रुद्रपुर।
मोहल्लों में परोसी जा रही शिकायत की सच्चाई जानने के लिए एसएसपी डॉ. सदानंद दाते खुद भदईपुरा पहुंच गए। यहां वह सादे पकड़ों में गए। वहां का माहौल देखकर वह खुद हैरत में पड़ गए। खुलेआम घरों में लोगो को शराब परोसी जा रही थी। जब वह वह बैठे तो उन्हें भी शराब परोस दी गई।
हालात देख एस एस पी का पारा चढ़ गया। उन्होंने चौकी इंचार्ज को सस्पेंड कर दिया। साथ ही चौकी में तैनात कर्मियों की जाँच बैठा दी। एसएसपी की कार्यवाही से हड़कंप मच गया।
कार्यभार संभालने के बाद एस एसपी डॉ दाते ने अवैध शराब व खनन के खिलाफ कार्यवाही के निर्देश दिए थे। उसके बाद भी लगातार शराब की गली मोहल्ले में बिक्री की शिकायत मिल रही थी। रविवार रात पंतनगर में भी शराब माफियाओ ने एक परिवार के चार लोगो पर हमला कर घायल कर दिया था।
इस पर एसएसपी कड़ा रुख अपनाते हुए गत रात प्राइवेट आल्टो कार से सादे कपड़ो में रम्पुरा चौकी अंतर्गत भदईपुरा पहुंच गए। एसएसपी भी जब शराब पी रहे लोगों के बीच बैठे तो उनको भी शराब परोस दी गई। इस पर उन्होंने तुरंत फोन कर फोर्स बुला लिया।
इसी दौरान किसी ने उनको पहचान लिया। इस पर वहां शराब पी रहे लोगं में भगदड़ मच गई। इसी दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। एसएसपी ने तुरंत चौकी इंचार्ज भीम भास्कर आर्य को सस्पेंड कर दिया। एसएसपी डॉ. दाते ने बताया अपर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा रम्पुरा पुलिस चौकी में तैनात कर्मियों की शराब के कारोबार में संलिप्तता की जांच कर रिपोर्ट देंगे। जांच में संलिप्तता मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
Category: जिले कि खबरै
चर्चा का विषय बना रहा, डीएम अल्मोड़ा का राज्यमंत्री को दिया जवाब
अल्मोड़ा।
ऊधमसिंह नगर में विधायक समर्थकों को एसएसपी के कार्यालय से बाहर किए जाने का मामला ठंडा पड़ा ही था कि अब डीएम अल्मोड़ा सुर्खियों में हैं। सर्किट हाउस में विभागीय समीक्षा बैठक से पहले ही महिला कल्याण एवं बाल विकास राज्य मंत्री रेखा आर्या व डीएम सविन बसंल की बातचीत में तल्खी चर्चा में रही। हुआ यूं कि सर्किट हाउस में राज्यमंत्री रेखा आर्या विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेने पहुंची। इससे पहले ही उन्होंने डीएम सविन बंसल से कुछ मामलों में आपत्ति जताई। बोली- डीएम साहब जनशिकायतों के प्रति आपका रिस्पांस नहीं रहता। इस पर डीएम बोले इसका जवाब जनता ही देगी। जनसमस्याओं का निदान उनकी प्राथमिकता में शामिल है, आम ग्रामीण भी उनसे सीधा आकर मिलता संतुष्ट होकर लौटता है।
फिर राज्यमंत्री ने अल्मोड़ा शहर की वन-वे ट्रैफिक को जनसुविधा के लिए बदलने की बात कही। डीएम ने उच्चतम न्यायालय की गाइड लाइन का हवाला दिया। कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सड़क सुरक्षा एक्ट के तहत यह व्यवस्था बनाई गई है। लिहाजा इसमें जल्दी में कोई बदलाव नहीं किया जा सकता। इस पर असहज राज्यमंत्री ने डीएम को यह कह कर घेरने का प्रयास किया कि डीएम साहब! आप फोन भी रिसीव नहीं करते, ऐसा क्यों, डीएम ने जवाब दिया जिलाधिकारी का फोन रिसीव होता है या नहीं इसका फीडबैक जनता से ले लीजिए। पास ही खड़े एसएसपी डीएस कुंवर की ओर देखने के बाद राज्यमंत्री ने लगे हाथ पूछ ही लिया कि उनके पति के खिलाफ दर्ज मुकदमे का क्या हुआ। इस पर डीएम शालीनता से बोले- मैडम, आप अपने विभाग की समीक्षा बैठक लें। सार्वजनिक रूप से इस पर बात नहीं की जा सकती। वह मुख्यमंत्री, गृहमंत्री या गृहसचिव से ही बात करेंगे।
आपको अगर डीएम पसंद नहीं तो बदलवा दें। बहरहाल, इस तल्खी के बाद विभागीय समीक्षा बैठक शुरू हुई। इसमें डीएम व एसएसपी भी शामिल रहे। बता दें कि राज्यमंत्री के पति बरेली निवासी गिरधारी लाल पप्पू के खिलाफ चुनाव के समय मुकदमा दर्ज किया गया था।
सार्वजनिक अवकाश पर भी खुले रहे प्राइवेट स्कूल
ऋषिकेश।
मंगलवार को रामनवमी त्योहार पर केन्द्र और राज्य सरकार की ओर से सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया था। बावजूद इसके देहरादून रोड स्थित एक प्राइवेट स्कूल खुला रहा। इसके चलते छोटे बच्चों अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने में व्यस्त रहे। प्राइवेट स्कूलों की मनमानी के आगे अभिभावक कुछ बोलने से भी हिचकाते हैं जिससे इन स्कूलों की मनमर्जी दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है।
अधिवक्ता अमित वत्स ने बताया कि रामनवमी का त्योहार हिन्दुओं का पावन पर्व है। ऋषिनगरी के ज्यादातर स्कूलों ने सार्वजनिक अवकाश का पालन किया लेकिन कुछ स्कूलों ने पालन नहीं किया है। अष्टमी और रामनवमी पर कन्याओं का पूजन किया जाता है। अवकाश होने के बाद भी छोटे बच्चे स्कूल आए और अभिभावक त्योहार होने पर भी बच्चों को स्कूल लाने और ले जाने में व्यस्त रहे। उन्होंने प्राइवेट स्कूलों की कार्य प्रणाली पर रोष जताया। कहा कि प्राइवेट स्कूलों की मनमर्जी के खिलाफ सरकार से शिकायत की जाएगी।
देहरादून मार्ग स्थित एक प्राइवेट स्कूल के रामनवमी के अवकाश पर भी स्कूल खोलने की शिकायत आई है। हो सकता है कि स्कूल ने बुधवार को रामनवमी का अवकाश घोषित किया हो। लिखित शिकायत सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।
वृजेश कुमार तिवारी, एसडीएम ऋषिकेश।
वाहनों में रेट लिस्ट न लगी होने पर होगी कार्रवाई
ऋषिकेश।
शनिवार को कोतवाली में पुलिस ने परिवहन से जुड़े यूनियन पदाधिकारियों की बैठक बुलाई। इसमें शहर में जाम लगने पर वाहन मालिक के खिलाफ कार्रवाई करने के बारे में बताया गया। एसपी देहात श्वैता चौबे ने साफ कहा कि चारधाम यात्रा शुरू होने जा रही है। इसलिए अब सुबह छह से रात 10 बजे तक बसों का शहर में प्रवेश बंद रहेगा। छह अप्रैल से ऑटो-विक्रम चालकों का सत्यापन भी होगा। अवैध ऑटो-विक्रम के खिलाफ कार्रवाई के लिए सभी 6 यूनियनों से उनकी सूची मांगी जाएगी। कहा कि प्रत्येक वाहन पर रेट लिस्ट लगी होनी जरूरी है। चन्द्रभागा पुल के पास बनी पार्किग से स्टैंड हटाया जाएगा। एसपी ने कहा कि शहर में जाम एक बड़ी समस्या है। इसलिए अतिक्रमण भी हटाया जा रहा है। इस अवसर पर रोटेशन अध्यक्ष सुधीर राय,ऑटो-विक्रम महासंघ अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत, विनोद शर्मा,कुंवर सिंह रावत, बंटी तायल, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष कुंवर सिंह तडियाल, सुनील शर्मा, त्रिलोक भण्डारी,सूमो यूनियन के अध्यक्ष केएल कुडियाल,एएसपी निहारिका भट्ट, सीओ मनोज कत्याल सहित अन्य मौजूद थे।
रातभर एसडीएम कार्यालय में दिया धरना
-शराब की दुकान खोलने के विरोध में महिलायें
-उखीमठ मोटरमार्ग पर दिया जा रहा है धरना
रुद्रप्रयाग।
भगवान केदारनाथ के शीतकालीन गद्दीस्थल ऊखीमठ में शराब की दुकान खोले जाने का विरोध तेज हो गया है। स्थानीय महिलाएं शराब की दुकान के विरोध में रात को सड़कों पर उतर रही और आज सुबह से ही उखीमठ मोटरमार्ग पर धरना दे रही हैं। शुक्रवार रातभर उखीमठ की महिलाएं शराब की दुकान के विरोध में उपजिलाधिकारी कार्यालय में धरने पर बैठी रही। महिलाओं का कहना है कि किसी भी हाल में शराब की दुकान नहीं खोलने दी जायेगी।
उत्तराखण्ड हाईकोर्ट ने चारधाम यात्रा से जुड़े रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जिले में शराब की दुकान खोलने पर रोक लगा दी थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के निर्णय पर स्टे ले लिया है। जिसके बाद अब रुद्रप्रयाग जिले के उखीमठ सहित अन्य स्थानों पर शराब की दुकान खोलने को विरोध हो रहा है। शुक्रवार रात को उखीमठ की महिलाओं ने सड़कों पर प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। महिलाओं ने उप जिलाधिकारी का घेराव करते हुये रात भर उपजिलाधिकारी कार्यालय में धरना दिया। महिलाओं ने कहा कि बाबा केदारनाथ के शीतकालीन गददीस्थल उखीमठ में शराब का प्रचलन अत्यधिक बढ़ गया है। शीतकालीन गददीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर से मात्र दो सौ मीटर दूर शराब की दुकान स्थित है। आये दिन बाबा केदार के दर्षनों के लिये हजारों यात्री आते हैं, लेकिन रास्ते में ही शराब की दुकान होने से यात्रियों की आस्था को ठेस पहुंचती है।
चार दिनों में लीकेज की समस्या दूर करें विभाग: कौशिक
हरिद्वार।
गर्मी के मौसम को देखते हुए नगर की पेयजल व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए अगस्त क्रांति भवन (सीसीआर) में उत्तराखण्ड सरकार के शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने बैठक ली। बैठक में उन्होंने 4 दिनों के अंदर नगर के समस्त पेयजल लीकेज को ठीक करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि पेयजल लीकेज पर जीरो टालरेंस की नीति अपनायी जाएगी। यदि लीकेज मिलता है तो इसे तत्काल रूप से ठीक किया जाए। जल निगम, जल संस्थान के अधिकारी टास्क फोर्स बनाकर सर्वे कर लीकेज ठीक करें। उन्होंने एनएच द्वारा पेयजल पाइप क्षतिग्रस्त करने पर नुकसान को ठीक न करने पर एफआईआर की कार्यवाही करने का निर्देश दिया।
कौशिक ने नगर में हैण्ड पम्प ठीक करने व आवश्यकता पड़ने पर ट्यूबवैल हेतु जमीन उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी को निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि नगर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए व्यापक कार्ययोजना बनायी जाए। 26 बड़े नालों की सफाई के लिए टेंडर कर लिए जाएं। पेयजल, जलभराव की समस्या के लिए संवेदनशील क्षेत्र चिन्हित कर लिये जाएं। लाटोवाली, कुम्हार घडी, रेलवे स्टेशन के पास, औद्योगिक क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाए। श्री कौशिक ने लोक निर्माण विभाग को गड्डे मुक्त सड़कों का निर्माण व मरम्मत करने के निर्देश दिये। एचआरडीए को पार्कों सौंदर्यींकरण का निर्देश दिया। उन्होंने कुम्भ 2021 को ध्यान में रखते हुए योजनावार प्लान तैयार कर कार्य करने के निर्देश भी दिये।
मेयर मनोज गर्ग ने डेंगू नियंत्रण के लिए अभी से प्लान तैयार करने के निर्देश दिये तथा पेयजल लीकेज पर आपसी समन्वय पर बल दिया। बैठक में जिलाधिकारी एस.ए. मुरूगेशन, सीडीओ डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट, सीएमओ डॉ. बी.एस. जंगपांगी, डीडीओ पुष्पेन्द्र चैहान, सचिव एचआरडीए, एमएनए अशोक पांडे, मुकेश कौशिक, अनिरूद्ध भाटी, नरेश शर्मा, विनीत जौहारी, विकास तिवारी इत्यादि उपस्थित थे।
38 हजार लोगों के राशनकार्ड निरस्त
नैनीताल।
आधार कार्ड जमा नहीं कराने वाले राशनकार्ड धारकों का सरकारी सस्ते गल्ले का अप्रैल से राशन कोटा समाप्त कर दिया गया है। जिले के 38 हजार लोगों को अप्रैल से सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों से राशन नहीं मिलेगा। साथ ही आधार जमा नहीं कराने पर राशनकार्ड भी निरस्त किए जाएंगे।
आधार लिंक नहीं कराने का अधिक मार उन लोगों पर पड़ेगी, जिनके आधार बने ही नहीं या फिर जानकारी के अभाव में बना ही नहीं पाए।अगर राशन कार्ड निरस्त होने के बाद फिर से बनाना और मुश्किल हो जाएगा। जिला पूर्ति अधिकार रवि सनवाल ने बताया की नैनीताल जिले में अभी 85 फीसद राशन कार्ड ही आधार से लिंक हुए हैं।
गौरतलब है की नैनीताल जिले में 230035 राशनकार्ड धारक हैं। इनमें से लगभग 2 लाख कार्ड ही आधार से लिंक हुए है। वही केंद्र सरकार ने चीनी कोटा बंद करने के बाद एक सस्ता चीनी पर भी झटका लग सकता है अगर केंद्र से सब्सिडी नहीं मिलती है तो अप्रैल से लोगो का चीनी बंद हो सकता है ।
आस्था पथ पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे, सुनाई देगी संगीत की धुन
ऋषिकेश।
नगर पालिका के स्वर्ण जयंती सभागार में गुरुवार को हुई बोर्ड की बैठक में वित्तीय वर्ष के अनुमानित बजट को सदन ने मंजूरी दी। शासन से वित्तीय त्रैमासिक किश्त के लिए दो करोड़ 28 लाख रुपये और 14वें वित्त आयोग से एक करोड़ 13 लाख रुपये के प्रस्ताव को स्वीकृति मिली। वार्डों के विकास कार्यों पर चर्चा के बाद बोर्ड ने स्वीकृति दी।
बोर्ड के सदस्यों ने नाराजगी जताई कि उनके कई प्रस्ताव पूर्व की बैठकों में पारित हो चुके हैं लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं हो पाया है। इस पर अध्यक्ष दीप शर्मा ने पालिका के सहायक अभियंता को ऐसे प्रस्तावों पर कार्य प्रगति पर लाने के निर्देश दिए। सभासद हरीश तिवाड़ी ने रेलवे रोड पर हाईटेक शौचालय निर्माण का प्रस्ताव पास होने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं कराने पर नाराजगी जताई।
बोर्ड ने भरत मंदिर को आस्थापथ सौंपने के बारे में विचार किया। बताया कि भरत मंदिर 15 वर्षों के लिए आस्था पथ का रखरखाव करना चाहती है। आस्थापथ पर टॉयलेट, सीसीटीवी कैमरे, सफाई कर्मचारी, सुरक्षा गार्ड की तैनाती, संगीत की धुन सुनाई देने जैसी सुविधाओं का विस्तार देने के लिए बोर्ड ने सहमति जताई है। निर्णय लिया गया कि नगर में असहाय लोगों की मदद के लिए जरूरत की दीवार (संगठन) को भी पालिका स्थान मुहैया कराएगी। पालिका क्षेत्र में बन रहे नालों के लेवल कहीं ऊंचा-कहीं नीचा होने से पानी के बहाव में आ रही दिक्कत पर सदस्यों ने नाराजगी जताई। कहा कि इसकी वजह से पानी की निकासी में दिक्कत आती है। जिस पर नालों का लेवल सुधारने के लिए सर्वे कराने पर सहमति बनी।
टैक्स निर्धारण का मामला उठाया
सभासद हरीश तिवाड़ी ने बैठक में 2013 में बनखंडी क्षेत्र की भवन कर आपत्तियों का निर्धारण होने के बाद 25 प्रतिशत की वृद्धि के साथ नए बिल भेजने पर आपत्ति जताई। कहा कि जब आपत्ति का निस्तारण हुआ तो भवन स्वामियों ने अपना कर जमा करा दिया। उसके बाद भी नए बिल में बीते वर्ष का बकाया जोड़कर बिल आ रहे हैं। उन्होंने आदर्श नगर में जड़ों से खोखले हो रहे पेड़ों के कटान की मांग की। बताया कि ऐसे पेड़ आबादी वाले इलाके के लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं।
दिन में बंदर और रात में कुत्ते कर रहे परेशान
गुरुवार को बोर्ड कार्यवाही के दौरान खूब ठहाके भी लगे। पहली बार अध्यक्ष और सभासदों के बीच हंसी मजाक के साथ ही खूब बातें हुईं। सभासद हरीश तिवाड़ी ने सदन में बंदर और आवारा कुत्तों से निजात दिलाने की मांग की जिसका सदन ने समर्थन किया। सभासद ने देहरादून नगर निगम की तर्ज पर आवारा पशुओं का बंध्याकरण करने की मांग की।
फॉगिंग कराने की मांग
नगर क्षेत्र में मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से निजात दिलाने के लिए सदस्यों ने फॉगिंग कराने की मांग उठाई। बताया कि पालिका के पास आठ मशीनें उपलब्ध हैं लेकिन पांच खराब पड़ी हैं। जिस पर नगर पालिकाध्यक्ष ने तीन मशीनों से ही गुरुवार से वार्डों में फॉगिंग कराने के निर्देश दिए।
आदर्श विधानसभा का जायजा लेने पहुंचे गढ़वाल कमिश्नर
ऋषिकेश।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद गढवाल कमिश्नर विनोद शर्मा गुरूवार की शाम डोईवाला पहुंचे। उन्होंने क्षेत्र के अधिकारियों व जनता से संवाद किया। ट्रेचिंग ग्रांउड पर अपनी सहमति देते हुए उन्होंने इसका विस्तार करने और बेहतर करने के लिये सुझाव दिये। कहा कि अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को ट्रेनिंग के लिये श्रीलंका भेजा जायेगा। डोईवाला चौक पर पहुंचने के बाद उन्होंने लोगों से उनकी समस्यायें सुनी। भाजपा के वरिष्ठ नेता करन बोरा ने सुझाव दिया कि डोईवाला चौक का सौन्दर्यीकरण किया जाये।हाईमास्क लाइटें लगायी जायें। साडा के अधिकारी जीसी गुणवंत को निर्देशित किया।
भाजपा नेता प्रवीण कन्नौजिया और विजय बख्ज्ञी ने सुलभ शौचालय को नगर पालिका के अधीन लाने और सौंग नदी के पुल के पास साडा द्वारा निर्मित पार्क का जीर्णोद्वार करने की बात रखी। ब्लाक सभागार में अधिकारियों की बैठक लेते हुए नेशनल हाइवे, सार्वजनिक निर्माण विभाग, बिजली, पेयजल, साडा, नगरपालिका, जिला पंचायत के अधिकारियों के अलावा एसडीएम डोईवाला को क्षेत्र की समस्याओं का निराकरण करने व विधानसभा क्षेत्र के विकास का ब्लू प्रिंट जल्द तैयार शासन को सौंपने की बात कही। इस दौरान उनके साथ भाजपा नेता करन बोरा, भाजपा जिला महामंत्री संजीव सैनी , रामेश्वर लोधी, भानियावाला मंडल अध्यक्ष राजेन्द्र मनवाल, गोर्वधन ममगांई, पंकज शर्मा, सतेन्द्र चौधरी, रोहित क्षेत्री, मनोज काम्बोज, मंजू चमोली, अनिल पाल, राजकुमार, दरपान सिंह बोरा, एसडीएम शालीनी नेगी, एएसपी लोकेश्वर सिंह, साडा के सचिव गुणवंत,कोतवाल राजेश साह, खंड विकास अधिकारी समेत अनेक अधिकारी मौजूद थे।
सीवरेज पंपिंग स्टेशन के लिए जल निगम ने किया सर्वे
ऋषिकेश में 158 करोड़ रुपये में सुधरेगी सीवेज व्यवस्था
भारतेन्दु शंकर पाण्डेय।
केंद्र सरकार ने नेशनल मिशन फॉर क्लीन गंगा के तहत ऋषिकेश में 158 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। पहले चरण में इस धनराशि से 26 एमएलडी का सीवर ट्रीटमेंट प्लांट लक्कड़घाट पर स्थापित होगा। जल निगम ने इस ओर केंद्र सरकार को प्रस्ताव बनाकर भेजा था।
वहीं नगर में 2673 मीटर सीवर लाइन बदलने का कार्य भी पहले चरण के कार्य में शामिल है। एनएमसीजी के तहत नगर नगर क्षेत्र में तीन सीवरेज पंपिंग स्टेशन भी बनाए जाने हैं। जल निगम की ओर से साईं घाट, सर्वहारानगर, बापूग्राम में भूमि के चयन के लिए विभागीय अधिकारियों ने सर्वे भी किया है। पहले चरण में नगर के दो नाले भी टेप होंगे जिसमें पीडब्ल्यूडी और शांतिनगर का नाला भी शामिल है।
सीवरेज पंपिंग स्टेशन बनाने के लिए जल निगम बापूग्राम में ग्रामसभा से भूमि की मांग करेगा। वहीं साईंघाट और सर्वहारा नगर में सरकारी भूमि नहीं मिलने पर प्राइवेट भूमि का भी अधिग्रहण कर सकता है। लक्कड़घाट में प्रस्तावित सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के लिए विभाग के पास पर्याप्त भूमि है। परियोजना अभियंता वीके गोयल ने बताया कि केंद्र सरकार ने एनएमसीजी के तहत पहले चरण में 158 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इसकी आधिकारिक पुष्टि होने के बाद विभाग ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। संभवत: अप्रैल के पहले हफ्ते में टेंडर आदि की प्रकियाएं शुरू कर दी जाएं।
