आरटीपीसीआर रिपोर्ट में गड़बड़ी पाए जाने पर पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया, जांच शुरू


फर्जी आरटीपीसीआर रिपोर्ट की सूचना पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने ढालवाला चेकपोस्ट पर छापेमारी की । इस मामले में संलिप्त एक युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ जारी है।

घटनाक्रम के अनुसार शुक्रवार दोपहर को कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने ढालवाला स्थित स्वास्थ्य विभाग की चेकपोस्ट में पहुंचे। यहां पर छापामारी की कार्रवाई करते हुए उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और एंटीजन रैपिड टेस्ट की रिपोर्टों का गहनता से निरीक्षण किया। इस दौरान मौके पर मौजूद हरियाणा के चार युवकों ने कैबिनेट मंत्री को बताया कि यहां चेकपोस्ट पर घंटेभर में ही उन्हें आरटीपीसीआर रिपोर्ट बनाकर दी गई है। जिसके बाद कैबिनेट मंत्री का पारा सातवें आसमान पर जा पहुंचा। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना स्वास्थ्य और पुलिस प्रशासन के आलाधिकारियों को दी। इसके साथ ही उक्त प्रकरण के जांच के निर्देश दिए। जिसके बाद आनन- फानन में मौके से पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

इस दौरान पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी, मंडी समिति अध्यक्ष विनोद कुकरेती, मुनिकीरेती थाना निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सदानंद पोखरियाल, चैकी प्रभारी आशीष कुमार मौजूद थे।

फर्जी आरटीपीसीआर रिपोर्ट बनाने वालो की शिकायत मिल रही थी। जोकि गंभीर मामला है। जिसके बाद शुक्रवार को ढालवाला चेकपोस्ट पर छामामारी की कार्रवाई गई। जहां पर फर्जीवाड़ा का मामला पकड़ में आया। मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए गए।
सुबोध उनियाल, कैबिनेट मंत्री

ऑक्सीजन युक्त अस्पतालों की व्यवस्था करने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयासरतः तीरथ सिंह रावत

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने टिहरी दौरे के दौरान टीएचडीसी इंजीनियरिंग कॉलेज भागीरथीपुरम पहुंचकर जिला प्रशासन द्वारा संचालित 450 बेड युक्त कोविड केयर सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने पीपीई किट पहन कर कोविड सेंटर में भर्ती मरीजों से बातचीत भी की।

मुख्यमंत्री ने कोविड सेंटर से निकलने के बाद अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे स्वास्थ्य विभाग के उन सभी कर्मियों को सैल्यूट करते हैं जो रोजाना 2 से 3 घंटो तक पीपीई किट पहनकर कोविड-19 मरीजों का उपचार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 20 मिनट में पीपीई किट के पहनने से इतनी परेशानी हो रही है तो रोजाना दो से तीन घंटे तक मरीजों की सेवा और उपचार कर रहे प्रथम पंक्ति के स्वास्थ्य कर्मी कैसे इन परेशानियों को झेलते होंगे, इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड केयर सेंटर को लेकर पहले से ही निर्देश दिए गए हैं कि कोविड मरीजों का बेहतर उपचार के साथ ही बेहतर भोजन और अन्य सुविधाओं का भी विशेष ख्याल रखा जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वह कोविड केयर सेंटर के निरीक्षण के लिए पहुंचे तो उस समय भी मरीजों को प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने हेतु काढ़ा इत्यादि दिया जा रहा था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में ऑक्सीजन युक्त अस्पतालों की व्यवस्था करने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है। प्रदेश में कई नए ऑक्सीजन प्लांट को भी मंजूरी मिली है सरकार का लक्ष्य है कि छोटे अस्पतालों में भी ऑक्सीजन युक्त बेड की सुविधा विकसित की जाए। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने निरीक्षण के बाद अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।

कोविड केयर सेंटर में निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के साथ कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, टिहरी विधायक धन सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री तीरथ ने ली टिहरी में जिलास्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने टिहरी दौरे के दौरान हाइड्रो इंजीनियरिंग कालेज भागीरथीपुरम में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को कोविड गाइड लाइन का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने पुलिस को निर्देश दिए कि गांव-गांव जाने वाली स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ पुलिस कर्मियों को भी भेजा जाए। सीएमओ को निर्देश दिए कि जिन चिकित्सकों को अटेच किया गया है उनको तत्काल उनके मूल स्थानों पर तैनाती की जाय।

जनपद में संचालित कोविड केयर सेंटरों में मानव संसाधन की कमी को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को स्थानीय स्तर से 11 माह की अवधि के लिए नियुक्तियां करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड पर कड़ी कार्यवाही से अब स्थितियां सामान्य हो रही है। कहा यही समय है जब और अधिक सावधानी बरते जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मैदानी क्षेत्रों से आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की आर०टी०पी०सी०आर० टेस्ट की नेगेटिव रिपोर्ट का चेकपोस्ट पर अनिवार्य रूप से अवलोकन किया जाए।

इसके अलावा उन्होंने ग्राम निगरानी समितियों को सक्रिय रखने, नगरपालिका गांव पंचायतों सहित गांव-गांव निरंतर सैनिटाइजेशन कराने, लक्षणयुक्त व्यक्तियों को कोविड से सम्बंधित दवाई की किटों का वितरण, मास प्रोफिलेक्सिस के तहत आइवर मेक्टिन का वितरण, कोविड केयर सेंटर्स की स्थिति व ऑक्सीजन की उपलब्धता की समीक्षा की।

आगमी मानसून की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि मानसून आगमन से पूर्व सभी मोटर मार्गो के स्लाइडिंग जोन का चिह्नीकरण कर लिया जाय। उन्होंने कहा कि मोटर मार्गो के अवरुद्ध होने की स्थिति में 30 मिनट में घटना स्थल पर मानव संसाधन सहित मशीनरी पहुच जाए। इसके साथ ही उन्होंने समस्त जेसीबी व उनके ऑपरेटर के संपर्क नंबर कंट्रोल रूम में उपलब्ध रखने को कहा है। जल जीवन मिशन के तहत किये जा रहे कार्यो की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को माह जून तक नलों में पानी की आपूर्ति करने के निर्देश दिए हैं।

इसके अलावा उन्होंने मानसून के दौरान स्वास्थ्य सुविधा, खाद्यान्न आपूर्ति, विद्युत आपूर्ति, पेयजल आपूर्ति को सुचारू रखने को लेकर पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए है।

बैठक में कृषि मंत्री सुबोध उनियाल, प्रभारी मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, विधायक टिहरी डॉ. धन सिंह नेगी, विधायक घनसाली शक्ति लाल शाह, विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी, जिलाधिकारी ईवा आशीष श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण, एसएसपी तृप्ति भट्ट, सीएमओ सुमन आर्य आदि उपस्थित रहे।

कांस्टेबल दीपक सेमवाल को घनसाली मिली पोस्टिंग, मुनिकीरेती में सभी ने किया याद

विगत चार वर्षों से थाना मुनिकीरेती में तैनात कांस्टेबल दीपक सेमवाल की आज थाना घनसाली के लिए रवानगी हो गई। दीपक सेमवाल ने अपने चार वर्ष के कार्यकाल में अनेक उत्कृष्ट कार्य किए। विदाई के दौरान थाना प्रभारी कमल मोहन भंडारी सहित सभी पुलिसकर्मियों ने उनके कार्यों की सराहना की।

वर्ष 2017 से मुनिकीरेती में तैनात कांस्टेबल दीपक सेमवाल ने जनहित में अनेक कार्य किए। कोरोना काल में भी उनके द्वारा पीड़ितों की घर जाकर मदद की गई। मुख्य रूप से 22 सालों से फरार चल रहे एक आरोपी को दीपक ने दिल्ली से गिरफ्तार करवाने में अपनी अहम भूमिका निभाई। जबकि लापता हुए 2 बुजुर्गों को तलाश कर हरियाणा में परिजनों से मिलाने की कोशिश भी दीपक की रंग लाई थी। इसके अलावा आधी रात को एक महिला की सूचना पर कमरे में घुसे आरोपी को भी पकड़ने में दीपक का मुख्य योगदान रहा। इलाहाबाद से भागकर मुनी की रेती पहुंची एक नाबालिक को भी परिजनों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दीपक ने बखूबी निभाई है। इस प्रकार के कई के ऐसे कार्य है जिनमें दीपक ने अपना योगदान दिया है। इन सभी उत्कृष्ट कार्यों से खुश होकर थानाध्यक्ष कमल मोहन भंडारी ने दीपक सेमवाल की पीठ थपथपाई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि दीपक का ट्रांसफर घनसाली थाना में हो गया है।

मुनिकीरेती के लोगों को पालिका अध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने बांटी पैरासिटामोल दवाईंयां

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के निर्देश पर नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र में कोविड-19 की रोकथाम एवं बचाव हेतु दवाओं एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों का वितरण जारी है। इसमें सहयोग करने के लिए नगर पालिका मुनिकीरेती-ढालवाला के अध्यक्ष रोशन रतूड़ी भी आगे आए हैं। इसके तहत रविवार को उन्होंने एक लाख पैरासिटामोल की दवाइयों का सहयोग दिया है।

देहरादून स्थित आवास में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने बताया कि नरेंद्रनगर विधानसभा में दवाइयों के वितरण का जिम्मा तहसीलदार को सौंपा गया है। इस दौरान उन्होंने कोविड-19 से सुरक्षा एवं बचाव हेतु किए जा रहे पालिका के सेनेटाइज एवं साफ-सफाई के कार्यों की प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने प्रदेश की जनता से कोविड-19 के संक्रमण लक्षणों के दिखने पर आरटीपीसीआर टेस्ट अवश्य करवाने की अपील भी की। पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी ने बताया कि महामारी में वह लगातार लोगों को मानसिक रूप से मजबूत करने का काम कर रहे हैं। कहा कि मुनिकीरेती के ऋषिलोक कोविड केयर सेंटर में कोविड-19 से संक्रमित मरीजों का ईलाज के संग हौसला बढ़ाया जा रहा है। इस कारण यहां से अधिकांश संक्रमित मरीज स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं। कहा कि सकारात्मक सोच और आपसी सहयोग से ही इस महामारी से जीता जा सकता है।

भारत रत्न व पूर्व पीएम राजीव गांधी को कार्यकर्ताओं ने किया नमन

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर नरेंद्र नगर विधानसभा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

पार्टी के जिला अध्यक्ष हिमांशु बिजल्वाण ने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माता, भारतीय सूचना क्रांति के जनक, पंचायतीराज सशक्तिकरण के सूत्रधार एवं युवाओं के प्रेरणा स्रोत, पूर्व पीएम व भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर सभी कार्यकर्ता उन्हें नमन करते हैं।

उन्होंने कहा कि आज देश उनकी कमी को महसूस कर रहा है इस मौके पर जरूरतमंदों को दवाइयां, मास्क और सेनेटाइजर की किट बनाकर दी गई तथा दोगी पट्टी में इस कार्यक्रम की शुरूआत की गई।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उत्तम असवाल, सभासद विनोद सकलानी, सभासद अजय रमोला, अनिल रावत, जयराम सेमवाल, नरेंद्र चैहान, सुजीत कुड़ियाला आदि शामिल रहे।

युवा मोर्चा नरेंद्रनगर के कार्यकर्ताओं ने सीएम से मुलाकात की, संगटाली पुल को लेकर जताया आभार, रखी अपनी समस्याएं


कोडियाला के पास सिंह सिंगटली ब्रिज पुल निर्माण की स्वीकृति पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सूर्य चंद्र सिंह चैहान, नरेंद्र नगर ग्रामीण मंडल अध्यक्ष पूरण सिंह धमांदा, युवा मोर्चा के नेता आशीष कुकरेती, अनुसूचित मोर्चा के मंडल अध्यक्ष सुनील आर्य तथा ढांगू विकास समिति पौड़ी गढ़वाल के नेताओं ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया है।

इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल ने दोगी पट्टी में बीएसएनल टेलिफोन एवं मोबाइल टावर में नेटवर्क ना आने का विषय भी सीएम के सम्मुख रखा। इसके अलावा मोर्चा के अध्यक्ष सुनील आर्य एवं युवा मोर्चा के नेता आशीष कुकरेती ने बदल भवानी ग्राम सभा में रह रहे अनुसूचित जाति के किसानों को रेल विभाग से मकानों एवं खेतों का मुआवजा दिलाने की मांग की।

बता दें कि विगत दिनों सभी ने मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत से मुलाकात कर नरेंद्र नगर विधानसभा एवं यमकेश्वर पौड़ी को जोड़ने वाले इस पुल के शीघ्र निर्माण करने की मांग की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने पुल के महत्व को देखते हुए इसके निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान की।

मुनिकीरेती में निरंतर जारी है सेनिटाइजेशन अभियान, नगर को साफ बना रहे पालिकाकर्मी

नगर पालिका मुनिकीरेती प्रशासन कोविड की रोकथाम व बचाव के प्रयास में जुटी है। पालिका की टीम ने सभी वार्डों में सेनेटाइजेशन अभियान चलाया। लोगों से कोरोना गाइडलाइन का पालन करने की अपील भी की गई।

रविवार को सफाई निरीक्षक भूपेंद्र सिंह पंवार के नेतृत्व में पालिका की टीम प्रत्येक वार्ड में पहुंची। इस दौरान टीम ने कैलासगेट, भजनगढ़, रामझूला, शीशमझाड़ी, चौदहबीघा, राजीव ग्राम, आनंद विहार, ढालवाला, दून विहार आदि इलाकों में सेनेटाइजेशन किया। सफाई निरीक्षक भूपेंद्र पंवार ने लोगों से सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन का पालन करने का आग्रह किया। उन्होंने लोगों से बेवजह घर से न निकलने की अपील की। साथ ही मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने को कहा। मौके पर सभासद विनोद सकलानी, वंदना थलवाल, बबीता रमोला, स्वास्थ्य लिपिक दीपक कुमार, सफाई नायक देवेंद्र, मायाराम, राजू, महिपाल, सतेंद्र, महेश कुमार, अशोक कुमार आदि मौजूद रहे।

मुनिकीरेती में गाजियाबाद के पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज, बिना कोविड रिपोर्ट के पहुुंचे थे उत्तराखंड


मुनिकीरेती पुलिस ने बिना दस्तावेजों व बिना कोविड नेगेटिव रिपोर्ट घूम रहे गाजियाबाद के पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज किया हैं।

कोतवाल कमल सिंह भंडारी ने बताया कि तपोवन बैरियर पर चेकिंग के दौरान गाजियाबाद नम्बर के एक वाहन स्कार्पियो कार को रोका गया। कार सवार किसी के पास उत्तराखंड के स्मार्ट सिटी पोर्टल में रजिस्ट्रेशन नहीं था। साथ ही कोविड की नेगेटिव रिपोर्ट भी नहीं थी। इस मामले में सभी पर आपदा प्रबंधन अधिनियम व महामारी अधिनियम का अभियोग पंजीकृत किया गया है तथा वाहन को धारा 207 एमवी एक्ट में सीज किया गया है।

कोतवाल ने आरोपियों की पहचान जगत सिंह पुत्र जगवीर सिंह, अरुण कुमार पुत्र राजेन्द्र प्रसाद, गौरव चैहान पुत्र रामचंद्र चैहान, प्रशान्त शर्मा पुत्र रामकुमार शर्मा, वैभव शर्मा पुत्र विनोद कुमार शर्मा सभी निवासी गाजियाबाद उत्तर प्रदेश के रूप में कराई है।

सलोनी के लिए किसी देवदूत से कम नहीं ब्लड डोनर ऋषिकेश की टीम

ब्लड डोनर इन ऋषिकेश की टीम के सदस्य शैलेन्द्र कोठारी की बदौलत सड़क दुर्घटना में घायल युवती की जान बच सकी।

दरअसल, बीते रोज टिहरी जिले के ब्यासी चैकी क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना हुई थी। इसमें सलोनी नामक युवती बुरी तरह से घायल हुई। एम्स में भर्ती युवती को चिकित्सकों की टीम ने पैर का आॅपरेशन बताया। मगर, रक्त की कमी के चलते यह आॅपरेशन नहीं किया जा सकता था। ऐसे में सलोनी के परिजनों के सामने ब्लड की कमी हुई।

मगर, परिजनों ने रक्तदान प्रेरक व ब्लड डोनर ऋषिकेश के संस्थापक रोहित बिजल्वाण से संपर्क किया। रोहित ने मामले की गंभीरता को पहचानते हुए अपनी टीम के सदस्य शैलेन्द्र कोठारी से संपर्क किया। रोहित के अनुसार शैलेन्द्र कोठारी का ब्लड ग्रुप एबी नेगेटिव था और यही ब्लड ग्रुप वाला सलोनी को रक्त दे सकता था। रोहित 30 किलोमीटर दूर से डोईवाला निवासी शैलेन्द्र कोठारी को लेकर एम्स पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने शैलेन्द्र से एबी नेगेटिव रक्त अर्जित किया। जो सलोनी के लिए उपयुक्त पाया गया। सलोनी के परिजनों ने रक्तदान प्रेरक व उनकी टीम का आभार व्यक्त किया।