिकेश।
मंगलवार को नगर पालिका ऋषिकेश के सभागार में मोबाइल लोक अदालत का आयोजन हुआ। सिविल जज सीनियर डिवीजन उदय प्रताप सिंह, सिविल जज जूनियर डिवीजन और न्यायिक मजिस्ट्रेट ऋषिकेश ममता पंत ने पांच लंबित मामलों का निस्तारण किया। उच्च न्यायालय से आए रमन सिंह, हेमंत सिंह ने लोक अदालत में कानून की जानकारी देने वाली किताबों का नि:शुल्क वितरण किया। बताया कि उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, उच्च न्यायालय नैनीताल द्वारा सचल वाहन विधिक सेवा रथ के माध्यम से कानून की जानकारी दी जा रही है। मौके पर अधिवक्ता प्रदीप वर्मा, एडीजीसी स्वरुप सिंह खरोला, संजय भटनागर, रवेन्द्र कुमार शर्मा, शांति स्वरुप वाष्र्णेय, सोनालिका त्रिपाठी, अजय ठाकुर, लाल सिंह मटेला, रमेश, भूपेन्द्र कुमार शर्मा आदि मौजूद थे।
वहीं, ऋषिनगरी के विभिन्न विद्यालयों में फीचर फिल्मों के माध्यम से स्कूली बच्चों को भी कानून की जानकारी दी गई। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण का विधिक साक्षरता रथ राजकीय इण्टर कालेज आईडीपीएल, राजकीय बालिका इण्टर कालेज ऋषिकेश पहुंचा। उच्च न्यायालय से आए स्टॉफ ने फीचर फिल्मों के माध्यम से बच्चों को शिक्षा का अधिकार, सूचना का अधिकार अधिनियम, बाल अधिकार, घरेलू हिंसा, श्रम कानून, प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करवाना, महिलाओं के विधिक अधिकार, राज्य की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और कानूनी सहायता के बारे में जानकारी दी। विधिक साक्षरता रथ का संचालन रमन सिंह, एसएम सिलस्वाल व हेमन्त कुमार ने किया। मौके पर प्रभारी प्रधानाचार्य जेपी कुशवाल, चण्डी प्रसाद घिल्डियाल, विजयपाल सिंह, रमाशंकर, डॉ. संजय सिंह, मीना शर्मा, अंजू रस्तोगी, मीनाक्षी बुटोला, लक्ष्मी चमोला, साधना सिंघल, तारा कन्नौजिया, पूनम रावत, सुनीता अधिकारी आदि उपस्थित थे।