लापता महिला का सामान और सुसाइड नोट त्रिवेणीघाट से बरामद

टिहरी जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां गुरूवार को त्रिवेणी घाट गंगा तट से लापता महिला का सामान और सुसाइड नोट बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि महिला थाना घनसाली क्षेत्र से बीते बुधवार को घर से लापता हो गई थी।
लेकिन महिला का अभी कुछ पता नहीं चल सका है। सुसाइड नोट में महिला ने सुसरालियों पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए है और मौत की वजह बताई है। वहीं मामले में पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। साथ ही महिला की तलाश के लिए गंगा में सर्च आपरेशन शुरू कर दिया गया है।
बता दें कि थाना घनसाली टिहरी गढ़वाल, ग्राम तुंग पोस्ट बाजियाल गांव निवासी मंजू पंवार (24 वर्ष) पत्नी दीपक बुधवार की सुबह करीब छह बजे घर से लापता हो गई थी। महिला के पति ने महिला की काफी तालाश की जब मंजू का कहीं कुछ पता नहीं चल सका उसके पति ने थाना घनसाली में सूचना दी। पुलिस ने मामलें में मंजू का गुमशदी की रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शूरू कर दी थी।
मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया था। जिसकी मदद से पुलिस जांच में महिला के मोबाइल लोकेशन गुरुवार की सुबह करीब 6रू30 बजे त्रिवेणी घाट चौकी क्षेत्र में गंगा तट स्थित नाव घाट पर मिली। पुलिस ने मंजू के परिजनों को इसकी सूचना दी। जिसके बाद विवाहिता के स्वजन नाव घाट पहुंचे तो उन्हें वहां मंजू का ट्राली बैग मिला और उसके अंदर एक डायरी और सुसाइड नोट मिला। जिसकी सूचना त्रिवेणी घाट पुलिस चौकी को दी गई।
पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मंजू ने डायरी में सुसाइड नोट सहित काफी बातें लिखी हैं। जिसमें लिखा है कि शादी के बाद बच्चा ना होने पर उसकी सास और पति उसे ताना देते थे। मैं सब को छोड़ कर जा रही हूं। वहीं पुलिस ने इस मामले में अनहोनी की आशंका जताई है। जिसके चलते पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की है। इसके साथ ही एसडीआरएफ की टीम भी गंगा में सर्च आपरेशन चला रही है। मौके पर मंजू की मां, चाचा सहित कई लोग मौजूद है। जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

बड़ी योजनाओं में पेंडिंग मुद्दों को निस्तारित करने के निर्देश

मुख्य सचिव डॉ. एस. एस. संधु ने सचिवालय में प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप (पीएमजी) के तहत ऋषिकेश-कर्णप्रयाग न्यू रेलवे लाइन, देवबंद रुड़की न्यू रेल लाइन विष्णुगाड-तपोवन जल विद्युत परियोजना, विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना एवं टिहरी पंप स्टोरेज प्लांट के प्रगति की समीक्षा की। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे लाइन के संबंध में मुख्य सचिव ने रेलवे अधिकारियों एवं जिला प्रशासन को आपसी तालमेल के साथ सभी पेंडिंग मुद्दों को निस्तारित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने रेलवे को पेंडिंग कंपनसेशन डिस्बर्समेंट को मामलों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव द्वारा टिहरी पंप स्टोरेज प्लांट हेतु टीएचडीसी को माइनिंग प्लान शीघ्र उपलब्ध कराए जाने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी के साथ संयुक्त निरीक्षण किए जाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना में स्थानीय प्रतिरोध के हल के लिए ज्वाइंट विजिट कर निस्तारित किए जाने के निर्देश दिए। तपोवन विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना के संबंध में मुख्य सचिव ने एनटीपीसी को निर्देश दिए कि आपदा से परियोजना कार्यों में हुई क्षति का आंकलन शीघ्र कराया जाए।
इस अवसर पर सचिव अपर मुख्य सचिव मनीषा पंवार सहित सम्बन्धित जनपदों के जिलाधिकारी एवं सम्बन्धित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

15 विषयों में प्री पीएचडी के लिए 70 सीटें निर्धारित

श्रीदेव सुमन विवि इसी सत्र से पहली बार प्री पीएचडी शुरू करने जा रहा है। कोरोना संक्रमण की स्थिति सामान्य होते ही अक्तूबर-नवंबर तक प्रवेश परीक्षा आयोजित होगी। 15 विषयों में प्री पीएचडी के लिए 70 सीटें निर्धारित की गई हैं। प्री पीएचडी के छह माह का पाठ्यक्रम तैयार करने के लिए विवि प्रशासन ने सभी 15 विषयों के लिए विशेषज्ञ शिक्षकों की कमेटियों का गठन कर लिया है। पहले बैच में सिर्फ विवि से संबद्ध राजकीय महाविद्यालयों में ही प्री पीएचडी होगी।
प्री पीएचडी में दाखिले के लिए विवि प्रशासन ने पहले जुलाई में प्रवेश परीक्षा आयोजित करने की तैयारी की थी, लेकिन कोरोना संक्रमण और लॉकडाउन के चलते प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई। शोध कार्यों को बढ़ावा देने के लिए विवि ने सेंट्रल हिमालयन एनवायरमेंट एसोसिएशन से 2019 में एमओयू भी कर लिया है, लेकिन विवि से संबद्ध महाविद्यालयों से सीटों और विषयों की संख्या की रिपोर्ट मिलने में हुए विलंब के चलते विवि सीटों की संख्या का सही निर्धारण नहीं कर पाया था। 
विवि के प्रभारी कुलसचिव डा. एमएस रावत ने बताया कि प्री पीएचडी के लिए 15 विषयों में 70 सीटें निर्धारित कर ली गई हैं। प्री पीएचडी में प्रवेश के लिए कॉमन एंट्रेस टेस्ट के लिए पाठ्यक्रम तैयार करने के लिए सभी विषयों में कमेटियों का गठन कर लिया गया है। जल्द ही कमेटियों की बैठक आयोजित कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। रिसर्च डिग्री कमेटी की रिपोर्ट मिलते ही प्री पीएचडी प्रवेश परीक्षा की तिथि घोषित की जाएगी। स्थानीय विषयों पर ही विवि का शोध कराने पर विशेष फोकस रहेगा। तभी विवि के शोध कार्यों का लाभ स्थानीय समुदाय को मिल सकता है।

इन विषयों में होगी प्री पीएचडी
हिंदी, संस्कृत, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, राजनीतिशास्त्र, शिक्षाशास्त्र, सैन्य विज्ञान, कामॅर्स, रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, जंतु विज्ञान, भू-गर्भविज्ञान, गणित।

मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना का लाभ दिलाये अधिकारी- रेखा आर्य

उन मातृ शक्तियों को मेरा अभिनंदन जिन्होंने एक बेटी को जन्म दिया। आप बेटियों को भी समान अधिकार दे रही है। ये प्रदेश के लिए गर्व की बात है। आपके इस सार्थक प्रयास की बदौलत एक दिन उत्तराखंड देवी की भूमि के रूप में जाना जाएगा। यह बात महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने कही।

शनिवार को नई टिहरी के बहु उद्देशीय भवन में मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया इस मौके पर करीब 30 महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गई। भाजपा जिला अध्यक्ष नई टिहरी विनोद रतूड़ी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सोच और मंत्री रेखा आर्य के सार्थक प्रयासों की बदौलत आज महिलाओ को इस योजना का लाभ मिल रहा है।

इस दौरान मंत्री रेखा आर्य ने अपने संबोधन की शुरुआत मातृ शक्तियों की जयकार से की। उन्होंने कहा कि आप की गोद मे जो महालक्ष्मी हैं। यही आगे चलकर उत्तराखंड संभालेंगी। कहा कि एक माँ की थकान अपनी बेटी की मुस्कान से दूर होती है, जबकि पुरुषों में ऐसा देखने को नहीं मिलता। कहा कि इन्हें समान अवसर दीजिये, ये भी हर क्षेत्र में बेहतर कर सकती हैं, ऐसी शक्ति ईश्वर ने इन्हें दी हैं।

उन्होंने कहा कि प्रसव के बाद हर माँ को जिस जिस सामान की जरूरत पड़ती है, वह सभी इस महालक्ष्मी किट में दिया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी का इस योजना को स्वीकृति देने के लिए आभार जताया। इस मौके पर जिलाधिकारी टिहरी ईवा, आशीष श्रीवास्तव, भाजपा जिलाध्यक्ष टिहरी विनोद रतूड़ी, जिला कार्यक्रम अधिकारी बबिता शाह, पूर्व दायित्व धारी बेबी असवाल, ब्लाक प्रमुख जाखणीधार श्रीमति सुनीता, ब्लाक प्रमुख चम्बा शिवानी बिष्ट, सीडीओ नमामि बंसल, जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा रेखा राणा आदि मौजूद रहे।

पालिका की टीम ने नौ चालान कर प्लास्टिक की जब्त

नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला की ओर से पाॅलीथीन की रोकथाम हेतु छोपमारी अभियान चलाया गया। जिसमें नौ चालान किए गए, अचानक हुई कार्रवाई से फुटकर एवं रेहड़ी विक्रेताओं में अफरा-तफरी मची रही।

गौरतलब है कि बीते दिनों पालिका सभागार में हुई बैठक में अपर आयुक्त ने राजस्व, पुलिस और पालिका प्रशासन के आला अधिकारियों को क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक की बिक्री को रोकने हेतु निर्देश दिए थे। जिसके बाद बृहस्पतिवार को ईओ बीपी भट्ट के निर्देश पर कर निरीक्षक अनुराधा गोयल और सफाई निरीक्षक भूपेंद्र पंवार के नेतृत्व पालिका प्रशासन की टीम खाराश्रोत पार्किंग पहुंची। अचानक हुई छापेमारी की कार्रवाई से यहां दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद पालिका की टीम जानकी पुल पहुंची। यहां भी कार्रवाई होते देख फुटकर एवं रेहड़ी विक्रेताओं में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

अधिशासी अधिकारी बीपी भटट ने बताया कि क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक की रोकथाम हेतु पालिका की ओर अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी प्रकार के दुकानदारों से पाॅलिथीन का प्रयोग न करने की अपील की। उन्होंने बताया कि पहले दिन पाॅलिथीन का प्रयोग किए जाने पर नौ चालान किए गए, जिनसे कुल 18 सौ रूपए का राजस्व वसूला गया। साथ ही पाॅलिथीन, प्लास्टिक सामग्री (दोने, पत्तल) भी जब्त की गई।

मुनिकीरेती में प्लास्टिक बिक्री पर रोक लगाने को चालान करें विभागः अपर आयुक्त

नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला क्षेत्र में पूरी तरह से सिंगल यूज प्लास्टिक की बिक्री पर बैन लगाया जाए। राजस्व, पुलिस और पालिका प्रशासन तीनों अपने स्तर से चालान आदि की कार्यवाही कर इसकी बिक्री पर अंकुश लगाएं। आज पालिका सभागार में आयोजित बैठक में अपर आयुक्त ने आला अधिकारियों को प्लास्टिक बिक्री की रोकथाम हेतु कड़े निर्देश दिए।

बैठक में पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने अपर आयुक्त हरक सिंह रावत का बुके देकर स्वागत किया। इस दौरान अपर आयुक्त ने प्लास्टिक बिक्री की रोकथाम हेतु सभी अधिकारियों को चालान बुक साथ में रखने के निर्देश दिए। कहा कि कूड़ा वाहनों में कूड़े के लिए तीन अलग जगहें बनाई जाएं। इसमें तीनों का प्रयोग अलग-अलग कूड़े के लिए किया जाए। उन्होंने पालिका के सभी कूड़ा वाहनों में जीपीएस एक्टिवेट करने के निर्देश दिए। इसके अलावा एक कूड़ा वाहन और एक ड्राईवर को रिजर्व रखने के लिए कहा ताकि इमरजंसी आदि में उनका प्रयोग किया जा सके। ईओ बीपी भट्ट ने बताया कि अजैविक कूड़े को बेचकर पालिका को अब तक 15 लाख रूपए की आय प्राप्त हो चुकी है। प्लास्टिक का प्रयोग करने वालों का चालन कर वसूली की जा रही है, इसमें 55 हजार रूपए की वसूली की जा चुकी है। बताया कि निकाय की ओर से खुले में कूड़ा फेंकने वालों के विरूद्ध भी लगातार कार्यवाही की जा रही है। इससे अब तक निकाय को 56 हजार की आय प्राप्त हो चुकी है। साथ ही निकाय की ओर से होर्डिंग शुल्क हेतु निविदा कर दी गई है।

मौके पर सीओ नरेंद्रनगर रविंद्र चमोली, तहसीलदार अयोध्या प्रसाद उनियाल, कर निरीक्षक अनुराधा गोयल, लिपिक त्रिलोक सिंह रावत, दीपक कुमार, रंजन कुमार, सफाई नायक देवेंद्र, मायाराम, महिपाल, राजू, सौरभ पांडे आदि उपस्थित थे।

आयुक्त ने दी ईओ को शाबासी
बैठक में अपर आयुक्त हरक सिंह रावत ने पालिका के ईओ बीपी भट्ट की पीठ भी थपथपाकर उन्हें शाबासी दे दी। उन्होंने पालिका के विकास हेतु ईओ के किए कार्यों की जमकर सराहना भी की।

मल्टीस्टोरी पार्किंग का प्रस्ताव भेजें
बैठक में अपर आयुक्त हरक सिंह रावत ने ईओ बीपी भट्ट को पालिका क्षेत्र में मल्टीस्टोरी पार्किंग के निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार कर भेजने के लिए निर्देशित किया। कहा कि यहां पार्किंग के निर्माण से सीजन के दौरान जाम जैसी समस्याओं से निजात मिलेगी।

आवारा गौवंशों के लिए बनाएं टीन शेड
बैठक में अपर आयुक्त हरक सिंह रावत ने ईओ बीपी भट्ट को सड़क में घूमने वाले आवारा गौवंशों की रोकथाम हेतु जगह ढूंढकर टीनशेड बनाने एवं उनकी सुरक्षा हेतु एक पर्यावरण मित्र को यहां तैनात करने के निर्देश दिए।

57 वर्षीय जवान का सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

साहबनगर निवासी आईटीबीपी के सिपाही पद पर तैनात चिंतामणि डंगवाल का निधन बीते रोज हार्ट अटैक से हो गया। आज जवान का अंतिम संस्कार सैन्य सम्मान के साथ किया गया।

ऋषिकेश निवासी चिंतामणि डंगवाल 57 वर्ष के थे। वे इन दिनों गौचर में तैनात थे। रविवार दोपहर को हृदय गति रुकने से जवान चिंतामणि डंगवाल का देहांत हो गया। इसके बाद सोमवार को पूर्णानंद घाट पर उनका अंतिम संस्कार सैन्य सम्मान के साथ किया गया। चिंतामणि डंगवाल का एक पुत्र एवं दो पुत्रियां हैं। उनके पुत्र पंकज डंगवाल ने चिता को मुखाग्नि दी। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने जवान के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मौके पर एचएन डंगवाल, विशालमणि डंगवाल, महेश डंगवाल, अनिल बिजल्वाण, कमलेश जोशी, देवेंद्र डंगवाल, धनीराम सकलानी, प्रधान संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष सोबन कैंतूरा, प्रधान चंद्रमोहन पोखरियाल आदि उपस्थित रहे।

नरेंद्र नगर की मंडी से स्थानीय कृषकों की आर्थिक स्थिति होगी मजबूतः सुबोध


नरेंद्रनगर की मंडी स्थानीय कृषकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगी। प्रधानमंत्री के किसानों की आय को दोगुना करने का संकल्प इस मंडी से अवश्य पूर्ण होगा। सोमवार को नरेंद्रनगर में प्रदेश की नंबर वन नवनिर्मित सहकारी मंडी के उद्घाटन के दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने यह बातें कही। उन्होंने बताया कि इस मंडी के माध्यम से किसानों का शोषण करने वाले बिचैलियों को रोकने में भी सहायता मिलेगी।

सोमवार दोपहर को वैदिक मंत्रोच्चार के बाद रिबन काटकर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने नरेंद्रनगर में नवनिर्मित सहकारी मंडी का शुभारंभ किया। इसे जनता को समर्पित करते हुए उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों को इसका भरपूर लाभ उठाना चाहिए। आढ़तियों को इस बात का विशेष ध्यान रखना चाहिए कि लोगों का मंडी के प्रति विश्वास बढ़े। डीजीएम अनिल सैनी ने बताया कि 1.03 हेक्टेअर में नरेंद्रनगर में मंडी परिसर फैला हुआ है। बताया कि यह मंडी अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है। इसमें 10 कोल्ड स्टोरेज रूम की सुविधा उपलब्ध हैं। जिनकी सहायता से किसान उचित दाम पर अपनी फल-सब्जी विक्रय कर सकता है।

मौके पर ब्लाक प्रमुख राजेंद्र भंडारी, नगर पालिका अध्यक्ष रोशन रतूड़ी, नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्रनगर राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार, गजा पालिकाध्यक्ष मीना खाती, मंडी सचिव नंदिनी उनियाल, डीजीएम एनपी सिंह, महिला जिला मोर्चा अध्यक्ष रेखा राणा, पूर्व राज्य मंत्री रोशन लाल सेमवाल आदि उपस्थित थे।

उत्तराखंडः कृषि मंत्री के प्रयासों से नरेंद्रनगर में खुलेगा सेंट्रल स्कूल

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के प्रयासों से नरेंद्रनगर और आसपास ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छा़त्राओं को केंद्रीय विद्यालय की बेहतरीन शिक्षा सुविधा मुहैया होगी। शनिवार को इस संबंध में उन्होंने नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धमेंद्र प्रधान शिष्टाचार से भेंट की व ज्ञापन सौंपा। जिस पर केंद्रीय मंत्री ने सकारात्मक एवं निर्णायक कार्यवाही हेतु आश्वासित किया।

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान से भेट कर केन्द्रीय मंत्रिमंडल में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों के लिए बधाई दी ।इस दौरान दोनों ने उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव और राज्य में राजनीति के हालातों पर चर्चा की।

इसके बाद कैबिनेट मंत्री ने नरेंद्रनगर में सेंट्रल स्कूल के निर्माण की स्वीकृति हेतु ज्ञापन केंद्रीय मंत्री को सौंपा। ज्ञापन सौंपते हुए कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पूर्व में केंद्रीय सरकार की ओर से नरेंद्रनगर और कोटद्वार में सेंट्रल स्कूल खोलने की सैद्धान्तिक रूप से सहमति बनी थी। बताया कि नरेंद्रनगर तहसील मुख्यालय पर सेंट्रल स्कूल की स्थापना के लिए उनके पास पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। इससे यहां पर नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के अधिसंख्य छात्र-छात्राएं शिक्षा हेतु लाभान्वित हो सकेंगे। उन्होंने व्यापक जनहित हेतु नरेंद्रनगर में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना हेतु स्वीकृति प्रदान करने की मांग की। जिसके बाद केंद्रीय मंत्री ने कैबिनेट मंत्री को केंद्रीय विद्यालय के निर्माण हेतु उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया।

मुनिकीरेतीः पेयजल लाइन के धीमे कार्य पर नाराज दिखे पालिकाध्यक्ष

14 बीघा-ढालवाला क्षेत्र में पानी की लाइन बिछाने के लिए हुई क्षतिग्रस्त सड़कों की स्थिति को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष रोशन रतूड़ी और सभासदों ने पेयजल निगम के आला अधिकारियों के संग बैठक की। इसमें उन्होंने पेजयल लाइन के धीमे कार्य पर कड़ी नाराजगी भी व्यक्त की।

गौरतलब है कि विश्व बैंक योजना के तहत चैदह बीघा- ढालवाला क्षेत्र में पेयजल लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। जिस कारण यहां अधिकांश सड़कें खुदी हुई हालत में क्षतिग्रस्त पड़ी हैं। पालिका सभागार में बैठक को संबोधित करते हुए पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने कहा कि आए दिन क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण चैदह बीघा- ढालवाला क्षेत्र में लोगों को आवाजाही करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सालभर बीतने के बावजूद सड़कों की हालत जस की तस बनी है। जिस कारण स्थानीय लोग आक्रोशित हैं। इस दौरान पालिकाध्यक्ष ने पेयजल निगम के सहायक अभियंता जीतमणि बेलवाल को शीघ्र ही क्षतिग्रस्त सड़कों को दुरस्त करने के निर्देश दिए।

मौके पर सभासद गजेंद्र सजवाण, विरेंद्र चैहान, राजेंद्र थलवाल, कौशल चैहान, अजय रमोला, हिकमत नेगी, सलाहकार पीएमसी पल्लवी जोशी, श्रद्धा बिष्ट, कुंवर सिंह चैहान, जीआरसी सदस्य सुशीला, नितिन त्यागी, डिंपल चैहान आदि उपस्थित थे।