देश का सबसे लंबा डोभरा चांठी पुल का डीएम टिहरी ने किया निरीक्षण

नई टिहरी। जिलाधिकारी ईवा आशीष श्रीवास्तव ने डोभरा-चांठी पहुंचकर देश के सबसे लंबे सस्पेंशन ब्रिज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता सुरेंद्र सिंह मखलोगा को निर्देश दिए कि पुल के अंतिम चरण के फिनिशिंग कार्यो लाइट, प्रवेश द्वार पर चेक पोस्ट, सफाई, अप्रोच मार्ग सहित पूरे ब्रिज पर साफ-सफाई इत्यादि को समय से पूरा करने के निर्देश दिए है। वहीं डोभरा में आवंटित दुकानों को व्यवस्थित ढंग से एकरूपता के साथ निर्माण करने के निर्देश दिए है। स्पष्ट किया कि डोभरा- चांठी पुल के आसपास की सरकारी भूमि पर प्लानिंग के तहत व्यवस्थाएं स्थापित की जाएगी इसलिए इस भूमि पर अतिक्रमण न होने पाए। उन्होंने कहा कि पुल के उद्धघाटन के उपरांत यह पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र होगा।

वहीं क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाने के लिए डोभरा में एक बोटिंग पॉइंट बनाया जाना प्रस्तावित है। ताकि डोभरा-चांठी ब्रिज को देखने हेतु आने वाले पर्यटकों को नोकायन की सुविधा मिल सके। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने ओलणी-मल्ला उप्पू मोटर मार्ग के उप्पू खाला में स्लाइडिंग जोन पर लोनिवि चम्बा द्वारा किये जा रहे कार्यो का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

टिहरी झील में पर्यटकों के बढ़ते आवागमन से स्थानीय स्तर पर युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए तिवाड गांव में होम स्टे एवं अन्य संभावित पर्यटन गतिविधियों के संचालन की संभावनाओं का भी जायजा लिया। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने बौराड़ी पहुंचकर बसअड्डे व रेन बसेरा का का भी निरीक्षण किया। रेन बसेरे में सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गई। गणेश चैक पर वाहनों के आड़े-तिरछे खड़े किए गए वाहनों के कारण जान की स्थिति उत्त्पन्न होने के कारण जिलाधिकारी ने एसडीएम टिहरी व ईओ नगर पालिका नई टिहरी को नई टिहरी एवं बौराड़ी में पीली-सफेद पट्टी के अंदर के क्षेत्र में दुपहिया व चैपहिया वाहनों के लिए पार्किंग एरिया चिन्हित करते हुई एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है। मौके पर एसडीएम टिहरी एफआर चैहान, अधिशासी अभियंता एसएस मखलोगा आदि उपस्थित थे।

एक नायब तहसीलदार की बदौलत युवक का बन पाया ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र

चाका/टिहरी। गजा के नायब तहसीलदार उपेन्द्र सिंह राणा ने ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र में हो रहे विलंब पर तत्काल संज्ञान लेते हुए एक जिम्मेदार अफसर की भूमिका निभाई। प्रमाण पत्र प्राप्त करने पर आवेदक ने पत्र भेजकर नायब तहसीलदार सहित तहसील प्रशासन का आभार जताया।

गजा तहसील के अंतर्गत गाँव जखोली के बेरोजगार युवक मनोज बिजल्वाण ने जब आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए बनने वाले प्रमाण पत्र ईडब्ल्यूएस के लिए तहसील में आवेदन किया, लेकिन कई दिन बाद भी उनका प्रमाण पत्र नहीं बन पाया। तहसीलदार द्वारा इस प्रमाण को निर्गत करने के लिए भवन की नाप के लिए संबंधित जेई को आख्या प्रस्तुत करने के लिए कहा गया था। परंतु कई बार निवेदन करने पर भी भवन की नाप नहीं की गई। ऐसे में नेशनलिष्ट यूनियन आॅफ जर्नलिस्ट की ओर से भी नायब तहसीलदार उपेन्द्र सिंह राणा समेत बीडीओ, एसडीएम तथा जिलाधिकारी को पत्र भेजकर समस्या से अवगत कराया। इस पर नायब तहसीलदार उपेंद्र सिंह राणा ने संबंधित जेई को फटकार लगाते हुए तुरंत भवन के नाप की आख्या प्रस्तुत करने को कहा। उनकी इस सक्रियता के चलते मनोज का ईडब्ल्यूएस का प्रमाण पर समय से जारी हो सका।

यदि प्रत्येक अधिकारी व कर्मचारी अपने कार्य का कर्तव्यनिष्ठा से पालन करेंगे, तो उन पर जनता का भरोसा बढ़ेगा। किसी भी प्रमाण पत्र में अनावश्यक विलंब न किए जाने के लिए तहसील प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं।
उपेन्द्र सिंह राणा
नायब तहसीलदार, गजा, टिहरी गढ़वाल

एम्स में भर्ती 1600 से अधिक कोविड रोगी हुए स्वस्थ्य

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश में 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला से कोरोना हार गया है। जी हां, यहां कोरोना संक्रमित होने के बाद से बुजुर्ग महिला को भर्ती किया गया था। अब वह पूरी तरह से स्वस्थ होकर घर लौट गई है।

एम्स निदेशक प्रो. रविकांत ने कहा कि निर्धन व्यक्ति को समुचित और बेहतर मेडिकल सुविधा देने के लिए एम्स प्रतिबद्ध है। जिस वक्त कोविड चरम पर था और अन्य अस्पताल कोविड रोगियों का इलाज करने में असमर्थता जाहिर कर रहे थे, उस दौरान कोविड मरीजों का इलाज करने में एम्स ने प्राथमिकता रखी। कहा कि कोविड मरीजों के इलाज के लिए एम्स में पर्याप्त मात्रा में बैड, आईसीयू और वेंटिलेटर्स का प्रबंध किया गया है। हेल्थ केयर वर्करों की सराहना करते हुए कहा कि कोरोना संक्रमित मरीजों की जान बचाने के लिए हेल्थ केयर वर्कर्स की टीम ने जोखिम उठाते हुए दिन-रात अपनी जिम्मेदारी निभाई है।

डीन हॉस्पिटल अफेयर्स प्रो. यूबी मिश्रा ने बताया कि एम्स में कोविड काल शुरू होने के बाद से अब तक 1600 से अधिक कोविड मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं। इन मरीजों में 90 साल की वृद्ध महिला से लेकर 1 दिन का नवजात शिशु तक का मरीज शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 90 साल की वृद्धा मूलरूप से टिहरी गढ़वाल जिले के कीर्तिनगर विकासखंड के अंतर्गत मूलधार गांव की निवासी है। कोविड पाॅजिटिव इस वृद्धा को बीती 8 सितम्बर को एम्स में भर्ती किया गया था। इसे पहले से अस्थमा की बीमारी की शिकायत थी और कोरोना संक्रमित होने के बाद इसे सांस लेने में अत्यधिक तकलीफ हो रही थी। 17 दिनों तक अस्पताल में रहने के बाद पूर्ण स्वस्थ होने पर इसे 25 सितम्बर को डिस्चार्ज कर दिया गया था।

कहा कि कोविड मरीजों का ग्राफ कुछ कम हुआ है, लेकिन इसका खतरा अभी टला नहीं है। इस बीमारी के प्रति जरा सी लापरवाही फिर से भारी पड़ सकती है। उधर, 90 वर्षीय वृद्धा मौली देवी के पौत्र चैदहबीघा, ऋषिकेश निवासी दीपक कंडारी ने बताया कि उनकी दादी आजकल गढ़वाल में है और पूर्णतौर से स्वस्थ है। अपनी दादी के बेहतर उपचार के लिए उन्होंने एम्स ऋषिकेश के विशेषज्ञ चिकित्सकों का आभार जताया।

सुसाइड नोट छोड़कर सहारनपुर के युवक ने खारास्रोत में कर ली जीवनलीला समाप्त

सहारनपुर के एक युवक ने मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के जंगल में अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक युवक ने सुसाइड नोट भी छोड़ा है। जिसमें स्वेच्छा से मरना बताया है।

मुनिकीरेती थानाध्यक्ष राम किशोर सकलानी ने बताया कि खारा स्रोत पुल से आगे नगरपालिका ट्रेचिंग प्लांट के पास जंगल में एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर थानाध्यक्ष आरके सकलानी, एसएसआईरमेश कुमार सैनी, चैकी तपोवन इंचार्ज सुनील पंत मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष ने शव की शिनाख्त प्रमोद कुमार पुत्र धूमन सिंह निवासी महेशपुर थाना ननौता जनपद सहारनपुर उत्तर प्रदेश के रूप में कराई। बताया कि शव की तलाशी में सुसाइड नोट मिला है मृतक के परिजनों को सूचित किया गया है।

दो बार जेल जाने के बाद भी नहीं आई अक्ल, पुलिस ने तीसरी बार भेजा जेल

दो बार जेल जाने के बाद भी इस व्यक्ति की अक्ल ठिकाने नहीं आई। पुलिस ने तीसरी बार जेल भेजा। मामला मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के कैलाश गेट चैकी का है।

यहां अमित कौशिक निवासी निकट बंगवाल बैकरी शीशम झाड़ी मुनिकीरेती ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके मालवाहन वाहन से बैटरी चोरी कर ली गई है। पुलिस ने अज्ञात पर चोरी का मुकदमा दर्ज किया और मामले की विवेचना शुरू की। चैकी इंचार्ज कैलाश गेट विनोद कुमार ने मुखबिर से सूचना पर मनीष गुप्ता उर्फ लल्ला निवासी नाले वाली रोड शीशम झाड़ी ऋषिकेश जिला देहरादून को चोरी की गई बैटरी के साथ अरेस्ट किया है।

आरोपी मनीष ने पुलिस पूछताछ में बताया कि इससे पूर्व वह स्मैक तस्करी के आरोप में दो बार जेल की सैर कर चुका है। आरोपी ने बताया कि कि वह नशे का आदी है और नशा खरीदने के लिए चोरी करता है। पुलिस ने आरोपी को चोरी के आरोप में तीसरी बार जेल भेजा है।

कैफे में काम कर जीविका चलाने वाला युवक गंगा में बहा

दिल्ली के पहाड़गंज का एक युवक गंगा नदी में नहाने के दौरान अनियंत्रित होकर डूब गया। मौके पर पहुंची मुनिकीरेती पुलिस ने गंगा में रेस्क्यू अभियान चलाया। मगर, युवक का कुछ पता न चल सका। मौके पर जल पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों ने भी रेस्क्यू चलाया। मगर, सफलता नहीं लगी।

थाना प्रभारी राम किशोर सकलानी ने बताया कि नीमबीच पर गंगा में डूबे व्यक्ति के साथी हितेश ने बताया कि उनका सच्चा धाम आश्रम के निकट कैफे है। यह लड़का उनके कैफे में नौ अक्टूबर से काम कर रहा है। अपना बैग में मेरे कैफे में रखकर गंगा में नहाने गया था। पुलिस ने मौके पर बैग मंगवाया। इसमें आधार कार्ड मिला। जिसके आधार पर उसकी पहचान संदीप शर्मा पुत्र जगदीश चंद्र शर्मा निवासी निकट रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराही माता मन्दिर में बाजार पहाड़ गंज दिल्ली के रूप में हुई। मौके पर एसडीआरएफ की डीप ड्राइविंग टीम भी पहुंची और डीप टीम के ड्राइवर कांस्टेबल मातबर सिंह ने 20 फुट गहरी गंगा में जाकर डूबे व्यक्ति की खोज की। मगर, सफलता हाथ नहीं लगी।

क्लीन गंगा के तहत मुनिकीरेती स्लज मैनेजमेंट प्लांट परियोजना के लिए मिले 8 करोड 67 लाख रूपए

मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने जल शक्ति मंत्रालय के नेशनल मिशन फॉर क्लीन गंगा द्वारा नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत चोरपानी, मुनिकीरेती में स्लज मैनेजमेंट प्लांट परियोजना के लिए आठ करोड़ 67 लाख रूपये की प्रशासनिक और व्यय की स्वीकृति के साथ ही उत्तराखण्ड वन विभाग को ‘फोरेस्ट्री इनटरवेंशन फॉर गंगा’ के लिये 39 करोड़ 95 लाख 58 हजार रूपये की धनराशि स्वीकृत करने के लिये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत का आभार व्यक्त किया है।

जल शक्ति मंत्रालय के नेशनल मिशन फॉर क्लीन गंगा द्वारा नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत चोरपानी, मुनिकीरेती में स्लज मैनेजमेंट प्लांट परियोजना के लिए 8 करोङ 67 लाख रूपये की प्रशासनिक और व्यय की स्वीकृति दी गई है। यह योजना शत प्रतिशत केन्द्र पोषित होगी। इस सम्बन्ध में स्पष्ट किया गया है कि स्वीकृति के दिनांक से चार माह के भीतर परियोजना अवार्ड कर दी जानी होगी, जबकि अवार्ड किए जाने के बाद 6 माह में इस परियोजना को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उत्तराखंड पेयजल निगम इसकी कार्यदायी संस्था होगी।

इसके साथ ही जल शक्ति मंत्रालय के नेशनल मिशन फॉर क्लीन गंगा द्वारा उत्तराखंड के वन विभाग को ‘फोरेस्ट्री इनटरवेंशन फॉर गंगा’ के लिए नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत वर्ष 2020-21 के लिए 39 करोङ 95 लाख 58 हजार रूपये की प्रशासनिक और व्यय की स्वीकृति प्रदान की है। शत-प्रतिशत केंद्र पोषित इस परियोजना का उद्देश्य स्वच्छ गंगा में योगदान करना है। विशेष रूप से नदी क्षेत्र में भूगर्भीय व पारिस्थितिकीय पूर्णता को बनाए रखते हुए अनंत वन धारा विकसित करने का कार्य इसमें शामिल है।

अमेरिकन महिला से बनाए जबरन संबंध, पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज

टिहरी जिले के थाना मुनिकीरेती में एक अमेरिकन महिला ने सेवानिवृत कर्नल के बेटे पर धोखे से ड्रग्स का सेवन करवाकर जबरन संबंध बनाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, पीड़िता के बयान न्यायालय के समक्ष कराए गए।

दरअसल 37 वर्षीय अमेरिकन महिला ने बताया कि तपोवन निवासी 27 वर्षीय अभिनव राय पुत्र अनिल कुमार राय, हाल निवासी बालक नाथ मंदिर रोड, मूल निवासी देवनगर, इलाहाबाद’ द्वारा उसके साथ बलात्कार मारपीट व जान से मारने की धमकी दी गई है। अमेरिका निवासी महिला द्वारा आरोप लगाया कि अभिनव ने उसे कई बार अपने फ्लैट पर बुलाकर धोखे से ड्रग्स का सेवन कराकर कई बार जबरन संबंध बनाए। इससे परेशान होकर जब महिला अपने फ्लैट में रहने लगी तो अभिनव ने उसका लगातार पीछा करना शुरू किया और रात वह छत के रास्ते उसकी बालकोनी में आया और शीशा तोड़कर अंदर घुस कर उसके साथ मारपीट की इस दौरान पीड़ित के पैर में चोट लगी। पीड़ित द्वारा आरोप लगाया गया है कि अनुभव के पिता लगातर उस पर समझौते का दबाव बना रहे है। पुलिस ने मामले पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष राम किशोर सकलानी ने बताया कि आरोपी अनुभव के पिता सेना से सेवानिवृत्त कर्नल है। अभिनव तपोवन में तथाकथित रूप से टूर ट्रेवेल का काम करता है।

तीन सप्ताह में टिहरी डीएम होगें रिलीव, नई नियुक्ति पीएमओ कार्यालय में होगी

जनपद टिहरी के जिलाधिकारी व आईएएस अफसर मंगेश घिल्डियाल को नई जिम्मेदारी मिली है। उन्हें प्रधानमंत्री कार्यालय में अंडर सेक्रेटरी के पद पर चार वर्ष के लिए नई जिम्मेदारी मिली है। इसकी पुष्टि स्वयं डीएम मंगेश घिल्डियाल ने की है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री कार्यालय से उन्हें जिम्मेदारी मिली है। मैं पूरी निष्ठा के साथ जिम्मेदारी निभाऊंगा।

केंद्रीय कार्मिक व प्रशिक्षण विभाग के निदेशक जे श्रीनिवासन ने मुख्य सचिव ओम प्रकाश से उन्हें रिलीव करने को कहा है। डीएम घिल्डियाल को तीन सप्ताह के भीतर नई जिम्मेदारी को ग्रहण करना होगा।

मुनिकीरेती पुलिस ने नाबालिग बेटी को बेचने के आरोप में पिता को किया अरेस्ट

अपनी नाबालिग पुत्री को बेचने के आरोप में मुनिकीरेती पुलिस ने पिता को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी पिता का कहना है कि वह 2017 से आर्थिक तंगी में चल रहे थे, इसके चलते अपने पुत्री को शामली निवासी नवीन नामक युवक को बेच दिया था।

थानाध्यक्ष राम किशोर सकलानी ने बताया कि तपोवन निवासी राजपाल पुत्र घुरादास को अपनी नाबालिग पुत्री को बेचने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। नाबालिग लड़की की मां ने 2019 में मुनिकीरेती थाने में तहरीर दी थी। बता दें कि पुलिस नाबालिग को खरीदने वाले नवीन को जेल भेज चुकी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी होनी बाकी है।