युवक को डंपर ने कुचला, मौत

खाड़ी बाजार से लौटते हुए रास्ते में हुआ हादसा

ऋषिकेश।
हादसा गुरुवार दोपहर बाद करीब तीन बजे हुआ। पुलिस के अनुसार सुमन (19) पुत्र अब्बल दास निवासी ग्राम गुनोगी विकासखड चंबा (टिहरी) अपने ननिहाल खाड़ी के चिड़ियाली गांव आया हुआ था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह अपने बड़े मामा की बेटी की शादी में शामिल होने करीब पांच दिन पहले पहुंचा था। गुरुवार को वह गांव के ही दोस्त के साथ बाइक पर खाड़ी बाजार घूमने गया था। यहां से दोनों चिड़याली गांव लौट रहे थे, लेकिन बीच रास्ते में सामने से आ रहे एक डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। पीछे बैठा साथी सूरज बाइक से छिटककर दूर गिरा, उसे मामूली चोट आई। 110जबकि गंभीर हालत में सुमन को नरेंद्रनगर अस्पताल पहुंचाया गया, यहां से उसे ऋषिकेश अस्पताल रेफर कर दिया। थाना प्रभारी नरेंद्रनगर मोहम्मद अकरम ने बताया कि युवक ने इलाज के दौरान ऋषिकेश अस्पताल दम तोड़ दिया। युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी चालक डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया। आरोपी की तलाश की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दिनेश गिरी के प्रोजेक्ट को पहला पुरस्कार

ब्लॉकस्तरीय विज्ञान महोत्सव के समापन पर विजेता सम्मानित
पूर्णानंद इंटर कॉलेज में हुई नरेन्द्रनगर ब्लॉक की प्रतियोगिता

ऋषिकेश।
कैलाश गेट स्थित पूर्णानंद इंटर कॉलेज में शनिवार को ब्लॉकस्तरीय विज्ञान महोत्सव के परिणाम घोषित किए गए। जूनियर वर्ग के उप विषय स्वास्थ्य में शिवेन्द्र पाल, उद्योग में बृजेश और पवन, परिवहन-संचार में ज्योतिका, संसाधन नवाचार में अमन आर्यन, खाद्य उत्पादन में मंजीत सिंह, गणितीय समाधान में शिक्षा रावत ने बाजी मारी। सीनियर वर्ग के उप विषय स्वास्थ्य में मानव, उद्योग में पंकज, परिवहन-संचार में मनीष, संसाधन नवाचार में हरबीन, खाद्य उत्पादन में आयुष, गणितीय समाधान में अनुज मिश्रा ने पहला स्थान हासिल किया। व्यक्तिगत छात्र प्रोजेक्ट में दिनेश गिरी और टीम प्रोजेक्ट में सागर व सूरज को विजेता चुना गया।
102
खंड शिक्षा अधिकारी नरेन्द्रनगर ओपी वर्मा ने पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। मौके पर प्रधानाचार्य राजेन्द्र प्रसाद कुकेरती, पीएल रतूड़ी, श्रवण कुमार पाण्डे, मृगेन्द्र आर्य, डीआरपी डॉ. रामगोपाल गंगवार, आलोक नौटियाल, आलोक गौतम, पीसी चौरसिया, प्रकाश बहुगुणा, अमित शर्मा, सूर्यकांत तिवाड़ी, रामाश्रय सिंह, एसबी सिंह, पीके त्रिवेदी, विनोद कुमार, राजेश बहुगुणा, शाशि जोशी, सीमा मल्होत्रा, मंजू बहुगुणा आदि मौजूद रहे।

विज्ञान महोत्सव में छात्रों का मॉडल प्रदर्शन

ब्लाक स्तरीय विज्ञान महोत्सव में स्किल इंडिया की झलक देखने को मिली

ऋषिकेश।
पूर्णानंद इंटर कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय ब्लाक स्तरीय विज्ञान महोत्सव का शुक्रवार को शुभारंभ हो गया। नरेन्द्रनगर ब्लाक के स्कूल विज्ञान महोत्सव में भाग ले रहे है। छात्रों के मॉडलों में स्किल इंडिया की झलक देखने को मिली। अतिथियों ने छात्रों के मॉडलों की प्रशंसा की।
प्रतिभा दिखाने का मौका मिला तो कई छात्रों ने ऐसे मॉडलों की प्रस्तुति दी, कि आयोजक व अतिथि बिना प्रशंसा के नही रह सके। पूर्णानंद इंटर कॉलेज में दो दिवसीय विज्ञान महोत्सव में विज्ञान प्रदर्शनी, विज्ञान मेला व विज्ञान ड्रामा का आयोजन किया गया। नरेन्द्रनगर ब्लाक के विभिन्न स्कूलों के छात्रों ने स्वच्छता, ग्रीन सिटी, विद्युत योजना, उद्योग, स्वास्थ्य, खाद्य उत्पादन आदि को लेकर मॉडलों का प्रदर्शन किया।
113
इससे पूर्व महोत्सव का शुभारंभ भाजपा नेता अनुराग पयाल ने किया। उन्होंने कहा कि पहाड़ में प्रतिभाओं की कमी नही है। हमें प्रतिभा विकसित करने की जरुरत है।
खंड शिक्षा अधिकारी ओपी वर्मा ने बताया कि छात्रों में विज्ञान विषय की रुचि पैदा करने के उद्देश्य से विज्ञान महोत्सव का आयोजन किया जाता है। जिला समन्वयक अलखनारायण दुबे ने बताया कि दो दिवसीय महोत्सव का आयोजन राज्य शैक्षणिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के तत्वाधान में किया जा रहा है। अलग-अलग वर्गों में आयोजित प्रतिभागी छात्रों का मूल्यांकन होगा, प्रथम तीन वरियताक्रम को पुरस्कृत किया जायेगा। इस मौके पर प्रकाश बहुगुणा, आलोक नौटियाल, अमित शर्मा, डॉ. यूएस रावत, अनिल लिंगवाल, विनोद कुमार, आलोक गौतम, उस्मान अहमद, एसबी सिंह, राजेन्द्र प्रसाद कुकरेती आदि मौजूद थे।

अनशनकारियों का सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

ऋषिकेश।
नरेन्द्रनगर के दोगी पट्टी क्षेत्र में सूरजकुंड-रानीताल पेयजल पंपिंग योजना पूरी करने की मांग को लेकर ग्रामीण अनशन पर बैठे है। उन्होंने मंगलवार को सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
क्रमिक अनशन पर मंगलवार को पूर्व जिला पंचायत सदस्य सरदार सिंह पुण्डीर, पावकी देवी संघर्ष समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र जेठूड़ी, क्षेत्र पंचायत सदस्य महिपाल जेठूड़ी, कान्ति रावत बैठे। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से दोगी पट्टी के 30 हजार लोग पेयजल की समस्या को हल करने की मांग करते आ रहे है। लेकिन सरकार की उदासीनता के चलते योजना अधर में लटकी हुई है। समर्थन में भीम सिंह चौहान, धर्म सिंह जेठूड़ी, अब्बल सिंह जेठूड़ी, बलबीर सिंह, मान सिंह , कर्ण सिंह, कीर्तन सिंह, गुड्डी देवी, सुमित्रा देवी, दशरथ सिंह बैठे।

110

पर्यटन मंत्री ने दी, खुली चुनौती

मैं टिहरी से चुनाव लडूंगा, जिसे लड़ना है लड़े : धनै
पर्यटन मंत्री ने कहा, कांग्रेस को विकास के नाम समर्थन दिया
दिनेश धनै ने कांग्रेस के बैनर से चुनाव लड़ने से किया इनकार

ऋषिकेश।
पीडीएफ कोटे से कैबिनेट मंत्री दिनेश धनै ने टिहरी विधानसभा से चुनाव लड़ने को लेकर एक बार फिर अपना रुख स्पष्ट किया है। उन्होंने तल्ख लहजे में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का नाम लिए बिना ही कहा कि जिसे लड़ना है वह लड़े, मुझे तो टिहरी से ही चुनाव लड़ना है। यह जनता तय करेगी कि जीत और हार किसकी होगी।
ऋषिकेश प्रेस क्लब में रविवार को एक गढ़वाली एलबम का लोकार्पण करने के बाद कैबिनेट मंत्री दिनेश धनै ने पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि मुझे तो चुनाव लड़ना है, मेरी सीट टिहरी विधानसभा है। उन्होंने प्रतिद्वंद्वियों को चुनौती दी कि जिसे चुनाव लड़ना है, वह मैदान में आए। वह कांग्रेस के बैनर से चुनाव नही लड़ेंगे। धनै ने कहा कि पीडीएफ ने कांग्रेस सरकार को विकास के नाम पर समर्थन दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुछ ही सीटें हैं, जिसके कारण विवाद की स्थिति बन रही है। भय के कारण पीडीएफ का विरोध किया जा रहा है।

104

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश के राजनीतिक हालत के बारे में कुछ भी नहीं कहा जा सकता है। उनके इस बयान को पीडीएफ अध्यक्ष मंत्री प्रसाद नैथानी और कांग्रेस प्रभारी अंबिका सोनी की दिल्ली में होने वाली मुलाकात से भी जोड़कर देखा जा रहा है। गौरतलब है कि पीडीएफ नेताओं का कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध कर रहे हैं। टिहरी सीट से 2012 में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय को निर्दलीय प्रत्याशी दिनेश धनै ने हराया था, तब से दोनों के संबंध सामान्य नहीं हैं।

कांग्रेस सरकार पलायन रोकने में नाकामः दिवाकर भटट

कहा, गांवों में मूलभूत सुविधाएं नहीं होने के कारण हो रहा पलायन
ऋषिकेश। पूर्व कैबिनेट मंत्री दिवाकर भट्ट ने कहा कि भाजपा अगर टिकट देगी तो तभी वह विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। पार्टी कहां से टिकट देगी, यह हाईकमान का निर्णय होगा।
102

ऋषिकेश प्रेस क्लब में गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व कैबिनेट मंत्री दिवाकर भट्ट ने कांग्रेस सरकार पर पलायन रोकने में नाकाम होने का आरोप लगाया। कहा कि मूलभूत सुविधाओं के अभाव में पलायन हो रहा है। न्याय पंचायत क्षेत्रों में मूलभूत सुविधा न होने से लोग मैदानी क्षेत्रों का रुख कर रहे हैं। सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा आदि की सुविधाएं अगर गांवों में मिल जाती हैं तो पलायन रुक जाएगा। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि संजय शास्त्री, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष अनिता ममगाईं, पंकज शर्मा, इंद्रकुमार गोदवानी, भुवनेश्वर, दिनेश प्रसाद सती, चेतन शर्मा आदि मौजूद रहे।

नरेंद्रनगर में अध्यक्ष पद पर एबीवीपी का कब्जा

नरेंद्रनगर।
नरेंद्रनगर डिग्री कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव में भी अध्यक्ष पद पर एबीवीपी ने जीत दर्ज की है। यहां एबीवीपी प्रत्याशी हरेंद्र सिंह ने एनएसयूआई के रवि तिवारी को 90 वोट से हराकर जीत हासिल की। जबकि उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के ऋषभ अग्रवाल ने बाजी मारी। सचिव पद पर छात्रम ग्रुप की सुचिता बिष्ट विजयी रहीं।
धर्मानंद उनियाल राजकीय महाविद्यालय नरेंद्रनगर में गुरुवार को छात्रसंघ चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए। कॉलेज में 94 प्रतिशत मतदान हुआ। महाविद्यालय में अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के रवि तिवारी, एबीवीपी के हरेंद्र नेगी और निर्दलीय उम्मीदवार विजय कुलियाल के बीच त्रिकोणीय मुकाबला रहा। इसमें हरेंद्र नेगी ने 174 वोट पाकर अध्यक्ष पद पर कब्जा किया। एनएसयूआई के रवि तिवारी को 84 एवं निर्दलीय विजय कुलियाल को 119 मत मिले।
उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष एवं यूआर के पदों पर सीधा मुकाबला रहा। इसमें उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के ऋषभ अग्रवाल को 214 एवं विजेंद्र सिंह को 157 वोट मिले। ऋषभ ने विजेंद्र को 57 वोट से मात देकर उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। वहीं सचिव पद पर छात्रम ग्रुप की सुचिता बिष्ट को 214 मत मिले। जबकि आर्यन ग्रुप के आशीष राणा को 163 मत मिले। सुचिता ने आशीष को 51 वोटों से हराकर सचिव पद पर कब्जा किया। सहसचिव पद पर एबीवीपी के हरेंद्र नेगी और कार्यकारणी के लिए एनएसयूआई की ज्योति शर्मा एक मात्र उम्मीदवार होने के कारण निर्विरोध चुने गए। कोषाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई की हेमा नेगी और एबीवीपी की रुचिका थलवाल के बीच सीधा मुकाबला रहा। इसमें रुचिका थलवाल 45 मतों से विजयी रहीं। यूआर के पद पर आर्यन ग्रुप के सचिन रावत और एनएसयूआई के मुकेश भंडारी के बीच मुकाबले में सचिन ने 37 मतों से जीत हासिल की। यह जानकारी मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. हिमांशु जोशी ने दी। उन्होंने बताया कि चुनाव संपन्न होने के बाद नए पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

सड़क हादसे में पुलिस कर्मी गंभीर घायल

ऋषिकेश। 
मुनिकीरेती थाना पुलिस के अनुसार बुधवार को टिहरी मार्ग भद्रकाली के समीप एक युवक संदिग्ध हालात में बाइक से गिरकर घायल हो गया। लोगों ने युवक को 108 एंबुलेंस से ऋषिकेश राजकीय अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर मुनिकीरेती थाना और भद्रकाली चौकी पुलिस अस्पताल पहुंच गई। थाना प्रभारी सीएस बिष्ट ने बताया कि घायल की पहचान आजाद सिंह (30) पुत्र टिकम सिंह निवासी ग्राम हल्दौरा, जिला बिजनौर के रूप में हुई है।

बताया कि आजाद पुलिस का सिपाही है और टिहरी जिला कारागार में तैनात है। डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। सिपाही को जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। सिपाही अभी कुछ बताने की स्थिति में नहीं है। हादसा बाइक रपटने से हुआ या किसी वाहन ने बाइक को टक्कर मारी इसकी जांच की जा रही है।



	

पट्टीदोगी के ग्रामीणों ने डीएफओ कार्यालय में डाला डेरा

103

तैला तोंक और काटल तोंक में हाथियों के उत्पात से परेशान ग्रामीण

ऋषिकेश।
पट्टी दोगी के ग्रामीण नरेन्द्रनगर वन प्रभाग के डीएफओ दफ्तर पहुंचे। उन्होंने वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से हाथी मौजा तिमली के तैला तोंक और नाडूकाटल के काटल तोंक में आकर उत्पात मचा रहे हैं। वह फसल भी नष्ट कर रहे हैं। पूर्व जिला पंचायत सदस्य सरदार सिंह पुंडीर ने कहा कि शिवपुरी गंगा की तरफ से आने वाले हाथियों से रोकथाम के लिए नेशनल हाईवे के पास खाई खोदने के साथ बाड़ का निर्माण फौरी तौर पर किया जाए। घेराव करने वालों में जगदीश कुलियाल, चतर सिंह भंडारी, आनंद सिंह, महावीर सिंह, राजवीर सिंह, भगवान सिंह, सीएस भट्ट, शिव सिंह, एसएस भंडारी, मोहित,जगदीश सिंह, सुमन देवी सहित कई लोग मौजूद थे।

एनजीटी के आदेश पर गंगा किनारे होगा सर्वे

101

ऋषिकेश।
गंगा किनारे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए सर्वे कराने की तैयारी चल रही है। एनजीटी के आदेश पर सिंचाई विभाग बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए मानक तय कर रहा है। जल्द ही इस ओर सर्वे का कार्य शुरू हो जायेगा।
डीएम टिहरी इन्दुधर बौडाई ने नगर पालिका मुनिकीरेती के बाढ़ परिक्षेत्र की बैठक आयोजित की। उन्होंने एनजीटी के गंगा किनारे निर्माण कार्याें के मानकों को देखते हुए बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के सर्वे को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों से चर्चा की। डीएम ने कहा कि गंगा के तटीय इलाको को चिन्हित किया जाना है। जहां पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। सर्वे का कार्य एनआईएच करेगी। अभी यह सर्वे हरिद्वार में चल रहा है। मुनिकीरेती-ऋषिकेश में नोडल कमेटी सिंचाई विभाग को बनाया गया है। सर्वे रिपोर्ट के बाद ही गंगा किनारे भवन निर्माण के लिए नए मानक तैयार हो जाएंगे।