स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के लिए नगर पालिका मुनिकीरेती ने जागरुकता अभियान शुरु किया

नगर पालिका परिषद मुनीकीरेती-ढालवाला द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के संबंध में नगर क्षेत्र में जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसके तहत नगर क्षेत्र के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल एवं ढालवाला प्राथमिक विद्यालय में स्काउट गाइड के द्वारा कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में छात्र-छात्राओं को अधिशाषी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2022, सोर्स सेग्रीगेशन, होम कंपोस्टिंग एवं कूड़े को निस्तारण के संबंध में संबंध में बेहतर रूप से जानकारी दी गई। साथ ही जागरूक करते हुए अपेक्षा की गई कि पालिका के इस जागरूकता अभियान में सभी छात्र-छात्राएं बढ़ चढ़कर हिस्सा लेंगे।
इस दौरान स्काउट गाइड के डी. बहुगुणा, रमेश रतूड़ी, ब्रह्म प्रकाश यादव, शांति रतूड़ी आरके पोखरियाल, पालिका से स्वास्थ्य लिपिक दीपक कुमार, सत्येंद्र थपलियाल, मनोज थपलियाल, वीरेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।

पुलिस ने 9 लाख रुपये की स्मैक के साथ युवक को गिरफ्तार किया

मुनिकीरेती थाना पुलिस के मुताबिक रविवार रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भद्रकाली चौकी के पास चेकिंग अभियान चलाया। इसी बीच हर्बल गार्डन की ओर से आ रही एक कार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को सामने देख कार चालक उतरकर भागने लगा। शक होने पर पुलिस ने चालक का पीछा किया। कुछ दूरी पर घेराबंदी कर युवक को धर लिया। तलाशी लेने पर युवक के कब्जे से स्मैक बरामद हुई। मुनिकीरेती थाना निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि युवक की पहचान सोनू पाल पुत्र राजपाल निवासी वैदिक नगर, रायवाला हाल निवासी सर्वानंद घाट, हरिद्वार के रूप में हुई है। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। बताया कि तस्करी में प्रयुक्त कार कब्जे में लेकर सीज कर दी है। टीम में एसओजी प्रभारी लखपत सिंह बुटोला, उपनिरीक्षक विकास शुक्ला, हेड कांस्टेबल योगेंद्र सिंह चौहान, कांस्टेबल पुष्कर रावत आदि शामिल रहे।

नाबालिक बच्ची के साथ दुराचार की घटना मामले में प्रदर्शन

थाना नरेंद्रनगर क्षेत्र अंतर्गत बीते रोज 8 वर्षीय नाबालिक बच्ची के साथ दुराचार किए जाने के मामले में पुलिस ने एक युवक को पोस्को के अंतर्गत गिरफ्तार किया था। बता दें कि नरेंद्रनगर के पास एक गांव में रहने वाले 45 वर्षीय मजदूर ने 8 वर्षीय मासूम को अपनी हवस का शिकार बना लिया। रोती बिलखती मासूम ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी परिजनों को दी। जिसके बाद मामला थाने पहुंच गया। पुलिस ने मासूम के बयान लेने के बाद मेडिकल परीक्षण कराया। रिपोर्ट में मासूम के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है।
इस मामले में आज राजकीय महाविद्यालय के छात्रों ने आक्रोश रैली निकाली। सभी ने महिलाओं पर हो रहे अत्याचार को बंद करने की मांग पुलिस से की। मौके पर रोहित बिजल्वाण, नगर मंत्री अभाविप अनिरुद्ध, दीपक चौधरी, विनायक कुमार, गरिमा आदि छात्र मौजूद रहे।

सीवर का टैंक खाली करने के लिए निर्धारित शुल्क से अधिक दाम वसूले तो होगी कार्रवाई

सीवर का टैंक खाली करने के लिए निर्धारित शुल्क से अधिक दाम वसूलने पर प्राइवेट ऑपरेटर के खिलाफ कार्रवाई होगी। शुक्रवार को सेप्टेज प्रोटोकॉल मैनेजमेंट की तीसरी बैठक मुनिकीरेती में हुई।
शुक्रवार को नगर पालिका सभागार में सेप्टेज प्रोटोकॉज कमेटी की बैठक में एसडीएम नरेंद्रनगर देवेंद्र सिंह नेगी ने कहा घरों के सीवर टैंक को खाली करने के लिए निर्धारित शुल्क तय किया गया है। टैंक खाली करने के लिए अधिक दाम वसूलने वाले प्राइवेट ऑपरेटरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान हिसार हरियाणा की पैकल इंफोटक कंपनी की ओर से पालिका क्षेत्र में घरों में सीवर व्यवस्थाओं की सर्वे रिपोर्ट पेश की गई। कंपनी प्रबंधक सुनील कुमार ने रिपोर्ट के आधार पर बताया कि निकाय क्षेत्र के 4791 घर से सर्वे किया गया है। इस बीच सर्वे के आधार सीवर लाइन की व्यवस्था एवं सेप्टेज प्रोटोकॉज मैनेजमेंट के अंतर्गत विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट, सहायक अभियंता अनुरक्षण एवं इकाई गंगा रविंद्र सिंह, सहायक अभियंता जलसंस्थान हरीश बंसल, अरविंद शाह, योगेशवर प्रसाद मिश्रा, दीपक कुमार मौजूद रहे।

सुबोध का मानवीय चेहरा, घायल को अस्पताल में कराया भर्ती

पुरानी कहावत है कि जनता के दुख-दर्द को समझने वाला ही असली नेता है, इस कहावत को असल में चरितार्थ करते हुए नजर आते हैं सूबे के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल। अपने विधानसभा क्षेत्र समेत समूचे प्रदेश में जनता के सुख-दुख में पूर्ण रूप से सहयोग कर भागीदारी करना ही उनकी लोकप्रिय कार्यशैली को दर्शाता है। दरअसल गुरुवार को भी ऐसा ही एक वाक्या देखने को मिला, जब रास्ते में एक घायल व्यक्ति के लिए जल्दी एंबुलेंस न पहुंच पाने पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल उक्त व्यक्ति को अपने वाहन में बैठाकर अस्पताल ले गए व उसे भर्ती कराया। साथ ही उसके परिजनों को सूचित किया। इस पर घायल व्यक्ति के परिजनों समेत मौके पर उपस्थित सभी लोगों ने कैबिनेट मंत्री की जमकर प्रशंसा की और आभार जताया।
घटनाक्रम गुरुवार शाम का है, जब कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल देहरादून एक मीटिंग में शामिल होने के लिए ऋषिकेश-देहरादून मार्ग से जा रहे थे। इस दौरान साथ मोड़ के समीप कैबिनेट मंत्री को एक जगह भीड़ इकट्ठी दिखाई दी। मौके पर पहुंचकर कैबिनेट मंत्री ने देखा तो एक घायल व्यक्ति नजर आया। जो किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गया था। मौके पर उपस्थित लोगों ने कैबिनेट मंत्री को बताया की एंबुलेंस को सूचना दी जा चुकी है मगर अब तक नहीं पहुंच पाई है। जिसके बाद कैबिनेट मंत्री ने तत्काल घायल व्यक्ति को अपने वाहन में बिठाया और उसे हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट में भर्ती कराया। साथ ही घायल व्यक्ति के परिजनों को भी सूचित किया। पूछताछ में उन्होंने घायल व्यक्ति का नाम सुनील लिंगवाल निवासी ऋषिकेश बताया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने उक्त घायल व्यक्ति के इलाज हेतु चिकित्सकों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।

साढ़े चार लाख की स्मैक के साथ धर दबोचा

मंगलवार को थाना मुनिकीरेती में पुलिस क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर रविंद्र कुमार चमोली ने बताया कि सोमवार रात मुनिकीरेती पुलिस और एसओजी की ने मुखबिर की सूचना पर खारास्त्रोत के पास एक स्कूटर सवार को रोका। उसके पास से साढ़े चार लाख की स्मैक बरामद की गई। हत्थे चढ़े आरोपी की पहचान कमल वाधवा पुत्र सुरेंद्र कुमार बाधवा निवासी गली नंबर, 2 गंगानगर, ऋषिकेश के रूप में हुई है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी चमोली ने बताया कि यह आरोपी ऋषिकेश, मुनिकीरेती और तपोवन क्षेत्र में स्मैक को बेचने का काम कर रहा था। उसके बारे में काफी से पुलिस डिटेल खंगाल कर रही थी, सोमवार रात को आरोपी को पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली। बताया की आरोपी मूल रूप से सहारनपुर का रहने वाला है। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेजा गया है।

डूब रही महिला को जल पुलिस ने बचाया

मुनिकीरेती थाना क्षेत्र में गंगा में नहाते समय एक महिला पानी के तेज बहाव में आकर डूबने लगी। फरिश्ता बनकर आए जल पुलिस के जवानों ने रेस्क्यू कर महिला को पानी से सुरक्षित बाहर निकाला। महिला ने रेस्क्यू टीम का आभार जताया है।
मुनिकीरेती थाना पुलिस के मुताबिक रविवार सुबह करीब 10.30 बजे नावघाट में एक महिला गंगा में स्नान कर रही थीं। इसी बीच वह डुबकी लगाते समय पानी की तेज धारा में आकर बहने लगीं। खुद को खतरे में देख महिला ने बचाव के लिए शोर मचाया। शोर सुनकर घाट पर मौजूद जल पुलिस के जवान सतर्क हुए और गंगा में डूब रही महिला को बचाने के लिए आपदा उपकरण से लैस होकर गंगा में छलांग लगा दी। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद जल पुलिस के जवान गंगा में करीब 300 मीटर आगे तक बह चुकी महिला को पानी से सुरक्षित बाहर ले आए। पुलिस ने महिला की पहचान रीना (38) पत्नी धनीराम निवासी निकट कारगी चौक, देहरादून के रूप में कराई है। बताया कि महिला यहां गंगा स्नान के लिए आयी थी। परिजनों को सूचित कर दिया गया है। रेस्क्यू टीम में जल पुलिस के जवान सुभाष ध्यानी, गजपाल सिंह, रविंद्र तोमर, विदेश चौहान, राकेश रावत, पुष्कर रावत, महेंद्र सिंह आदि शामिल रहे।

नरेन्द्रनगर विधानसभा से पीएम की रैली में 3 हजार कार्यकर्ता जायेंगे

आगामी चार दिसंबर को देहरादून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन पर आयोजित रैली की तैयारियों को लेकर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने नरेंद्रनगर विधानसभा के भाजपा कार्यकर्ताओं और अन्य जनप्रतिनिधियों के संग बैठक की। इसमें उन्होंने बताया कि रैली को भव्य बनाने के लिए नरेंद्रनगर विस से करीब तीन हजार से अधिक भाजपा कार्यकर्ता रैली में शिरकत करेंगे।
मंगलवार को नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला के सभागार में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने बताया कि आगामी चार दिसंबर को देहरादून परेड ग्राउंड में पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व मेें रैली आयोजित की गई है। इसको लेकर कार्यकर्ताओं व क्षेत्र की जनता में जबरदस्त उत्साह है। रैली को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं। इस दौरान बैठक में रैली हेतु आवागमन सुविधाओं पर भी चर्चा की गई।
मौके पर नरेंद्रनगर विस प्रभारी रोशन लाल सेमवाल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, ऋषिकेश मंडी अध्यक्ष विनोद कुकरेती, ब्लाक प्रमुख राजेंद्र भंडारी, हुकुम सिंह भंडारी, द्वारिका प्रसाद, भगवती प्रसाद, अनिल भट्ट, भगवती काला, गोपाल चौहान, राकेश कुमार, रेखा राणा, राजेश राणा, शैला खंडूड़ी, अरविंद उनियाल, ओमप्रकाश, धूमन थलवाल, मनोज बिष्ट, बीना जोशी, शशि कंडारी, हर्षपाल कोहली, नरेंद्र चौहान, बांकेलाल पांडे, राकेश भट्ट, त्रिलोक भंडारी, शंकर नौटियाल, जगवीर नेगी, सतीश चमोली आदि उपस्थित थे।

धामी ने प्रतापनगर क्षेत्र के विकास के लिए की कई घोषणाएं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद के प्रतापनगर के सेम-मुखेम स्थित गड़वागीसौड़ मैदान में आयोजित श्री सेमनागराजा त्रिवार्षिक मेला एवं जात्रा सेममुखेम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्री सेमनागराजा को नमन करते हुए कहा कि जब से नरेन्द्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने है तब से भारत का पूरे विश्व में वर्चस्व बढ़ा है। आज पूरी दुनिया योग को स्वीकार करती है। इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ही जाता है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत की पूरी दुनिया में एक नई पहचान बन रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के द्वारा हमारे राज्य में भी धार्मिक पर्यटन सहित राज्य की आर्थिकी को बढ़ावा देने के लिए अनेक कार्य किये जा रहे है। प्रदेश में चारधाम यात्रा मार्ग का निर्माण एवं रेलवे लाइन निर्माण जैसे प्रमुख कार्य इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा कि जब हमारे राज्य को 25 वर्ष होंगे तब हमारा राज्य एक युवा राज्य होगा। डबल इंजन की सरकार उत्तराखण्ड को देश का एक सर्वश्रेठ राज्य बनाने के लिए दृढ़ संकल्प है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्य सेवक का पदभार संभालने के बाद मेरे द्वारा राज्य हित व जनहित में अनेक महत्वपूर्ण फैसले लिए गये हैं। राज्य का वित्तीय आंकलन करने के बाद ही राज्य हित व जनहित में निर्णय लिये जाते हैं तथा घोषणाएं की जाती है। उन्होंने कहा कि जो घोषणाएं की जा रही हैं, उन्हें पूरा भी जरूर किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की नयी खेल नीति, आयुष्मान कार्ड योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली योजना, महिला स्वयं सहायता समूहों को सिंगल विन्डो सिस्टम के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराने, वर्तमान में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के आवेदन निशुल्क किये जाने, आंगनबाडी कार्यकत्रियों के मानदेय में वृद्धि किये जाने जैसी उपलब्धियों के बारे में भी विस्तार से प्रकाश डाला। मुख्यमंत्री ने मेले में देव डोलियों का आशिर्वाद लिया तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गये स्टॉलों का भी निरीक्षण किया।
इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने श्री सेमनागराजा के त्रिवार्षिक मेले को राज्य स्तरीय मेला घोषित किये जाने, मड़वागीसौड़ से सेम नागराजा मन्दिर तक रास्ते में टिनशेड का निर्माण, राइका गरवाण गांव के अधूरे भवन निर्माण हेतु अवशेष धनराशि अवमुक्त किये जाने, ग्रामसभा पडिया में मिनी स्टेडियम का अवशेष कार्य पूर्ण कराये जाने, डोबरा-चांठी पुल से लम्बगांव तक मोटर मार्ग का डामरीकरण व चौड़ीकरण किये जाने, जाख से डोबरा पुल तक मोटर मार्ग का डामरीकरण व चौड़ीकरण किये जाने, माजफ इण्टर कॉलेज को प्रान्तीयकरण किये जाने की प्रक्रिया में शामिल करने सेम-मुखेम जाने वाले मार्ग का निर्माण किये जाने ओणेश्वर महादेव में पर्यटन विभाग का अतिथि गृह बनाये जाने, लम्बगांव-रैका-दिन्याली मोटर मार्ग का निर्माण किये जाने लम्बगांव से जाखणी गांव 6 किमी मोटर मार्ग का निर्माण एवं लम्बगांव में सार्वजनिक शौचालय बनाये जाने घोषणा की।
इस अवसर पर अल्मोड़ा सांसद अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण. विधायक प्रतानगर विजय सिंह पंवार, जिलाधिकारी इवा अशीष श्रीवास्तव, एसएसपी तृप्ति भट्ट, ब्लाक प्रमुख प्रतापनगर प्रदीप रमोला व जाखणीधार सुनीता देवी, विनोद रतूड़ी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

ढ़ालवाला में आयोजित शिविर में मतदान का महत्व बताया

शुक्रवार को ढालवाला के लाल बहादुर शास्त्री जूनियर हाईस्कूल में आयोजित शिविर की शुरुआत दीप व मशाल जलाकर की गई। सुपरवाइजर कृपाल सिंह राणा ने कहा कि मतदान सभी नागरिकों का अधिकार है। इसमें सभी को प्रतिभाग करना चाहिए। सभी के मतदान से ही एक अच्छी सरकार बन सकती है। 18 वर्ष से ऊपर के सभी लोगों को अपना मतदान अवश्य करना चाहिए। कहा कि मतदाता पहचान पत्र बनाने की प्रक्रिया ढालवाला मे 30 नवंबर तक चलेगी। जिसे भी अपना नया पहचान पत्र या पुराने पहचान में परिवर्तन करवाना है, आवेदन कर सकता है। मौके पर सभासद विनोद सकलानी, राजेन्द्र सिंह थलवाल, बीएलओ रमेश चंद्र रतूड़ी, राजेन्द्र लिंगवाल, मंजू भट्ट, बबली गोदियाल, लक्ष्मी भट्ट, रजनी सिद्धोला, स्कूल अध्यापक वीरेंद्र कुड़ियाल, निधि बडोला, मनीष भट्ट, शुभम कुड़ियाल आदि उपस्थित थे।