भारी भरकम बोल्डर गिरने से वाहन क्षतिग्रस्त, यात्री घायल

श्रीनगर से ऋषिकेश आ रही एक मैक्स के ऊपर कौडियाला के पास अचानक भारी भरकम बोल्डर गिर गया। घटना में वाहन के अंदर सवार चालक सहित दो युवक घायल हो गए। जिन्हें पुलिस ने उपचार के लिए 108 एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल ऋषिकेश भेजा है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार की दोपहर श्रीनगर से एक मैक्स वाहन ऋषिकेश के लिए चली थी। करीब 4 बजे कौडियाला के पास मैक्स के ऊपर भारी भरकम बोल्डर गिर गया। घटना में वाहन चला रहे चालक सहित दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।

स्थानीय लोगों की मदद से बोल्डर को वाहन से हटाया। जिसके बाद सुरक्षित रूप से युवकों को वाहन से बाहर निकाला। मौके पर 108 एंबुलेंस को बुला कर घायलों को राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश भेजा गया है। ब्यासी चैकी प्रभारी रविंद्र जोशी ने बताया कि घायलों की पहचान पूरन सिंह पुत्र चंदन सिंह निवासी कुंजापुरी देवलधार टिहरी और मनोज शर्मा पुत्र मंगल दत्त कनखल हरिद्वार के रूप में हुई है। बताया अचानक बारिश होने की वजह से संभवता बोल्डर वाहन के ऊपर गिरा है

सप्ताह भर में गंगा रिसार्ट और खाड़ी सीएसएसी में तैयार होगा कोविड सेंटर

मुनिकीरेती में गढ़वाल मंडल विकास निगम के गेस्ट हाउस गंगा रिसार्ट और खाड़ी सीएससी में बनाए जा रहे कोविड सेंटर करीब हफ्ते भर में बनकर तैयार होंगे। इनमें आॅक्सीजन की सुविधा भी उपलब्ध होगी। मंगलवार को गंगा रिसार्ट में निर्माणाधीन कोविड सेंटर का निरीक्षण करने पहुंचे कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने यह बात कही।

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने बताया कि एक करोड़ की विधायक निधि से गंगा रिसोर्ट और खाड़ी सीएससी में कोविड सेंटर बनाए जा रहे हैं। जिनमें कुल 200 बेडों की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने बताया कि बेडों में आॅक्सीजन की सुविधा मुहैया कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। करीब हफ्ते भर में दोनों कोविड सेंटर पूर्ण रूप से बनकर तैयार होंगे। इनके निर्माण से कोरोना के संक्रमण को रोकने एवं गंभीर संक्रमितों के इलाज में काफी सहायता मिलेगी। बताया कि वर्तमान में गंगा रिसोर्ट में 18 से 45 वर्ष की उम्र के लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है।

इसके बाद कैबिनेट मंत्री ने जीएमवीएन के ऋषिलोक गेस्ट हाउस में बनाए कोविड सेंटर में व्यवस्थाओं को देखा, साथ ही यहां भर्ती मरीजों से उनकी कुशलक्षेम जानी। इस दौरान उन्होंने आला अधिकारियों को भोजन एवं दवाईयों की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्देशित भी किया। कोविड सेंटर में सफाई व्यवस्था को लेकर यहां भर्ती मरीजों ने कैबिनेट मंत्री के समक्ष संतुष्टता जाहिर की।

मौके पर पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी, उपजिलाधिकारी युक्ता मिश्र, प्रभारी चिकित्साधिकारी फकोट डाॅ जगदीश जोशी, गंगा रिसार्ट प्रबंधक आरपी ढौंडियाल आदि उपस्थित थे।

सोशल डिस्टेंस का उल्लंघन करने पर अनुज्ञापी सहित चार पर मुकदमा

थाना मुनिकीरेती क्षेत्र में कोरोना नियमों की अवहेलना करने पर कोतवाल कमल सिंह भंडारी के नेतृत्व में पुलिस ने ठेका संचालक पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

कोतवाल कमल सिंह भंडारी ने बताया कि शासन की तरफ से कोविङ संक्रमण को नियंत्रित करने के लिये हर सम्भव प्रयास कर रहा है और आये दिन लोग इस संक्रमण के कारण अपनो को लगातार खो रहे हैं, वहीं कुछ लोगों द्वारा अभी भी इसको गम्भीरता से न लेते हुये शासन द्वारा जारी कोविङ दिशा-निर्देशों को अनदेखा कर स्वयं के लिये भी और अन्य लोगों के लिये भी खतरे का कारण बनते हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस एक्शन ले रही है। इसी क्रम में शिवपुरी स्थित शराब के ठेका संचालक सहित चार लोगों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने, संक्रमण को फैलाने तथा सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अवहेलना करने पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

कोतवाल ने आरोपियों की पहचान केवल सिंह पुत्र मूर्ति सिंह निवासी ग्राम मठियाली पट्टी दोगी, थाना मुनिकीरेती, टिहरी गढवाल, विक्रम सिंह पुत्र सुन्दर सिंह निवासी, ग्राम मठियाली, पट्टी दोगी, थाना मुनिकीरेती, टिहरी गढवाल, गजेन्द्र सिंह पुत्र जोत सिंह निवासी ग्राम तिमली, पट्टी दोगी, थाना मुनिकीरेती, टिहरी गढवाल औीर अजय बेलवाल के रूप में कराई है।

नरेंद्र नगर विधायक निधि से गंगा रिसोर्ट और खाड़ी में बनेंगे कोविड सेंटर

टिहरी जिले के गंगा रिजॉर्ट, मुनि की रेती और खाड़ी सीएससी में कोविड सेंटर बनाए जाएंगे। इसके लिए सोमवार को कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने विधायक निधि से एक करोड़ रूपए की स्वीकृति प्रदान की है। जिसमें मरीजों के लिए अतिरिक्त 100 बेड उपलब्ध होंगे।

सोमवार को टिहरी जनपद में कोविड-19 के संक्रमण की रोकथाम हेतु कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने नगर पालिका नरेंद्र नगर के सभागार में जिला प्रशासन, पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के संग एक बैठक की। जिसमें उन्होंने जिले में कोविड-19 से सुरक्षा एवं बचाव की स्थिति को जाना। जिसके बाद उन्होंने बताया कि अस्पतालों में भर्ती कोविड संक्रमित मरीजों के संग बेहतर व्यवहार ना करने की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही हैं। इसके तहत सभी को मरीजों के संग अच्छा व्यवहार करने के लिए निर्देशित किया गया है। बताया कि वर्तमान में नरेंद्रनगर स्थित कोविड सेंटर में 184 बेड उपलब्ध हैं। जिले में लगातार बढ़ रहे कोविड संक्रमित मामलों को देखते हुए गंगा रिजॉर्ट, मुनि की रेती और खाड़ी सीएससी में एक करोड़ रुपए की विधायक निधि से कोविड सेंटर बनाने की स्वीकृति प्रदान की गई है। साथ ही जिला प्रशासन को सख्ती के संग एसओपी का पालन करवाने के लिए निर्देशित किया गया है। बताया कि नरेंद्रनगर स्थित कोविड सेंटर के ऑक्सीजन प्लांट में कुछ कमियां थी, जिसे पूरी तरह ठीक कर दिया गया है। साथ ही यहां आईसीयू को अपग्रेड करने और जिले में दवाइयों की पूर्ति के लिए सीएमओ को विशेष निर्देशित किया गया है।

मौके पर जिलाधिकारी ईवा आशीष श्रीवास्तव, सीडीओ अभिषेक रुहेला, मुनि की रेती पालिका अध्यक्ष रोशन रतूड़ी, नरेंद्र नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पवार, गजा नगर पंचायत अध्यक्ष मीना खाती, डीडीओ सुनील कुमार, उप जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, सीओ आरपी चमोली उपस्थित थे। एसएसपी तृप्ति भट्ट एवं अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़े रहे।

सास को मुखग्नि देकर इस अधिकारी ने निभाया बेटे का धर्म…

नगर पालिका मुनिकीरेती में अधिशासी अधिकारी के पद पर तैनात बद्री प्रसाद भट्ट ने दिवंगत सास को मुखाग्नि देकर बेटे का धर्म निभाया।

दरअसल ईओ बद्री प्रसाद भट्ट की सास पिछले कई वर्षों से बीमार चल रही थी। कोई बेटा ना होने के कारण ईओ दामाद उनकी सेवा अपने घर पर ही कर रहे थे। मगर आज उनकी सास शकुंतला देवी ने अपनी अंतिम सांसे ली। तो दामाद बद्री प्रसाद भट्ट ने बेटे का धर्म निभाते हुए पूर्णानंद घाट पर पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी।

’ईओ कोविड ड्यूटी में भी निभा रहे अहम रोल’
अधिशासी अधिकारी बद्रीप्रसाद नगर पालिका मुनि की रेती क्षेत्र में इन दिनों कोविड की ड्यूटी में अहम भूमिका निभा रहे है। पालिका क्षेत्र में कर्मचारियों के साथ प्रतिदिन सैनिटाइजेशन अभियान में लगे हुए हैं। वह स्वयं प्रत्येक दिन अलग-अलग वार्डो में जाकर सैनिटाइज कर रहे हैं। इसके अलावा लोगों में कोविड को लेकर जागरूकता अभियान भी चला रहे है।

नगर पालिका मुनिकीरेती को अब ओडीएफ डबल प्लस का दर्जा

नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती को भारत सरकार स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत खुले में शौच मुक्त प्लस निकाय का दर्जा मिला है। बता दें कि निकाय को पूर्व में भारत सरकार द्वारा ओडीएफ प्लस के दर्जे से नवाजा गया था।

वर्तमान में निकाय द्वारा अपने शौचालय को हाईटेक कर ओडीएफ डबल प्लस हेतु आवेदन किया था। जिसका सर्वेक्षण भारत सरकार की टीम के द्वारा 7 मार्च से 10 मार्च के बीच किया गया, जिसके दौरान निकाय क्षेत्र के सभी सार्वजनिक शौचालय एवं क्षेत्र का सर्वेक्षण कार्य किया गया एवं जनता की राय भी ली गई। जिसके माध्यम से भारत सरकार की टीम द्वारा नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती को ओडीएफ डबल प्लस के दर्जे से नवाजा गया। निकाय द्वारा वर्तमान में थ्री स्टार शहर हेतु आवेदन किया गया है एवं स्वच्छ भारत स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 मैं भी इससे पालिका को बेहतर रैंक पाने में सहायता प्राप्त होगी।

कर्मियों के साथ ईओ मुनिकीरेती उतरे मैदान पर, किया सेनेटाइजिंग

वर्तमान में कोरोना का आतंक विश्वभर में फैला हुआ है, जिससे समस्त मानवजाति में भय व्याप्त है। ऐसी स्थिति में नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला के अधिशासी अधिकारी बीपी भट्ट अपने पर्यावरण मित्रों का मनोबल बढ़ाने में लगे हैं। इसके तहत रविवार को खुद ईओ निकाय कर्मियों के संग विभिन्न जगहों पर सेनेटाइजिंग करने पहुंचे।

कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के मद्देनजर बीते शनिवार को पालिकाध्यक्ष रोशन रतूड़ी की अध्यक्षता में सभासदों और सफाई नायकों की एक वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। इसमें पालिका क्षेत्र को सेनेटाइजिंग करने, कीटनाशकों का छिड़काव, फागिंग एवं सफाई व्यवस्था पर चर्चा की गई। बैठक में पालिकाध्यक्ष ने सप्ताह में दो दिनों शनिवार और रविवार को संपूर्ण क्षेत्र में सोडियम हाइपोक्लोराइड का छिड़काव करने के विशेष निर्देश दिए। रविवार सुबह ईओ बद्री प्रसाद भट्ट के नेतृत्व में पालिका की सेनेटाइजिंग टीम शीशम झाड़ी क्षेत्र में पहुंची। यहां खुद ईओ ने मशीन हाथों में लेकर क्षेत्र को सेनेटाइज किया। उन्होंने बताया कि कर्मियों का मनोबल बढ़ाने के लिए वह सदैव प्रयासरत हैं।

कोविड-19 से सुरक्षा के तहत पालिका के समस्त कर्मियों को पूर्व में वैक्सीन लगाई गई है। साथ ही दूसरी लहर के संक्रमण को देखते हुए सभी का कोविड टेस्ट पुनः कराया जा रहा है, जिसमें से अब तक 27 कर्मियों का कोविड टेस्ट किया गया है। बताया कि इसके साथ ही समस्त क्षेत्र में मुनादी के माध्यम से लोगों से घरों में रहने, माॅस्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील लगातार की जा रही है। मौके पर सफाई निरीक्षक भूपेंद्र सिंह पंवार, सफाई नायक मायाराम, राजू, महिपाल, देवेंद्र, दीपक कुमार आदि उपस्थित थे।

मुनिकीरेती पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में दो पर किया मुकदमा दर्ज


मुनिकीरेती पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने पर स्वामी प्रकाशानंद पुरी सहित दो व्यक्ति पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मृतक के जीजा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है।

दरअसल, संदीप नेगी निवासी नैनीसैंण जिला चमोली ने मुनिकीरेती थाने में तहरीर दी। बताया कि उनका 24 वर्षीय साला अमित सिंह पुत्र देवेंद्र सिंह ने आत्महत्या पंखे से लटककर कर ली है। बताया कि अमित सिंह को कुछ समय से दो लोग पैसे के लेनदेन को लेकर दबाव बना रहे थे। जिस वजह से उसके साले ने आत्महत्या की है। मामले में सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने शीशम झाड़ी निवासी दीपक रयाल व स्वामी प्रकाशानंद पुरी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

कोविड की जांच रिपोर्ट को अनिवार्य न करने पर पुनर्विचार करें सरकार

कोविड19 से सरकार की गाइडलाइन अब पर्यटकों के साथ लीज पर होटल चलाने वाले संचालकों के लिए मुसीबत बन गई है। दरअसल कोविड की जांच रिपोर्ट को अनिवार्य कर दिए जाने के कारण पर्यटक या तो अपनी बुकिंग को निरस्त कर रहे है, या फिर उन्हें बाॅर्डर पर रोक दिया जा रहा है। ऐसे में लीज पर होटल चला रहे संचालकों के समक्ष रोजगार का संकट पैदा हो गया है। यह बात आज लीज पर होटल चला रहे संचालकों ने प्रेसवार्ता ने की।

प्रेसवार्ता कर मंयक शर्मा ने कहा कि कोविड-19 के बढ़ रहे कहर की वजह से सरकार लगातार उत्तराखंड में प्रवेश करने वाले पर्यटकों के लिए प्रतिबंध लगा रही है। जिसकी वजह से उत्तराखंड का पर्यटन व्यवसाय पूरी तरीके से चैपट होता नजर आ रहा है। ऐसे में बेरोजगारी की लंबी कतार में खड़े हो रहे होटल संचालकों ने सरकार से पर्यटकों के उत्तराखंड आगमन को लेकर लगाए गए प्रतिबंध और सरकारी सुविधाओं में फिक्स चार्ज हटाने की मांग की है।

होटल मालिकों से लीज में राहत देने की बात भी कही है। बता दें कि इस संबंध में लीज होटल ऑनर्स एवं होटल कर्मचारी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पत्रकार वार्ता की। जिसमें उन्होंने मांग पूरी नहीं होने पर सरकार को आंदोलन का रास्ता चुनने की चेतावनी भी दी है। होटल संचालकों का साफ कहना है कि या तो सरकार पूर्ण रूप से लॉकडाउन लगा दे या फिर सारे प्रतिबंध हटा दें।
प्रेसवार्ता के दौरान अंकित, विकास, विद्यादत्त, अनूप, उत्तम सिंह कुंवर, तपन भंडारी आदि उपस्थित रहे।

देवस्थानम बोर्ड पर पुनर्विचार किया जाएगाः सीएम

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने सप्तसरोवर, हरिद्वार में विश्व हिंदू परिषद के केन्द्रीय मार्गदर्शक मंडल उपवेशन में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ की आस्था से कोई समझौता नहीं किया जायेगा। कुंभ क्षेत्र में शराब की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। संतों की मांग पर उन्होंने कहा कि मुनीकीरेती व ढ़ालवाला के शराब के ठेके बंद किये जायेंगे।

मुख्यमंत्री तीरथ ने कहा कि देवस्थानम बोर्ड में शामिल किए गए 51 मंदिरों पर पुनर्विचार किया जायेगा। जल्द ही तीर्थ पुरोहितों की बैठक बुलाई जायेगी। सबके हक-हकूकों का पूरा ध्यान रखा जायेगा। उन्होंने कहा कि चार धामों के बारे में शंकराचार्यों द्वारा प्राचीन काल से जो व्यवस्था की गई है उसका पूरी तरह पालन किया जाएगा, उसमें कोई छेड़छाड़ नहीं होगी।

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि हरिद्वार में होने वाले अगले कुंभ के लिए 2010 एवं 2021 कुंभ के अनुसार चिन्हित भूमि के अनुरूप अखाड़ों, शंकराचार्यों, महामंडलेश्वर और संत समाज के लिए अभी से भूमि चिन्हित की जाएगी। इसके लिए डिजिटल प्रक्रिया अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि शपथ लेने के बाद मैंने सबसे पहले हरिद्वार कुंभ की बैठक ली। शिवरात्रि के स्नान पर्व पर हरिद्वार कुंभ में संतो का आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिला।