अतिक्रमण हटाने गई टीम बैरंग लौटी

नगर पालिका ऋषिकेश की टीम को नहीं मिली पुलिस फोर्स
जिलाधिकारी के निर्देश पर संयुक्त टीम को करनी थी कार्रवाई
ऋषिकेश।
डीएम के आदेश पर नगर पालिका ऋषिकेश टीम शनिवार को अतिक्रमण हटाने गई, लेकिन पुलिस फोर्स नहीं मिलने पर टीम को बैरंग लौटना पड़ा। पालिका के अधिकारी पुलिस की मौजूदगी में ही कार्रवाई की बात कह रहे हैं।
जिलाधिकारी रविनाथ रमन ने बड़े बाजार से अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए हैं। क्षेत्र होने के चलते नगर पालिका ऋषिकेश को अतिक्रमण हटाने की जिम्मेदारी मिली। पुलिस फोर्स की मौजूदगी में कार्रवाई होनी है। इसके लिए 24 सितंबर का तय हुआ था। पालिका की टीम तो शनिवार को समय पर पहुंच गई, लेकिन पुलिस फोर्स नहीं पहुंची। इस तरह का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले अवैध होर्डिंगों के खिलाफ चले अभियान में भी पुलिस का सहयोग पालिका को नहीं मिला था। ऐसे में दो सरकारी विभागों में तालमेल की कमी साफ नजर आ रही है। इस कारण अतिक्रमणकारियों और अवैध होर्डिंग लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो पा रही है।
101

नगर पालिका की टीम तय समय पर अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। पुलिस फोर्स का इंतजार किया गया। अतिक्रमण पर विवाद की स्थिति है, लिहाजा पुलिस की अनुपस्थित में कार्रवाई संभव नहीं है। उप जिलाधिकारी को अवगत करा दिया गया है।
वीपीएस चौहान, अधिशासी अधिकारी पालिका ऋषिकेश

राष्ट्रपति दौरे को लेकर सड़क मरम्मत का कार्य जोरों पर चल रहा है। ट्रैफिक व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस को कई जगह लगाना पड़ा है। इसके चलते शनिवार को अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस फोर्स उपलब्ध नहीं हुई। अतिक्रमण पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
कुश्म चौहान, एसडीएम ऋषिकेश

कांग्रेस सरकार पलायन रोकने में नाकामः दिवाकर भटट

कहा, गांवों में मूलभूत सुविधाएं नहीं होने के कारण हो रहा पलायन
ऋषिकेश। पूर्व कैबिनेट मंत्री दिवाकर भट्ट ने कहा कि भाजपा अगर टिकट देगी तो तभी वह विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। पार्टी कहां से टिकट देगी, यह हाईकमान का निर्णय होगा।
102

ऋषिकेश प्रेस क्लब में गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व कैबिनेट मंत्री दिवाकर भट्ट ने कांग्रेस सरकार पर पलायन रोकने में नाकाम होने का आरोप लगाया। कहा कि मूलभूत सुविधाओं के अभाव में पलायन हो रहा है। न्याय पंचायत क्षेत्रों में मूलभूत सुविधा न होने से लोग मैदानी क्षेत्रों का रुख कर रहे हैं। सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा आदि की सुविधाएं अगर गांवों में मिल जाती हैं तो पलायन रुक जाएगा। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि संजय शास्त्री, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अनिता ममगाईं, पंकज शर्मा, इंद्रकुमार गोदवानी, भुवनेश्वर, दिनेश प्रसाद सती, चेतन शर्मा आदि मौजूद रहे।

महिला लोक अदालत में दो मामले निस्तारित

5 मामले की जांच एसएसपी को सौंपी
2 अन्य मामलों में केस दर्ज करने के निर्देश
ऋषिकेश।
गुरुवार को नगर पालिका ऋषिकेश के स्वर्ण जयंती सभागार में उत्तराखंड महिला आयोग की अध्यक्ष सरोजनी कैंतुरा ने महिला लोक अदालत में घरेलू हिंसा के सात मामले की सुनवाई की। दो मामलों को मौके पर ही निस्तारित किया। पांच मामले एसएसपी देहरादून को जांच के लिए सौंपे। इस दौरान दो नए मामले घरेलू हिंसा के सामने आये, जिसमें केस दर्ज नही किया जा रहा था। आयोग अध्यक्ष सरोजनी कैंतुरा ने महिला हेल्प लाइन को घरेलु हिंसा के तहत मामला दर्ज करने के निर्देश दिये। 106
महिला आयोग के द्वारा घरेलू हिंसा के मामले महिला हेल्प लाईन 181 व 190 पर भी दर्ज कराने को लेकर जागरुक किया गया। आयोग अध्यक्ष ने आंगनबाडी कार्यकत्रियों को निर्देशित किया कि सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करे, जिससे कि योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों को मिल सके। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने को लेकर चलाई जा रही योजनाओं की भी जानकारी महिला लोक अदालत में दी गयी। मौके पर राज्य महिला आयोग की सदस्य कृष्णा खत्री, विधिक अधिकारी वीआर सिंह, सचिव रविन्द्री मंद्रवाल सहित समाज कल्याण विभाग, बाल विकास, पुलिस विभाग, जल संस्थान सहित आंगनबाड़ी केन्द्रो की कार्यकत्रियां मौजूद रही।

प्रशासन के हस्तक्षेप से पालिका सड़कों पर

नियमित दवा छिड़काव व फागिंग नही करने को लेकर प्रशासन ने पालिका को लगाई थी फटकार
अब स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर पालिका प्रशासन ने शुरु किया अभियान
ऋषिकेश।
प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद पालिका ऋषिकेश नगर की सड़कों पर दिखने लगी है। स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर पालिका ने दवा छिड़काव करना भी शुरु कर दिया है। सफाई निरीक्षक की मानें तो पालिका घरों में दवा छिड़काव का आवेदन करने पर भी विचार कर रही है।
बुधवार को नगर पालिका ऋषिकेश के सफाई निरीक्षक सचिन रावत ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर बंगाली बस्ती, सर्वहारानगर, मायाकुंड, बनखंडी व शांतिनगर के क्षेत्रों में दवा छिड़काव व फागिंग की गई। कई स्थानों में ब्लीचिंग पाउडर भी डाला गया। गौरतलब है कि नगर में मच्छर जनित रोगों की रोकथाम को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पालिका की शिकायत दर्ज कराई थी।
एसडीएम ने पालिका प्रशासन को दवा छिड़काव को लेकर व्यवस्थाएं दुरस्त करने को कहा था। जिससे पालिका प्रशासन ने आनन-फानन में बैठकर कर अभियान में स्वास्थ्य विभाग को भी शामिल किया। बुधवार को दो टीमें बनाकर दवा छिड़काव व फागिंग कराई गयी। नगर संक्रामक रोग नियंत्रक एसएस यादव ने बताया कि डेंगू व चिकनगुनिया के मरीजों की संख्या क्षेत्रवार देखते हुए दवा छिड़काव को कहा जा रहा है।
101
पालिका को सहयोग देगी रियल एस्टेट
ऋषिकेश रियल एस्टेट एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश कोठारी ने बताया कि पालिका प्रशासन को एक समय की दवा छिड़काव का सहयोग दिया जायेगा। उनका कहना है कि नगर में मच्छर जनित रोग का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। इस संदर्भ में उन्होंने पालिका से सहमति बनने की बात भी कही।करीब सवा लाख रूपये की दवा खरीदी गई है।

15 ओर कर्मचारी होंगे भर्ती
यात्रा सीजन के सफाई कर्मचारियों को समय से पहले हटाने के कारण नगर में सफाई व्यवस्था पर असर पड़ा है। अभी पिछले दिनों इसकी भरपाई के लिए पालिका प्रशासन ने 20 कर्मचारियों की भर्ती की है। बताया जा रहा कि कर्मचारियों की कमी के चलते व पूर्व की भर्तियों में सफाई नायकों की नाराजगी के चलते 15 अन्य सफाई कर्मचारी भर्ती किये जायेंगे। जो सिर्फ दवा छिड़काव व फागिंग को लेकर कार्य करेंगे।

ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था करने की डीएम से मांग

ऋषिकेश।
ऋषिकेश ग्राम पंचायत क्षेत्र में सफाई व्यवस्था न होने से खफा भाजपाईयों ने डीएम देहरादून से व्यवस्था बनाने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि ग्राम पंचायत ऋषिकेश क्षेत्र में आजतक शासन प्रशासन ने सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की है। अव्यवस्थाओं से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन आज तक यह तय नहीं कर पाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को कौन करवाएगा। जबकि ग्रामीण पिछले कई सालों से प्रशासन से व्यवस्था बनाए रखने की मांग करते आ रहे हैं।104 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता अभियान को दो साल पूरे होने जा रहे हैं। लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन की उदासीनता के कारण सफाई अभियान धरातल पर नहीं उतर पा रहा है। क्षेत्र में घातक बीमारियों का प्रकोप बना हुआ है। लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई, फागिंग व कीटनाशक दवा का छिड़काव नहीं हो पा रहा है। मांग की है कि प्रशासन ग्रामीण क्षेत्रों में व्यवस्था बनाए रखने की पहल करे। इस संबंध में कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कुश्म चौहान के माध्यम से डीएम को ज्ञापन दिया। ज्ञापन देने वालों में भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष गोविंद अग्रवाल, ज्योति सजवाण, इंद्रकुमार गोदवानी, जय दत्त शर्मा, राकेश पारछा, कुसुम अग्रवाल, कपिल गुप्ता, अमृता नारायण, सुदेश अग्रवाल, छोटी देवी, पारो नारायण, अजय कुमार, थम्मन सैनी, सुभाष बाल्मीकि आदि शामिल रहे।

किशोरी ने केरोसिन डालकर की खुदकुशी, मौत

ऋषिकेश।
कोतवाली क्षेत्र के श्यामपुर इलाके में एक किशोरी ने खुद पर मिट्टी तेल छिड़ककर आग लगा ली। आनन-फानन में परिजनों ने उसे राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत नाजुक देखते हुए किशोरी को जौलीग्रांट रेफर किया। dnews-files-2014-01-why-do-people-commit-suicide-by-fire-140127-670x440-jpg
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को भल्ला फार्म श्यामपुर में किराए के मकान में रहे एक परिवार की किशोरी ने स्वयं को आग लगा दी। घटना के दौरान किशोरी की मां व भाई घर पर ही मौजूद थे। घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं लग पा रहा है। श्यामपुर चौकी प्रभारी आशीष गुसाईं ने बताया कि आरती (17) पुत्री जितेंद्र निवासी भल्लाफार्म, श्यामपुर ने शुक्रवार की सुबह खुद पर कैरोशिन डालकर आग लगा दी। घटना के दौरान किशोरी का भाई व उसकी मां दूसरे कमरे में थे। चीखपुकार सुनकर परिजनों ने उसे 108 एंबुलेंस के द्वारा राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत नाजुक देख उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि किशोरी 90 प्रतिशत झुलस गई है। बहरहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। देर शाम पुलिस ने किशोरी की मौत की पुष्टि की।

ऋषिकेश पालिकाध्यक्ष और सभासदों के बीच मारपीट


 

ऋषिकेश नगर पालिका के कर विभाग में तालाबंदी से उपजा विवाद
एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर, नाराज कर्मचारियों ने नहीं किया काम

ऋषिकेश।
ऋषिकेश पालिका उस वक्त अखाड़े में तब्दील हो गया, जब कर विभाग में तालाबंदी से उपजे विवाद ने पालिकाध्यक्ष और सभासदों के बीच मारपीट का रूप ले लिया। करीब आधे घंटे तक दोनों पक्षों के बीच जमकर लात-घूसे चले। पुरानी समितियों को बहाल करने से नाराज सभासद दोबारा चुनाव की मांग कर रहे थे।
हुआ यूं कि, सोमवार को नगर पालिका की पुरानी समितियां बहाल करने के खिलाफ सभासद विकास तेवतिया, सावित्री देवी और कविता शाह ने कर विभाग दफ्तर में ताले जड़ दिए और वहां धरना शुरू कर दिया। इस बीच दोपहर 12 बजे के आसपास पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा अपने साथियों के साथ दफ्तर पहुंच गए। उन्होंने सफाई कर्मचारियों से ताला खोलने को कहा, लेकिन, वहां धरने पर बैठे सभासदों ने इसका विरोध किया। इससे दोनों पक्षों में तनातनी बढ़ी तो कुछ सफाई कर्मचारी हथौड़ा लेकर आ पहुंचे और ताला तोड़ने लगे। इसके बाद तो पालिका दफ्तर अखाड़ा बन गया। पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा और सभासद विकास तेवतिया के बीच हाथापाई हो गई। यही नहीं, कुछ कर्मचारियों ने हाथापाई करने वाले सभासद की जमकर पिटाई कर डाली। इस दौरान महिला सभासद कविता शाह बीच-बचाव के लिए आईं तो उनके साथ भी अभद्रता की गई।

पालिकाध्यक्ष के समर्थन में कर्मचारी हड़ताल पर
पालिकाध्यक्ष के साथ मारपीट की घटना के विरोध में कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। दोपहर 12.30 बजे के आसपास कर्मचारियों ने पालिका दफ्तर पर ताले ठोक दिए। वहीं, सफाई कर्मचारियों ने भी इस हड़ताल को अपना समर्थन दे दिया है। पिछले 13 सालों से सफाई कर्मचारी कभी अपनी मांगों को लेकर आवाज नहीं उठा पाए, लेकिन मामला राजनीतिक होने के चलते कुछ सफाई कर्मचारी इस मामले को नया मोड़ देते नजर आए। हालांकि, ज्यादातर कर्मचारियों ने इस मामले से दूरी बनाए रखना ही उचित समझा।
101  
पालिका दफ्तर में मर्यादाएं तार-तार
सोमवार को पालिका दफ्तर में सारी मर्यादाएं तार-तार हो गईं। यह मामला पुरानी समितियों को भंग करते हुए दोबारा चुनाव कराने की मांग को लेकर था। लेकिन, हाथापाई के दौरान महिला सभासद कविता शाह से कुछ कर्मचारियों ने अपमानजनक शब्द कह डाले। यहां तक कि, सभासद को धक्का दिया गया और गाली-गलौच भी की गई। लेकिन, वहां मौजूद पुलिस मूकदर्शक बनी रही। यह मामला पूरे दिनभर शहर में चर्चा का विषय बना रहा।

एक-दूसरे के खिलाफ दी तहरीर
नगर पालिका का विवाद दोपहर बाद कोतवाली जा पहुंचा। कर अधीक्षक निशात अंसारी ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि कुछ सभासदों ने पालिकाध्यक्ष के साथ मारपीट की और सरकारी काम में रुकावट डाली। वहीं, दूसरे पक्ष से सभासद विकास तेवतिया, कविता शाह और सावित्री देवी ने भी पुलिस को तहरीर दे दी। उनका आरोप था कि वह अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्वक धरने पर बैठे थे, लेकिन पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा अपने कुछ साथी और कर्मचारियों ने उनके साथ मारपीट कर दी।

…तो भाजपा नेताओं ने बनाई दूरी
सभासद कविता शाह भाजपा की सक्रिय नेता रही हैं। कविता शाह भाजपा परवादून जिले की उपाध्यक्ष हैं। सोमवार के ऋषिकेश पालिका में मारपीट की घटना के बाद कोई भी भाजपा नेता मौके पर नहीं पहुंचे। सूत्रों के अनुसार, कविता शाह ने भाजपा नेता सभासद दल के नेता शिवकुमार गौतम को कोतवाली बुलवाया, लेकिन वह भी नहीं आए।
102

यह था विवाद
नगर पालिका की समितियां एक साल के कार्यकाल के बाद भी दो साल से अधिक समय से यथावत हैं। सभासदों की मांग पर समितियों के चुनाव शुरू होते, इससे पहले ही 10 सितंबर को नाम वापसी के बाद दोपहर के समय पालिकाध्यक्ष ने चुनाव स्थगित करा दिए। साथ ही पुरानी समितियों को फिर बहाल कर दिया गया। इससे कुछ सभासद नाराज चल रहे हैं। सभासदों की यही नाराजगी सोमवार को ऋषिकेश पालिका को अखाड़ा बना बैठी।
104  
सभासदों पर अभद्रता का आरोप
अगर किसी को आपत्ति थी तो मामला बैठकर सुलझाया जाना चाहिए था। लेकिन, कर विभाग दफ्तर में ताले लगा दिए गए। ऐसे में पालिका पहुंचे लोग परेशान हुए तो मैंने ताले खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ सभासदों ने मेरे साथ अभद्रता कर दी। ऐसा नहीं होना चाहिए था।
-दीप शर्मा, पालिकाध्यक्ष

इंसाफ न मिला तो आमरण अनशन
पालिकाध्यक्ष पर ऐसे ही दर्जनों मुकदमें दर्ज नहीं हुए हैं। साजिश के तहत उन्होंने कुछ कर्मचारियों के साथ मिलकर मुझसे और दो सभासदों से मारपीट की। अब मुझे जान से मारने की धमकी दी जा रही है। अगर इंसाफ न मिला तो मैं आमरण अनशन पर बैठ जाऊंगा।
-विकास तेवतिया, सभासद
103

साजिश के तहत करवाया हमला
लोकतंत्र में सबको अपनी बात रखने का अधिकार है। हम शांतिपूर्वक धरने पर बैठे ही थे कि सुनियोजित साजिश के तहत हम पर हमला कर दिया गया। कुछ कर्मचारी भी पालिकाध्यक्ष के साथ खड़े थे। मुझसे अभद्रता की गई, लेकिन किसी ने कुछ नहीं बोला।
-कविता शाह, सभासद एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष परवादून

इस मामले में तीन पक्षों से तहरीर मिली है। पालिका सभासद, नगर पालिका के कर अधीक्षक और स्वच्छकारों ने तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
-चक्रधर अंथवाल, सीओ

गुलदार के हमले में मासूम बच्ची घायल

रायवाला।
रायवाला के खांड गांव नंबर तीन में गुलदार ने हमला कर चार साल की बच्ची को घायल कर दिया। परिजनों ने एम्बुलेंस से बच्ची को राजकीय अस्पताल ऋषिकेश पहुंचायाए जहां गंभीर हालत देखते हुए बच्ची को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार रविवार शाम को गंगवीर सिंह अपनी चार साल की पौती श्रेया पुत्री तारा सिंह के साथ खेत से घर की ओर लौट रहे थे। इस बीच झाड़ियों के पीछे से गुलदार ने उनपर हमला कर दिया। इस हमले में श्रेया बुरी तरह घायल हो गई। गंगवीर सिंह ने शोर मचाया तो गुलदार से भाग गया। इस बीच परिवार के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। घायल बच्ची को पहले बाइक से रायवाला बाजार लाया गया। यहां से एंबुलेंस से जरिये ऋषिकेश अस्पताल में पहुंचाया गया। बच्ची की हालत गंभीर होने के कारण उसे ऋषिकेश में प्राथमिक उपचार देने के बाद हायर सेंटर भेज दिया गया है। रेंजर महेंद्र गिरी गोस्वामी ने बताया कि परिवार पार्क से सटे क्षेत्र में रहता है। गुलदार के हमले में बच्चे के सिर पर चोटें आई हैं। क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी।

भाषण में सोनल, संध्या व दिया रहे अव्वल

ऋषिकेश।
आवास विकास स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में विद्या भारतीय अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के संकुल स्तरीय बौद्धिक व प्रश्नमंच प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। हरिद्वार संकुल केंद्र के 7 विद्यालयों के 86 छात्रों ने प्रतियोगिता में भाग लिया।
रविवार को भाषण, संस्कृति ज्ञान प्रश्न मंच, स्वरचित कविता पाठ, गीत, अंताक्षरी, कला प्रतियोगिता व पत्रवाचन की प्रतियोगिता आयोजित हुई। प्रतियोगिता का आयोजन तरुण, किशोर, बाल वर्ग तीन वर्गों में किया गया। भाषण में तरुण वर्ग में सोनल, किशोर वर्ग में संध्या नेगी, स्वचरित कविता पाठ में काजल नेगी, किशेर वर्ग में नयन पंतए संस्कृति ज्ञान प्रश्न मंच में शिवम व रोशन ऋषभ ने पहला स्थान प्राप्त किया।
भाषण प्रतियोगिता बाल वर्ग में दिया सैलवाल, गीत प्रतियोगिता निकिता भूषण, कला प्रतियोगिता योगिता कंसवाल, अंताक्षरी में आकाश अंश, विपुल, संस्कृत ज्ञान प्रश्न मंच में प्रद्युम्न ने पहला स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेन्द्र प्रसाद पाण्डेय, प्रधानाचार्य कुंज बिहारी भट्ट ने किया, जबकि समापन कार्यक्रम में विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने विजेता छात्रों को पुरस्कृत किया।
विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने आवास विकास विद्या मंदिर को 2.5 लाख रुपये विधायक निधि से देने की घोषणा भी की। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डा दयाधर दीक्षित, डा गिरीश पाण्डेय, उदय प्रताप सिंह, सिम्मी नागर, सीमा राठी, राकेश शर्मा, तारादत्त जोशी, शांति प्रकाश पाण्डेय आदि शामिल थे।

गेट मीटिंग दूसरे दिन भी जारी

ऋषिकेश।
उत्तराखंड वाणिज्यकर मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन शाखा ऋषिकेश ने वाणिज्य कर भवन में शुक्रवार को भी गेट मीटिंग जारी रखी। इस दौरान कर्मचारियों ने एक घंटे तक कार्य बहिष्कार किया।110
शुक्रवार को पूर्व नियोजित कार्यक्रम के तहत उत्तराखंड वाणिज्य कर मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन शाखा ऋषिकेश ने वाणिज्य कर भवन के मुख्य गेट पर गेट मीटिंग का आयोजन किया। एक घंटे तक चले धरना प्रदर्शन में कर्मचारियों ने मांगे पूरी नही होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। पदोन्नति में समय सीमा की बाध्यता समाप्त करने, शासन द्वारा वेतन विंसगति को दूर करने आदि की मांग को लेकर कर्मचारी आंदोलन कर रहे है।
धरना प्रदर्शन करने वालों में बलवंत सिंह राणा, राजेश अधिकारी, सुशील मनवाल, हरीश राणा, संजय सिंह, उमादत्त जुगरान, सोनूराम, भूपेन्द्र सिंह भंडारी, राहुल बिष्ट, लोकेश कुमार, जुगेश कुमार, दीपक रावत, मिनी झिंक्वाण, विनीता राणा, पुष्पा जोशी आदि शामिल रहे।